Connect with us

कोरबा

रायपुर : चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना से छत्तीसगढ़ के विकास और देश की ऊर्जा सुरक्षा को मिलेगी नई शक्ति : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

Published

on

755 करोड़ रूपए की परियोजना को मंजूरी देने पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति जताया आभार’

डबल इंजन सरकार के प्रयासों से प्रदेश में रेल कनेक्टिविटी का हो रहा अभूतपूर्व विस्तार: मुख्यमंत्री

मोदी सरकार के विशेष फोकस से छत्तीसगढ़ में अधोसंरचना विकास को मिली नई ऊंचाई: रेल कनेक्टिविटी के विस्तार से साकार हो रहा विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प – मुख्यमंत्री साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय रेल द्वारा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत 755 करोड़ रूपए की लागत से चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना को मंजूरी दिए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह परियोजना छत्तीसगढ़ के विकास, औद्योगिक प्रगति और देश की ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में रेल अधोसंरचना का निरंतर विस्तार हो रहा है, जिससे विकास को नई गति मिल रही है।

उन्होंने कहा कि परियोजना के पूरा होने पर यात्री सुविधाओं में भी उल्लेखनीय सुधार होगा। अतिरिक्त रेल लाइन उपलब्ध होने से ट्रेनों की आवाजाही अधिक सुचारु होगी, परिचालन संबंधी बाधाएं कम होंगी तथा भविष्य में अतिरिक्त यात्री ट्रेनों के संचालन का मार्ग प्रशस्त होगा। इससे आम नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल सेवाएं प्राप्त होंगी। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कोरबा देश की ऊर्जा राजधानी के रूप में महत्वपूर्ण पहचान रखता है और यहां से देश के विभिन्न हिस्सों तक कोयले की आपूर्ति होती है। चांपा-कोरबा रेल खंड साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) तथा महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एमसीएल) की खदानों को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण कड़ी है। इस परियोजना के पूर्ण होने से कोयला परिवहन की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा देश की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए आवश्यक लॉजिस्टिक आधार और अधिक मजबूत होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में  तीसरी रेल लाइन का निर्माण भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया दूरदर्शी निर्णय है। इससे अतिरिक्त माल परिवहन को सुगम बनाया जा सकेगा और रेल परिचालन अधिक दक्ष एवं प्रभावी होगा। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह परियोजना केवल कोयला परिवहन तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी व्यापक लाभ मिलेगा। बेहतर रेल संपर्क से उद्योगों को मजबूती मिलेगी, निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी, व्यापारिक गतिविधियों का विस्तार होगा तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इससे कोरबा, जांजगीर-चांपा सहित आसपास के क्षेत्रों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना प्रदेश की औद्योगिक और आर्थिक प्रगति को नई ऊर्जा प्रदान करेगी तथा विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि मजबूत रेल नेटवर्क, सुदृढ़ लॉजिस्टिक व्यवस्था और बेहतर कनेक्टिविटी के माध्यम से छत्तीसगढ़ देश के विकास में और अधिक प्रभावी योगदान देने के लिए निरंतर आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विगत वर्षों में छत्तीसगढ़ को रेल अधोसंरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्राथमिकता मिली है। प्रदेश के रेल बजट में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा नई रेल लाइनों, दोहरीकरण, तीसरी-चौथी लाइन और आधुनिक रेलवे स्टेशनों के विकास के माध्यम से कनेक्टिविटी को लगातार सशक्त किया जा रहा है। हाल ही में धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा रेल परियोजना को विशेष रेल परियोजना के रूप में अधिसूचित किया जाना भी इसी विकास दृष्टि का प्रमाण है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा रेल परियोजना को विशेष रेल परियोजना के रूप में स्वीकृति मिलना जशपुर सहित पूरे उत्तर छत्तीसगढ़ के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष स्नेह और विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। लंबे समय से रेल संपर्क की प्रतीक्षा कर रहे जशपुरांचल को पहली बार रेल नेटवर्क से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। यह परियोजना केवल एक रेल लाइन नहीं, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास की नई आधारशिला है। इससे पर्यटन, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा वनांचल क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से और अधिक मजबूती से जुड़ सकेगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में रेल एवं शहरी परिवहन अधोसंरचना का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। छत्तीसगढ़ में रेलवे अधोसंरचना के विकास पर 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। वर्ष 1853 से 2014 तक 161 वर्षों में छत्तीसगढ़ में लगभग 1100 रूट किलोमीटर रेल लाइन बिछाई गई थी, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में  प्रदेश का रेल नेटवर्क बढ़कर  2200 रूट किलोमीटर से अधिक होने जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रदेश की रेल परियोजनाओं के लिए जहां लगभग 300 करोड़ रुपये का बजट मिलता था, वहीं वर्ष 2026-27 में यह बढ़कर 7,470 करोड़ रुपये हो गया है। साथ ही प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशनों को 1,680 करोड़ रुपये की लागत से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जा रहा है, जो छत्तीसगढ़ के विकास को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम है।

