Connect with us

कोरबा

सूर्य सप्तमी: उगते सूरज को लाखों हाथों ने दिया अर्ध्य, लोकमंगल की कामना के साथ चार दिवसीय छठ पूजा सम्पन्न

Published

on

कोरबा। आज 16 नवम्बर को अलसुबह कोरबा के छठ घाटों में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। घाट दीपावली सा जगमगा रहा था। सुबह 6.30 बजे पूर्वांचलवासी और व्रती आसमान की ओर टकटकी लगाए सूर्य की पहली किरण का इंतजार कर रहे थे और कुछ मिनट बाद आसमान चमका, लेकिन बदली होने के कारण सूर्य की स्पष्ट किरण नहीं निकली और 6 बजकर 40 मिनट हजारों लाखों हाथ एकसाथ पानी के बीच में पूर्वांचलवासी सूर्य को अर्ध्य दिया और लोकमंगल की कामना के साथ भुवन भास्कर को प्रणाम किया और प्राथना की- हे ईश्वर! पूरे विश्व में आपके सत्व प्रकाश से सुख-समृद्धि और सद्भाव फैले और कोरबा विकास के नए आयाम को स्पर्श करे। घर-घर आपके प्रकाश से समृद्धि और खुशहाली का उजाला फैले।

आज उगते सूरज को पूर्वांचलवासी, व्रती सहित कोरबावासी सूर्य सप्तमी का अर्ध्य दिया और चार दिवसीय छठ पूजा सम्पन्न किया। भगवान भुवन भास्कर की पहली किरण के साथ कोरबा के बेलगरीनाला, हसदेव घाट, रानी रोड, सीतामढ़ी, राताखार, तुलसीनगर, गेरवाघाट, मानिकपुर, पोड़ीबहार, बालको, दर्री, जमनीपाली, कटघोरा, पोड़ी-उपरोड़ा, पाली, दीपका, कुसमुण्डा, गेवरा, हरदीबाजार, छुरीकला की नदियों, तालाबों, पोखरियों में लाखों की संख्या में छठ व्रती, पूर्वांचलवासियों सहित कोरबा का हर वर्ग छठ घाट पहुंचे और उगते सूरज को अर्ध्य दिया। अर्ध्य देने के साथ पूर्वांचल समितियों के वरिष्ठजन घाटों में उपस्थित लोगों को प्रसाद का वितरण किया। यहां उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को छठ पूजा की बधाई दी और मंगलकामनाओं के साथ छठी मैय्या को नमन किया और अपने-अपने घर को प्रस्थान किया।
दीपावली सा जगमगाया छठ घाट

सूर्योदय से पूर्व धूंधली रात में छठ घाटों में हजारों दीये जगमगा रहे थे। ऐसा लग रहा था मानो छठ घाट में दिवाली मनाई जा रही है। छठ मैय्या के स्वागत में व्रती और पूर्वांचलवासी जीवन में प्रकाश रूपी दीये जलाए थे, जो धंूधली रात में अंधेरे को चीर कर चारों तरफ समृद्धि का प्रकाश फैला रहे थे। पूर्वांचलवासी छठी मैय्या का दीप जलाकर अभिनंदन कर रहे थे।
छठ गीतों से गूंजा छठ घाट

छठ मैय्या का आह्वान करने के लिए व्रती और पूर्वांचलवासी छठ गीत गा रहे थे। जिले का हर छठ घाट छठ मैय्या की आरती, भजन से गुंजायमान हो रहा था। चारों तरफ आध्यात्म की तरंगे उठ रही थी और सबका मन आल्हादित हो रहा था। दीपावली सा उमंग और उल्लास देखते ही बन रहा था।
36 घंटे का निर्जला उपवास प्रसाद खाकर तोड़ा

