Connect with us

विदेश

बांग्लादेश के 21 जिलों में हिंसा:24 घंटे में 22 वाहन फूंके, ट्रेन का कोच भी जलाया, पूर्व PM हसीना की वापसी के ऐलान पर तनाव

Published

on

ढाका, एजेंसी। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी के ऐलान के बाद बांग्लादेश में हिंसा फिर भड़क गई है। सोमवार रात से मंगलवार शाम तक देश के कम से कम 21 जिलों में आगजनी की घटनाएं सामने आईं। बसों और ट्रेन के कोच में आग लगाई गई। सरकारी दफ्तरों और शिक्षण संस्थानों के गेट भी बंद कर दिए गए।

बांग्लादेश पुलिस और ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस (DMP) के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 11 जिलों में 22 वाहनों को आग लगाई गई। ढाका और छह अन्य जिलों में कम से कम 28 जगह देसी बम धमाकों की घटनाएं हुईं।

पुलिस मुख्यालय का दावा है कि इन घटनाओं के पीछे शेख हसीना की पार्टी के समर्थक हैं। पुलिस के मुताबिक, हसीना की बांग्लादेश वापसी की घोषणा के बाद हिंसा की घटनाएं शुरू हुईं।

बस में आग लगाई, ड्राइवर की मौत

सोमवार देर रात फरीदपुर शहर के गोलाचामट इलाके में न्यू बस टर्मिनल पर खड़ी एक बस में आग लगा दी गई। पुलिस के मुताबिक, बाइक पर तीन लोग आए थे। इनमें से एक ने बस पर पेट्रोल डाला और आग लगा दी।

घटना के समय बस ड्राइवर मोहम्मद कलाचन अंदर सो रहे थे। आग लगने के बाद वे बाहर निकलने में कामयाब रहे, लेकिन धुआं सांस में जाने से उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कलाचन गोपालगंज जिले के मुक्सुदपुर उपजिला के दिगनगर गांव के रहने वाले थे।

चट्टोग्राम के पहाड़तली इलाके के सागरिका और कलूरघाट में दो यात्री बसों को आग लगा दी गई। बरगुना के बेतागी में नगर निगम के ट्रक और मानिकगंज बस स्टैंड पर एक बस को फूंक दिया गया। नाओगांव में अल बराका परिवहन की दो बसें भी आग की चपेट में आ गईं।

किशोरगंज के बाजितपुर में कॉलेज की बस जला दी गई। ढाका के पास सावर और धामराई में अलग-अलग घटनाओं में दो वाहनों को निशाना बनाया गया। हालांकि, पुलिस ने दावा किया कि नाटोर में सामान से लदे ट्रक में आग दुर्घटनावश लगी थी।

पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प

मंगलवार सुबह गोपालगंज के टुंगीपाड़ा में तनाव बढ़ गया। सुबह करीब 9:30 बजे प्रतिबंधित छात्र लीग के कार्यकर्ताओं ने गोहारडांगा चौरंगी चौराहे पर सामान जलाकर सड़क जाम कर दी। बाद में अवामी लीग और जुबो लीग के कार्यकर्ता भी उनके साथ शामिल हो गए।

प्रदर्शनकारी जब पाटगाती बाजार की ओर जुलूस निकाल रहे थे, तब एक स्थानीय बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) कार्यालय के बाहर लगे कई बैनर और सजावटी पट्टियां तोड़ दी गईं।

पुलिस ने जुलूस रोकने की कोशिश की तो झड़प शुरू हो गई। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, इसमें कम से कम 10 लोग घायल हुए। टुंगीपाड़ा थाने के प्रभारी अधिकारी अयूब अली ने बताया कि कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ की और उसे आग लगा दी। काशियानी और गोपालगंज शहर के कई इलाकों में भी सड़क जाम किए जाने की खबरें आईं।

पुलिस बोली- पैसे देकर लोगों से हमले कराए जा रहे

पुलिस ने इन हमलों के पीछे शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के लोगों का हाथ होने का शक जताया है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी शुरुआती दौर में है।

अख्तर हुसैन ने बताया कि जांच में ऐसे संकेत मिले हैं कि कुछ लोगों को पैसे देकर हमले करने के लिए तैयार किया गया था।

अवामी लीग ने पुलिस के आरोपों को खारिज किया है। पार्टी के प्रवक्ता मोहम्मद अली आराफात ने दावा किया कि विरोधी गुट पार्टी को बदनाम करने और हमलों का आरोप उस पर डालने के लिए ये घटनाएं करवा रहे हैं।

2024 में देश छोड़कर भारत आई थीं हसीना

बांग्लादेश में जून 2024 में सरकारी नौकरियों में आरक्षण के खिलाफ छात्र आंदोलन शुरू हुआ था। हाईकोर्ट ने 1971 की आजादी की लड़ाई में शामिल स्वतंत्रता सेनानियों के बच्चों और पोते-पोतियों को सरकारी नौकरियों में 30% आरक्षण देने का फैसला सुनाया था।

