नकल शाखा में लापरवाही एवं समय पर नकल उपलब्ध नहीं कराने पर हुई कार्रवाई
कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने तहसील कार्यालय बरपाली में नकल शाखा के कार्यों में लापरवाही बरतने के मामले में अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए सहायक ग्रेड-03 एवं नकल शाखा प्रभारी लिपिक घनश्याम सिंह कंवर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कलेक्टर ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शासकीय कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही एवं अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जायेगी। शिकायत प्राप्त होने पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी। कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कोरबा एवं तहसीलदार बरपाली के प्रतिवेदन के अनुसार 3 जुलाई 2026 को कलेक्टर द्वारा तहसील कार्यालय बरपाली के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि नकल शाखा प्रभारी लिपिक घनष्याम सिंह कंवर द्वारा पक्षकारों को नियत तिथि के उपरांत भी प्रकरणों की नकल उपलब्ध नहीं कराई जा रही थी तथा नकल शाखा के कार्यों का गंभीरता से निष्पादन नहीं किया जा रहा था। इससे आम नागरिकों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। प्रतिवेदन के आधार पर यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के नियम-3 के विपरीत पाया गया। इसके फलस्वरूप छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के तहत घनश्याम सिंह कंवर सहायक ग्रेड-3 तहसील कार्यालय बरपाली को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय करतला, जिला कोरबा निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
कोरबा। ग्राम मड़वारानी में संचालित सीबीएसई मान्यता प्राप्त विद्यालय एनकेएम लायंस पब्लिक स्कूल में दिनांक 25 अक्टूबर 2026 को स्वर्गीय नितेश कुमार अग्रवाल की छठवीं पुण्यतिथि पर ‘दिव्यांगों की प्रेरणा’ कार्यक्रम एवं निःशुल्क रक्त, ब्लड प्रेशर, मधुमेह जॉच एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन पीएमजेएफ लायन रिपुदमन पुसरी (डिस्ट्रिक्ट गवर्नर, डिस्ट्रिक्ट 3233 सी) के मुख्य आतिथ्य में किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पीएमजेएफ लायन सुधा मारदा (रीजन ग्रेड मास्टर एवं सचिव, महेश्वरी मंडल, छत्तीसगढ़ प्रदेश, बिलासपुर क्षेत्र) तथा मोहम्मद सादिक शेख (डिस्ट्रिक्ट चीफ कमिश्नर एवं स्टेट को-ऑर्डिनेटर, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, जिला कोरबा) उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता लायन दर्शन अग्रवाल (अध्यक्ष, लायंस क्लब कोरबा गुरूकुल) एवं लायन खूशबू आशीष अग्रवाल (चेयरमेन, एनकेएम लायंस पब्लिक स्कूल) ने की। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों की प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के साथ समाज में स्वास्थ्य जागरूकता, समानता और मानवीय संवेदनाओं को बढ़ावा देना था।
लायंस पब्लिक स्कूल एवं शिवाय हास्पिटल कोरबा के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित निःशुल्क रक्त, ब्लड प्रेशर, मधुमेह जॉच एवं स्वास्थ्य शिविर ने आयोजन को सेवा और जनकल्याण की दृष्टि से विशेष महत्व प्रदान किया। शिविर का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर चिकित्सकीय परामर्श और बीमारियों से बचाव के प्रति प्रेरित करना था। इस पहल के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज न करने और आवश्यकता पड़ने पर समय पर चिकित्सकीय सहायता लेने का संदेश दिया गया। उक्त शिविर में लगभग 300 लोग लाभान्वित हुये।
कार्यक्रम प्रभारी पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि दिव्यांगता किसी व्यक्ति की प्रतिभा, क्षमता और सपनों की सीमा नहीं है। उचित अवसर, प्रोत्साहन और सहयोग मिलने पर दिव्यांगजन भी अपनी प्रतिभा से समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशील, सहयोगात्मक और सम्मानजनक दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जागरूकता और जरूरतमंदों की सेवा ही सच्चे सामाजिक दायित्व का परिचायक है।
मुख्य अतिथि पीएमजेएफ लायन रिपुदमन पुसरी ने अपने उद्बोधन में सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान, समान अवसर और आगे बढ़ने का प्रोत्साहन मिले। उन्होंने दिव्यांगजनों की प्रतिभा को पहचानने, उनका मनोबल बढ़ाने तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने ऐसे आयोजनों को सेवा भावना मजबूत करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
विशिष्ट अतिथि मोहम्मद सादिक शेख ने अपने संबोधन में अनुशासन, सेवा, सहयोग और मानवीय मूल्यों की महत्ता बताई। उन्होंने कहा कि भारत स्काउट्स एंड गाइड्स का मूल उद्देश्य भी सेवा, नेतृत्व, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। उन्होंने युवाओं से जरूरतमंदों की सहायता करने, दिव्यांगजनों का सम्मान करने और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि पीएमजेएफ ला. सुधा मारदा की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए लायन दर्शन अग्रवाल ने समाजसेवा, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों को जीवन में अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। इस आयोजन में विद्यालय की चेयरमेन लायन खुशबू आशीष अग्रवाल, कार्यक्रम प्रभारी पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल तथा कार्यक्रम संयोजक श्रीमती कविता सोनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि दिव्यांगजनों को सम्मान, समान अवसर और प्रोत्साहन देना तथा प्रत्येक व्यक्ति तक स्वास्थ्य जागरूकता पहुँचाना एक संवेदनशील और सशक्त समाज की पहचान है। स्वर्गीय नितेश कुमार अग्रवाल की पुण्यतिथि पर आयोजित यह पहल सेवा, समर्पण, समानता और मानवीय मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को अभिव्यक्त करने का सार्थक माध्यम बनी।
कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चो द्वारा विभिन्न प्रकार के विद्याओ की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। जिसकी सभी ने प्रशंसा की। कार्यक्रम में छाया डनसेना ग्राम बम्हनीडिह निवासी प्रथम स्थान प्राप्त किया। उक्त कार्यक्रम में लायंस क्लब कोरबा गुरूकुल द्वारा सभी प्रतिभागियो को दिपावली के अवसर पर नये कपड़े प्रदान किये गये। उक्त कार्यक्रम में लायंस क्लब बिलासपुर उत्कर्ष के लायन भारती तिवारी, लायन कुसुम सोमानी, लायन मोहन सिंह छाबड़ा, लायन मनोज गुप्ता जोन चेयरमेन, लायन सुरेन्द्र कुमार डनसेना, लायन सुभाष चंद अनंत सहित अन्य लायन सदस्य, छात्रगण, अभिभावकगण एवं ग्रामवासी उपस्थित थे।
कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में कौशल अंतर आकलन एवं भावी कार्यबल मानचित्रण रिपोर्ट पर हुई बैठक कोरबा, 25 अक्टूबर 2026। जिले में उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, कोरबा द्वारा कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कौशल अंतर आकलन एवं भावी कार्यबल मानचित्रण रिपोर्ट पर चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री दुदावत ने औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधियों से उनकी वर्तमान एवं भविष्य की मानव संसाधन संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिले में आईटीआई और पॉलीटेक्निक संस्थान उपलब्ध होने के बावजूद रोजगार नियोजन की स्थिति में सुधार की आवश्यकता है। इसके लिए उद्योगों को आईटीआई से जोड़कर उनकी जरूरत के अनुरूप पाठ्यक्रम संचालित किए जाएं। साथ ही, उद्योगों में युवाओं के लिए अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने औद्योगिक संस्थानों से आगामी तीन वर्षों में आवश्यक ट्रेड और कुशल कार्यबल के संबंध में लिखित फीडबैक देने का आग्रह किया। उन्होंने आईटीआई में आगामी पांच वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नई तकनीकों और उभरते ट्रेडों में प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुरू करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने बताया कि औद्योगिक नीति के तहत उद्योग यदि अपनी आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करते हैं, तो उद्योग स्थापना तथा प्रशिक्षण शुल्क में राज्य शासन द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुसार छूट का लाभ मिल सकता है। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, उद्योग विभाग के अधिकारी, उद्योग संघ के अध्यक्ष, जिला रोजगार अधिकारी, लाईवलीहुड कॉलेज, जिले के आईटीआई एवं पॉलीटेक्निक कॉलेज के प्रतिनिधि, सीपेट, मेडिकल कॉलेज और न्यू कोरबा हॉस्पिटल के प्रतिनिधियों सहित एनटीपीसी, बालको, अदाणी, एसीबी इंडिया एवं एसईसीएल के प्रतिनिधि उपस्थित थे। इसके अलावा सेंट जेवियर पब्लिक स्कूल, न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल, निर्मला हायर सेकेंडरी स्कूल और दिल्ली पब्लिक स्कूल, बालको के प्रतिनिधियों सहित अन्य उद्योगपति भी बैठक में शामिल हुए।
20 प्रमुख मार्गों के डामरीकरण के लिए रू.24 करोड़ से अधिक स्वीकृत; समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश
कोरबा, 25 अक्टूबर 2026। कोरबा शहर की प्रमुख सड़कों को बेहतर और सुगम बनाने के लिए डामरीकरण कार्य प्रारंभ हो गया है। उद्योग, वाणिज्य एवं आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन और महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने शनिवार को सोनालिया पुल से ओवरब्रिज मार्ग पर चल रहे कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने और निर्धारित समय-सीमा में इसे पूरा करने के निर्देश दिए।
उद्योग मंत्री श्री देवांगन के प्रयासों से नगर निगम क्षेत्र के 20 प्रमुख मार्गों के डामरीकरण के लिए रू.24 करोड़ से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। इन कार्यों का भूमिपूजन 19 अक्टूबर को कोसाबाड़ी चौक पर किया गया था। इसके बाद शनिवार को सोनालिया पुल से ओवरब्रिज मार्ग पर डामरीकरण कार्य शुरू हुआ।
निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री देवांगन ने अधिकारियों से कहा कि सभी स्वीकृत कार्य तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं। सड़क निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि नागरिकों को बेहतर और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। उन्होंने निर्माण कार्य व्यवस्थित ढंग से कराने और कार्य के दौरान आम नागरिकों को आवागमन में अनावश्यक परेशानी न हो, इसका भी ध्यान रखने के निर्देश दिए। शहर के प्रमुख मार्गों के डामरीकरण से नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और कोरबा के आधारभूत विकास को गति प्राप्त होगी। इस अवसर पर नगर निगम के अधीक्षण अभियंता भूषण उरांव, प्रभारी कार्यपालन अभियंता श्रीमती रुचि वर्मा, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, चंद्रलोक सिंह, मुकुंद कंवर, प्रफुल्ल तिवारी, योगेश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।