कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के करतला परिक्षेत्र में हाथियों का आतंक जारी है। बुधवार रात एक हाथी ने मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति को कुचलकर मार डाला। वहीं एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में ग्रामीण हाथियों के झुंड पर पत्थर फेंकते हुए दिख रहे हैं। इससे गुस्साए हाथियों ने पलटकर ग्रामीणों को दौड़ा लिया।
जानकारी के अनुसार करतला परिक्षेत्र के रामपुर और करतला के बीच जंगलों में लगभग 50 हाथियों का दल घूम रहा है। आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। फसलों को बचाने किसान रातभर जाग रहे हैं। वन विभाग ने हाथियों की निगरानी के लिए गश्त बढ़ा दी है।
जंगल से लगे गांव के पास से गुजर रहे हाथियों के झुंड पर लोगों ने पत्थर फेंके।
गुस्साए हाथियों ने पलटकर लोगों को दौड़ा दिया। वन विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
बुधवार की रात हाथी ने मानसिक रूप से बीमार शख्स को कुचलकर मार डाला।
ग्रामीणों ने फेंके पत्थर, हाथियों ने किया हमला
करतला क्षेत्र का एक वीडियो वायरल हो रहा है। हाथियों का झुंड जंगल से लगे गांव के पास से गुजर रहा था। इसी बीच कुछ ग्रामीण हाथियों के झुंड पर पथराव करने लगे। इससे कुछ हाथी भड़क गए और वे पलटकर ग्रामीणों को दौड़ाने लगे। हालांकि, इस हमले में ग्रामीण बाल-बाल बच गए। इसके बाद हाथियों का झुंड आगे की ओर बढ़ गया।
हाथी के हमले से मानसिक रोगी की मौत
इसी बीच, रामपुर में एक मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति की हाथी के हमले में मौत हो गई। बुधवार देर रात एक हाथी ने उसे सूंड से पकड़कर पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शख्स रामपुर बस स्टैंड के पास रहता था। इस घटना के बाद पूरे रामपुर क्षेत्र में भय का माहौल है।
हाथी ने मानसिक रूप से बीमार शख्स को पटककर मार डाला।
वन विभाग और पुलिस अलर्ट पर
हादसे की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग और करतला पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति पर नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे हाथियों से छेड़छाड़ न करें और किसी भी आपात स्थिति में वन विभाग को तुरंत सूचना दें।
रात भर जागकर रखवाली कर रहे किसान
ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों का यह झुंड अक्सर देर रात खेतों और गांवों की ओर बढ़ता है, जिससे फसल और जान-माल के नुकसान की आशंका बनी रहती है। कई किसान अपनी फसलों की रखवाली के लिए रातभर जागने को मजबूर हैं।
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी के लिए गश्त बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विभाग हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने का प्रयास कर रहा है।
चयनित विद्यार्थी अभिभावक के साथ सुबह 10 बजे तक सी-पेट स्याहीमुड़ी में दें उपस्थिति
कोरबा, 27 अक्टूबर 2026। डीएमएफटी कोरबा की पहल डीआईएसएचए (विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा उपलब्धि के लिए डीएमएफटी कोरबा की पहल) के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं नीट एवं जेईई की तैयारी के लिए चयनित विद्यार्थियों को निःशुल्क आवासीय कोचिंग दी जाएगी। कोचिंग 2 नवंबर 2026 से सी-पेट, स्याहीमुड़ी, विकासखंड कटघोरा, जिला कोरबा में शुरू होगी। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी चयनित विद्यार्थियों से अपने अभिभावकों के साथ 2 नवंबर को सुबह 10 बजे तक निर्धारित स्थान पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होने का आग्रह किया है। विद्यार्थियों को अपने साथ पहनने के कपड़े, दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं तथा वर्तमान में अध्ययनरत कक्षा की पाठ्यपुस्तकें लेकर आना होगा।
‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर युवा रखेंगे अपने विचार
कोरबा, 27 अक्टूबर 2026। युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं और राजनीतिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत, कोरबा द्वारा 3 नवंबर 2026 को श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय, कोरबा में जिला स्तरीय विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम का मुख्य विषय “एक राष्ट्र, एक चुनाव” निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम में युवा प्रतिभागियों को देश की चुनावी व्यवस्था, लोकतांत्रिक प्रक्रिया और “एक राष्ट्र, एक चुनाव” की अवधारणा पर अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। वे इस विषय के संभावित लाभ, चुनौतियों, संवैधानिक पहलुओं और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर इसके प्रभावों पर चर्चा करेंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के इच्छुक युवा मेरा युवा भारत (माय भारत) के आधिकारिक पोर्टल पर जिला स्तरीय विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट के लिए पंजीकरण कर सकते हैं। युवाओं से निर्धारित विषय पर तैयारी कर अपने विचार, तर्क और दृष्टिकोण प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की अपील की गई है। विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट युवाओं को संसदीय कार्यप्रणाली समझने, समसामयिक विषयों पर सार्थक संवाद करने और तार्किक ढंग से अपनी बात रखने का मंच प्रदान करेगी। इसके माध्यम से नेतृत्व क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल और राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
सेवा सेतु, सीएम हेल्पलाइन और जनसमस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
समय-सीमा बैठक में योजनाओं की समीक्षा, लंबित प्रकरणों का समय पर निराकरण करने के निर्देश
पीवीटीजी परिवारों के आधार पंजीयन के लिए गांवों में लगेंगे शिविर, धान खरीदी और राज्योत्सव की तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा
कोरबा, 27 अक्टूबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज समय-सीमा की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने पीएमओ, मुख्यमंत्री जनदर्शन, सीएम हेल्पलाइन और सेवा सेतु पोर्टल से प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से 28 और 29 अक्टूबर को वर्षा एवं तेज आंधी की आशंका को देखते हुए आपदा प्रबंधन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री दुदावत ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में आधार से वंचित परिवारों के पंजीयन शिविर लगाने के लिए योजना तैयार करने, सर्वे कराने और गांव-गांव मुनादी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से पीवीटीजी परिवारों का कोई भी सदस्य आधार पंजीयन से वंचित न रहे और उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ मिले। उन्होंने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग को खनन प्रभावित परिवारों के विद्यार्थियों को नर्सिंग कॉलेज में प्रवेश दिलाने की प्रक्रिया पर काम करने तथा कम से कम दस पीवीटीजी परिवारों के बच्चों को वहां प्रशिक्षण देने के संबंध में आवश्यक तैयारी करने को कहा गया। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना और एपीसी बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन के लिए कृषि, उद्यानिकी और पशुपालन, मत्स्य विभाग को समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन तथा किसान सम्मान निधि से संबंधित कार्यक्रम आयोजित करने और अधिक से अधिक किसानों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को भी कहा गया। धान खरीदी की पूर्व तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित विभागों को अभी से जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
आंधी-वर्षा से निपटने की तैयारी, सीएम हेल्पलाइन और जनसमस्याओं पर त्वरित कार्रवाई करे
चक्रवात ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए कलेक्टर ने सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहने और आपसी समन्वय से काम करने को कहा। राजस्व अधिकारियों को कोटवारों के माध्यम से गांवों में मुनादी कराने तथा निचले और जोखिमयुक्त क्षेत्रों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने या पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बहने पर आवागमन तत्काल रोकने और बैरिकेडिंग कराने को कहा गया, ताकि कोई व्यक्ति बहते पानी के बीच से रास्ता पार न करे। प्रभावित परिवारों के लिए सामुदायिक भवनों में राहत शिविर तैयार रखने तथा वहां पेयजल, भोजन, रोशनी और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाइयों और चिकित्सकीय दल की उपलब्धता तथा दूरस्थ क्षेत्रों की प्रसव संभावित गर्भवती महिलाओं को 27 अक्टूबर को स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराने की व्यवस्था करने को भी कहा गया। बिजली लाइनों का निरीक्षण और आपूर्ति बाधित होने पर शीघ्र बहाली के लिए टीमें तैयार रहेंगी।
सेवा सेतु पोर्टल के आवेदनों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री दुदावत ने सभी प्रकरणों का निर्धारित समय में निराकरण करने को कहा। पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक के पसान सहित विभिन्न क्षेत्रों के लंबित आवेदनों पर विशेष ध्यान देकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। सीएम हेल्पलाइन की विभागवार समीक्षा में उन्होंने कहा कि वास्तविक और जायज शिकायतों का निराकरण अनिवार्य रूप से किया जाए। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए, अत्यंत आवश्यक स्थिति के अलावा, उनका स्पेशल क्लोजर न किया जाए। किसी प्रकरण में संदेह या कठिनाई होने पर वरिष्ठ अधिकारियों से मार्गदर्शन लिया जाए। साफ-सफाई, नाली, स्ट्रीट लाइट, बिजली के तार टूटने और ट्रांसफॉर्मर से जुड़ी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जनदर्शन में शासकीय भूमि और छोटे-बड़े झाड़ के जंगल की भूमि पर अतिक्रमण संबंधी शिकायतों का उल्लेख करते हुए कलेक्टर ने नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने को कहा।
खराब चावल वितरण की शिकायत पर जाँच के दिए निर्देश
जिला मेडिकल कॉलेज में सीटी स्कैन और एमआरआई की सुविधा के संबंध में जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने गंभीर मरीजों को जांच के लिए बाहर जाना पड़ने की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को इस दिशा में शीघ्र पहल करने के निर्देश दिए। पोड़ी-उपरोड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उचित मूल्य दुकानों से राशन कार्डधारियों को वितरित चावल की गुणवत्ता संबंधी शिकायतों पर जिला स्तरीय समिति गठित कर गोदामों की जांच कराने और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा। अपात्र व्यक्तियों द्वारा राशन कार्ड बनवाकर खाद्यान्न लेने के मामलों की जांच कर संदिग्ध कार्डधारियों को सूचीबद्ध करने के निर्देश भी दिए गए। जांच की जिम्मेदारी नगरीय निकायों और जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दी गई।
सौर ऊर्जा, पुराने लंबित कार्यों और राज्योत्सव की तैयारियों की समीक्षा
कलेक्टर ने विद्युत विभाग को यूएलए मॉडल के अंतर्गत 10 नवंबर तक एस्टीमेट तैयार करने और प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने को कहा। योजना के लिए लगभग दस हजार हितग्राहियों का लक्ष्य निर्धारित करने तथा प्रत्येक विकासखंड में कम से कम एक गांव को शत-प्रतिशत सौर ऊर्जा से जोड़ने की तैयारी करने के निर्देश दिए गए। पीएम जनमन के गांवों और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण गांवों को भी इस पहल में शामिल करने को कहा गया। जिला खनिज न्यास के अंतर्गत कार्ययोजना स्वीकृत होने के बाद भी शुरू नहीं हुए कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभागों को पुराने अप्रारंभ कार्यों की स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए। वर्ष 2024 से पहले स्वीकृत अथवा तीन वर्ष से अधिक समय से लंबित ऐसे कार्य, जिन पर काम शुरू नहीं हुआ है, उन्हें निरस्त कर संबंधित राशि वापस करने की प्रक्रिया करने को कहा गया। निर्माण एजेंसियों और अन्य विभागों को कर्मचारियों तथा कार्यों से जुड़े भुगतान लंबित न रखने और दीपावली से पहले भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
दो नवंबर को घंटाघर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर ओपन ऑडिटोरियम परिसर में आयोजित होने वाले राज्योत्सव समारोह की तैयारियों की समीक्षा में कलेक्टर ने सभी विभागों को योजनाओं पर आधारित स्टॉल लगाने को कहा। उन्होंने स्टॉल आवंटन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मंच और दर्शक दीर्घा, प्रदर्शनी, कलाकारों के ठहरने, बिजली तथा पेयजल की व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल एवं ओंकार यादव, कटघोरा एसडीएम विपिन दुबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।