Connect with us

कोरबा

सीएम हेल्पलाइन 1076 से साकार हो रहा सुशासन का संकल्प

Published

on

समयबद्ध, संवेदनशील और गुणवत्तापूर्ण निराकरण से बढ़ रहा आमजन का विश्वास, कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में कोरबा बना प्रभावी जनसेवा का उदाहरण

कोरबा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रारंभ की गई सीएम हेल्पलाइन 1076 आज प्रदेश में सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेह प्रशासन की सशक्त पहचान बन चुकी है। यह केवल शिकायत दर्ज कराने का माध्यम नहीं, बल्कि आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, प्रभावी और संतोषजनक समाधान का भरोसेमंद मंच बनकर उभरी है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से शासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ है, जिससे नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में कोरबा जिले में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। जिला स्तर पर नियमित समीक्षा बैठकों के माध्यम से सभी विभागों के अधिकारियों को लंबित शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण करने तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाते हैं। यही सतत मॉनिटरिंग और जवाबदेह कार्यप्रणाली जिले के बेहतर प्रदर्शन का आधार बनी है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार कोरबा जिले में अब तक 4,042 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 73.60 प्रतिशत शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है, जो राज्य के औसत 63.84 प्रतिशत से अधिक है। इसी प्रकार जिले में प्राप्त फीडबैक में 61.37 प्रतिशत शिकायतकर्ताओं ने समाधान पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है, जो राज्य के औसत 55.68 प्रतिशत से बेहतर प्रदर्शन को दर्शाता है। इन आंकड़ों के पीछे अनेक ऐसे उदाहरण हैं, जहां मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से लोगों की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान हुआ और उन्हें त्वरित राहत मिली।
विकासखंड पाली के ग्राम पोलमी निवासी गौरीबाई के पास राशन कार्ड नहीं होने के कारण वे विभिन्न शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित थीं। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही अधिकारियों ने संवेदनशीलता के साथ आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जनपद पंचायत पाली के माध्यम से उन्हें अंत्योदय राशन कार्ड उपलब्ध कराया। अब उन्हें खाद्यान्न सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ सहजता से मिल रहा है। गौरीबाई ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन ने उनकी लंबे समय से चली आ रही समस्या का संतोषजनक समाधान कर दिया।
कटघोरा नगर पालिका क्षेत्र में सिद्धि विहार स्थित शांति विला गोदावरी निवास के आसपास आवारा कुत्तों की समस्या से परेशान श्रीमती वंदना यादव ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होने के कुछ घंटों के भीतर ही नगर पालिका द्वारा संबंधित क्षेत्र में बंध्याकरण एवं टीकाकरण अभियान संचालित कर आवश्यक कार्रवाई की गई। समस्या के समाधान के बाद शिकायतकर्ता ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन की तत्परता से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली।
इसी प्रकार मोतीसागरपारा निवासी शांतनु मिश्रा ने मोहल्ले की नाली में गाद जमा होने से जलभराव की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही नगर निगम की स्वच्छता टीम ने मौके पर पहुंचकर नाली की सफाई कर जल निकासी सुचारु कर दी। वहीं वार्ड क्रमांक 58 सरदार वल्लभभाई पटेल नगर स्थित खाली भूखंड में लंबे समय से जमा कचरे की शिकायत पर निगम की टीम ने जेसीबी एवं ट्रैक्टर की सहायता से पूरे क्षेत्र की सफाई कर आसपास के रहवासियों को राहत पहुंचाई।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन ने छोटी-छोटी लेकिन आमजन के दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं का भी त्वरित समाधान सुनिश्चित किया है। मोतीसागरपारा निवासी कन्हैया लाल टेवानी ने मोहल्ले की खराब स्ट्रीट लाइट की शिकायत दर्ज कराई। अगले ही दिन संबंधित विभाग ने स्ट्रीट लाइट सुधारकर पुनः चालू कर दी। श्री टेवानी ने बताया कि शिकायत दर्ज होने के बाद अधिकारियों ने लगातार उनसे संपर्क कर समाधान की जानकारी ली, जिससे शासन-प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हुआ।
इसी तरह पंपहाउस क्षेत्र निवासी रामकुमार साहू ने अपने घर में लगातार हो रही विद्युत वोल्टेज (अप-डाउन) की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होने के बाद विद्युत विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लगभग एक घंटे के भीतर समस्या का निराकरण कर दिया। श्री साहू ने कहा कि अब आम नागरिकों की आवाज सीधे शासन तक पहुंच रही है और समस्याओं का त्वरित समाधान मिल रहा है।
ये उदाहरण स्पष्ट करते हैं कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 केवल शिकायत दर्ज करने की व्यवस्था नहीं, बल्कि संवेदनशील प्रशासन, प्रभावी मॉनिटरिंग और जवाबदेह शासन की सशक्त कार्यप्रणाली का माध्यम बन चुकी है। पंचायत, राजस्व, नगरीय निकाय, बिजली, पेयजल, सड़क, खाद्य, सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न विभागों की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण कर नागरिकों को त्वरित राहत प्रदान की जा रही है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप तथा कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में कोरबा जिला प्रशासन लगातार यह सुनिश्चित कर रहा है कि प्रत्येक शिकायत का केवल निस्तारण ही नहीं, बल्कि ऐसा समाधान हो जिससे शिकायतकर्ता पूर्णतः संतुष्ट हो। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से बढ़ता सकारात्मक फीडबैक इस बात का प्रमाण है कि शासन की जनहितैषी नीतियां धरातल पर प्रभावी रूप से क्रियान्वित हो रही हैं और प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास निरंतर मजबूत हो रहा है।

Continue Reading

कोरबा

कटघोरा में बस-बोलेरो की टक्कर, कई घायल:अवैध खड़े ट्रक से हुआ हादसा, आधा दर्जन से अधिक घायल, दो की हालत नाजुक

Published

on

कोरबा। कोरबा के कटघोरा थाना क्षेत्र में सोमवार को सेनानी पेट्रोल पंप के पास यात्रियों से भरी यादव बस और एक बोलेरो की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, यादव बस बिलासपुर से कोरबा की ओर आ रही थी, जिसमें लगभग 30 से 35 यात्री सवार थे। वहीं, बोलेरो में चार लोग यात्रा कर रहे थे।

सेनानी पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े एक ट्रक के कारण यह हादसा हुआ। ट्रक की वजह से बस चालक को सामने से आ रही बोलेरो के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पाई, जिससे दोनों वाहन आपस में टकरा गए।

बोलेरो सवार दो लोगों की हालत नाजुक

टक्कर के बाद मौके पर स्थानीय राहगीरों ने तुरंत घायलों की मदद की और उन्हें वाहनों से बाहर निकाला। बस में सवार आधा दर्जन से अधिक यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बोलेरो में सवार दो लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। अन्य यात्रियों को मामूली चोटें लगी हैं।

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने 108 एंबुलेंस और निजी वाहनों की सहायता से सभी घायलों को कटघोरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, गंभीर रूप से घायल कुछ मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया जा सकता है।

हादसे के बाद लंबा जाम

हादसे के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस और बोलेरो को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल करने का प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार, सड़क पर अवैध रूप से खड़े ट्रक को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। कटघोरा पुलिस ने सभी घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया है और मामले की जांच जारी है, जिसमें सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

Continue Reading

कोरबा

पूजा विसर्जन के दौरान युवती का iPhone नहर में गिरा:सोनालिया पुल पर युवकों ने घंटों की तलाश की, थाने में दर्ज कराई गुमशुदगी

Published

on

कोरबा। कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सोनालिया पुल पर पूजा सामग्री विसर्जित करते समय एक युवती का iPhone मोबाइल नहर में गिर गया। मोबाइल गिरने के बाद नहर किनारे मौजूद 4 से 5 युवकों ने तुरंत पानी में उतरकर उसे ढूंढने का प्रयास किया। हालांकि, घंटों की मशक्कत के बाद भी मोबाइल का पता नहीं चल सका।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवती SECL क्षेत्र की निवासी है। वह सोनालिया पुल पर पूजा का सामान विसर्जित करने आई थी। पूजा की थैली में रखी सामग्री को नहर में डालते समय उसके हाथ में पकड़ा iPhone फिसलकर गहरे पानी में जा गिरा। यह घटना इतनी अचानक हुई कि युवती कुछ समझ पाती, उससे पहले ही मोबाइल पानी में डूब गया।

मोबाइल गिरने की आवाज सुनकर नहर किनारे मौजूद 4-5 युवक तुरंत मौके पर पहुंचे। युवती के निवेदन पर वे पानी में उतरकर मोबाइल की तलाश में जुट गए। हालांकि, नहर में पानी का बहाव तेज और गहराई अधिक होने के कारण युवकों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कई घंटों तक छानबीन के बावजूद मोबाइल नहीं मिल पाया।

इस घटना की जानकारी मिलते ही सोनालिया पुल पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। लोग पुल से नीचे झांककर मोबाइल तलाश रहे युवकों को देखते रहे। भीड़ के कारण कुछ देर के लिए पुल पर आवागमन भी प्रभावित हुआ।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सोनालिया नहर पर अक्सर लोग पूजा सामग्री, दीप और फूल विसर्जित करते हैं। त्योहारों के दौरान यहां विसर्जन के लिए काफी भीड़ रहती है। ऐसे में कई बार मोबाइल, पर्स और गहने भी हाथ से छूटकर नहर में गिर जाते हैं।

युवती ने इस संबंध में थाने में मोबाइल गुमशुदगी की सूचना भी दर्ज कराई है।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए नहर किनारे चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में मोबाइल टावर की केबल काटते 2 युवक गिरफ्तार:लोगों ने बांधकर पीटा, फिर पुलिस को सौंपा, 3 महीने में 33 टावरों में चोरी

Published

on

कोरबा। कोरबा में रविवार को सीतामणी स्थित राम मंदिर परिसर में मोबाइल टावर की केबल काटते हुए दो युवकों को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ा। गुस्साए लोगों ने दोनों को रस्सी से बांधकर पीटा और बाद में पुलिस को सौंप दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक दिनदहाड़े टावर की केबल काट रहे थे। आसपास के लोगों को संदेह होने पर वे मौके पर पहुंचे और उन्हें पकड़ लिया। केबल कटने से इलाके का मोबाइल नेटवर्क प्रभावित हुआ, जिससे स्थानीय लोग और आक्रोशित हो गए। लोगों ने युवकों की पिटाई करने के बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया।

लोगों का दावा- दोनों युवक नशे में थे

स्थानीय लोगों ने पकड़े गए युवकों की पहचान एकलाख खान और लक्की के रूप में की है। लोगों का आरोप है कि दोनों नशे की हालत में थे। उनके पास से गांजा, चिलम और नशीले इंजेक्शन की शीशियां भी बरामद हुई हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इन बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

तीन महीने में 33 से ज्यादा मोबाइल टावरों में चोरी

मोबाइल टावर से जुड़े कर्मचारियों ने बताया कि पिछले तीन महीनों में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 33 से अधिक मोबाइल टावरों में चोरी और तोड़फोड़ की घटनाएं हुई हैं।

कर्मचारियों को संदेह है कि टावरों से केबल, बैटरी और अन्य सामान चुराने वाला एक संगठित गिरोह सक्रिय है। यह गिरोह अब रात के साथ-साथ दिन में भी वारदातों को अंजाम दे रहा है। पुलिस ने अभी तक इस गिरोह के सक्रिय होने की पुष्टि नहीं की है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन युवकों का जिले में हुई अन्य टावर चोरी की घटनाओं से कोई संबंध है या नहीं। साथ ही, उनके पास से मिले कथित नशे के सामान की भी जांच की जा रही है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677