Continue Reading

कोरबा

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर देवी अहिल्या बाई होलकर कन्वेंशन हाल में सामूहिक योग प्रदर्शन कार्यक्रम का होगा आयोजन

Published

on

कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु विभिन्न अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी

कोरबा। ‘‘स्वस्थ आयु के लिए योग‘‘ की थीम पर इस वर्ष 21 जून को जिले में 12 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योग प्रदर्शन का जिला स्तरीय कार्यक्रम देवी अहिल्या बाई होलकर कन्वेंशन हॉल रजगामार रोड जिला जेल के पास कोरबा में प्रातः 07 से 08 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न अधिकारियों को जिम्मेदारी तय करते हुए प्राप्त दायित्वों का कुशलता से निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। इस कार्यक्रम हेतु आयुक्त नगर पालिक निगम को नोडल अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी, जिला आयुष अधिकारी एवं उप संचालक समाज कल्याण विभाग को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जिला स्तरीय कार्यक्रम के आयोजन हेतु मुख्य मंच, टेण्ट, गेट, कुर्सी, गद्दा, ध्वनि एवं साफ-सफाई, अतिथि स्वल्पाहार की व्यवस्था का दायित्व आयुक्त नगर निगम कोरबा को सौंपा गया है। इसी प्रकार पेयजल की व्यवस्था कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा की जाएगी। अतिथि आमंत्रण एवं आमंत्रण पत्र छपाई का दायित्व जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला खेल अधिकारी  को दी गई है। मंच संचालन एवं योग प्रशिक्षक की व्यवस्था की जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपी गई है। सहभागियों की उपस्थिति जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कोरबा, समाज कल्याण विभाग, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, खेल विभाग, नेहरू युवा केंद्र, उप संचालक पंचायत, साक्षरता को दिया गया है।  वाहन व्यवस्था दायित्व जिला परिवहन अधिकारी को सौंपा गया है। यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था व होम गार्ड्स, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, सैनिक जवानों को जिला स्तरीय कार्यक्रम में योग हेतु उपस्थित कराने की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक, जेल अधीक्षक, कमाण्डेड, जिला सेनानी कोरबा को दी गई है।  
वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी की व्यवस्था सहायक आयुक्त आबकारी कोरबा तथा पुष्प गुच्छ एवं पुष्पमाला की व्यवस्था सहायक संचालक उद्यानिकी द्वारा की जाएगी। प्रचार-प्रसार, मीडिया कव्हरेज का दायित्व उप संचालक जनसंपर्क विभाग को सौंपा गया है। कार्यक्रम में नर्सिंग/एएनएम छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, चलित चिकित्सा ईकाई की व्यवस्था की जिम्मेदारी सीएमएचओ, संयुक्त संचालक सह अस्पताल अधीक्षक को, स्काउट गाइड कल उपलब्धता, जिला मुख्यालय के स्कूली एवं महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं को योग हेतु उपस्थित सुनिश्चित जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा की जाएगी। फलैक्स एवं बेनर, दिव्यांगजनों को योग प्रदर्शन कराने, स्वयं सेवी संस्था को योग में भाग लेने, वृद्वाश्रम में योग, तृतीय लिंग समुदाय के व्यक्तियों की भी योग प्रदर्शन में उपस्थिति सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी उप संचालक समाज कल्याण विभाग व जिला आयुर्वेद अधिकारी को दिया गया है। योग प्रतिभागियों हेतु जलपान व्यवस्था जिला खाद्य अधिकारी द्वारा की जायेगी। प्रत्येक विकासखण्ड एवं सभी ग्राम पंचायतों में योग-प्रदर्शन अनिवार्य रूप से कराने हेतु सभी जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को सौंपा गया है। इसी प्रकार सभी नगरीय निकाय मुख्यालय में योग प्रदर्शन कराने एवं सभी सार्वजनिक उपक्रमों के मुख्यालयों पर भी अनिवार्य रूप से योग प्रदर्शन कराने हेतु सर्व सीएमओ नगरीय निकाय को दायित्व सौंपा गया है।
आश्रम एवं छात्रावास में योग प्रदर्शन कराने के लिए सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग, सभी सार्वजनिक उपक्रमों में योग प्रदर्शन कराना, जिला स्तरीय योग कार्यक्रम में सी.एस.ई.बी कर्मियों को भाग लेने हेतु प्रेरित किए जाने के लिए उप संचालक औद्योगिक सुरक्षा कोरबा, जिले के सभी आंगनबाड़ी केद्रों में योग अभ्यास तथा बाल गृहों में योग प्रदर्शन जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारियों का योग प्रदर्शन कराना एवं जिला स्तरीय कार्यक्रम में उपस्थिति सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी सभी विभाग  प्रमुखों को सौंपा गया है। जिले में आयुष एवं हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर में पांच दिवसीय योग प्रदर्शन कराने का दायित्व जिला आयुर्वेद अधिकारी कोरबा को सौंपा गया है।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में जानलेवा हमले में जमानती धाराओं में केस दर्ज:पीड़ित ने ASP से लगाई गुहार, सिर में लगे 10 टांके,आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

