प्रभु श्रीराम की भक्ति, मर्यादा और आदर्शों से जन-जन को जोड़ने का संकल्प
कोरबा। घंटाघर ओपन थियेटर में 15 से 20 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली रामलीला को लेकर आज केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने प्रेसवार्ता को संबोधित किया और तैयारियों की जानकारी दी। महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने बताया कि 500 साल के इंतजार के बाद अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ और भगवान श्रीराम के आदर्श को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य को लेकर कोरबा नगर पालिक निगम द्वारा भी गत वर्ष से घंटाघर ओपन थियेटर में श्रीराम लीला का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन का दूसरा वर्ष है और 15 से 20 अक्टूबर तक रामलीला एवं भव्य दशहरा उत्सव का आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि इस बार और भव्यता के साथ रामलीला होगी। मंच को बड़ा बनाया गया है और दर्शकों की संख्या को देखते हुए पंडाल को भी बड़ा बनाया गया है।
आज पंचवटी विश्राम गृह, कोरबा में नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत घंटाघर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन थिएटर में 15 से 20 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली भव्य रामलीला एवं दशहरा उत्सव के संबंध में कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के साथ सम्मिलित होकर पत्रकार बंधुओं से विस्तृत चर्चा की।
इस अवसर पर रामलीला आयोजन की रूपरेखा, कार्यक्रम की तैयारियों और आयोजन के उद्देश्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी साझा की गई। यह आयोजन हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं तथा मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
आप सभी को सपरिवार सादर आमंत्रण!
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, रायपुर संभाग सह प्रभारी डॉ राजीव सिंह, उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, श्रीमती रुक्मणि नायर, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, मंडल अध्यक्ष योगेश मिश्रा, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, नरेंद्र देवांगन, मुकुंद सिंह कंवर, श्रीमती ममता यादव, सरोज शांडिल्य, श्रीमती चंद्रकली जायसवाल, पार्षद राकेश वर्मा, पंकज देवांगन, सुशील गर्ग ,आरिफ खान, राकेश नागरमल, नगर निगम उपायुक्त पवन वर्मा, अखिलेश शुक्ला,सचिव रामेश्वर कंवर, सहित पदाधिकारीगण, नगर निगम के अधिकारी कर्मचारीगण, प्रेस मीडिया के भाई – बहन एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आइए, प्रभु श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लें और भक्ति, आस्था एवं सांस्कृतिक उत्सव के इस पावन आयोजन का हिस्सा बनें।
स्थान: डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन थिएटर, घंटाघर, कोरबा दिनांक: 15 से 20 अक्टूबर 2026
अभिनेता देवश नागर सहित रामलीला की टीम पहुंची
पत्रकार वार्ता में टीवी सिरियल… ये रिश्ता क्या कहलाता है सहित कई टीवी सिरियलों में काम कर चुके अभिनेता देवश नागर कोरबा में आयोजित रामलीलाल में भगवान श्रीराम का किरदार निभाएंगे। पत्रकारवार्ता में उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम का किरदार बहुत बड़ा है और मैं देवश नागर के रूप में अपने आपको इस लायक नहीं समझता, कि मैं भगवान श्रीराम का किरदार निभा सकूं, लेकिन श्रीराम ने ही मुझे इस लायक बनाया कि मैं भगवान श्रीराम का किरदार निभा सकूं। मेकअप के अंतिम टच के बाद मैं अपने किरदार में इस तरह भगवान श्रीराम को आत्मसात कर लेता हूं, कि मैं बाहरी दुनिया से बेखबर हो जाता हूं। लुप्त हो रही रामलीला को देश-दुनिया तक पहुंचाना चाहती हूं-तन्नुप्रिया
रामलीला की प्रबंधक तन्नुप्रिया ने भी प्रेसवार्ता को संबोधित किया और कहा कि आधुनिक टीवी और मोबाइल युग ने युवा रामलीला को देखना पंसद नहीं करते, इसलिए हमने युवाओं की पसंद को देखते हुए आधुनिक तकनीक और सनातन रामलीला का संगम के साथ रामलीला का मंचन करते हैं, ताकि युवा भी आकर्षित हों। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद धर्मयुग का प्रारंभ हुआ और भगवान श्रीराम का चरित्र और आदर्श देश-दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचा। भारत की सनातन परंपरा और धर्म काफी समृद्ध और वैभवशाली है। भगवान राम हमारे जीवन के आदर्श हैं और उनके आदर्श हमारे जीवन को प्रेरणा देते हैं, यूं कहें तो भगवान राम हमारा पूरा जीवन चरित्र है और उनके जीवन चरित्र को देश-दुनिया तक पहुंचाने का लक्ष्य लेकर हम रामलीला का मंचन करते हैं। हनुमान अंश का हीरो शोभिनव सत्या आएंगे 16 को
