Connect with us

कोरबा

25 सितंबर को भारत रचेगा इतिहास, करोड़ों विद्यार्थी, शिक्षक, नागरिक एक साथ, एक समय, एक स्वर में सामूहिक रूप से गायेंगे पूर्ण वंदे मातरम

Published

on

छत्तीसगढ़ की होगी महत्वपूर्ण सहभागिता
25 सितंबर को प्रातः ठीक 11 बजे होगा सामूहिक पूर्ण वंदे मातरम गान
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज होगा आयोजन

कोरबा। हम सभी गौरवान्वित एवं हर्षित हैं कि इस वर्ष सम्पूर्ण भारत वंदे मातरम गीत की 150वीं वर्षगांठ मना रहा है।
वंदे मातरम केवल एक राष्ट्रगीत नहीं, बल्कि भारत की देशभक्ति, स्वाभिमान एवं राष्ट्रीय चेतना का अमर स्वर है। वंदे मातरम गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने का यह ऐतिहासिक अवसर हमें स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग, संघर्ष और मातृभूमि के प्रति उनके समर्पण का स्मरण कराता है।

राष्ट्रीय जागरण के 150वें वर्ष के इस अवसर पर विद्या भारती द्वारा अखिल भारतीय स्तर पर सामूहिक पूर्ण वंदे मातरम गीत का आयोजन किया जा रहा है। सम्पूर्ण देश में 25 सितंबर 2026 को प्रातः 11 बजे एक साथ, एक स्वर में लाखों विद्यार्थी, शिक्षक, नागरिक वंदे मातरम गीत का पूर्ण सामूहिक गायन करेंगे। यह आयोजन गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज होगा।
उल्लेखनीय है कि विद्या भारती भारत का सबसे बड़ा गैर-सरकारी (स्वैच्छिक) शैक्षिक नेटवर्क है। विद्या भारती भारत देश के 684 जिलों में अपनी सेवा दे रही है, जिसमें शहरी क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण, जनजातीय (आदिवासी) और दूरदराज के सीमावर्ती क्षेत्र भी शामिल हैं। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के पूरे भारत में 12 हजार से अधिक विद्यालय (इसके अलावा देशभर में लगभग 8,000 से अधिक अनौपचारिक शिक्षा केंद्र भी संचालित हैं), सरस्वती शिशु मंदिरों में देश भर में कुल आचार्य (शिक्षक) 1.53 लाख से अधिक, कुल 35.33 लाख विद्यार्थी हैं।

सरस्वती शिशु मंदिरों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा (जैसे एआई और रोबोटिक्स) के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, योग, संगीत और नैतिक मूल्यों (संस्कारों) की शिक्षा प्रमुख है।
हमारा छत्तीसगढ़ भी सामूहिक पूर्ण वंदे मातरम गान के इस देशभक्ति पूर्ण आयोजन में पूरे उत्साह एवं ऊर्जा के साथ सम्मिलित हो रहा है।
छत्तीसगढ़ प्रांत के समस्त 1100 से अधिक सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय और उनमें अध्ययनरत तीन लाख विद्यार्थी एवं ग्यारह हजार शिक्षकों के साथ इस आयोजन में सहभागी होगा। इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के समस्त युवा, नागरिक भी सम्मिलित हों यह भी प्रयास चल रहा है।
25 सितंबर को प्रातः 11 बजे छत्तीसगढ़ के समस्त सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। चूंकि यह आयोजन गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में सम्मिलित होगा इस हेतु उसके समस्त प्रोटोकॉल के अनुसार पूरी कार्ययोजना बन रही है।
सामूहिक वंदे मातरम पूर्ण गायन के दिन सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों के आसपास स्थित अन्य विद्यालय एवं महाविद्यालय भी इस आयोजन में सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय पहुंचकर इस गौरवपूर्ण आयोजन में सम्मिलित हों यह आह्वान भी समस्त शैक्षणिक संस्थाओं से किया जा रहा है।
आज इस पत्रकार वार्ता के माध्यम से हम छत्तीसगढ़ के समस्त युवाओं, नागरिकों से देशभक्ति पूर्ण इस गौरवमयी आयोजन में सम्मिलित होने का आह्वान करते हैं।

Continue Reading

कोरबा

योनेक्स सनराइज़ स्टेट मिनी एवं सब जूनियर बैडमिंटन स्पर्धा में कोरबा का प्रतिनिधित्व करेंगे आरिव, श्रेष्ठा और आदित्य

Published

on

कोरबा। रविवार को कोरबा जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में जिला स्तरीय चयन स्पर्धा आयोजित की गई थी। कोरबा जिला बैडमिंटन संघ के कोषाध्यक्ष सोनल फेलिक्स ने बताया कि यह चयन स्पर्धा अगले महीने रायपुर में 3 से 7 अक्टूबर के मध्य होने वाली योनेक्स सनराइज़ 25वीं छत्तीसगढ़ स्टेट मिनी और सब-जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 में भाग लेने कोरबा की टीम चयन के लिए रखी गई थी। नगर निगम कॉलोनी कोरबा स्थित एकलव्य स्पोर्ट्स एरीना के भव्य डबल बैडमिंटन कोर्ट में हुई स्पर्धा में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने भाग लिया। स्पर्धा के नतीजों की बात करें तो अंडर 11 बालक वर्ग में आरिव घिरे, अंडर 11 बालिका वर्ग में श्रेष्ठा साहू विनर रहे। इसी तरह अंडर 13 बालक वर्ग में आदित्य धनराज, अंडर 13 बालिका वर्ग में भी श्रेष्ठा साहू चयन स्पर्धा के विजेता चुने गए। कोरबा जिला बैडमिंटन संघ के सचिव मनीष गुप्ता ने बताया कि चारों विजेता खिलाड़ी छत्तीसगढ़ बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में अगले महीने रायपुर में 3 से 7 अक्टूबर के मध्य योनेक्स सनराइज़ 25वीं छत्तीसगढ़ स्टेट मिनी और सब-जूनियर ( अंडर 11 और अंडर 13 वर्ग बालक और बालिका) बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 के मेन ड्रॉ में कोरबा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

अंडर 11 बालक वर्ग में वेदांत कौशिक, अंडर 11 बालिका वर्ग में सुप्रीता मामिलापल्ली रनर अप रहे। इसी तरह अंडर 13 बालक वर्ग में विवान साहू और अंडर 13 बालिका वर्ग में सोनाली सोनल फेलिक्स उप विजेता रहे। प्रतियोगिता को सुचारु रूप से संपन्न कराने में अंपायर की आसंदी से अमरजीत और करण का विशेष सहयोग रहा। कोरबा जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने विजेता खिलाड़ियों के लिए आगामी स्टेट टूर्नामेंट में जीत की शुभकामनाएं दीं हैं।

Continue Reading

कोरबा

मतदाता जागरूकता अभियान इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब ELC और माय भारत युवा कार्यक्रम में जनचेतना जगाने जिले के सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर, क्रिएटर्स, यूट्यूबर्स युवाओं की जिला स्तरीय परिचयात्मक बैठक 19 सितंबर 2026 को आयोजित

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले में कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में संचालित “माय भारत युवा कार्यक्रम” तथा मतदाता जागरूकता अभियान इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब ELC के जन-जागरुकता अभियान को गति देने के लिए शहरी- ग्रामीण क्षेत्रों में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के विविध क्षेत्र- सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर, कंटेंट क्रिएटर्स, यूट्यूबर्स के रूप में कार्य कर रहे युवाओं, महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं को “माय भारत युवा कार्यक्रम” तथा “इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब” ELC के लिए जन-चेतना जगाने के अभियान से जोड़ने के लिए जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह के द्वारा विशेष पहल की जा रही हैं।

इस कड़ी में कोरबा जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में सक्रिय युवाओं, सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर, क्रिएटर्स, यूट्यूबर्स को माय भारत युवा कार्यक्रम तथा मतदाता जागरूकता अभियान इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब ELC से जोड़ने के लिए दिनांक 19 सितंबर 2026 को समय- दोपहर 1 बजे कलेक्टोरेट सभाकक्ष कोरबा में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर, क्रिएटर्स, यूट्यूबर्स युवाओं की जिला स्तरीय परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई हैं।
उक्ताशय की जानकारी देते हुए “माय भारत युवा कार्यक्रम” के जिला नोडल अधिकारी एवं सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि वर्तमान परिवेश में सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव तथा युवाओं की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में रुचि को देखते हुए कोरबा जिले में संचालित माय भारत युवा कार्यक्रम तथा मतदाता जागरूकता अभियान इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब ELC के लिए जन-जागरूकता बढ़ाने में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर, क्रिएटर्स,यूट्यूबर्स युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए तथा युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए एवं मज़बूत लोकतंत्र की स्थापना में उनकी सकारात्मक ऊर्जा का सदुपयोग करने के लिए जिले के शहरी-ग्रामीण क्षेत्रों में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में सक्रिय सोशल मीडिया, इंफ्लूएंसर,क्रिएटर्स, यूट्यूबर्स युवाओं को एक मंच पर लाने के लिए विशेष पहल की जा रही हैं। श्री सिंह ने बताया कि निश्चित रूप से युवा शक्ति को राष्ट्रहित के कार्यों में जोड़ने से माय भारत युवा कार्यक्रम तथा मतदाता जागरूकता अभियान इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब ELC के लिए जनचेतना जगाने के मुहिम को नई दिशा मिलेगी।
जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने जिले के शहरी-ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय कार्य कर रहे सभी सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर,क्रिएटर्स, यूट्यूबर्स युवाओं को 19 सितम्बर 2026 की बैठक में अपने अमूल्य विचारों के साथ उपस्थित होने की अपील की हैं।

Continue Reading

कोरबा

इंडियन पब्लिक स्कूल में विराजे गजानन, भक्तिमय हुआ विद्यालय परिसर

Published

on

कोरबा/पाली। इंडियन पब्लिक स्कूल पाली में गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर भगवान श्री गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना कर स्थापना की गई। भगवान श्री गणेश के विद्यालय में विराजते ही पूरा विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ गणपति बप्पा की पूजा-अर्चना कर सभी के सुख, समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यालय में गणेश चतुर्थी के महत्व और भगवान श्री गणेश के जीवन से मिलने वाली सीख के बारे में भी विद्यार्थियों को बताया गया। बच्चों ने पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ आयोजन में सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में विद्यालय के डायरेक्टर राकेश मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। एडमिनिस्ट्रेटर कुणाल महापात्र ने विद्यार्थियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए पर्व के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं प्रिंसिपल संतोष देवनाथ ने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान गणेश ज्ञान, बुद्धि और शुभारंभ के प्रतीक हैं, इसलिए हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
विद्यालय परिवार ने गणपति बप्पा से सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं समस्त क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677