वॉशिंगटन, एजेंसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत की 7% GDP ग्रोथ का उदाहरण देकर अपने देश के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व पर निशाना साधा है।
उन्होंने कहा कि भारत में ब्याज दरें कम हैं, इसलिए उसकी अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है। अगर अमेरिका में भी ब्याज दरें कम रखी जाएं तो वहां की ग्रोथ 15 से 20% तक पहुंच सकती है।
व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रम्प ने कहा कि जब भी अमेरिका के आर्थिक आंकड़े अच्छे आते हैं तो फेडरल रिजर्व ब्याज दरें बढ़ा देता है। जबकि ऐसे समय में दरें कम होनी चाहिए, ताकि कारोबार और निवेश को बढ़ावा मिले।
हालांकि भारत में RBI की रेपो रेट 5.50% है, जबकि अमेरिका में फेडरल रिजर्व की ब्याज दर 3.75% से 4% के बीच है।
ट्रम्प बोले- अर्थव्यवस्था अच्छी हो तो ब्याज दरें बढ़ाना गलत
ट्रम्प ने फेडरल रिजर्व को राजनीतिक बताते हुए कहा कि वह ब्याज दरों को लेकर सही फैसला नहीं ले रहा है।
उनके मुताबिक, जब देश की अर्थव्यवस्था अच्छा प्रदर्शन कर रही हो तो ब्याज दरें कम करनी चाहिए। इससे कंपनियों और लोगों के लिए कर्ज लेना सस्ता होगा और आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी।
पिछले 5 साल में भारत की ग्रोथ 7% ज्यादा
भारत की अर्थव्यवस्था पिछले पांच साल से लगातार 7% से ज्यादा की रफ्तार से बढ़ रही है। 2021-22 में GDP ग्रोथ करीब 9% रही थी। इसके बाद भी विकास दर 7% से ऊपर बनी रही।
वित्त वर्ष 2025-26 में भारत की अर्थव्यवस्था 7.6% की दर से बढ़ी। दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं से तुलना करें तो भारत की ग्रोथ काफी तेज है।
चीन की अर्थव्यवस्था करीब 4.5 से 4.8%, अमेरिका की 2.1 से 2.3% और यूरोप की करीब 1% की रफ्तार से बढ़ रही है। भारत की तेज ग्रोथ के पीछे घरेलू बाजार में बढ़ती मांग, सड़क-रेलवे जैसे बुनियादी ढांचे पर सरकारी खर्च और सर्विस सेक्टर का बड़ा रोल है।
अमेरिका में महंगाई अब भी 2% से ज्यादा
ट्रम्प का बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका में महंगाई दर फेडरल रिजर्व के तय 2% के लक्ष्य से ऊपर बनी हुई है।
सितंबर में महंगाई दर 3.6% रही। वहीं, खाने-पीने की चीजों और ऊर्जा की कीमतों को हटाकर देखी जाने वाली कोर महंगाई दर 3.1% दर्ज की गई।
फेडरल रिजर्व महंगाई को काबू में रखने के लिए ब्याज दरों का इस्तेमाल करता है। ब्याज दरें बढ़ने से कर्ज महंगा हो जाता है। इससे लोग और कंपनियां खर्च कम करते हैं, जिससे महंगाई घटाने में मदद मिलती है।
ट्रम्प और फेडरल रिजर्व के बीच पुराना है विवाद
ट्रम्प और फेडरल रिजर्व के बीच ब्याज दरों को लेकर कई साल से खींचतान चल रही है। ट्रम्प चाहते हैं कि बैंक से कर्ज लेना सस्ता हो, ताकि लोग ज्यादा खरीदारी करें और कंपनियां अपना कारोबार बढ़ाएं। इससे अमेरिका की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ेगी।