13 नवम्बर से 16 नवम्बर तक पूर्वांचलवासी चार दिवसीय छठ पूजा उगते सूरज को अर्ध्य देने के साथ सम्पन्न किया। 13 नवम्बर से नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ पूजा प्रारंभ हुई। 14 नवम्बर को खरना प्रसाद खाकर व्रती 36 घंटे का निर्जला उपवास रखा। 15 नवम्बर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्ध्य दिया गया और मंगलकामनाओं के साथ छठ मैय्या की पूजा-अर्चना की गई। अंतिम दिन 16 नवम्बर को उदीयमान सूर्य को अर्ध्य दिया गया और संतान प्राप्ति, घर-घर की खुशहाली, समृद्धि की मंगलकामनाओं के साथ भगवान भुवन भास्कर की पूजा-अर्चना करने के साथ चार दिवसीय छठ पूजा सम्पन्न हुई। खरना के बाद 36 घंटे का निर्जला उपवास व्रतियों ने ठेकुआ सहित फल-फूल प्रसाद खाकर तोड़ा।
बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में उत्साह चरम पर

घाट पर सभी वर्ग के लोग हजारों लाखों की संख्या में पहुंचे थे। घाट पर सिर्फ व्रती, पूर्वांचलवासी ही नहीं थे, बल्कि कोरबा का हर वर्ग बड़ी संख्या में मौजूद थे। बच्चे से लेकर बुुजुर्गों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर छठ पूजा का उल्लास और उमंग कई गुना बढ़ा दिया।
कांच ही बांस के बहंगिया… सुनकर हर कोई भावुक हो रहा था।
व्यापारियों को भी छठ मैय्या की कृपा बरसी

दीपावली के बाद छठ बाजार भी आबाद रहा। पूर्वांचलवासी और व्रती नए-नए कपड़े पहनकर छठ मैय्या की पूजा करते हैं, जिसके कारण कपड़ा बाजार आबाद रहा। लघु व्यापारियों को भी जमकर फायदा हुआ। फल, गन्ना, सूप, दीया और पूजा सामाग्री की जमकर बिक्री हुई और छोटे व्यापारियों पर भी छठ मैय्या की कृपा बरसी और धनवर्षा हुई।
प्रशासन की चुस्त व्यवस्था

पुलिस प्रशासन ने छठ घाटों में व्यवस्था चुस्त रखी और हजारों की संख्या में पुलिस जवान छठ घाटों पर अलसुबह से देर रात तक तैनात रहे, जिसके कारण श्रद्धालुओं, व्रतियों को कोई परेशानी नहीं हुई। कई जगह प्रशासन ने गोताखोरों को भी तैनात किया था। ट्रैफिक पुलिस भी सड़कों पर जाम न हो, इसके लिए दो दिन तक चुस्ती दिखाई और छठ पूजा के कारण आवागमन सामान्य बहाल रहे।
लाईटिंग और टेंट लगाकर समितियों ने व्यवस्था रखी सुव्यवस्थित

विभिन्न छठ घाटों में पूर्वांचल छठ पूजा समितियों ने व्रतियों की पूजा निर्विघ्र और सुव्यवस्थित सम्पन्न कराने के लिए छठ घाटों में लाईटिंग की पर्याप्त व्यवस्था की थी। ठंड होने के कारण टेंट भी लगाया गया था। व्रतियों के लिए कक्षरूपी टेंट भी लगवाया गया था, ताकि घर जैसा माहौल मिल सके।
तुलसीनगर में छठ का उल्लास देखते ही बन रहा था, विकास अग्रवाल ने व्रतियों एवं पुलिस जवानों का किया सम्मान

