नई दिल्ली, एजेंसी। सोनिया गांधी ने अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में लिखा है कि राहुल को पिता राजीव की हत्या की आशंका थी।
मार्च 1991 में अमेरिका लौटने से पहले राहुल ने कहा था कि अगर पिता की सुरक्षा नहीं बढ़ाई गई तो उन्हें जल्द ही उनके अंतिम संस्कार के लिए घर आना पड़ेगा।
सोनिया के मुताबिक, उस समय राजीव गांधी की जान को खतरा लगातार बढ़ रहा था, लेकिन उनकी सुरक्षा के इंतजाम कमजोर कर दिए गए थे। प्रधानमंत्री पद छोड़ने के बाद भी खतरा कम नहीं हुआ था। इसके बावजूद उन्हें पहले जैसी सुरक्षा नहीं मिल रही थी।
इसके 2 महीने बाद ही 21 मई 1991 को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में एक चुनावी रैली के दौरान आत्मघाती बम विस्फोट में हत्या कर दी गई थी।
सोनिया की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ मंगलवार को मार्केट में आ गई। किताब के कवर पर जो फोटो है, इसे राजीव गांधी ने 1966 में क्लिक किया था।
राहुल ने बिहार दौरे में देखी थी पिता की सुरक्षा में चूक
सोनिया लिखती हैं कि मार्च 1991 में ईस्टर की छुट्टियों के दौरान राहुल अमेरिका से घर आए थे। उस समय वे पढ़ाई के लिए अमेरिका में थे। उन्होंने अपने पिता के साथ बिहार दौरे पर जाने की जिद की।
इस दौरे में राहुल ने जो देखा, उससे वे हैरान रह गए। राजीव जिस खुली जीप में सफर कर रहे थे, उस पर विपक्षी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पत्थर और ईंटें बरसाईं।
यह सब स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में हो रहा था, लेकिन पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे। उन्होंने राजीव को बचाने या हमले रोकने के लिए कुछ नहीं किया।
1984 में 3 आतंकी संगठनों से खतरा था, 1990 तक कई और संगठन सामने आए
सोनिया लिखती हैं कि 1984 में प्रधानमंत्री बनने के समय राजीव गांधी को 3 आतंकी संगठनों से खतरा था। 1990 तक ऐसे कई और चरमपंथी संगठन सामने आ चुके थे, जिनके निशाने पर राजीव सबसे प्रमुख व्यक्ति थे। अधिकारियों को भी इन खतरों की जानकारी थी।
सोनिया के मुताबिक, दिसंबर 1990 में हुई एक समिति की बैठक में फैसला लिया गया था कि राजीव को मिलने वाली स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) की सुरक्षा जारी रहेगी। इसे तभी बदला जाएगा, जब खतरे का नए सिरे से आकलन करने पर इसकी जरूरत महसूस हो।
लेकिन वीपी सिंह सरकार ने अगले ही महीने SPG सुरक्षा हटा दी। राजीव की नजदीकी सुरक्षा के लिए खासतौर पर प्रशिक्षित सुरक्षा बल की जगह स्थानीय पुलिस को तैनात कर दिया गया।
वीपी सिंह और चंद्रशेखर से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी
सोनिया लिखती हैं कि कांग्रेस पार्टी ने वीपी सिंह और चंद्रशेखर, दोनों प्रधानमंत्रियों से राजीव की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी, लेकिन इसे अनसुना कर दिया गया।
राजीव जब भी किसी दौरे पर जाते थे, उनके साथ सिर्फ एक निजी सुरक्षाकर्मी (PSO) होता था। वह भी एक पुलिसकर्मी था। बाद में बारी-बारी से दो पुलिसकर्मी उनके साथ रहने लगे। उनके पास सिर्फ एक पिस्तौल होती थी।
सोनिया के मुताबिक, देश के किसी भी राज्य की पुलिस को किसी बड़े राजनीतिक व्यक्ति को सुरक्षा देने के लिए न तो खास प्रशिक्षण मिला था और न ही जरूरी संसाधन थे। सोनिया लिखती हैं कि अगर राजीव के विरोधियों ने सोचा था कि सुरक्षा कम करके उन्हें दबा लेंगे, तो वे गलत थे।
हालांकि, सोनिया और प्रियंका हर वक्त उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित रहती थीं। जब तक राजीव किसी दौरे से सुरक्षित घर नहीं लौट आते थे, तब तक दोनों चैन से नहीं रह पाती थीं।
दिल्ली के बुक स्टोर्स की तस्वीरें, जहां सोनिया की किताब बिक्री के लिए रखी है…
खान मार्केट में सोनिया गांधी की किताब को बाहरी हिस्से में डिस्प्ले के लिए लगाया गया है।
