उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने किया डामरीकरण कार्य का भूमिपूजन, कार्य तत्काल प्रारंभ कर पूर्ण गुणवत्ता के साथ कार्य संपादन करते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने हेतु अधिकारियों को दिये निर्देश
कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के दर्री जोनांतर्गत जमनीपाली वार्ड के गोपालपुर पुनर्वास गांव की वर्षो से जर्जर पड़ी सड़कों का जीर्णोद्धार व डामरीकरण का कार्य कराया जाएगा, आज उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने उक्त महत्वपूर्ण कार्य का भूमिपूजन किया तथा कार्य को तत्काल प्रारंभ कराने, पूरी गुणवत्ता के साथ कार्य करने तथा समयसीमा में कार्य को पूरा करने के निर्देश निगम के अधिकारियों व निर्माण कार्य एजेंसी को दिये।
प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री तथा कोरबा विधायक लखनलाल देवांगन के प्रयासों से निगम के वार्ड क्र. 54 जमनीपाली अंतर्गत स्थित एनटीपीसी के पुनर्वास ग्राम गोपालपुर में बर्षो से जर्जर पड़ी सड़कों के जीर्णोद्धार व डामरीकरण हेतु एनटीपीसी के सीएसआर मद से 01 करोड़ 50 लाख रूपये की स्वीकृति प्राप्त हुई थी, आवश्यक प्रक्रिया के पश्चात अब उक्त महत्वपूर्ण कार्य प्रारंभ होने जा रहा है, आज उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य एवं महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में उक्त महत्वपूर्ण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया गया।
पुनर्वास ग्रामों को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करें प्रतिष्ठान
इस अवसर पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने एनटीपीसी सहित अन्य सार्वजनिक व औद्योगिक प्रतिष्ठानों का आव्हान करते हुए कहा है कि वे अपने पुनर्वास ग्रामों को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करें, पुनर्वास ग्रामों की समस्याओं को पूरी गंभीरता से लें तथा उनका समय-समय पर त्वरित निराकरण करायें। उन्होने कहा कि प्रतिष्ठानों का प्रथम दायित्व बनता है कि वे पुनर्वास ग्रामों के प्रति पूर्ण रूप से संवेदनशील रहें तथा इन ग्रामों के विकास एवं उन्हें आदर्श स्वरूप में विकसित करने की दिशा में पूरी इच्छाशक्ति के साथ कार्य करें। उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने आगे कहा कि वर्तमान में निगम द्वारा वार्ड क्र. 54 जमनीपाली वार्ड में 53 लाख रूपये के कार्य पूर्ण कर लिये गये हैं तथा 02 करोड 61 लाख रूपये के कार्य वार्ड की विभिन्न बस्तियों में प्रगति में हैं, वहीं 58 लाख रूपये के नये कार्य भी इस वार्ड हेतु स्वीकृत किये गये हैं। उन्होने कहा कि इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि निगम के सभी वार्डोे में वहॉं के नागरिकों की आवश्यकता व मांग के अनुसार व्यापक स्तर पर विकास कार्य वर्तमान में कराये जा रहे हैं तथा बिना किसी भेदभाव के कार्य हो रहे हैं। उन्हेाने आगे कहा कि निगम क्षेत्र में विगत 02 वर्षो के दौरान 865 करोड़ रूपये के विकास कार्य विभिन्न मदों के अंतर्गत स्वीकृत कराये जा चुके हैं तथा यह प्रयास किया जा रहा है कि विकास कार्यो हेतु किसी भी प्रकार की धनराशि की कमी न होने पाये।
लगातार जारी रहेगी विकास कार्यो की गति
इस मौके पर महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने अपने उद्बोधन में कहा कि नगर निगम कोरबा क्षेत्र में विकास की यह गति लगातार जारी रहेगी तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नगरीय प्रशासन मंत्री अरूण साव एवं उद्योग मंत्री तथा कोरबा विधायक लखनलाल देवांगन के निरंतर मार्गदर्शन में कोरबा का सर्वांगीण विकास होकर रहेगा। उन्होने कहा कि उद्योग मंत्री श्री देवांगन विकास कार्यो हेतु विभिन्न मदों के अंतर्गत राशि की स्वीकृति करवा रहे हैं, और इसी के परिणाम स्वरूप विकास कार्यो हेतु फंड की कोई कमी नहीं हो रही है। उन्होने कहा कि उद्योग मंत्री श्री देवांगन एवं मेरा स्वयं का यह लगातार प्रयास है कि सभी वार्डो में समान रूप से विकास कार्य हों तथा नागरिकों को सभी सुविधाएं मिले, उनकी समस्याएं त्वरित रूप से दूर की जाए।
बहुप्रतीक्षित मांग आज पूरी हुई
वार्ड क्र. 54 जमनीपाली वार्ड के पार्षद मुकुंद सिंह कंवर ने अपने उद्बोधन में कहा कि 25 वर्षो से ज्यादा समय से पूर्व इस ग्राम की सड़कें बनी थी तथा कई वर्षो से सड़कें जर्जर हो चुकी थी, सड़कों की दयनीय स्थिति है, आवागमन में ग्रामवासियों को अत्यंत असुविधा होती है, किन्तु आज इस सड़क डामरीकरण की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हो रही है, जिसके लिए मैं उद्योग मंत्री श्री देवांगन एवं महापौर श्रीमती राजपूत के प्रति वार्डवासियों की ओर से कृतज्ञता व्यक्त करता हूॅं। उन्होने कहा कि उद्योग मंत्री श्री देवांगन के प्रयास से एनटीपीसी के सीएसआर मद से 01 करोड़ 50 लाख रूपये की लागत से यह कार्य सम्पन्न होने जा रहा है, उन्होने कहा कि गांव में अब स्ट्रीट लाईट भी तत्काल लगवाई जाएंगी तथा उद्योग मंत्री श्री देवांगन के प्रयास से यहां पर स्थित कोसगाई दाई मंदिर प्रांगण में बाउण्ड्रीवाल भी बनेगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, वार्ड पार्षद मुकुंद सिंह कंवर, पार्षद राधा महंत, सम्मत कुंवर कंवर, किशन लाल कैवर्त, सुखविंदर कौर, अयोध्याबाई कंवर, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज लहरे, जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, पूर्व पार्षद पुष्पा कंवर व संजय कुर्मवंशी, परविंदर सिंह सोनू, रतन सिंह कंवर, नारायण सिंह ठाकुर, ईश्वर साहू, अंजेय अग्रवाल, गौरीशंकर, अनिल यादव, नरेन्द्र पाटनवार, आकाश श्रीवास्तव, एनटीपीसी के सीनियर मेनेजर सी.एस.आर. शशांक छाजर, जोन कमिश्नर लीलाधर पटेल, राज जायसवाल, यशवंत जोगी, रितेश सिंह, होमलाल भारिया, दुर्गा भारिया आदि के साथ काफी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे।
बिलासपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ में तीज पर्व पर मायके जाने की तैयारी कर रही महिलाओं और दूसरे यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में उरकुरा स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग के लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग का काम किया जाएगा।
इसके चलते 13 और 14 सितंबर को रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, गेवरा रोड और इतवारी के बीच चलने वाली 10 ट्रेनें रद्द रहेंगी। वहीं 2 मेमू ट्रेनों का परिचालन बिलासपुर तक सीमित रहेगा। रेलवे के मुताबिक यह काम उरकुरा-रायपुर स्टोर डिपो के बीच दोहरीकरण परियोजना के तहत उरकुरा स्टेशन के यार्ड रीमॉडलिंग के लिए किया जा रहा है।