तुलसीनगर छठ घाट में छठ पूजा का उल्लास देखते ही बन रहा था। यहां छठ पूजा का 16वां साल धूमधाम से सम्पन्न हुआ। तुलसीनगर, गेरवाघाट, ट्रांसपोर्ट नगर सहित आसपास के हजारों लोग छठ पूजा में शामिल हुए। तुलसीनगर छठ पूजा समिति द्वारा पूर्व पार्षद विकास अग्रवाल के मार्गदर्शन में सभी व्यवस्थाएं की थी। टेंट, चेंजिंग रूम और लाईटिंग की पर्याप्त व्यवस्था से यहां दिनों दिन व्रतियों और लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। हजारों लोगों की उपस्थिति से यहां उल्लास और उमंग देखते ही बन रहा था। व्रती छठ मैय्या की आराधना के साथ छठ गीत गाकर माहौल को आध्यात्म और उल्लास का संगम बना दिया। आतिशबाजी से आसमां सतरंगी छटाओं से मनमोहक बन गया।


पूर्व पार्षद एवं भाजपा नेता विकास अग्रवाल सपरिवार तुलसीनगर छठ घाट पहुंचे थे। माँ श्रीमती गायत्री देवी अग्रवाल, धर्मपत्नी पूर्व पार्षद श्रीमती आरती अग्रवाल, भाई बहु श्रीमती श्रुति अग्रवाल, मासूम भतीजा विराज सहित शुभचिंतकों, परिजनों ने छठ मैय्या की पूजा की। श्रीमती आरती-विकास अग्रवाल ने पानी में उतरकर उदीयमान सूर्य को जल अर्पण किया और घर परिवार, समाज एवं कोरबा की समृद्धि, प्रगति, खुशहाली और लोकमंगल के लिए छठी मैय्या से प्रार्थना की। विकास अग्रवाल ने उपस्थितजनों को सूर्य सप्तमी पर छठ पूजा की मंगलकामनाएं प्रेषित की और सभी के घरों में छठ मैय्या की कृपा हर दिन बरसती रहे, ऐसी शुभमंगलकामनाएं की।

छठ पूजा सम्पन्न होने के बाद विकास अग्रवाल परिवार द्वारा व्रतियों एवं पुलिस कर्मियों का उपहार देकर सम्मान किया। विकास अग्रवाल ने कहा कि 36 घंटे का निर्जला विकास कठिन व्रत है और ऐसे ही व्रतियों से हमारा सनातन धर्म और परंपरा प्रगतिशील है और सनातन धर्म का विस्तार हो रहा है। उन्होंने उपहार देकर सभी व्रतियों का परिवार सहित पांव पखारा और पांव छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद यहां तैनात पुलिस कर्मियों को भी उपहार देकर सम्मानित किया और कहा कि पुलिस कर्मियों का कर्त्तव्य निर्वहन कठिन परिश्रम है। सुबह से रात तक इनकी ड्यूटी किसी व्रत से कम नहीं। हम इनका सम्मान कर अपने आपको धन्य समझते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस जागती है, तो ही आमआदमी चैन से सोता है। पुलिस सजग प्रहरी हैं और हमारी सुरक्षा में अपना चैन तक खो देते हैं। ऐसे पुलिस कर्मियों का ह्दय से आभार।
छठ घाट जाकर दिग्गजों ने दी बधाई

सूर्य सप्तमी पर कोरबा के वरिष्ठ नेताओं, समाजसेवियों, पूर्वांचल समिति के वरिष्ठ नेताओं ने विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर पूर्वांचलवासियों को, व्रतियों को, उपस्थितजनों को छठ पूजा की बधाई दी। मंत्री लखनलाल देवांगन, पूर्वमंत्री जयसिंह अग्रवाल, महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत, निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी, एमआईसी मेंबर अशोक चावलानी, प्रशांत मिश्रा, पत्रकार कमल वैष्णव सहित कई समाजसेवियों ने बधाई दी और कोरबा की समृद्धि की कामना की। पूर्वांचल सर्वसमाज के अध्यक्ष अवधेश सिंह, सचिव अरविन्द शर्मा, आरएसएस के नगर संघ चालक अशोक तिवारी, पूर्वांचल विकास समिति के संरक्षक कमलेश यादव, पत्रकार रंजन प्रसाद, धीरज दुबे सहित कई वरिष्ठ पत्रकारों ने छठ घाट पहुंचकर छठ पूजा की बधाई दी।