लेकिन फेडरल रिजर्व का मानना है कि ब्याज दरें कम करने से लोग ज्यादा पैसा खर्च करेंगे। इससे बाजार में चीजों की मांग बढ़ेगी और महंगाई भी बढ़ सकती है। इसलिए फेड महंगाई को काबू में रखने के लिए ब्याज दरें कम करने से बचता है।
पूर्व चेयरमैन पॉवेल से भी भिड़ चुके हैं ट्रम्प
फेडरल रिजर्व के पूर्व चेयरमैन जेरोम पॉवेल के साथ ट्रम्प का कई बार टकराव हुआ। ट्रम्प ने उन्हें सार्वजनिक रूप से अयोग्य बताया और पद से हटाने की धमकी भी दी।
जुलाई 2025 में दोनों के बीच फेड मुख्यालय की मरम्मत पर बढ़ते खर्च को लेकर बहस हुई थी। बाद में पॉवेल के खिलाफ जांच भी शुरू हुई। पॉवेल ने इसे ब्याज दरें घटाने के लिए बनाया गया दबाव बताया था। हालांकि, अप्रैल 2026 में सबूत नहीं मिलने पर जांच बंद कर दी गई।
तस्वीर फेडरल रिजर्व के पूर्व चेयरमैन जेरोम पॉवेल की है।
नए चेयरमैन से भी नहीं मिली राहत
मई 2026 में पॉवेल का कार्यकाल खत्म होने के बाद ट्रम्प की पसंद माने जाने वाले केविन वॉर्श नए चेयरमैन बने। ट्रम्प को उम्मीद थी कि वे ब्याज दरें घटाएंगे, लेकिन सितंबर 2026 में फेड ने दरें 0.25% बढ़ा दीं। इसकी वजह अमेरिका में बढ़ती महंगाई थी। इससे ट्रम्प की नाराजगी और बढ़ गई।
नई दिल्ली, एजेंसी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को कहा कि गरीबी खत्म करने और इससे बाहर निकले लोगों को वापस गरीबी में जाने से रोकने के लिए वित्त, बाजार और डिजिटल अर्थव्यवस्था तक व्यापक पहुंच जरूरी है। वित्त मंत्री ने विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का हवाला दिया, जिसमें 2011 और 2023 के बीच लगभग 50 करोड़ भारतीयों के गरीबी से बाहर निकलने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने अभावों को दूर करने के लिए लक्षित कदमों, स्पष्ट नतीजों और जरूरत के हिसाब से तैयार योजनाओं पर ध्यान केंद्रित किया है।
सीतारमण ने लिंक्डइन पर पोस्ट किया, ”गरीबी केवल आय या मजदूरी की कमी नहीं है। एक सुरक्षित छत, साफ पानी, स्वच्छता या स्वास्थ्य सेवाओं के बिना कोई भी परिवार आय बढ़ने के बाद भी असुरक्षित बना रहता है। एक बीमारी सारी बचत खत्म कर सकती है और परिवार को वापस गरीबी में धकेल सकती है।” उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत, पीएम आवास योजना, उज्ज्वला योजना और स्वच्छ भारत जैसी कल्याणकारी योजनाएं मिलकर इन जोखिमों के खिलाफ कवच का काम कर रही हैं, जो कभी परिवारों को वापस गरीबी में धकेल देते थे। साथ ही इनसे घरेलू खर्च में कमी आ रही है और समय भी बच रहा है। सीतारमण ने कहा, ”अगला चरण इस प्रगति को आगे बढ़ाते हुए उन कुछ लोगों को भी गरीबी से बाहर निकालने का है जो अब भी सबसे निचले पायदान पर हैं। साथ ही यह सुनिश्चित करना है कि जो लोग पहले ही ऊपर उठ चुके हैं, वे आगे बढ़ते रहें