Connect with us

कोरबा

प्रधानमंत्री आवास योजना से सशक्त हो रहे ग्रामीण परिवार, मिल रहा सम्मानजनक जीवन

Published

on

बरसात की चिंता हुई दूर, अब अपने पक्के घर में सुरक्षित और खुशहाल है परिवार

कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में ‘‘विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’’ कार्यक्रम के तहत विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक पहुंचाने के लिए 18 से 20 जून 2026 तक वृहद पंजीकरण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में कोरबा अनुविभाग अंतर्गत नगर निगम पंडित जवाहरलाल नेहरू सभाकक्ष में आयोजित शिविर में अनेक हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

इनमें ग्राम चाकामार निवासी कृषक रामकुमार राठिया भी शामिल हैं, जिनका वर्षों पुराना पक्के घर का सपना प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से साकार हुआ है। कभी कच्चे मकान में रहने वाले श्री राठिया का परिवार बरसात के दिनों में अनेक कठिनाइयों का सामना करता था। घर की जर्जर स्थिति के कारण परिवार की सुरक्षा, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक जीवन प्रभावित होता था। खेती-किसानी ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है। सीमित आय में परिवार का भरण-पोषण करते हुए अपने तीन बच्चों के बेहतर भविष्य की चिंता हमेशा उन्हें रहती थी। ऐसे में उनका सबसे बड़ा सपना था कि परिवार के लिए एक सुरक्षित और पक्का घर बन सके, जहां वे सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर सकें।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत मिली सहायता और अपनी बचत के सहयोग से श्री राठिया ने अपना पक्का मकान तैयार किया। आज उनका परिवार नए घर में सुरक्षित और सुखद जीवन व्यतीत कर रहा है। वृहद पंजीकरण शिविर में श्री राठिया को उनके नए आवास की प्रतीकात्मक चाबी प्रदान कर शुभकामनाएं दी गईं।
श्री राठिया ने कहा कि यदि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिलता तो उनका घर बनाने का सपना शायद कभी पूरा नहीं हो पाता। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजना ने उनके परिवार के जीवन में बड़ा सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने कहा, ‘‘आज मेरा परिवार अपने पक्के घर में सुरक्षित और सम्मान के साथ रह रहा है। यह मेरे जीवन के सबसे बड़े सपनों में से एक था, जो सरकार की मदद से पूरा हुआ है। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का हृदय से धन्यवाद करता हूं।‘‘

Continue Reading

कोरबा

अमृत सरोवर के परिसर में मनाया गया संविधान दिवस

Published

on

उद्देशिका का सामूहिक वाचन कर ग्रामीणों ने लिया संवैधानिक मूल्यों के पालन का संकल्प

पौधरोपण एवं श्रमदान के माध्यम से दिया पर्यावरण और जल संरक्षण का संदेश

कोरबा। संविधान दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न अमृत सरोवर स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों, युवाओं, स्व-सहायता समूह की महिलाओं एवं ग्रामीणों ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कर न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व के संवैधानिक मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक श्रमदान से सरोवर परिसर की साफ-सफाई, पौधरोपण तथा पर्यावरण एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं।

इसी कड़ी में जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा की ग्राम पंचायत तानाखार स्थित अमृत सरोवर परिसर में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह के मुख्य आतिथ्य में संविधान दिवस मनाया गया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कराया। इस अवसर पर भारतीय संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों पर प्रकाश डाला गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं पंचायत कर्मियों ने संवैधानिक आदर्शों के पालन और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में स्वच्छता की शपथ दिलाई गई तथा अमृत सरोवर के तट पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं जल संवर्धन का संदेश दिया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती माधुरी देवी, सीईओ जनपद पंचायत खगेश निर्मलकर, सरपंच, पंच, विद्यार्थी, ग्राम रोजगार सहायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

सीईओ जिला पंचायत ने संविधान की उद्देशिका का कराया सामूहिक वाचन

Published

on

कोरबा। संविधान दिवस के अवसर पर जिला पंचायत के सभागार में सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कराया। इस अवसर पर सभी ने संविधान में निहित मूल आदर्शों, मूल्यों एवं लोकतांत्रिक सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

श्री जैन ने अधिकारियों-कर्मचारियों को संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ ही अपने संवैधानिक एवं प्रशासनिक कर्तव्यों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का संदेश दिया। उन्होंने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के मूल भाव को आत्मसात करते हुए जनसेवा एवं प्रशासनिक कार्यों में इन मूल्यों का पालन करने की प्रेरणा दी।

Continue Reading

कोरबा

बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत कोरबा में निकली जिला स्तरीय जनजागरूकता रैली

Published

on

विद्यार्थी, शिक्षक,पंचायत कर्मी ,युवाओं सहित 500 से अधिक लोगों ने की सहभागिता

बाल विवाह रोकथाम के लिए ली गई सामूहिक शपथ

कलेक्टोरेट परिसर से घंटाघर ऑडिटोरियम तक निकाली गई जागरूकता रैली

कोरबा, 27 नवंबर 2026। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन तथा समाज में व्यापक जनजागरूकता लाने के उद्देश्य से बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को कोरबा जिला मुख्यालय में जिला स्तरीय जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार 27 नवंबर को बाल विवाह, बाल्यावस्था एवं जबरन विवाह उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में 500 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वयंसेवी संस्थाओं एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन एवं हार्ड संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में सर्वप्रथम अतिथियों ने बाल विवाह उन्मूलन की आवश्यकता और इसके सामाजिक दुष्परिणामों पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर बाल विवाह मुक्त कोरबा के निर्माण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले जिला पंचायत संसाधन केंद्र के संकाय सदस्य लक्ष्मीकांत साहू, ग्राम पंचायत कोलगा की पंचायत सचिव श्रीमती सूरज कुमारी एवं एकीकृत बाल विकास परियोजना कोरबा शहरी की सेक्टर पर्यवेक्षक श्रीमती स्वाति राठौर को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को बाल विवाह की रोकथाम, बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा तथा बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक शपथ दिलाई गई। इसके पश्चात जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह, नगर निगम सभापति नूतन ठाकुर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सुश्री डिम्पल भेड़िया एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।

रैली कलेक्टोरेट एवं जिला पंचायत परिसर से प्रारंभ होकर कोसाबाड़ी चौक, सुभाष चौक निहारिका होते हुए घंटाघर स्थित ओपन थिएटर ऑडिटोरियम पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रैली के माध्यम से बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता का संदेश देते हुए लोगों से इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती माया रूपेश कंवर, नगर निगम के रामेश्वर कंवर, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी गजेंद्र देव सिंह, जिला बाल संरक्षण अधिकारी दया दास महंत, चाइल्ड राइट्स एसोसिएट सुश्री नीलू पटेल, एवं नीति आयोग से जुड़े प्रतिनिधि, हार्ड संस्था के जिला समन्वयक गोपाल प्रसाद यादव, स्रोत संस्था के संचालक डिक्शन मसीह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। रैली में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एवं गाइड के सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्व-सहायता समूह की महिलाएं, किशोरी बालिकाएं, सेक्टर पर्यवेक्षक तथा स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया गया कि बाल विवाह की रोकथाम केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। बाल विवाह मुक्त कोरबा के निर्माण के लिए जागरूकता, सहभागिता और सामूहिक प्रयासों को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677