पंचकर्म चिकित्सालय परिवार ने दी बधाई

पंचकर्म चिकित्सा विशेषज्ञ एवं आयुर्वेद सदन-पंचकर्म चिकित्सालय टी पी नगर कोरबा की डायरेक्टर डॉ. मनीषा सिंह ने परिवार सहित छत पर बनी टंकी में ही चार दिवसीय छठ पूजा सम्पन्न किया। सूर्य षष्ठी को अस्ताचलगामी सूर्य को परिवार सहित अर्ध्य दिया और छठ पूजा के अंतिम दिन सूर्य सप्तमी को उगते सूरज को अर्ध्य दिया। डॉ. मनीषा सिंह ने कोरबावासियों की मंगलकामनाओं के लिए छठी मैय्या से आशीर्वाद मांगा और कहा कि कोरबा का सर्वमंगल हो। छठी मैय्या सभी को आयुष प्रदान करें, सभी स्वस्थ हों, निरोगी हों और सभी का जीवन खुशहाली और समृद्धि से परिपूर्ण हों।

अरविन्द शर्मा ने सपरिवार हसदेव घाट में की छठ पूजा

कोरबा के प्रख्यात समाजसेवी एवं पूर्वांचल सर्व समाज के सचिव, भूमिहार ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष लायन अरविन्द शर्मा ने हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सूर्य षष्ठी को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्ध्य दिया और सूर्य सप्तमी को उदीयमान सूर्य को अर्ध्य देकर नमन किया। अरविन्द शर्मा ने कोरबावासियों सहित सभी पूर्वांचलवासियों, व्रतियों को छठ पूजा की बधाई दी और छठ मैय्या को जल अर्पण कर कोरबा की प्रगति, कोरबा का सद्भाव, उन्नति के लिए आशीर्वाद मांगा और अपने शुभकामना संदेश में कहा-छठी मैय्या घर-घर विराजमान हों और सबके घर में खुशहाली, समृद्धि लाए। हर मनुष्य से कलुषित विचार का हरण कर सबको सद्भाव और सद्विचार से आबाद करे।

कनक मंदिर ज्वेलर्स परिवार ने की छठ मैय्या की उपासना

कोरबा का प्रसिद्ध आभूषण विक्रेता कनक मंदिर ज्वेलर्स परिवार ने भी घर में छठ पूजा की पूरी आध्यात्मिक क्रिया पूर्ण की। शंकर सोनी ने सपरिवार छठी मैय्या की पूजा की और सूर्य षष्ठी पर डूबते सूरज को अर्ध्य दिया और सूर्य सप्तमी को उगते सूरज को जल अर्पण कर परिवार तथा सर्वमंगल के लिए माँ से आशीर्वाद मांगा। छठी मैय्या सभी की मनोकामना पूर्ण करें, इन्हीं शुभकामनाओं के साथ शंकर सोनी ने कनक मंदिर ज्वेलर्स परिवार की ओर से जिलेवासियों को छठ पूजा की बधाई दी।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा पहुंचे कवियों का अभिनंदन किया छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ ने

