बालकोनगर, 17 नवंबर 2026। कुछ रिश्ते समय और दूरी से कभी कम नहीं होते। वर्षों तक बालको का हिस्सा रहे सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए अपने पुराने कार्यस्थल पर लौटना यादों, अनुभवों और भावनाओं से जुड़ने का एक विशेष अवसर बना। कोलकत्ता, पुणे, हैदराबाद सहित देश के विभिन्न शहरों से पहुंचे सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने बालको संयंत्र का भ्रमण कर कंपनी की गौरवशाली विकास यात्रा और बदलते स्वरूप को करीब से देखा।
वेदांता एल्यूमिनियम मेटल लिमिटेड की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने अपने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सम्मान और उनके साथ आत्मीय जुड़ाव बनाए रखने की परंपरा के तहत इस विशेष संयंत्र भ्रमण का आयोजन किया। वर्षों बाद अपने पुराने कार्यस्थल पर पहुंचे सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने उन स्थानों का दौरा किया, जहां उन्होंने अपने करियर के महत्वपूर्ण वर्ष बिताए और बालको की विकास यात्रा में अपना योगदान दिया था।
भ्रमण के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने स्मेल्टर, कास्ट हाउस, पावर प्लांट सहित संयंत्र की प्रमुख इकाइयों का अवलोकन किया। उन्होंने संयंत्र में हुए तकनीकी बदलावों, आधुनिक मशीनरी, उन्नत सुरक्षा प्रणालियों, डिजिटलीकरण और उत्पादन क्षमता में हुई वृद्धि को देखा। विशेष रूप से एआई आधारित सुरक्षा तकनीकों और आधुनिक कार्यप्रणालियों ने उन्हें प्रभावित किया। कंपनी के प्रतिनिधियों ने उन्हें बालको की वर्तमान उपलब्धियों, विस्तार योजनाओं और भविष्य की विकास यात्रा की जानकारी भी दी।
सेवानिवृत्त कर्मचारी वी के धर ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया, “मैं मानव संसाधन विभाग में कार्य करता था। उस समय बालको में लगभग एक लाख टन उत्पादन होता था, जबकि आज कंपनी 10 लाख टन उत्पादन के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रही है। हाल ही में चेयरमैन अनिल अग्रवाल द्वारा कर्मचारियों के लिए घोषित 10 प्रतिशत ग्रांट से कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। पहले की तुलना में संयंत्र की सुरक्षा व्यवस्था में भी काफी सुधार हुआ है।”
सेवानिवृत्त कर्मचारी देवेंद्र कुमार अग्रवाल ने बताया, “मैंने वर्ष 1977 में बालको ज्वाइन किया था। कंपनी की विकास यात्रा के साथ हमें भी आगे बढ़ने और नए अवसरों पर काम करने का मौका मिला। विशेष रूप से रोलिंग मिल में नवाचार और नए कार्यों को सीखने के कई अवसर मिले। आज संयंत्र निरंतर प्रगति के साथ अधिक सुंदर और सुव्यवस्थित हो गया है। सुरक्षा और गुणवत्ता के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।”
सेवानिवृत्त कर्मचारी शरद गहरना ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “वर्ष 1977 में जब बालको अपने शुरुआती चरण में था, तब हमने यहां काम करना शुरू किया था। आज कंपनी ने हमारी कल्पना से भी कहीं अधिक विकास किया है। यहां कर्मचारियों को पूरी लगन और समर्पण के साथ काम करते देखकर विश्वास होता है कि यही लोग बालको को नई ऊंचाइयों तक लेकर जाएंगे। संयंत्र में पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है और चारों ओर हरियाली देखकर बहुत प्रसन्नता हुई। मेरी कामना है कि बालको प्रबंधन भविष्य में भी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए इस तरह के संयंत्र भ्रमण का आयोजन जारी रखे।”
सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने वर्षों बाद संयंत्र पहुंचने पर खुशी व्यक्त करते हुए अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि बालको उनके लिए केवल एक कार्यस्थल नहीं, बल्कि जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। पुराने कार्यस्थलों को देखकर उन्हें अपने सहकर्मियों, टीम और साथ बिताए पलों की याद आई। वहीं, आधुनिक तकनीकों, बेहतर सुरक्षा व्यवस्थाओं और विस्तारित संयंत्र को देखकर उन्हें गर्व महसूस हुआ। उन्होंने बालको प्रबंधन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सेवानिवृत्त कर्मचारियों और कंपनी के बीच भावनात्मक जुड़ाव को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