रामलीला का शुभारंभ 15 अक्टूबर को होगा और दूसरे दिन 16 अक्टूबर को बाक्सआफिस पर सुपरहीट हनुमान अंश में किरौली नीम बाबा का मुख्य किरदार निभाने वाले अभिनेता शोभिनव सत्या का कोरबा आगमन होगा और रामलीला के मंच से लोगों को संबोधित भी करेंगे। महापौर ने की अपील
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कोरबा सहित पूरे छत्तीसगढ़ वासियों को 15 अक्टूबर से आयोजित रामलीला को देखने और सुनने के लिए सादर आमंत्रित किया है, ताकि राम के आदर्श और चरित्र को समाज में पुनसर््थापित कर आदर्श समाज के निर्माण में हम एक-एक व्यक्ति अपनी भूमिका निभा सकें और राम के आदर्श पर चलते हुए भारत को विकसित और समृद्ध बनाते हुए भारतवर्ष के वैभव को देश-दुनिया तक पहुंचा सकें। राम हमारे जीवन के आदर्श हैं और रामलीला के माध्यम से हम भगवान श्रीराम के कुछ अंश को अपने जीवन में आत्मसात कर सकें, तो यह हमारे लिए बड़ी उपलिब्ध होगी और हमारा प्रयास सफल होगा।
कोरबा। आश्विन शुक्ल चतुर्थी शारदीय नवरात्रि के चतुर्थ दिन कोरबा की आराध्य देवी माँ श्री सर्वमंगला देवी की पूजा अर्चना माँ कुसमाण्डा देवी के रूप में की गई। सुबह से रात्रि 08.30 बजे तक लोगों की कतार मंदिर परिसर में देखी गई। भक्तों ने माँ सर्वमंगला देवी की पूजा अर्चना कर शत्रुनाश के लिए प्रार्थना की और आशीर्वाद मांगा।
मंदिर के प्रबंधक एवं राजपुरोहित पंडित नमन पाण्डेय ने बताया कि माँ कुसमाण्डा की महिमा अपरंपार है। सौम्य, अतिप्रिय माँ कुसमाण्डा देवी की पूजा अर्चना से मन में व्याप्त शत्रुओं का शमन होता है और मन में सद्बुद्धि और सद्विचार बढ़ता है। शरीर में शत्रु रूप में विद्यमान आलस्य, कलुषिता, विद्वेष, अहंकार, दम्भ जैसे शारीरिक और मानसिक शत्रु का शमन होता है और जीवन आनंदित होता है। ज्योति कलशों की दिव्यता से मन में पवित्रता का जागरण
मंदिर परिसर में स्थापित ज्योति कलशों की लौ की दिव्यता से मन में पवित्रता का जागरण होता है। ज्योतिपूंज का दर्शन करने मात्र से तामसिक प्रवृत्ति का नाश होता है और सात्विक प्रवृत्ति का पुनर्जागरण होता है। असतो मा सद्गमय की पवित्र मनोकामना को लेकर ज्योति कलशों का दर्शन श्रद्धालु कर रहे हैं। ज्योति कलशों की दिव्यता से परिसर भी दिव्य हो चला है। माँ के दरबार में लगा मेला
वैसे तो माँ सर्वमंगला देवी मंदिर परिसर दुरपा कोरबा साल के 365 दिन आबाद और समृद्ध रहता है, लेकिन 09 दिन तक नवरात्रि में यहां का मेला लोगों को भाता है। आध्यात्मिक और धर्म में काम आने वाली सभी वस्तुएं यहां उपलब्ध रहती हैं और दर्शनार्थी यहां आकर धार्मिक चीजों की खरीदी करते हैं। कल माँ स्कंदमाता स्वरूपा की होगी पूजा, पंचमी में रहेगी अभूतपूर्व भीड़
नवरात्रि में पंचमी को भी अभूतपूर्व भीड़ रहती है। पंचमी को माँ स्कंदमाता स्वरूपा माँ श्री सर्वमंगला देवी की पूजा अर्चना होगी और भक्तगण माँ का दर्शन करने के साथ उनके प्रिय भोग केला एवं अन्य फलों को अर्पित करेंगे। नमन पाण्डेय ने बताया कि माँ स्कंदमाता आरोग्य की देवी हैं और उनकी पूजा से शरीर के सभी रोग दूर होते हैं और आरोग्य की प्राप्ति होती है। आरोग्य धन को सबसे बड़ा धन माना जाता है।
छत्तीसगढ़ शिक्षा क्षेत्र में नई क्रांति: छत्तीसगढ़ में पहली बार-आधुनिक डिजिटल एजुकेशन स्टूडियो प्रारंभ, कोरबा के 6, जांजगीर-चांपा के 8 और सक्ती के एक स्कूल का चयन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संघचालक डॉ पूर्णेन्दु सक्सेना ने किया उद्घाटन रायपुर के प्रसिद्ध विषय विशेषज्ञों से सीधे पढ़ेंगे सुदूर वनवासी क्षेत्र के विद्यार्थी
कोरबा। छत्तीसगढ़ शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम उठाते हुए सरस्वती शिक्षण संस्थान द्वारा प्रदेश के पहले अत्याधुनिक डिजिटल एजुकेशन स्टूडियो का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन राष्ट्रीय सवयंसेवक संघ के क्षेत्र संघचालक डॉ. पूर्णेन्दु सक्सेना ने रायपुर के रोहिणीपुरम् स्थित संस्थान मुख्यालय में किया। इस डिजिटल क्रांति का सबसे बड़ा लाभ संभाग के कोरबा, जांजगीर-चांपा एवं सक्ती जिले को मिलने जा रहा है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संघचालक डॉ पूर्णेन्दु सक्सेना ने अपने संबोधन में इसे छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा क्षेत्र में एक अभिनव पहल बताते हुए इस डिजिटल टेक्नोलॉजी को विद्यार्थियों के लिए वरदान बताया.
