Connect with us

कोरबा

सेवा संकल्प अभियान:अंत्योदय योजना से मिला संबल, आरती के घर से चल रहा सिलाई का काम

Published

on

हाथों के हुनर को मिला आर्थिक सहारा, सिलाई-कढ़ाई से आरती ने बढ़ाई अपनी आमदनी
अपने हुनर से काम शुरू करना चाहती थी, योजना ने राह आसान कर दी” – आरती मनहर

कोरबा 20 सितम्बर 2026। अपने हुनर को रोजगार का जरिया बनाने के लिए हमेशा बड़े निवेश की जरूरत नहीं होती। कई बार छोटी आर्थिक सहायता ही काम शुरू करने के लिए जरूरी साधन जुटाने में मददगार बन जाती है। कोरबा जिले के रजगामार की आरती मनहर के लिए अंत्योदय स्वरोजगार योजना से मिला 20 हजार रुपये का ऋण इसी तरह उनके सिलाई के हुनर को काम में बदलने का माध्यम बना।
आरती को सिलाई का काम आता था और लंबे समय से उनके मन में घर पर सिलाई सेंटर शुरू करने की इच्छा थी। वे स्वरोजगार के जरिए परिवार की आमदनी में सहयोग देना चाहती थीं, लेकिन आर्थिक स्थिति के कारण सिलाई मशीन खरीदकर काम शुरू नहीं कर पा रही थीं।
इसी बीच अंत्यावसायी विभाग के माध्यम से उन्हें अंत्योदय स्वरोजगार योजना की जानकारी मिली। उन्होंने कार्यालय पहुंचकर योजना के प्रावधानों और आवेदन की प्रक्रिया को समझा तथा आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर आवेदन किया। योजना के अंतर्गत उन्हें 20 हजार रुपये का ऋण मिला, जिससे उन्होंने सिलाई मशीन लेकर घर से काम शुरू किया। साथ ही उन्हें 10 हजार का विभागीय अनुदान भी मिला।
आरती अब सिलाई के साथ कढ़ाई और पीको-फॉल का काम भी कर रही हैं। आसपास के गांवों से लोग नियमित रूप से कपड़े सिलवाने उनके पास आते हैं। अपने काम से वे प्रतिमाह लगभग 4 से 5 हजार रुपये कमा रही हैं। इससे उनकी व्यक्तिगत आय का साधन बना है और परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में भी सहयोग मिल रहा है।
अपने अनुभव के बारे में आरती मनहर कहती हैं, “सिलाई का काम मुझे आता था, इसलिए मन में हमेशा अपना सिलाई सेंटर शुरू करने की इच्छा थी। पैसे की कमी के कारण शुरुआत नहीं कर पा रही थी। योजना की जानकारी मिलने के बाद आवेदन किया और ऋण से मशीन खरीद सकी। अब घर से ही काम मिल रहा है और हर महीने आमदनी हो रही है। अपने हुनर से परिवार के लिए कुछ कर पाने की खुशी है।”

अंत्योदय स्वरोजगार योजना के तहत गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को स्वीकृत ऋण का 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम 10 हजार रुपये तक शासन द्वारा अनुदान के रूप में दिया जाता है। आरती ने योजना के माध्यम से स्वरोजगार का अवसर मिलने पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में 21 सितंबर को मनेगा श्री रामदेव पीर उत्सव:नवनिर्वाचित कार्य समिति का होगा शपथ-ग्रहण, मंत्री लखनलाल देवांगन होंगे शामिल

Published

on

कोरबा। श्री गुजराती समाज कोरबा और श्री जलाराम सेवा समिति की ओर से 21 सितंबर 2026, सोमवार को श्री रामदेव पीर उत्सव मनाया जाएगा। कार्यक्रम डी.डी.एम. रोड स्थित श्री जलाराम मंदिर में होगा। इसी दौरान समाज की नवनिर्वाचित कार्य समिति का शपथ-ग्रहण समारोह भी आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे पूजा और स्थापना के साथ होगी। यह आयोजन पराशक्ति ज्योतिष पीठम् (निहारिका) के पंडित उमाशंकर शास्त्री के आचार्यत्व में होगा।