Published

on

कोरबा। कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम नवापारा अमलडिहा में हुए हमले के मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो गए हैं। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि गंभीर चोटों और जानलेवा हमले के बावजूद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केवल जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया है।

इसे लेकर पीड़ित ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) को आवेदन सौंपकर गैर-जमानती धाराएं जोड़ने और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

घर में घुसकर हमला करने का आरोप

पीड़ित राजेश के अनुसार, 6 जून 2026 की रात करीब 8 बजे पुरानी रंजिश के चलते आरोपी तोषन गिरधारी और देवी मन्नेवार उसके घर में जबरन घुस आए। आरोप है कि दोनों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

हमले में राजेश के सिर पर गंभीर चोट आई। इलाज के लिए उसे चांपा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर में 10 टांके लगाए। मेडिकल रिपोर्ट में भी गंभीर चोट का उल्लेख किया गया है।

FIR दर्ज, लेकिन धाराओं पर उठे सवाल

घटना के अगले दिन 7 जून को उरगा थाना में एफआईआर क्रमांक 0328 दर्ज की गई। हालांकि पीड़ित पक्ष का कहना है कि चोटों की गंभीरता और हमले की प्रकृति को देखते हुए भी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केवल जमानती धाराएं लगाई हैं।

पीड़ित का आरोप है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे पुलिस की कार्रवाई पर संदेह पैदा हो रहा है।

हत्या के प्रयास का मामला मानने की मांग

पीड़ित पक्ष ने ASP को दिए आवेदन में कहा है कि मामले की जांच भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत हत्या के प्रयास की दृष्टि से की जानी चाहिए। उन्होंने चिकित्सकीय रिपोर्ट और घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर धारा 109 सहित अन्य गैर-जमानती धाराएं जोड़ने की मांग की है।

निष्पक्ष जांच और गिरफ्तारी की मांग

आवेदन में सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और किसी निष्पक्ष अधिकारी से मामले की जांच कराने की मांग की गई है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि निष्पक्ष जांच और उचित कानूनी कार्रवाई से ही उन्हें न्याय मिल सकेगा।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। ASP को दिए गए आवेदन के बाद अब यह देखना होगा कि मामले में धाराओं की समीक्षा की जाती है या नहीं।

Continue Reading

कोरबा

प्राचार्य-व्याख्याता भिड़े, छात्रों के सामने धक्का-मुक्की:स्कूल में फिजिक्स रजिस्टर और सामग्री को लेकर हुआ विवाद, जिला प्रशासन ने की जांच, बयान दर्ज

Published

on

कोरबा। कोरबा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाली में नए शिक्षा सत्र के पहले दिन प्राचार्य मनोज सराफ और फिजिक्स व्याख्याता प्रखर पांडेय के बीच विवाद हो गया। यह घटना छात्रों के सामने हुई, जहां दोनों के बीच धक्का-मुक्की तक की नौबत आ गई।

जानकारी के अनुसार, स्कूल में प्रयोग होने वाली सामग्री और फिजिक्स रजिस्टर के रखरखाव को लेकर दोनों अधिकारियों के बीच पिछले कई महीनों से विवाद चल रहा था।

आरोप है कि रजिस्टर में हुई कथित अनियमितताओं को सही दिखाने के लिए व्याख्याता पर दबाव बनाया जा रहा था, लेकिन उन्होंने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर तनाव बढ़ता गया।

गर्मी की छुट्टियों के बाद जब नया सत्र शुरू हुआ, तो पहले दिन ही यह पुराना विवाद फिर से सामने आ गया और मामला और बढ़ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विद्यालय परिसर में पहले तीखी बहस हुई, जिसके बाद गाली-गलौज शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी। स्थिति को बिगड़ता देख अन्य शिक्षकों को बीच-बचाव करना पड़ा। कक्षाओं में मौजूद छात्र इस घटना को देखकर हैरान रह गए।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया। पाली के SDM के निर्देश पर नायब तहसीलदार तत्काल स्कूल पहुंचे और संबंधित शिक्षकों व कर्मचारियों के बयान दर्ज किए।

एक प्रारंभिक जांच रिपोर्ट तैयार कर कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी को भेजी जा रही है। इस जांच में फर्जी संधारण और खरीदी से जुड़े आरोपों की भी पड़ताल की जाएगी। शिक्षा विभाग ने मामले में त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677