सरस्वती शिक्षण संस्थान ने प्रथम चरण में प्रदेश के 150 सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों को इस कंट्रोल रूम से जोड़ा है, जिसमें कोरबा जिले के 14 विद्यालयों में से प्रगतिनगर, एनटीपीसी, कटघोरा, पाली, छुरी, रजगामार गेवरा स्थित 6 सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों को इसमें शामिल किया गया है। इसी तरह जांजगीर चांपा जिले के 12 विद्यालयों में से 8 सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय जिसमें चांपा, नैला, अकलतरा शिवरीनारायण, खरौद, केरा, बिर्रा, बलौदा स्थित सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय एवं सक्ती जिले के चंद्रपुर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय का चयन किया गया है। इन सभी विद्यालयों में अत्याधुनिक स्मार्ट क्लास का निर्माण किया गया हे, जिसमें रायपुर से प्रसिद्ध विषय विशेषज्ञों के द्वारा छात्रों को लाइव पढ़ाई कराई जाएगी।
कोरबा जैसे औद्योगिक और वनांचल जिले के बच्चों के लिए यह योजना वरदान साबित होगी, क्योंकि अब प्रदेश के सुदूर क्षेत्र के छात्र भी राजधानी स्तर की शिक्षा प्राप्त करेंगे। इससे बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों में भी लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रामभरोसा सोनी (प्रांतीय अध्यक्ष, सरस्वती शिक्षा संस्थान, छत्तीसगढ़) ने की.विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. देवनारायण साहू (प्रांतीय संगठन मंत्री, विद्या भारती, छत्तीसगढ़) उपस्थित रहे. टोपलाल वर्मा ( प्रांत संघ चालक छत्तीसगढ़ प्रांत), विवेक सक्सेना (पूर्व प्रादेशिक सरस्वती शिक्षा संस्थान), बद्रीनाथ केशरवानी (पूर्व अध्यक्ष सरस्वती शिक्षा संस्थान), निश्चय बाजपेयी (सह सचिव), मोहन पवार (विभाग प्रमुख), आशुतोष चावरे (प्रशिक्षण निदेशक), प्रवास बघेल (जिला शिक्षा अधिकारी राजनांदगांव) हरिराम मुख्य रूप से उपस्थित रहे. कार्यक्रम का संचालन मानिक लाल साहू सह प्रांत प्रमुख ने किया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर आयोजित ऑनलाइन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के 208 विद्यालयों से 5000 से अधिक विद्यार्थी एवं शिक्षकगण एवं समिति के पदाधिकारी उत्साहपूर्वक सम्मिलित हुए।
उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में नागरिकों की समस्याओं का मौके पर निराकरण कोरबा, 14 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पालिक निगम कोरबा के सभी जोनों में आयोजित ‘सरकार आपके द्वार’ शिविरों की अंतिम कड़ी में आज सर्वमंगला नगर जोन कार्यालय में शिविर आयोजित किया गया। उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि तथा महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत अध्यक्षता में शामिल हुईं। शिविर में आम नागरिकों की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया गया और पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
इस अवसर पर उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सरकार आपके द्वार’ शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के साथ उन्हें विभिन्न योजनाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से बड़ी संख्या में लोग लाभान्वित हो रहे हैं।
महापौर श्रीमती राजपूत ने कहा कि नगर निगम आम नागरिकों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण के लिए प्रतिबद्ध है। ‘सरकार आपके द्वार’ शिविरों के माध्यम से लोगों को अपने जोन और वार्ड में ही सेवाएं तथा योजनाओं का लाभ मिल रहा है। सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है। विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी नागरिकों तक पहुंचकर आवेदन और शिकायतों पर कार्रवाई कर रहे हैं।
हितग्राहियों को योजनाओं का मिला लाभ
शिविर में उद्योग मंत्री और महापौर ने राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के हितग्राहियों को आर्थिक सहायता, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवास की चाबियां तथा मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना के हितग्राहियों को सांकेतिक चेक प्रदान किए। हितग्राहियों को श्रवण यंत्र और छड़ी भी वितरित की गई।
शिविर में नगर निगम, खाद्य, कौशल विकास, क्रेडा, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, श्रम, परिवहन, राजस्व, विद्युत, आदिवासी विकास, समाज कल्याण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पुलिस, वाणिज्य एवं उद्योग, आधार पंजीयन सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार लैब जांच और दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
इस अवसर पर एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, श्रीमती भानुमति जायसवाल, पार्षद एवं एल्डरमेन, नागरिक तथा जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।