रायपुर, एजेंसी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 17, 18 और 19 मई को छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। रविवार रात 8:15 बजे वे रायपुर पहुंचे। शाह आज रात यहीं रुकेंगे। एयरपोर्ट से वे सीधे मेफेयर रिसॉर्ट के लिए रवाना हुए।
दौरे के दौरान रायपुर और बस्तर संभाग में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जानकारी के मुताबिक, अमित शाह कल नेतानार जाएंगे और जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक लेंगे। इसके अलावा डायल-112 के 400 वाहन रवाना करेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहुंचे रायपुर
इस दौरान उनका फोकस सुरक्षा व्यवस्था, बस्तर में विकास कार्यों की समीक्षा, जनसुविधाओं के विस्तार और मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक पर रहेगा।
खास बात यह है कि इस दौरे में सुरक्षा और विकास के बीच संतुलन बनाने की कोशिश नजर आएगी। डायल-112 सेवा के विस्तार से लेकर बस्तर में जन सुविधा केंद्र के उद्घाटन, फॉरेंसिक यूनिट्स, और शहीद जवानों को श्रद्धांजलि तक, कार्यक्रमों की पूरी श्रृंखला इसी दिशा में तैयार की गई है।
मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में सीएम विष्णुदेव साय समेत 4 राज्यों के मुख्यमंत्री होंगे शामिल। (फाइल)
डायल-112 सेवा का पूरे प्रदेश में विस्तार
18 मई सोमवार की सुबह अमित शाह राजधानी के पुलिस ट्रेनिंग स्कूल पहुंचेंगे। यहां सुबह 10:40 बजे से 10:50 बजे के बीच वे डायल-112 सेवा के लिए शामिल 400 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
यह कार्यक्रम राज्य सरकार की उन बड़ी योजनाओं में शामिल है, जिनके जरिए पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम को मजबूत करने की तैयारी की गई है। अभी तक डायल-112 सेवा प्रदेश के 16 जिलों तक सीमित थी, लेकिन अब इसे पूरे छत्तीसगढ़ में लागू किया जा रहा है।
डिप्टी सीएम विजय शर्मा पहले ही बता चुके हैं कि नई व्यवस्था के बाद प्रदेश के सभी थानों तक डायल-112 की पहुंच सुनिश्चित की जाएगी। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस सहायता पहले की तुलना में ज्यादा तेज और प्रभावी हो सकेगी।
हर जिले को मिलेगी फॉरेंसिक जांच की सुविधा
राज्य सरकार इस दौरे के दौरान अपराध जांच सिस्टम को तकनीकी रूप से मजबूत करने की दिशा में भी बड़ा कदम उठाने जा रही है। जानकारी के मुताबिक प्रदेश के सभी 33 जिलों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट्स रवाना की जाएंगी।
इन विशेष वाहनों में आधुनिक फॉरेंसिक उपकरण लगाए गए हैं, जिनकी मदद से घटनास्थल पर ही शुरुआती वैज्ञानिक जांच संभव हो सकेगी। इससे अपराधों की विवेचना में तेजी आएगी और जांच की गुणवत्ता भी बेहतर होगी।
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के इससे पहले के बस्तर दौरे की तस्वीरें।
रायपुर से सीधे बस्तर रवाना होंगे शाह
रायपुर कार्यक्रम के बाद केंद्रीय गृहमंत्री सुबह 11:05 बजे विशेष विमान से जगदलपुर के लिए रवाना होंगे। करीब 11:50 बजे उनका आगमन मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर होगा। यहां से वे बीएसएफ हेलीकॉप्टर के जरिए बस्तर जिले के नेतानार पहुंचेंगे।
नेतानार में दोपहर 12:20 बजे से 12:50 बजे तक जन सुविधा केंद्र के उद्घाटन का कार्यक्रम निर्धारित है। माना जा रहा है कि यह केंद्र स्थानीय ग्रामीणों को प्रशासनिक और सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा।
बस्तर क्षेत्र लंबे समय से सुरक्षा चुनौतियों और विकास की जरूरतों के बीच संतुलन की चर्चा का केंद्र रहा है। ऐसे में शाह का यह दौरा राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अमर वाटिका में शहीद जवानों को देंगे श्रद्धांजलि
नेतानार कार्यक्रम के बाद अमित शाह दोपहर करीब 1:25 बजे जगदलपुर स्थित अमर वाटिका पहुंचेंगे। यहां वे शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
बस्तर क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियानों के दौरान कई जवानों ने अपनी जान गंवाई है। ऐसे में अमर वाटिका में श्रद्धांजलि कार्यक्रम को सुरक्षा बलों के मनोबल से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
बादल एकेडमी में होगी विकास और सुरक्षा पर चर्चा
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद अमित शाह जगदलपुर के एक निजी होटल पहुंचेंगे, जहां दोपहर भोजन के बाद बैठकों का दौर शुरू होगा।
दोपहर 2:35 बजे से वे बादल एकेडमी में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा करेंगे। इस दौरान बस्तर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, सुरक्षा अभियानों और जनकल्याण योजनाओं की समीक्षा की जाएगी।
इसके बाद होटल ग्रैंड एम्बिशन में अलग-अलग विभागों की ओर से प्रेजेंटेशन भी दिए जाएंगे। माना जा रहा है कि इन प्रस्तुतियों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, कनेक्टिविटी, सुरक्षा और पुनर्वास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हो सकती है।
भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात और लोक संस्कृति कार्यक्रम
शाम के समय अमित शाह भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे फिर से बादल अकादमी पहुंचेंगे, जहां ‘बस्तर के संग’ नाम से आयोजित लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
इस कार्यक्रम में बस्तर की पारंपरिक लोक कला, नृत्य और संस्कृति की झलक पेश की जाएगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ रात्रि भोज का आयोजन भी रखा गया है। इसके बाद शाह जगदलपुर में ही रात्रि विश्राम करेंगे।
19 मई को होगी मध्य क्षेत्रीय परिषद की अहम बैठक
दौरे के तीसरे दिन यानी 19 मई मंगलवार को जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगी। इसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे।
इस बैठक में 4 राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में अंतरराज्यीय समन्वय, क्षेत्रीय विकास, सुरक्षा व्यवस्था, नक्सल प्रभावित इलाकों की स्थिति और प्रशासनिक सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि इसमें राज्यों के बीच समन्वय से जुड़े कई लंबित मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद दिल्ली रवाना होंगे
बैठक के बाद दोपहर भोजन का कार्यक्रम रखा गया है। इसके बाद अमित शाह दोपहर 2:50 बजे से 3:30 बजे तक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान वे सुरक्षा, विकास और परिषद बैठक से जुड़े अहम फैसलों की जानकारी साझा कर सकते हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद वे जगदलपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और शाम 3:45 बजे विशेष विमान से दिल्ली लौट जाएंगे। उनका विमान शाम 6 बजे पालम स्थित एयरफोर्स स्टेशन पहुंचेगा, जहां से वे सड़क मार्ग से अपने आवास रवाना होंगे।
अमित शाह के इस दौरे को छत्तीसगढ़, खासकर बस्तर क्षेत्र के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सुरक्षा और विकास के एजेंडे के साथ हो रहे इस दौरे पर राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर नजर बनी हुई है।
बिलासपुर/कोरबा। एसईसीएल मुख्यालय, बिलासपुर में आज दिनांक 07 नवंबर 2026 (शनिवार) को दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में प्रशासनिक भवन के कैश कक्ष में माँ लक्ष्मी की विधिवत पूजा-अर्चना की गई।
इस अवसर पर निदेशक (वित्त) डारला सुनील कुमार सहित वित्त विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
पूजन उपरांत प्रसाद वितरण किया गया। सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए सुख, शांति, समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।
रायपुर, एजेंसी। धनतेरस पर रायपुर में सदर बाजार हलवाई लाइन स्थित आनंद ज्वेलर्स से महिला ठग ने सोने का हार पार कर दिया। जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। महिला दुकान में ग्राहक बनकर आई थी। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
दुकान संचालक आनंद पारख के मुताबिक, महिला ने बेहद शातिर तरीके से दुकान के कर्मचारियों का ध्यान भटकाया और काउंटर पर रखे सोने के हार पर हाथ साफ कर दिया। महिला ने हार अपने पास छिपा लिया और वहां से रफूचक्कर हो गई।
सीसीटीवी में कैद हुई करतूत
जब दुकान के कर्मचारियों ने स्टॉक का मिलान किया और सोने का हार गायब पाया, तो उनके होश उड़ गए। इसके तुरंत बाद दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
वीडियो में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है कि किस तरह साड़ी पहनी एक महिला बड़े आराम से काउंटर के पास खड़ी होकर हार चुरा रही है।
आनंद ज्वेलर्स से महिला ठग ने सोने का हार पार कर दिया।
तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान से सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस फुटेज के आधार पर महिला की पहचान करने और उसकी तलाश में जुटी हुई है। आसपास की दुकानों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जिससे महिला के आने-जाने के रास्ते का पता चल सके।
त्योहारों के सीजन से ठीक पहले इस तरह दिनदहाड़े हुई चोरी की इस घटना ने सराफा व्यापारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जल्द ही आरोपी महिला को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
कोरबा। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत एवं कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने दीपावली के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों एवं क्षेत्र की जनता को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि दीपावली प्रकाश, खुशहाली और आपसी प्रेम एवं सद्भाव का पर्व है। यह पर्व सभी के जीवन में नई उमंग, ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करे। उन्होंने माता लक्ष्मी एवं भगवान श्रीगणेश से सभी के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाल जीवन की कामना की है।