Connect with us

छत्तीसगढ़

सक्ती कलेक्टर हर साल अपनी सैलरी से देंगे 10 हजार:आदिवासी समाज के उत्थान के लिए की घोषणा, एसपी समेत सैकड़ों ने किया समर्थन

Published

on

सक्ती। सक्ती जिले में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने आदिवासी समाज के कल्याण के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने हर साल अपने वेतन से 10 हजार रुपए समाज के उत्थान हेतु गठित होने वाली समिति को देने का संकल्प लिया। इस घोषणा के बाद एसपी प्रफुल्ल ठाकुर सहित सैकड़ों लोगों ने पहल का समर्थन करते हुए सहयोग की सहमति जताई।

कलेक्टर तोपनो ने कहा कि यदि समाज की समिति का गठन नहीं हुआ है, तो उसका जल्द पंजीयन कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज के गरीब, जरूरतमंद और वंचित वर्गों की सहायता करना है। समिति में एकत्रित राशि का उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए किया जाएगा।

मैं खुद एक आदिवासी परिवार से आता हूँ

कलेक्टर ने अपनी व्यक्तिगत प्रेरणा साझा करते हुए कहा, “मैं स्वयं एक आदिवासी परिवार से आता हूँ। आज मैं सक्षम हूँ और एक सरकारी पद पर हूँ, इसलिए समाज के लिए यह योगदान देना मेरा दायित्व है।” उन्होंने समाज के अन्य सक्षम और संपन्न व्यक्तियों से भी इस अभियान में आगे बढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की।

कलेक्टर की इस घोषणा का कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और समाज के लोगों ने व्यापक स्वागत किया। इस सार्वजनिक समर्थन ने सामूहिक सहयोग का संदेश दिया। विश्व आदिवासी दिवस पर हुई यह पहल जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है और इसे सामाजिक सहभागिता की एक सकारात्मक दिशा के रूप में देखा जा रहा है।

Continue Reading

कोरबा

हर घर जल के लक्ष्य को समय पर पूरा नहीं करने पर कलेक्टर ने जताई नाराजगी, नोटिस जारी करने के निर्देश

Published

on

जल जीवन मिशन की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित

पूर्ण एवं हस्तांतरित योजनाओं का भुगतान 31 अगस्त तक सुनिश्चित करने के निर्देश

कोरबा। जल जीवन मिशन की मासिक समीक्षा बैठक में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने हर घर जल योजना के निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा नहीं करने पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पूर्ण एवं हस्तांतरित योजनाओं के भुगतान में हो रही देरी को गंभीरता से लेते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता एवं एसडीओ को निर्देशित किया कि 31 अगस्त तक प्रत्येक घर में नल कनेक्शन का सत्यापन कर भुगतान हेतु फाइल प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। सत्यापन एवं भुगतान की प्रक्रिया लंबित पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, क्रेडा एवं जल संसाधन विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में जल जीवन मिशन के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पूर्ण एवं हस्तांतरित योजनाओं का जॉइंट वेरिफिकेशन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने भारत सरकार द्वारा निर्धारित समय-सीमा में परियोजनाओं का सत्यापन नहीं होने तथा कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर की।
कलेक्टर श्री दुदावत ने लक्षित योजनाओं के संबंध में विकासखंडवार एक-एक गांव में किए गए कार्यों का विस्तृत विवरण स्लाइड के माध्यम से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रस्तुतीकरण में पानी की टंकी की स्थिति, नल कनेक्शनों की संख्या, जल स्रोत की स्थिति, विद्युत कनेक्शन एवं ट्रांसफार्मर की स्थिति का स्पष्ट उल्लेख किया जाए तथा संबंधित कार्यों के फोटोग्राफ भी संलग्न किए जाएं। उन्होंने यह जानकारी 17 अगस्त तक तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि आगामी बैठक में गांववार कार्यों की समीक्षा की जा सके।
कलेक्टर ने एतमानगर में मल्टी विलेज स्कीम के बंद कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आने वाले दिनों में उक्त परियोजना के कार्यों का निरीक्षण करने की बात कही। उन्होंने जिले के एक विकासखंड को हर घर जल घोषित करने की दिशा में आवश्यक कार्य पूर्ण करने तथा जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में कलेक्टर ने क्रेडा विभाग के अंतर्गत पेयजल आपूर्ति तथा जल संसाधन विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता रमन उरांव, क्रेडा के नीलेश श्रीवास्तव, जल संसाधन विभाग के एस.एल. द्विवेदी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

कलेक्टर जनदर्शन में सुनी गई  आमजनों की समस्याएं, कुल 80 आवेदन हुए प्राप्त

Published

on

आवेदनो का समय-सीमा में निराकरण के दिए निर्देश

कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत  ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में जिले के दूरस्थ ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने प्रत्येक आवेदन का परीक्षण कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित करते हुए सभी प्रकरणों का नियमानुसार एवं समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 80 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना की लम्बित राशि दिलाने, बिजली बिल में सुधार, सड़क मरम्मत,  नाली निर्माण,  अभिलेखों में त्रुटि सुधार एवं रिकॉर्ड दुरुस्ती, वनाधिकार पट्टा, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मानदेय भुगतान, मुआवजा, रोजगार दिलाने, आजीविका से जोड़ने सहित अन्य जनहित से जुड़े मामलों के आवेदन शामिल रहे।
कलेक्टर श्री दुदावत ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक आवेदन का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार शीघ्र राहत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त शिकायतों एवं मांगों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो तथा निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन किया जाए।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल, अपर कलेक्टर ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

इंडिपेंडेंस कप-2026 : बैडमिंटन के रोमांच के साथ एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना में मनाया जाएगा आजादी का उत्सव

Published

on

कोरबा। स्वतंत्रता दिवस पर एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना, कोरबा के तत्वावधान में एक बार फिर खेल के माध्यम से आजादी का उत्सव सेलिब्रेट किया जाएगा। 14 एवं 15 अगस्त को इंडिपेंडेंस कप 2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना के अध्यक्ष डॉ संजय अग्रवाल ने बताया कि सभी श्रेणियों में आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट में विजेता और उपविजेता दोनों के लिए नकद पुरस्कार और ट्राफियां रखी गई हैं। स्पर्धा में भाग लेने के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 10 अगस्त है।
एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना के सचिव मनीष गुप्ता ने बताया कि इस दो दिवसीय टूर्नामेंट के पहले दिन शुक्रवार, 14 अगस्त को दोपहर 3:00 बजे से पुरुष एकल (आयु: 0-20) के मुकाबले होंगे। सभी मैच योनेक्स मेविस 350 शटलकॉक से खेले जाएंगे।

कोषाध्यक्ष सोनल फेलिक्स ने कहा कि टूर्नामेंट के दूसरे दिन 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर सुबह 9:00 बजे से पुरुष एकल (आयु: 20-35, 35-50 एवं 50 वर्ष से अधिक) और महिला एकल (खुली श्रेणी) में मुकाबले होंगे। इस श्रेणी के सभी मैच योनेक्स फेदर शटलकॉक से खेले जाएंगे।

एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना के कोषाध्यक्ष सोनल फेलिक्स ने बताया कि प्रत्येक इवेंट के लिए कम से कम 8 खिलाड़ियों की अनिवार्यता है। स्वतंत्रता कप 2026 में भाग लेने वाले सभी आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए केडीबीए आईडी अनिवार्य है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677