शाम 4 बजे से 6:30 बजे तक नागपुर के गायक सुमित शर्मा भजन संध्या की प्रस्तुति देंगे। इसके बाद शाम 6:45 बजे महाआरती होगी। रात 8:30 बजे से 10 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था रहेगी।

मंत्री लखनलाल देवांगन होंगे मुख्य अतिथि

शपथ-ग्रहण समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि होंगे। नगर निगम कोरबा की महापौर संजू देवी सिंह राजपूत कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी।

विशिष्ट अतिथियों में नगर निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह राजपूत, जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी और स्थानीय वार्ड पार्षद मथुरा बाई चंद्रा शामिल होंगी।

श्री गुजराती समाज और श्री जलाराम सेवा समिति ने श्रद्धालुओं और समाज के लोगों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में मछली पकड़ते पति गहरे पानी में डूबा:पत्नी ने बचाने की कोशिश की, खुद बाल-बाल बची, 24 घंटे बाद शव मिला

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के कुदुरमाल एनिकट में मछली पकड़ने गए एक पति-पत्नी के साथ हादसा हो गया। गहरे पानी में डूबने से धरम धनुहार (40) की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी बाल-बाल बच गई। नगर सेना की DDRF टीम ने रविवार सुबह रेस्क्यू कर शव बरामद किया।

जानकारी के अनुसार, कुदुरमाल ग्राम पंचायत के परसाभवना गांव निवासी धरम धनुहार शनिवार (19 सितम्बर) सुबह अपनी पत्नी के साथ एनिकट गया था। दोनों वहां मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान धरम अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।

मछली पकड़ते समय गहरे पानी में गया युवक

पति को डूबता देख पत्नी ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव और पानी की गहराई के कारण वह सफल नहीं हो सकी। उसकी आंखों के सामने ही धरम गहरे पानी में समा गया। घबराई पत्नी किसी तरह गांव पहुंची और परिजनों व ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।

सूचना पर पुलिस पहुंची, DDRF ने शुरू किया रेस्क्यू

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण एनिकट पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने पुलिस टीम को मौके पर भेजा और नगर सेना की DDRF टीम को भी जानकारी दी गई।

DDRF की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। पानी का तेज बहाव और अधिक गहराई होने के बावजूद टीम ने शनिवार देर शाम तक तलाश की, लेकिन धरम का कोई पता नहीं चला।

रविवार सुबह मिला शव

रविवार सुबह (20 सितम्बर) DDRF की टीम ने दोबारा एनिकट में तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद टीम ने धरम धनुहार का शव पानी से बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद परिजनों में मातम छा गया।उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि शव बरामद कर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

सुरक्षा इंतजाम की मांग

हादसे के बाद ग्रामीणों ने कुदुरमाल एनिकट में सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे इंतजाम होने से लोगों को गहरे और खतरनाक हिस्सों के बारे में पहले से जानकारी मिल सकेगी और हादसों को रोका जा सकेगा।

Continue Reading

कोरबा

श्रीमद्भागवत कथा में शामिल हुए जयसिंह अग्रवाल

Published

on

भगवान नरसिंह एवं भक्त प्रहलाद के प्रसंग ने श्रद्धालुओं को किया भावविभोर

कोरबा। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल दर्री स्थित श्री दुर्गा पंडाल में सिंघानिया परिवार (दर्री एवं कोरबा) द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में सम्मिलित हुए। उन्होंने वृंदावन धाम (बरसाना) से पधारे कथा व्यास पंडित हेमंत कृष्ण गोस्वामी के मुखारविंद से श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया।

कथा के दौरान भगवान श्री नरसिंह एवं भक्त प्रहलाद के प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया जा रहा था। भगवान के प्रति प्रहलाद की अटूट भक्ति और विश्वास की कथा सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

इस अवसर पर जयसिंह अग्रवाल ने कथा आयोजक सिंघानिया परिवार को सफल आयोजन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से सभी के सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगल की कामना की।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677