जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन करें सुनिश्चितः- कलेक्टर
जनशिकायत व समय-सीमा के लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर शीघ्रता से निराकरण के दिए निर्देश
आधार-फेस आधारित बायोमेट्रिक अटेंडेंस प्रणाली का कड़ाई से पालन करने हेतु किया निर्देशित
कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित शासन की फ्लैगशिप योजनाओं, विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों एवं प्रगतिरत कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को शासन की योजनाओं का प्रभावी, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए बताया कि प्रशासनिक कार्यों में अनुशासन एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कार्यालयों में आधार-फेस आधारित बायोमेट्रिक अटेंडेंस प्रणाली लागू की गई है। उन्होंने इस प्रणाली के माध्यम से दर्ज उपस्थिति की जानकारी लेते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यालय में समय पर उपस्थित होकर ऑनलाइन अटेंडेंस दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचाव हेतु इस व्यवस्था का कड़ाई से पालन किया जाए तथा इसे शीघ्र ही सभी खण्ड स्तरीय कार्यालयों में भी लागू किया जाए। किसी भी तकनीकी समस्या के निराकरण हेतु एनआईसी से समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने, ऋण वितरण में तेजी लाने एवं लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि “सियान जतन” कार्यक्रम के अंतर्गत नियमित रूप से शिविर आयोजित कर वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें समय पर आवश्यक चिकित्सा परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया जा सके। बाल संप्रेषण गृह की व्यवस्थाओं पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर ने आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने, सुरक्षा की दृष्टि से बाउंड्रीवाल की ऊंचाई बढ़ाने तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। इस हेतु विभाग को प्रस्ताव तैयार करने की बात कही। उन्होंने शिक्षा विभाग से स्कूली विद्यार्थियों के अपार आईडी निर्माण कार्य की जानकारी लेते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए, जिससे विद्यार्थियों से संबंधित शैक्षणिक डाटा का प्रभावी डिजिटलीकरण किया जा सके। कलेक्टर ने बैठक के दौरान निर्देश दिए कि सभी विभागों में समाप्त हो चुकी योजनाओं के अंतर्गत संचालित बैंक खातों को नियमानुसार बंद किया जाए। इस संबंध में उन्होंने कोषालय अधिकारी को संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर खातों को बंद करने की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने तथा इस माह के अंत तक की गई कार्यवाही की विस्तृत प्रतिवेदन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि वित्तीय अनुशासन एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। बैठक में सभी विभागों के समय-सीमा लंबित प्रकरणों की समीक्षा के साथ ही प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री जनदर्शन, पीजीएन जनशिकायत, मानव अधिकार आयोग एवं कलेक्टर जनदर्शन से संबंधित लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने तथा विभाग प्रमुखों को लंबित पत्रों का परीक्षण कर शासन के नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर निगम आयुक्त कोरबा आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना , अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित सभी एसडीएम, नगरीय निकायों के सीएमओ एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
रायपुर/कोरबा। CG Forest Department Pramotion: छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग (Forest and Climate Change Department) ने 18 वन क्षेत्रपालों को प्रमोशन दिया है।
जारी आदेश के अनुसार 18 अधिकारियों की पदोन्नति (CG Forest Department Pramotion) की गई है। इनमें विभिन्न वन मंडलों में तैनात वन क्षेत्रपाल शामिल हैं। प्रमोशन के बाद इन्हें सहायक वन संरक्षक (CG Forest Department Pramotion) के पद पर नियुक्त किया जाएगा।
किन अधिकारियों को मिली पदोन्नति
पदोन्नति पाने वालों में राममूर्ति घघेल, मृत्युंजय शर्मा, जोगेश्वर भट, राजेंद्र कुमार रावत, कुंवर बहादुर सिंह, अभिषेक कुमार दुबे, देव सिंह ठाकुर, निखिल सक्सेना, पुष्पेंद्र चंद्र गोस्वामी, प्रतीक वर्मा, मनीष सिंह, अनुराग वर्मा, ज्योति गुप्ता, तीरथराज साहू, किशोर कुमार साहू, धीरेंद्र साहू, सौरभ रजक और ऋषि माधुरी सिंह शामिल हैं।
कोरबा 08 सितंबर 2026। कोरबा जिले में एक जून से आज तक कुल 1028.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। अधीक्षक भू-अभिलेख से मिली जानकारी के अनुसार उक्त अवधि में जिले की तहसील अजगरबहार में 918.1, कोरबा 1384.1 मिलीमीटर, भैंसमा, 1148.2, करतला 1132.9, बरपाली 895.6, कटघोरा 1001.2, दीपका 1090.6, दर्री 1119.6, पाली 1017.3, हरदीबाजार 797.8, पोंड़ी उपरोड़ा 976.8, और पसान तहसील में 856.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसी तरह पिछले 24 घंटे में जिले में 1.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है।
ध्यानचंद चौक से बजरंग चौक एवं रिसदा से रिसदी चौक तक सड़क निर्माण का कलेक्टर-एसपी ने किया निरीक्षण
ढेंगुरनाला-बेलगिरी पुल का भी लिया जायजा, डायवर्सन और सड़क निर्माण को लेकर दिए आवश्यक निर्देश कोरबा, 08 सितम्बर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने आज ध्यानचंद चौक से रूमगरा होते हुए बालको के बजरंग चौक तथा रिसदा चौक से रिसदी चौक तक निर्माणाधीन सड़क का पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति एवं सड़क की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा शीघ्रता से कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान आम नागरिकों एवं अन्य वाहनों के सुचारू आवागमन के लिए उचित डायवर्सन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री दुदावत ने सड़क पर उतरकर निर्माण कार्य का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने हाल ही में हुई बारिश के कारण सड़क के प्रभावित हिस्सों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग तथा विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने तक आम नागरिकों की सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए। सड़क की स्थिति का नियमित निरीक्षण करते हुए जहां आवश्यक हो, तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि आवागमन सुचारू बना रहे और नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ध्यानचंद चौक से रिसदी चौक तक लगभग 5.74 किलोमीटर लंबी निर्माणाधीन टू-लेन सीसी सड़क का निर्माण निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण सड़क तैयार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर एवं एसपी ने निरीक्षण के दौरान ढेंगुरनाला-बेलगिरी पुल का भी अवलोकन किया। कलेक्टर ने पुल पर सड़क की स्थिति तथा आवश्यक मरम्मत कार्यों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक मरम्मत शीघ्र कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सेतु लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को रिसदा-बेलगिरी पुल पर आवागमन को सुचारू बनाने तथा पुल के आसपास बने गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। इसी तरह बजरंग चौक परसाभाठा क्षेत्र में भी आवागमन सुचारू रखने के लिए सड़क निर्माण के दौरान बेहतर डायवर्सन व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उल्लेखनीय है कि ध्यानचंद चौक से बालको के बजरंग चौक तथा रिसदा से रिसदी चौक तक कुल 5.74 किलोमीटर सड़क को टू-लेन सीसी सड़क के रूप में विकसित करने के लिए जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से लगभग 29 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। सड़क निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगति पर है। वहीं ढेंगुरनाला एवं बेलगिरी पुल के मरम्मत कार्य के लिए भी कार्यादेश जारी किया जा चुका है तथा शीघ्र ही मरम्मत कार्य प्रारंभ किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता जी.आर. जांगड़े, परिवहन अधिकारी अतुल कुमार असैय्या, एसडीओ राकेश द्विवेदी सहित नगर निगम, सेतु लोक निर्माण विभाग एवं बालको के अधिकारी उपस्थित रहे।