और कभी पीछे न फिसलें। विभिन्न उपायों के जरिये दी गई सुरक्षा के साथ अब वित्त, बाजार और डिजिटल अर्थव्यवस्था तक और भी व्यापक पहुंच की जरूरत है।” ‘विकसित भारत’ के सामने मौजूद चुनौतियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार रोजगार से जुड़े प्रोत्साहन, इंटर्नशिप और अप्रेंटिसशिप के जरिये शिक्षा जगत और उद्योग के बीच बेहतर तालमेल बना रही है, जबकि बुनियादी ढांचे में सरकारी निवेश देश को जोड़ रहा है। अवसर केवल कुछ लोगों तक सीमित नहीं रह सकते।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा परिवारों को वापस गरीबी में जाने से रोकती है लेकिन और आगे बढ़ने के लिए उन्हें कमाई के अवसरों की जरूरत होती है। वित्त मंत्री ने कहा, ”सरकार ने मुद्रा (60 करोड़ ऋण खाते मंजूर किए गए हैं, जिनमें से लगभग दो-तिहाई महिलाओं के हैं) जैसी योजनाओं के जरिये वित्तीय अवसर पैदा किए हैं, जबकि पीएम स्वनिधि और पीएम विश्वकर्मा जैसी योजनाएं रेहड़ी-पटरी वालों और पारंपरिक कारीगरों को सहारा दे रही हैं।” सीतारमण ने लिखा कि भारत में अस्थायी राहत से आगे बढ़कर गरीबी को बनाए रखने वाली बाधाओं को दूर करने की दिशा में एक बुनियादी बदलाव देखा गया है। पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति के कल्याण यानी अंत्योदय के सिद्धांत से प्रेरित होकर सरकार ने हर घर के अभावों को दूर करने का कठिन रास्ता चुना और यह सुनिश्चित किया कि विकास उन लोगों तक पहुंचे जिन्हें इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी।
नई दिल्ली, एजेंसी। शादी-ब्याह के सीजन में सोने की मांग बढ़ने के बीच सर्राफा बाजार में मिलावट की खबरों ने ग्राहकों की चिंता बढ़ा दी है। सोने में दुर्लभ धातु रेनियम पाउडर मिलाए जाने की आशंकाओं से इसकी शुद्धता पर सवाल उठने लगे हैं। इस खुलासे ने न सिर्फ गहने खरीदने वाले लोगों का भरोसा डगमगाया है, बल्कि सरकारी हॉलमार्किंग व्यवस्था की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हालात यह हैं कि ग्राहक अब सोना खरीदने से पहले उसकी शुद्धता को लेकर ज्यादा सतर्क हो गए हैं। इसका असर खुदरा बाजार की खरीदारी पर भी दिखाई देने लगा है और ज्वेलरी कारोबार से जुड़े लोगों में चिंता बढ़ गई है।
कैसे हो रही है सोने में मिलावट?
अब तक सोने में मिलावट के लिए तांबा और चांदी जैसी धातुओं का इस्तेमाल किया जाता था लेकिन अब रेनियम पाउडर के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि रेनियम का घनत्व करीब 21 ग्राम प्रति घन सेंटीमीटर है, जबकि शुद्ध सोने का घनत्व लगभग 19.3 ग्राम प्रति घन सेंटीमीटर होता है।
आरोप है कि सोना पिघलाते समय इसमें रेनियम मिलाने से गहने का आकार बदले बिना उसका वजन बढ़ाया जा सकता है। इससे कम शुद्धता वाले सोने को ज्यादा कैरेट का बताकर बेचने का खतरा पैदा हो गया है।
XRF मशीन भी नहीं पकड़ पा रही मिलावट?