यह भ्रमण अतीत की सुनहरी यादों और वर्तमान की उपलब्धियों के बीच एक खूबसूरत सेतु बना। देश के अलग-अलग शहरों से पहुंचे सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए यह अपने पुराने साथियों और कार्यस्थल से दोबारा जुड़ने का यादगार अवसर रहा।
बालको अपने वर्तमान एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों के साथ मजबूत और आत्मीय संबंध बनाए रखने में विश्वास करता है। ऐसे आयोजन कंपनी की समृद्ध विरासत का सम्मान करने के साथ-साथ विभिन्न पीढ़ियों के बीच अनुभव, ज्ञान और प्रेरणा के आदान-प्रदान को भी प्रोत्साहित करते हैं।
कोरबा। 18 नवम्बर को घंटाघर स्थित अम्बेडकर ओपन थियेटर में हास्य कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कवि सम्मेलन में देर तक दर्शकों एवं श्रोतागणों ने हास्य और व्यंग्य कविताओं का आनंद लिया। कार्तिक शुक्ल नवमी (आंवला नवमी) की गुलाबी रात में कवियों ने श्रोताओं को जमकर हंसाया, गुदगुदाया। दर्शक दीर्घा से तालियों की गूंज दूर तक पहुंच रही थी। इसके पूर्व छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ की जिला इकाई ने कोरबा पधारे कवियों का अभिनंदन किया। कवि सम्मेलन में लब्धप्रतिष्ठत हास्य कवि एवं व्यंग्य कवि अखिलेश द्विवेदी (हास्य) प्रयागराज, मीर अली मीर-गीतकार रायपुर, पवन बांके बिहारी-हास्य पश्चिम बंगाल, प्रियंका मिश्रा-श्रृंगार कटनी, हीरामणी वैष्णव-हास्य कोरबा, शशिभूषण स्नेही-हास्य बिलाईगढ़ एवं कमलेश यादव धाकड़-हास्य बरमकेला आदि ने अपनी प्रस्तुति दी। इन कवियों का अखबार वितरक संघ ने सम्मान किया और इस अवसर पर जिला इकाई के अध्यक्ष विपेन्द्र कुमार साहू, सचिव जयसिंह नेताम, संरक्षक रेश्म साहू, मीडिया प्रभारी रामायण सिंह, अनिल गिरी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। कवियों ने अभिनंदन पर संघ का अभिवादन किया और कहा कि कोरबा आकर उन्हें काफी अच्छा लग रहा है।
कोरबा। जय माँ सर्वमंगला गौ सेवाधाम कोरबा द्वारा लगातार चौथे वर्ष गौमाता चौक कोरबा पर गोपाष्टमी पर दीपोत्सव गौसेवकों द्वारा मनाया गया। मुख्य अतिथि नगर निगम के आयुक्त आशुतोष पांडेय, विशिष्ट अतिथि शंकर लाल अग्रवाल, राणा मुखर्जी और विश्व हिन्दू परिषद के प्रदेश सहसंगठन मंत्री विजय राठौर एवं गौसेवक राजू ठाकुर, उमंग सोनी, विनय शर्मा, आशीष गोयल, दीपक, अध्यक्ष रवि सिंह चंदेल, सचिव टामेश अग्रवाल, पूर्व पार्षद सुफल दास सहित शहर के गौसेवकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति थी। गौसेवकों द्वारा गौ माताओं की पूजा की गई और उन्हें पत्तल पर भोजन कराया। मुख्य अतिथि आशुतोष पाण्डेय ने सबसे पहले गौ माताओं को खीर-पुड़ी, फल खिलाया और प्रणाम किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री पाण्डेय ने कहा कि गौ को हम यूं ही माता नहीं कहते, वेद-पुराणों में कहा गया है कि भगवान भी गौ माता की पूजा करते हैं, क्योंकि गौ माता में सभी देवी-देवताओं का वास होता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को गौ माता की पूजा करनी चाहिए और जिनके घरों में पर्याप्त जगह है, उन्हें गोपालन भी करना चाहिए। अन्य अतिथियों ने भी गाय माता की महिमा बताई।
कोरबा। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साडा, कोरबा में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर महान स्वतंत्रता सेनानी एवं जनजातीय जननायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर छात्राओं के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें भाषण, कविता, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता प्रमुख रहीं। छात्राओं ने आदिवासी समूह नृत्य एवं पारंपरिक गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि श्रीमती गिरी नंदिनी सिंह, अध्यक्ष आदिवासी विकास परिषद महिला प्रभाग, सेवती नेताम, उपाध्यक्ष एवं विद्यालय के प्राचार्य रणधीर सिंह ने अपने उद्बोधन में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षमय जीवन, अदम्य साहस, देशभक्ति तथा जनजातीय समाज के उत्थान के लिए उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा अपनी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में सहभागिता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने छात्राओं में देशभक्ति, सांस्कृतिक चेतना एवं जनजातीय गौरव की भावना को प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं।