Connect with us

कोरबा

सेवा मेरा योगदान – दिव्यांगजनों के जीवन में सुविधा और आत्मविश्वास की नई रोशनीसेवा संकल्प अभियान के तहत कोरबा में दिव्यांग सहायता शिविर आयोजित, सहायक उपकरण पाकर खिले दिव्यांगजनों के चेहरे

Published

on

हर दिव्यांगजन तक पहुंचे सुविधा और सम्मानरू कलेक्टर कुणाल दुदावत
ब्रेल किट और श्रवण यंत्र से बच्चों की सीखने की राह हुई आसान

कोरबा 25 सितम्बर 2026। किसी जरूरतमंद के जीवन को आसान बनाने से बड़ी सेवा कोई नहीं। इसी संवेदनशील भावना के साथ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत  कोरबा शहर के सीएसईबी जूनियर क्लब पूर्व में दिव्यांग सहायता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिले के विभिन्न ग्रामों से बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उत्साहपूर्वक पहुंचे। यहां दिव्यांगजनों का विशेष मूल्यांकन एवं परीक्षण किया गया तथा आवश्यकता के अनुसार उन्हें सहायक उपकरण, दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में कलेक्टर कुणाल दुदावत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन, गोपाल मोदी, डॉ राजीव सिंह  सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि दिव्यांगजनों की सेवा और उनके जीवन को सुगम बनाने में सहयोग करना ईश्वर की सेवा के समान है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशीलता और सहयोग की भावना के साथ आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि सहायक उपकरण केवल सुविधा का साधन नहीं हैं, ये दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का संबल देते हैं। कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ प्रत्येक पात्र दिव्यांगजन तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने दिव्यांगजनों से आग्रह किया कि शिविर में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं और अपने अधिकारों एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें।

गोपाल मोदी ने कहा कि दिव्यांगजनों के चेहरे पर आने वाली खुशी और उनके जीवन में बढ़ता आत्मविश्वास ही सेवा के वास्तविक अर्थ को सार्थक करता है। जरूरत के समय किसी व्यक्ति को सहारा देना और उसकी क्षमता को आगे बढ़ने का अवसर देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से दिव्यांगजनों को आवश्यक उपकरण और सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें अधिक सहज और आत्मनिर्भर जीवन की ओर आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने शिविर में उपस्थित दिव्यांगजनों और उनके परिजनों से शासन द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह किया।
शिविर में दिव्य ज्योति विशेष स्कूल और उमंग दिव्यांग स्कूल के दृष्टिबाधित एवं श्रवण बाधित बच्चों को ब्रेल किट और श्रवण किट प्रदान की गई। बच्चों को उनकी जरूरत के ये उपयोगी उपकरण मिलते ही उनके चेहरों पर खुशी और उत्साह की चमक दिखाई दी। ब्रेल किट और श्रवण किट उनके लिए पढ़ाई और सीखने की राह को और सुगम बनाने में सहायक होंगे। बच्चों की आंखों और चेहरे पर झलकी प्रसन्नता ने पूरे शिविर के वातावरण को भावुक और आत्मीय बना दिया। कलेक्टर श्री दुदावत ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी।

शिविर में जिले के विभिन्न ग्रामों से पहुंचे दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप श्रवण यंत्र, मोटराइज्ड ट्राई साइकिल, ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, वॉकिंग स्टिक सहित अन्य सहायक उपकरण प्रदान किए गए। ’साथ ही अनेक दिव्यांगों का दिव्यांगता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।’
सहायक उपकरण प्राप्त करते समय दिव्यांगजनों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। इन उपकरणों से उनके आवागमन और दैनिक जीवन की गतिविधियों में सुविधा बढ़ेगी तथा वे अधिक आत्मविश्वास के साथ अपने कार्य कर सकेंगे।

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के साथ दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड बनाने के लिए जनपद पंचायतवार विशेष मूल्यांकन एवं परीक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविर के माध्यम से दिव्यांगजनों को एक ही स्थान पर आवश्यक परीक्षण, मार्गदर्शन और शासकीय सुविधाओं से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना से आयोजित यह पहल दिव्यांगजनों के जीवन में सुविधा, सम्मान और आत्मविश्वास बढ़ाने की दिशा में सार्थक प्रयास बन रही है।

Continue Reading

कोरबा

दिव्यांगजन सहायता शिविर में 38 दिव्यांगजनों को मिले सहायक उपकरण

Published

on

कोरबा 25 सितम्बर 2026। “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत 24 सितंबर 2026 को जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के सद्भावना भवन में खंड स्तरीय दिव्यांगजन सहायता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला पंचायत कोरबा के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह, जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा की अध्यक्ष श्रीमती माधुरी देवी तंवर, उपाध्यक्ष प्रकाश चंद जाखड़, जनपद सदस्यगण, एसडीएम मनोज कुमार बंजारे तथा उपसंचालक समाज कल्याण विभाग, जिला कोरबा सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
शिविर में कुल 275 दिव्यांगजनों का पंजीयन किया गया। इनमें अस्थि दिव्यांग 65, श्रवण बाधित 24, बहु दिव्यांग 124 तथा दृष्टिबाधित 36 हितग्राही शामिल रहे। मौके पर 9 मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, 1 ट्राईसाइकिल, 2 व्हीलचेयर, 24 श्रवण यंत्र और 2 जोड़ी बैसाखी सहित कुल 38 दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार कृत्रिम अंग एवं विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए गए।
सहायक उपकरण मिलने से दिव्यांगजनों को आवागमन, श्रवण और दैनिक गतिविधियों में सुविधा मिलेगी तथा वे अधिक आत्मनिर्भर बन सकेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराकर उनके जीवन को सहज और सुविधाजनक बनाना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी खगेश निर्मलकर, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी युगल किशोर सहित ब्लॉक स्तर के अधिकारी-कर्मचारी, सरपंच, सचिव, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

जैन चुस्की चाय’ के विक्रय-वितरण पर कोरबा जिले में तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध

Published

on

खाद्य जांच में एसेसल्फेम पोटैशियम की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाए जाने पर कार्रवाई

कोरबा, 25 सितंबर 2026। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जिला कोरबा द्वारा खाद्य पदार्थ ‘चाय’, ब्रांड ‘जैन चुस्की चाय’, बैच क्रमांक सी. एच. 653 के विक्रय एवं वितरण पर जिले में तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया गया है।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त खाद्य पदार्थ का निर्माण मेसर्स जैन ट्रेडर्स (जैन चुस्की चाय), नेहा फैंसी स्टोर के पीछे, आकृति विहार, अमलीडीह, रायपुर, छत्तीसगढ़ द्वारा किया गया है। उत्पाद की निर्माण तिथि नवंबर 2025 तथा बेस्ट बिफोर अवधि अक्टूबर 2026 अंकित है।
उक्त खाद्य पदार्थ का नमूना परीक्षण के लिए रेफरल खाद्य प्रयोगशाला (राष्ट्रीय खाद्य प्रयोगशाला), कोलकाता भेजा गया था। प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट क्रमांक जी-14/08/2026, दिनांक 30 जुलाई 2026 के अनुसार नमूने में एसेसल्फेम पोटैशियम की मात्रा निर्धारित अनुमत सीमा से अधिक पाई गई। इसके आधार पर खाद्य पदार्थ को “असुरक्षित” घोषित किया गया है।
जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 36(3)(ख) में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए अभिहित अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जिला कोरबा द्वारा ‘जैन चुस्की चाय’, बैच क्रमांक सी. एच. 653 के विक्रय एवं वितरण को जिले के संपूर्ण क्षेत्र में तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित किया गया है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जिले के सभी रिटेल एवं थोक विक्रेताओं से अपील की है कि वे उक्त खाद्य पदार्थ का अपने परिसर में भंडारण एवं विक्रय न करें। यदि यह उत्पाद उपलब्ध हो तो तत्काल खाद्य एवं औषधि प्रशासन कार्यालय को सूचित करें। साथ ही आम नागरिकों से भी उक्त बैच के उत्पाद का उपयोग न करने की अपील की गई है।

Continue Reading

कोरबा

1109.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज

Published

on

कोरबा 25 सितंबर 2026। कोरबा जिले में एक जून से आज तक कुल 1109.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई।
अधीक्षक भू-अभिलेख से मिली जानकारी के अनुसार उक्त अवधि में जिले की तहसील अजगरबहार में 992.2, कोरबा 1449.2 मिलीमीटर, भैंसमा, 1206.5, करतला 1278.9, बरपाली 957.5, कटघोरा 1069.5, दीपका 1140, दर्री 1197.7, पाली 1130.5, हरदीबाजार 921, पोंड़ी उपरोड़ा 1023.6, और पसान तहसील में 945.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसी तरह पिछले 24 घंटे में जिले में 2.8 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677