Published

on

कोरबा। 18 नवम्बर को घंटाघर स्थित अम्बेडकर ओपन थियेटर में हास्य कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कवि सम्मेलन में देर तक दर्शकों एवं श्रोतागणों ने हास्य और व्यंग्य कविताओं का आनंद लिया। कार्तिक शुक्ल नवमी (आंवला नवमी) की गुलाबी रात में कवियों ने श्रोताओं को जमकर हंसाया, गुदगुदाया। दर्शक दीर्घा से तालियों की गूंज दूर तक पहुंच रही थी। इसके पूर्व छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ की जिला इकाई ने कोरबा पधारे कवियों का अभिनंदन किया। कवि सम्मेलन में लब्धप्रतिष्ठत हास्य कवि एवं व्यंग्य कवि अखिलेश द्विवेदी (हास्य) प्रयागराज, मीर अली मीर-गीतकार रायपुर, पवन बांके बिहारी-हास्य पश्चिम बंगाल, प्रियंका मिश्रा-श्रृंगार कटनी, हीरामणी वैष्णव-हास्य कोरबा, शशिभूषण स्नेही-हास्य बिलाईगढ़ एवं कमलेश यादव धाकड़-हास्य बरमकेला आदि ने अपनी प्रस्तुति दी। इन कवियों का अखबार वितरक संघ ने सम्मान किया और इस अवसर पर जिला इकाई के अध्यक्ष विपेन्द्र कुमार साहू, सचिव जयसिंह नेताम, संरक्षक रेश्म साहू, मीडिया प्रभारी रामायण सिंह, अनिल गिरी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। कवियों ने अभिनंदन पर संघ का अभिवादन किया और कहा कि कोरबा आकर उन्हें काफी अच्छा लग रहा है।

Continue Reading

कोरबा

गौमाता चौक में मनाई गई गोपाष्टमी, आयुक्त पाण्डेय रहे मुख्य अतिथि

Published

on

कोरबा। जय माँ सर्वमंगला गौ सेवाधाम कोरबा द्वारा लगातार चौथे वर्ष गौमाता चौक कोरबा पर गोपाष्टमी पर दीपोत्सव गौसेवकों द्वारा मनाया गया। मुख्य अतिथि नगर निगम के आयुक्त आशुतोष पांडेय, विशिष्ट अतिथि शंकर लाल अग्रवाल, राणा मुखर्जी और विश्व हिन्दू परिषद के प्रदेश सहसंगठन मंत्री विजय राठौर एवं गौसेवक राजू ठाकुर, उमंग सोनी, विनय शर्मा, आशीष गोयल, दीपक, अध्यक्ष रवि सिंह चंदेल, सचिव टामेश अग्रवाल, पूर्व पार्षद सुफल दास सहित शहर के गौसेवकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति थी।
गौसेवकों द्वारा गौ माताओं की पूजा की गई और उन्हें पत्तल पर भोजन कराया। मुख्य अतिथि आशुतोष पाण्डेय ने सबसे पहले गौ माताओं को खीर-पुड़ी, फल खिलाया और प्रणाम किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री पाण्डेय ने कहा कि गौ को हम यूं ही माता नहीं कहते, वेद-पुराणों में कहा गया है कि भगवान भी गौ माता की पूजा करते हैं, क्योंकि गौ माता में सभी देवी-देवताओं का वास होता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को गौ माता की पूजा करनी चाहिए और जिनके घरों में पर्याप्त जगह है, उन्हें गोपालन भी करना चाहिए। अन्य अतिथियों ने भी गाय माता की महिमा बताई।

Continue Reading

कोरबा

शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साडा में हर्षोल्लास से मनाई गई भगवान बिरसा मुंडा जयंती

Published

on

कोरबा। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साडा, कोरबा में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर महान स्वतंत्रता सेनानी एवं जनजातीय जननायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर छात्राओं के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें भाषण, कविता, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता प्रमुख रहीं। छात्राओं ने आदिवासी समूह नृत्य एवं पारंपरिक गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि श्रीमती गिरी नंदिनी सिंह, अध्यक्ष आदिवासी विकास परिषद महिला प्रभाग, सेवती नेताम, उपाध्यक्ष एवं विद्यालय के प्राचार्य रणधीर सिंह ने अपने उद्बोधन में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षमय जीवन, अदम्य साहस, देशभक्ति तथा जनजातीय समाज के उत्थान के लिए उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा अपनी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में सहभागिता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने छात्राओं में देशभक्ति, सांस्कृतिक चेतना एवं जनजातीय गौरव की भावना को प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677