इस मामले में सबसे बड़ी चिंता जांच तकनीक को लेकर है। ज्वेलरी शोरूम में इस्तेमाल होने वाली एक्स-रे फ्लोरोसेंस (XRF) मशीन मुख्य रूप से गहने की सतह की जांच करती है। ऐसे में अंदर छिपाई गई मिलावट का पता लगाना मुश्किल हो सकता है। इसी वजह से जांच के मौजूदा तरीकों को और मजबूत बनाने की मांग उठ रही है।
इंडस्ट्री में नाराजगी
कुछ हॉलमार्किंग केंद्रों की मिलीभगत से फर्जी शुद्धता रिपोर्ट जारी होने के आरोपों ने पूरे सिस्टम की पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं। व्यापारिक संगठनों ने सरकार से रेनियम के आयात पर तत्काल प्रतिबंध लगाने और इस पूरे मामले पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) और जेम एंड ज्वेलरी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (GJEPC) जैसे शीर्ष संगठनों ने गहरी चिंता व्यक्त की है। ज्वेलर्स इंडस्ट्री के जानकारों का कहना है कि जब तक जांच की नई तकनीकें पूरी तरह लागू नहीं हो जातीं, तब तक ग्राहकों को सतर्क रहना होगा।
ज्वेलर्स एसोसिएशन की चेतावनी
ऑल इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय प्रवक्ता और मुंबई जवेरी बाजार ज्वेलर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष कुमार जैन कहते हैं कि सोने में रेनियम धातु की मिलावट को लेकर रिपोर्ट सामने आ रही हैं इसमें सच्चाई है। इस धातु को सोने के अंदर एक खास जगह पर फिट किया जाता है, जिससे सामान्य जांच में इसकी पहचान करना मुश्किल हो सकता है। जैन ने बताया कि मुंबई में सोने की शुद्धता जांचने के लिए अत्याधुनिक कंप्यूटराइज्ड मशीनें उपलब्ध हैं। इन मशीनों के जरिए सोने में मौजूद अलग-अलग धातुओं और उनकी मात्रा की जानकारी मिलती है।
BIS ने बुलाई विशेष बैठक
मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने 23 नवंबर को विशेष बैठक बुलाई। ज्वेलरी संगठनों ने भी सरकार से मामले की जांच और रेनियम के आयात पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
सोना खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
ज्वेलर्स एसोसिएशन ने ग्राहकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खरीदारी करते समय प्रतिष्ठित ज्वेलर को प्राथमिकता दें। गहने पर मौजूद 6 अंकों के HUID नंबर को BIS Care App पर जरूर जांचें। इसके अलावा पक्का GST बिल लें, जिसमें सोने का कैरेट और वजन स्पष्ट लिखा हो।
विशेषज्ञों के मुताबिक, फिलहाल घबराने के बजाय सतर्क रहना जरूरी है। सोने की खरीदारी में हॉलमार्क, बिल और ज्वेलर की विश्वसनीयता की जांच जरूर करें।
नई दिल्ली, एजेंसी। भारत में सोने का आयात इस साल अप्रैल-अक्टूबर के दौरान सालाना आधार पर लगभग 40 प्रतिशत घट गया। इन सात महीनों के दौरान देश ने 24.7 अरब डॉलर मूल्य का सोना खरीदा है। उद्योग निकाय चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) के चेयरमैन बृजेश गोयल ने सोमवार को यह जानकारी दी।
गोयल के अनुसार भारत ने अप्रैल से अक्टूबर, 2025 के बीच 41.24 अरब डॉलर मूल्य का सोना आयात किया था, जबकि इस साल समान अवधि में यह आंकड़ा 24.7 अरब डॉलर रहा यानी इसमें 16.46 अरब डॉलर की गिरावट आई है। उन्होंने कहा कि ये आंकड़े चालू वित्त वर्ष के दौरान सोने की खरीद में आई बड़ी कमी को दर्शाते हैं। गोयल ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में सोने का आयात लगभग 72 अरब डॉलर रहा था, जबकि 2026-27 के लिए इसके 35 अरब डॉलर से 40 अरब डॉलर के बीच रहने का अनुमान है।
गोयल ने सोने की खरीद में आई इस गिरावट का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील को देते हुए कहा कि यह कमी व्यापारिक आंकड़ों में साफ दिख रही है। उन्होंने सोने की कीमतों में आई गिरावट का भी जिक्र किया और कहा कि इससे उपभोक्ताओं तथा व्यापारियों के लिए इस कीमती धातु को खरीदने की लागत कम हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील के समय सोने की कीमत लगभग 1.90 करोड़ रुपए प्रति किलोग्राम थी और तब से यह घटकर करीब 1.25 करोड़ रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई है यानी लगभग 65 लाख रुपए प्रति किलोग्राम की गिरावट आई है। गोयल ने कहा कि कीमतों में इस बदलाव से आभूषण विक्रेताओं और व्यापारियों को अपना स्टॉक संभालने में मदद मिली है, जबकि उपभोक्ता तुलनात्मक रूप से कम कीमतों पर सोना खरीद पाए हैं।