कई बुक स्टोर्स में सोनिया गांधी की किताब को स्पेशल कॉर्नर में डिस्प्ले किया गया है।
‘बिलॉन्गिंग..’ के बारे में सोनिया ने क्या कहा है…
सोनिया गांधी ने किताब की शुरुआत में बताया है कि उन्होंने अपनी जिंदगी की कहानी लिखने का फैसला क्यों किया। उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक किताब नहीं, बल्कि उनकी निजी जिंदगी और परिवार की कहानी है।
वे अपने परिवार को उसी रूप में दिखाना चाहती थीं, जैसा उन्होंने उसे जाना और प्यार किया। परिवार के लोगों के बारे में बहुत कुछ लिखा गया, लेकिन उनके स्वभाव, संघर्ष और भावनाओं को समझने की कोशिश कम हुई।
सोनिया लिखती हैं कि उन्होंने अपनी निजी दुनिया को लोगों से दूर रखा। इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या के बाद दुख ने उन्हें राजनीति में ला दिया, लेकिन उन्होंने निजी जिंदगी को बचाए रखने की कोशिश की।
अपने जीवन के बारे में खुलकर लिखना उन्हें लगभग असंभव लगता था। अब सार्वजनिक जीवन की भागदौड़ से दूर होकर उन्हें अपनी कहानी को पीछे मुड़कर देखने का मौका मिला।
वे भारत में बिताए पांच दशक से ज्यादा समय के अनुभव भी साझा करना चाहती थीं। उन्होंने लिखा कि इस दौरान उन्होंने देश को बदलते देखा। शुरुआत में वे इस बदलाव को दूर से देख रही थीं, लेकिन बाद में खुद इसका हिस्सा बन गईं। यह किताब उसी सफर और उस देश की कहानी है, जिसे उन्होंने अपना घर माना।
किश्तवाड़, एजेंसी। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के मारवाह के जंगल में बुधवार शाम को लापता हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस के दो SPO के शव मिले हैं। दोनों शव गोलियों से छलनी हैं। उनके पास 60 राउंड वाली एक इंसास राइफल और 50 राउंड वाली एक 303 राइफल थी। दोनों के ही हथियार गायब हैं।
दोनों आर्मी के साथ इलाके में सर्चिंग के लिए गए थे। जब वे लापता हुए थे, तब जंगल से फायरिंग की आवाजें भी सुनाई दी थीं। मृतकों की पहचान रशपाल कुमार और बाबी चंद के रूप में हुई है।
दोनों SPO के लापता होने के दौरान इसी इलाके में एयरटेल नेटवर्क सेवाएं बाधित होने की जानकारी भी सामने आई थी। एयरटेल कंपनी ने इसी साल 10 मार्च को मरवाह इलाके में पहली बार मोबाइल नेटवर्क सेवा शुरू की थी।
अक्टूबर में लापता SPO का शव मिला था
15 अक्टूबर 2026 को SPO बशीर अहमद किश्तवाड़ के त्रिगाम स्थित पुलिस पिकेट से सर्विस राइफल के साथ लापता हुए थे। अगले दिन 16 अक्टूबर को उनका शव त्रिगाम के जंगल में एक नाले के पास गड्ढे में दबा मिला। 19 अक्टूबर को पुलिस ने इस हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
बारामूला के जंगल में 2 हैंड ग्रेनेड मिले, संदिग्ध गिरफ्तार
पकड़े गए आरोपी का नाम गुलाम जिलानी रेशी है। यह बदरकोट का रहने वाला है।
सुरक्षाबलों ने गुरुवार को बारामूला जिले में तलाशी अभियान के दौरान दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं। पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। बारामूला पुलिस ने सेना के साथ मिलकर तंगमर्ग के बदरकोट जंगल में एरिया से बदरकोट निवासी गुलाम जिलानी रेशी को पकड़ा गया। उसके पास से हैंड ग्रेनेड थे।
कुलगाम में कल आतंकी हमले में 3 CRPF जवान घायल हुए थे
आतंकी हमले का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें हमलावर 15 सेकेंड के अंदर करीब 30 राउंड फायरिंग करते नजर आ रहे हैं।
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने CRPF के अखरान कैंप में नाका ड्यूटी पर तैनात जवानों पर फायरिंग कर दी।
आतंकी हमले का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें हमलावर 15 सेकेंड के अंदर करीब 30 राउंड फायरिंग करते नजर आ रहे हैं।
घटना करीब 2:15 बजे की है। इसमें तीन जवान घायल हो गए। उन्हें अनंतनाग के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल जवानों की पहचान हेड कॉन्स्टेबल सोमवीर और कॉन्स्टेबल संतानो और राकेश दास के तौर पर हुई है। तीनों CRPF की 46वीं बटालियन में तैनात हैं।
एक जवान के पैर, दूसरे के हाथ और तीसरे की पीठ में गोली लगी है। फायरिंग के बाद हमलावर फरार हो गए। सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
हमले को लेकर गृह मंत्रालय में एक हाईलेवल मीटिंग चल रही है, जहां CRPF के डीजी अधिकारियों को जरूरी जानकारी दे रहे हैं।
चेकपॉइंट पर जवान तैनात थे, अचानक चली गोलियां
हमले का CCTV फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में काफी अंधेरा है। इसमें कुछ सेकेंड तक जवान इधर-उधर जाते दिखाई देते हैं। तभी अचानक गोलियां चलने और चीखने की आवाज आती है। वीडियो में एक जवान चिल्लाते हुए कहता सुनाई देता है, ‘इधर आ, जल्दी आ, गोली चल रही है।’ इसके बाद फिर लगातार गोलियां चलने लगती हैं।
3 साल में 548 आतंकी घटनाएं हुईं
जम्मू-कश्मीर में 2024 से अब तक 548 आतंकी घटनाएं हुई हैं। इन घटनाओं में 45 जवान शहीद हुए हैं और 138 आतंकी मारे गए हैं।
5 दिन पहले आतंकियों के 2 मददगार गिरफ्तार, महिलाओं को निशाना बनाते थे
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने श्रीनगर से आतंकियों की मदद करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था। ये लोग आतंकी मॉड्यूल के जरिए महिलाओं को निशाना बनाते थे और अलगाववादी विचारधारा और प्रचार को बढ़ावा दिया जा रहा था।
नई दिल्ली, एजेंसी। स्वच्छ ऊर्जा और आधुनिक तकनीक के लिए जरूरी खनिजों पर नियंत्रण हासिल करने की वैश्विक प्रतिस्पर्धा तेज हो गई है। भारत ने जनवरी 2025 से सितंबर 2026 के बीच महत्वपूर्ण खनिजों से जुड़े 15 समझौते किए हैं। इस मामले में अमेरिका 41 समझौतों के साथ पहले स्थान पर है, जबकि भारत ने चीन, कनाडा, सऊदी अरब और यूरोपीय संघ जैसे बड़े खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया है। इन सभी ने 11-11 समझौते किए हैं। इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट (आईआईएसडी) के ट्रेड एंड क्लाइमेट ट्रैकर के विश्लेषण में यह जानकारी सामने आई है।
रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी 2025 से सितंबर 2026 तक दुनिया में व्यापार और आर्थिक सहयोग से जुड़े कुल 211 समझौते हुए। इनमें 139 यानी करीब दो-तिहाई समझौते महत्वपूर्ण कच्चे खनिजों से संबंधित हैं। नौ नवंबर से तुर्किये के अंताल्या में शुरू हुए संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन (सीओपी31) से ठीक पहले जारी यह विश्लेषण बताता है कि अब व्यापार समझौते भी जलवायु परिवर्तन से निपटने की वैश्विक रणनीति का अहम हिस्सा बनते जा रहे हैं। हालांकि, खनिजों की आपूर्ति सुरक्षित करने की कोशिशों और पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्यों के बीच अभी बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है।
खनिजों के लिए भारत की रणनीति भारत के 15 समझौते इस बात का संकेत हैं कि देश अपनी स्वच्छ ऊर्जा संबंधी महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए महत्वपूर्ण खनिजों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना चाहता है। लिथियम का इस्तेमाल इलेक्ट्रिक वाहनों और ऊर्जा भंडारण की बैटरियों में होता है। दुर्लभ मृदा तत्व पवन ऊर्जा संयंत्रों और इलेक्ट्रिक वाहनों की मोटरों में इस्तेमाल होने वाले स्थायी चुंबक बनाने के लिए जरूरी हैं। बिजली के जाल के विस्तार में तांबा अहम है, जबकि ग्रेफाइट और कोबाल्ट बैटरी निर्माण के प्रमुख कच्चे माल हैं। भारत ने इस निर्भरता को कम करने के लिए जनवरी 2025 में राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन को मंजूरी दी थी। सात वर्ष की अवधि वाले इस मिशन के तहत 2024-25 से 2030-31 तक सरकारी खर्च के लिए 16,300 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों से 18,000 करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश को प्रोत्साहित करने का लक्ष्य है। मिशन के तहत भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण की अगुवाई में देश में खनिजों की खोज के 1,200 कार्यक्रम चलाने और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के माध्यम से विदेशों में 26 तथा निजी क्षेत्र के माध्यम से 24 खनन परिसंपत्तियां सुरक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है।
अर्जेंटीना से ऑस्ट्रेलिया तक भारत की पहुंच भारत अपनी खनिज जरूरतों को पूरा करने के लिए अंतरराष्ट्रीय साझेदारी का भी विस्तार कर रहा है। सरकारी कंपनी खानिज बिदेश इंडिया लिमिटेड (काबिल) ने अर्जेंटीना की कंपनी कैमयेन के साथ समझौता किया है। इसके तहत अर्जेंटीना के कैटामार्का प्रांत में 15,703 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले लिथियम के पांच खारे जल वाले भंडार क्षेत्रों की खोज और विकास किया जाना है। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के साथ भी लिथियम और कोबाल्ट खनन परिसंपत्तियों में संयुक्त निवेश की संभावनाएं तलाशने के लिए व्यवस्था की है। इसके अलावा जर्मनी और नॉर्वे के साथ महत्वपूर्ण खनिजों, आपूर्ति शृंखला में विविधता, अनुसंधान, प्रसंस्करण और पुनर्चक्रण के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाया जा रहा है। भारत का उद्देश्य केवल विदेशों से खनिज हासिल करना नहीं है, बल्कि देश में ही उनके प्रसंस्करण, उच्च मूल्य वाले उत्पादों के निर्माण और मजबूत औद्योगिक ढांचे को विकसित करना भी है।
कच्चा माल बेचने के बजाय उद्योग विकसित करना चाहते देश IISD के विश्लेषण अनुसार, महत्वपूर्ण खनिजों से जुड़े 139 समझौतों में से 94 में खनिजों की आपूर्ति सुरक्षित करने के प्रावधान हैं। वहीं, 84 समझौतों में खनिज उत्पादक देशों में स्थानीय स्तर पर मूल्यवर्धन, प्रसंस्करण, विनिर्माण क्षमता और कौशल विकास को बढ़ावा देने की व्यवस्था है। दरअसल, कई विकासशील देश लंबे समय से कच्चे खनिजों का निर्यात करते रहे हैं और उनसे तैयार महंगे उत्पाद दूसरे देशों से खरीदते रहे हैं। अब वे इस व्यवस्था को बदलना चाहते हैं।इंडोनेशिया ने घरेलू प्रसंस्करण और बैटरी तथा इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग को बढ़ावा देने के लिए कच्चे निकेल अयस्क के निर्यात पर प्रतिबंध लगाए हैं। कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य और जिम्बाब्वे ने भी कुछ कच्चे खनिजों के निर्यात पर रोक लगाकर देश के भीतर प्रसंस्करण को प्रोत्साहित करने की कोशिश की है।
खनिज कूटनीति के इस बदलते स्वरूप में इंडोनेशिया ने 12 देशों और समूहों के साथ साझेदारी की है। अर्जेंटीना ने 10, ब्राजील ने नौ और चिली ने सात साझेदारियां की हैं। अगस्त 2026 में अर्जेंटीना, बोलीविया, चिली और पेरू ने रणनीतिक खनिजों पर संयुक्त घोषणा भी की। इसका उद्देश्य अलग-अलग निवेश हासिल करने की प्रतिस्पर्धा के बजाय क्षेत्रीय स्तर पर मजबूत खनिज मूल्य शृंखला विकसित करना है। रिपोर्ट की एक अहम बात यह है कि देश अब पारंपरिक मुक्त व्यापार समझौतों के बजाय समझौता ज्ञापन (एमओयू), सहयोग ढांचे और संयुक्त घोषणाओं को अधिक प्राथमिकता दे रहे हैं।महत्वपूर्ण खनिजों से जुड़े 139 समझौतों में से 95 यानी 68 प्रतिशत इसी तरह के समझौते हैं। इसकी प्रमुख वजह यह है कि मुक्त व्यापार समझौतों पर बातचीत और उन्हें लागू करने में कई साल लग सकते हैं। इनमें कृषि, विनिर्माण और वित्तीय सेवाओं जैसे कई क्षेत्र शामिल होते हैं तथा घरेलू स्तर पर लंबी मंजूरी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है।