यात्रियों के लिए जरूरी बात
तीजा पर्व के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और परिवार मायके आने-जाने के लिए ट्रेनों का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में 13 और 14 सितंबर को यात्रा से पहले ट्रेन नंबर जरूर चेक कर लें। रद्द ट्रेन से यात्रा की योजना है तो वैकल्पिक ट्रेन या बस की व्यवस्था पहले कर लेना बेहतर होगा।
कोरबा/बालको नगर। बालको में सितंबर 2008 बैच के कर्मचारियों ने 18 वर्षों की सेवा पूरी होने पर वार्षिक मिलन समारोह का आयोजन किया। समारोह में बैच के 35 कर्मियों ने हिस्सा लिया और अपने बालको में बिताए 18 साल के अनुभव साझा किए। उपलब्धियां और चुनौतियों को सामने रखा। बालको कर्मियों ने अपने सेवाकाल के कई यादगार किस्से सुनाए। पुराने साथियों से मिलकर माहौल उत्साह से भरा रहा।
इस आयोजन से कर्मियों के बीच आपसी स्नेह, सौहार्द, भाईचारा, एकजुटता मजबूत हुई। समारोह में राजशेखर साहू, गगन गुप्ता, टिकेश्वर चेलक, अमित शर्मा, कमलेश बोहरपी, ज्ञानेंद्र, सुमन यादव, देवेंद्र प्रताप, सुमित सोनी, कुंदन, आशीष शुक्ला, आशीष दुबे, मधुरेश श्रीवास्तव, संजय न नारवानी, जितेंद्र द्विवेदी, अभिषेक साहू, दुर्गेश साहू, पूर्णानंद साहू, केशव साहू, हेमंत वर्मा, अरविंद, विकास गुरुदीवान, लेखराज लोधी, प्रकाश ठाकुर, प्रकाश रघुवंशी समेत अन्य उपस्थित थे।
कोरबा/कटघोरा। पेट्रोल-डीजल से भरे टैंकर में गुरुवार को आग की लपटें उठी तो विस्फोट की आशंका पर आसपास घरों को खाली कराया गया। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया। लेकिन कटघोरा- अंबिकापुर हाइवे पर लगभग 2 घंटे आवाजाही थमी रही।
कोरबा से तेल से भरी टैंकर कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाइवे के रास्ते से वाड्रफनगर जाने रवाना हुआ। बांगो थाना क्षेत्र के गुरसिया ढाबा के पास टैंकर चालक ने खाना खाने वाहन रोका। कुछ देर बाद वहां से चालक आगे बढ़ने टैंकर स्टार्ट किया, तभी बैटरी में चिंगारी उठी और केबिन तक आग की लपटें उठने लगी। संभवत: शार्ट सर्किट से आग वाहन तक फैली होगी। टैंकर में 12 हजार लीटर तेल भरने की कैपिसिटी है। सूचना पर पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। हाइवे पर आवाजाही को रोकवाया। साथ ही आसपास के घरों को खाली कराया गया। इस तरह सुरक्षा के जरूरी ऐहतियात बरते गए।
सूचना पर बांगो, कटघोरा नगर पालिका, सीएसईबी कोरबा की दमकल टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद दमकल कर्मियों ने पानी और फोम से आग बुझाई। इसमें करीब दो घंटे लग गए। आग पर काबू पा लेने के बाद हाइवे पर आवाजाही सामान्य हुई। एनएएआई की टीम को सूचना देने के बाद भी मौके पर नहीं पहुंची। कटघोरा-अंबिकापुर हाइवे के साथ बायपास पर दो साल के भीतर वाहनों में आग लगने की यह तीसरी घटना है। इसी महीने कटघोरा-बायपास के हुकरा क्षेत्र में एक तेज रफ्तार 407 वाहन रोड किनारे पेड़ से टकराया। इसके बाद वाहन में आग लगने की घटना सामने आई। चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई थी। साल 2024 में 28-29 दिसंबर की रात अंबिकापुर-कटघोरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बांगो थाना क्षेत्र के चोटिया टोल प्लाजा के पास ट्रक और कार में भिड़ंत हो गई थी। इस दुर्घटना में ट्रक पलट गया, वहीं कार सवार दो युवकों की वाहन में आग लगने पर जलकर मौत हो गई।