Connect with us

कोरबा

जिला कोरबा स्थित मेडिकल दुकानों का किया गया औचक निरीक्षण

Published

on

कोरबा । राज्य नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन नवा रायपुर एवं जिला दंडाधिकारी द्वारा दिये गये निर्देश के परिपालन में एवं सहायक औषधि नियंत्रक के मार्गदर्शन में औषधि विभाग के औषधि निरीक्षक एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम  के द्वारा जिला कोरबा स्थित मेडिकल स्टोर्स में बिना प्रिस्क्रिप्शन के प्रतिबंधित औषधियों के व्यापार पर नियंत्रण हेतु औचक निरीक्षण की कार्यवाही किया जा रहा है।  
इसी क्रम में विगत 30 जुलाई को पुराना बस स्टैंड स्थित मेसर्स जायसवाल मेडिकल स्टोर्स, मेसर्स वर्षा मेडिको, मेसर्स बोहरा मेडिकल स्टोर्स, मेसर्स धनवंतरी जेनरिक मेडिकल एवं मेसर्स दीपक मेडिकल स्टोर्स औचक निरीक्षण की कार्यवाही की गयी।  जांच के दौरान मनः प्रभावी औषधियों एवं एंटीबायोटिक के क्रय-विक्रय अभिलेख की उपलब्ध स्टॉक के साथ मिलान किया गया। फर्म में अवसान तिथि की औषधियों एवं जानवरों के उपयोग की औषधियों को नियमानुसार अलग बॉक्स में लेबल कर रखने के निर्देशित किया गया। उक्त फर्माे को वैध थोक विक्रेता से ही वैध बिल में  औषधि  खरीदी करने हेतु कहा गया। शासन के द्वारा सूचीबद्ध उच्च श्रेणी की एंटीबायोटिक औषधियो के विक्रय हेतु रजिस्टर संधारित कर मरीज एवं चिकित्सक का दर्ज करने हेतु निर्देशित किया गया। उक्त निरीक्षण में जिन मेडिकल स्टोर्स में मौके पर अनियमितता प्राप्त हुई है उन फर्माे में औषधि नियमावली के अनुसार प्रशासनिक कार्यवाही प्रस्तावित हेतु कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया जायेगा। विभाग के द्वारा विगत दिनो में किये गये निरिक्षण के आधार पर आद्या मेडिकल पोड़ीबहार, मेसर्स गायत्री मेडिकल एजेंसी बाल्को, मेसर्स रेडका्रस मेडिकल स्टोर्स, पुराना बस स्टैंड एवं  मेसर्स लाइफ केयर मेडिकल स्टोर्स गेवरा बस्ती को अनियमितता पाये जाने पर उन्हे कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। पूर्व में जारी किये गये कारण बताओ सूचना पत्र के जवाब के आधार पर औषधि नियमो के अनियमितताओं के आधार पर मेसर्स श्रेया मेडिकल स्टोर्स कनकी, सागर मेडिकल स्टोर्स कोहडिया एवं श्री राम मेडिकल स्टोर्स फतेहगंज के औषधि अनुज्ञप्ति का निलंबन पत्र जारी किया गया। निलंबन अवधि के दौरान फर्म से औषधियों का क्रय विक्रय नही किया जाएगा। अन्य फर्माे के जवाब प्राप्ति उपरांत अग्रिम कार्यवाही किया जाना प्रस्तावित है।
  औषधि नियम के अनुसार नशे के रूप दुरुपयोग होने वाली औषधियों को बिना प्रिस्क्रिप्शन के बिक्री किया जाना पूर्णरूपेण प्रतिबंध है। कोरबा जिले के समस्त ब्लाकों के मेडिेकल स्टोर्स के नशीली दवाओं के अवैध विक्रय में नियंत्रण हेतू आगामी समय में इसी प्रकार औषधि विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से चरणबद्ध तरीके से कार्यवाही की जायेगी।
निरीक्षण के दौरान जांच हेतु कोरबा सिटी, करतला एवं कटघोरा स्थित मेडिकल स्टोर्स से एंटीबायोटिक 06 औषधि नमूनो का संकलन किया गया, जिसे परीक्षण हेतु राज्य औषधि परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया हैं। उक्त औषधि नमूनो की जांच परिणाम उपरांत नियमानुसार कार्यवाही किया जायेगा। उपरोक्त कार्यवाही के दौरान खाद्य एवं औषधि विभाग के  सहायक औषधि नियत्रंक महेन्द्र कुमार देवांगन, औषधि निरीक्षक सुनील संाडे एवं पुलिस विभाग सिटी कोतवाली से उपस्थित थे।

Continue Reading

कोरबा

कटघोरा में बस-बोलेरो की टक्कर, कई घायल:अवैध खड़े ट्रक से हुआ हादसा, आधा दर्जन से अधिक घायल, दो की हालत नाजुक

Published

on

कोरबा। कोरबा के कटघोरा थाना क्षेत्र में सोमवार को सेनानी पेट्रोल पंप के पास यात्रियों से भरी यादव बस और एक बोलेरो की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, यादव बस बिलासपुर से कोरबा की ओर आ रही थी, जिसमें लगभग 30 से 35 यात्री सवार थे। वहीं, बोलेरो में चार लोग यात्रा कर रहे थे।

सेनानी पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े एक ट्रक के कारण यह हादसा हुआ। ट्रक की वजह से बस चालक को सामने से आ रही बोलेरो के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पाई, जिससे दोनों वाहन आपस में टकरा गए।

बोलेरो सवार दो लोगों की हालत नाजुक

टक्कर के बाद मौके पर स्थानीय राहगीरों ने तुरंत घायलों की मदद की और उन्हें वाहनों से बाहर निकाला। बस में सवार आधा दर्जन से अधिक यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बोलेरो में सवार दो लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। अन्य यात्रियों को मामूली चोटें लगी हैं।

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने 108 एंबुलेंस और निजी वाहनों की सहायता से सभी घायलों को कटघोरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, गंभीर रूप से घायल कुछ मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया जा सकता है।

हादसे के बाद लंबा जाम

हादसे के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस और बोलेरो को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल करने का प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार, सड़क पर अवैध रूप से खड़े ट्रक को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। कटघोरा पुलिस ने सभी घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया है और मामले की जांच जारी है, जिसमें सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

Continue Reading

कोरबा

पूजा विसर्जन के दौरान युवती का iPhone नहर में गिरा:सोनालिया पुल पर युवकों ने घंटों की तलाश की, थाने में दर्ज कराई गुमशुदगी

Published

on

कोरबा। कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सोनालिया पुल पर पूजा सामग्री विसर्जित करते समय एक युवती का iPhone मोबाइल नहर में गिर गया। मोबाइल गिरने के बाद नहर किनारे मौजूद 4 से 5 युवकों ने तुरंत पानी में उतरकर उसे ढूंढने का प्रयास किया। हालांकि, घंटों की मशक्कत के बाद भी मोबाइल का पता नहीं चल सका।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवती SECL क्षेत्र की निवासी है। वह सोनालिया पुल पर पूजा का सामान विसर्जित करने आई थी। पूजा की थैली में रखी सामग्री को नहर में डालते समय उसके हाथ में पकड़ा iPhone फिसलकर गहरे पानी में जा गिरा। यह घटना इतनी अचानक हुई कि युवती कुछ समझ पाती, उससे पहले ही मोबाइल पानी में डूब गया।

मोबाइल गिरने की आवाज सुनकर नहर किनारे मौजूद 4-5 युवक तुरंत मौके पर पहुंचे। युवती के निवेदन पर वे पानी में उतरकर मोबाइल की तलाश में जुट गए। हालांकि, नहर में पानी का बहाव तेज और गहराई अधिक होने के कारण युवकों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कई घंटों तक छानबीन के बावजूद मोबाइल नहीं मिल पाया।

इस घटना की जानकारी मिलते ही सोनालिया पुल पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। लोग पुल से नीचे झांककर मोबाइल तलाश रहे युवकों को देखते रहे। भीड़ के कारण कुछ देर के लिए पुल पर आवागमन भी प्रभावित हुआ।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सोनालिया नहर पर अक्सर लोग पूजा सामग्री, दीप और फूल विसर्जित करते हैं। त्योहारों के दौरान यहां विसर्जन के लिए काफी भीड़ रहती है। ऐसे में कई बार मोबाइल, पर्स और गहने भी हाथ से छूटकर नहर में गिर जाते हैं।

युवती ने इस संबंध में थाने में मोबाइल गुमशुदगी की सूचना भी दर्ज कराई है।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए नहर किनारे चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में मोबाइल टावर की केबल काटते 2 युवक गिरफ्तार:लोगों ने बांधकर पीटा, फिर पुलिस को सौंपा, 3 महीने में 33 टावरों में चोरी

Published

on

कोरबा। कोरबा में रविवार को सीतामणी स्थित राम मंदिर परिसर में मोबाइल टावर की केबल काटते हुए दो युवकों को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ा। गुस्साए लोगों ने दोनों को रस्सी से बांधकर पीटा और बाद में पुलिस को सौंप दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक दिनदहाड़े टावर की केबल काट रहे थे। आसपास के लोगों को संदेह होने पर वे मौके पर पहुंचे और उन्हें पकड़ लिया। केबल कटने से इलाके का मोबाइल नेटवर्क प्रभावित हुआ, जिससे स्थानीय लोग और आक्रोशित हो गए। लोगों ने युवकों की पिटाई करने के बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया।

लोगों का दावा- दोनों युवक नशे में थे

स्थानीय लोगों ने पकड़े गए युवकों की पहचान एकलाख खान और लक्की के रूप में की है। लोगों का आरोप है कि दोनों नशे की हालत में थे। उनके पास से गांजा, चिलम और नशीले इंजेक्शन की शीशियां भी बरामद हुई हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इन बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

तीन महीने में 33 से ज्यादा मोबाइल टावरों में चोरी

मोबाइल टावर से जुड़े कर्मचारियों ने बताया कि पिछले तीन महीनों में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 33 से अधिक मोबाइल टावरों में चोरी और तोड़फोड़ की घटनाएं हुई हैं।

कर्मचारियों को संदेह है कि टावरों से केबल, बैटरी और अन्य सामान चुराने वाला एक संगठित गिरोह सक्रिय है। यह गिरोह अब रात के साथ-साथ दिन में भी वारदातों को अंजाम दे रहा है। पुलिस ने अभी तक इस गिरोह के सक्रिय होने की पुष्टि नहीं की है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन युवकों का जिले में हुई अन्य टावर चोरी की घटनाओं से कोई संबंध है या नहीं। साथ ही, उनके पास से मिले कथित नशे के सामान की भी जांच की जा रही है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677