लखनऊ, एजेंसी। यूपी विधानसभा चुनाव से पहले AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने गठबंधन का ऐलान किया है। इसका नाम सामाजिक परिवर्तन मोर्चा रखा गया है। गठबंधन यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा।
गुरुवार को लखनऊ में संयुक्त प्रेसवार्ता में ओवैसी ने कहा कि चंद्रशेखर यूपी में सीएम का चेहरा होंगे। भाजपा को रोकने के लिए हमारा मोर्चा मजबूत विकल्प बनेगा।
सांसद चंद्रशेखर ने कहा कि यह तीसरा मोर्चा नहीं, बल्कि पहला मजबूत मोर्चा होगा। बड़े गठबंधन में शामिल होने की कोशिश की, लेकिन हमें कमजोर समझा गया।
यूपी में मुस्लिम आबादी 19% और दलित आबादी 21% है। गठबंधन की नजर इसी 40% आबादी के वोटों पर है। इस गठबंधन का सीधा असर सपा और बसपा के वोट बैंक पर पड़ सकता है।
अरविंद सिंह गोप ने कहा- ओवैसी-चंद्रशेखर से सपा को टेंशन नहीं
सपा के पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप ने कहा- प्रदेश की जनता जान चुकी है कि 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। कोई भी बहकावे में नहीं आने वाला।
उन्होंने कहा कि जिस पार्टी को वे लोग विदा करने जा रहे हैं, उसकी चिंता बढ़ गई है। अब वह किस-किस को चुनाव मैदान में उतार रही है, यह उसकी चिंता है।
राकेश टिकैत बोले- ओवैसी सरकार का आदमी, चंद्रशेखर चक्कर में न पड़ें
किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा- ओवैसी सरकार के आदमी हैं। चंद्रशेखर को उनके चक्कर में नहीं पड़ना चाहिए।
ओवैसी केवल अखिलेश की बुराई करते हैं। मुसलमानों को भ्रमित होने की जरूरत नहीं है। बेईमानी हुई तो विपक्ष नहीं सरकार जीतेगी।
आरएलडी नेता बोले- एनडीए की सफलता पर कोई असर नहीं
RLD नेता केसी त्यागी ने ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन पर कहा कि इससे NDA की सफलता या उसके एजेंडे पर कोई असर नहीं पड़ेगा। हालांकि, इससे चुनाव प्रचार में उत्साह और आक्रामकता बढ़ेगी।
कांग्रेस बोली- अब्दुल सीएम कहते-कहते चंद्रशेखर को घोषित किया
कांग्रेस लीडर आसिम वकार ने कहा- ‘ओवैसी चिल्ला-चिल्लाकर अखिलेश और राहुल गांधी से कहते थे कि किसी मुसलमान को CM का चेहरा बनाओ, अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा। लेकिन अब खुद गठबंधन में चंद्रशेखर को CM का चेहरा बना दिया। अब बताइए, अब्दुल क्या करेगा? यूपी का मुसलमान खुद तय करेगा कि इस बार मुख्यमंत्री कौन बनेगा।’
योगी के 1.27 करोड़ नाम कटने के दावे पर सवाल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए ओवैसी ने पूछा कि 10 अप्रैल को फाइनल SIR प्रकाशित होने के बाद ‘बाबा’ ने 1 करोड़ 27 लाख बहुसंख्यक समुदाय के लोगों के नाम कटने का आंकड़ा कैसे निकाल लिया? उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि शायद मुख्यमंत्री के पास गणित में पीएचडी होगी। ओवैसी ने यह भी पूछा कि इनमें कितने बांग्लादेशी, पाकिस्तानी या गैर-भारतीय नागरिक हैं, इसकी देशवार लिस्ट जारी की जाए।
ओवैसी का अखिलेश के अयोध्या जाने पर शायराना तंज
अखिलेश यादव के अयोध्या जाने के सवाल पर ओवैसी ने अमीर मीनाई का शेर सुनाया-
“सरकती जाए है रुख से नकाब आहिस्ता-आहिस्ता, निकलता आ रहा है तेरा चेहरा आहिस्ता-आहिस्ता।”
ओवैसी बोले- अखिलेश विरासत की राजनीति करने वाले, क्या कभी गोली लगी?
ओवैसी ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए पूछा कि क्या उनकी गाड़ी पर गोली चली थी या उन्हें गोली लगी थी? कहा- गोली लगने का दर्द आज भी चंद्रशेखर आजाद की कमर में रहता है। ओवैसी ने कहा कि कांच के महलों में रहने वालों को पत्थर नहीं फेंकने चाहिए। वे नहीं समझ सकते कि चंद्रशेखर का परिवार किन मुश्किलों से गुजरा है, क्योंकि वे विरासत की राजनीति करते हैं।
चंद्रशेखर आजाद पर 28 जून 2023 को सहारनपुर के देवबंद में जानलेवा हमला हुआ था। गोली उनकी कमर को छूकर निकली थी।