छात्रों ने इसका विरोध किया। उनकी मांग थी कि सरकारी नौकरियों में भर्ती आरक्षण के बजाय योग्यता के आधार पर हो। जुलाई में प्रदर्शन तेज हो गए। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़पें हुईं। पुलिस पर प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने और जरूरत से ज्यादा बल इस्तेमाल करने के आरोप लगे।

इसके बाद छात्रों ने हसीना के इस्तीफे की मांग शुरू कर दी। 5 अगस्त 2024 को हजारों प्रदर्शनकारी ढाका में तत्कालीन पीएम हसीना के सरकारी आवास तक पहुंच गए। इसके बाद हसीना सैन्य विमान से भारत आ गईं। तब से वह भारत में रह रही हैं।

Continue Reading

देश

ब्रिटेन में दिवाली समारोह के ऐतिहासिक पल, संसद में पहली बार गूंजा हनुमान चालीसा, तबले और हारमोनियम की धुन पर गूंजी चौपाइयां

Published

on

लंदन, एजेंसी। ब्रिटेन के हाउस ऑफ लॉर्ड्स में दिवाली समारोह के दौरान पहली बार हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। 9 नवंबर को वेस्टमिंस्टर स्थित पैलेस ऑफ वेस्टमिंस्टर के चोलमोंडेली कक्ष और छत पर आयोजित इस कार्यक्रम में ब्रिटिश सांसदों, सामुदायिक नेताओं और ब्रिटिश एशियाई समुदाय के लोगों ने भाग लिया। लेबर एशियंस सोसायटी की ओर से आयोजित इस समारोह का नेतृत्व हियर एंड नाउ365 के संस्थापक मनीष तिवारी ने किया, जबकि इसकी मेजबानी लेबर एशियंस सोसायटी के संरक्षक लॉर्ड उदय नागराजू ऑफ ब्लूम्सबरी ने की। कार्यक्रम में तबले और हारमोनियम की सजीव संगत के साथ हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। ब्रिटिश संसद के इस प्रतिष्ठित सदन में पहली बार हुए इस आयोजन को समुदाय के लिए एक यादगार क्षण बताया गया।

दोनों विश्व युद्धों में शहीद भारतीय सैनिकों को भी किया याद
यह कार्यक्रम ब्रिटेन में रिमेंबरेंस संडे के एक दिन बाद आयोजित किया गया। समारोह की शुरुआत मनीष तिवारी के नेतृत्व में एक मिनट का मौन रखकर की गई। इस दौरान युद्धों में देश के लिए अपनी जान गंवाने वाले सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गई। विशेष रूप से भारतीय उपमहाद्वीप के उन सैनिकों को भी याद किया गया, जिन्होंने दोनों विश्व युद्धों में ब्रिटिश सेनाओं के साथ मिलकर लड़ाई लड़ी थी। मनीष तिवारी ने अपने संबोधन में दिवाली को विभिन्न समुदायों और धर्मों को जोड़ने वाला प्रकाश पर्व बताया। उन्होंने कहा कि दिवाली समुदायों के बीच की दूरियों को मिटाने वाली रोशनी है और हमारी साझा प्राचीन विरासत का अहम हिस्सा है। यह पर्व हिंदू, सिख, जैन और बौद्ध समुदायों के साथ-साथ आज ब्रिटेन में हर पृष्ठभूमि के लोगों द्वारा मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि हाउस ऑफ लॉर्ड्स में पहली बार हनुमान चालीसा का पाठ होना ऐसा पल है, जिसे समुदाय लंबे समय तक याद रखेगा।

लॉर्ड उदय नागराजू ने बताई दिवाली की अहमियत
मेहमानों का स्वागत करते हुए लॉर्ड उदय नागराजू ने सार्वजनिक जीवन में लेबर एशियंस सोसायटी के योगदान और विभिन्न समुदायों को एक साथ लाने के उसके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि दिवाली अंधकार पर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्सव है। हाउस ऑफ लॉर्ड्स में इस समारोह की मेजबानी करना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने मनीष तिवारी और लेबर एशियंस सोसायटी की पूरी टीम का आभार भी जताया। लेबर एशियंस सोसायटी के अध्यक्ष अत्ता हक ने लॉर्ड उदय नागराजू, हियर एंड नाउ365 और कार्यक्रम में शामिल हुए सभी अतिथियों का धन्यवाद किया। उन्होंने ब्रिटिश एशियाई समुदाय की सार्वजनिक जीवन में भागीदारी बढ़ाने और विभिन्न समुदायों के बीच संबंध मजबूत करने के लिए संगठन के प्रयासों पर प्रकाश डाला।

कई प्रमुख हस्तियों ने की शिरकत
समारोह में स्मेथविक से सांसद गुरिंदर सिंह जोसन, ईलिंग साउथॉल के पूर्व सांसद वीरेंद्र शर्मा, मानवीय सहायता संगठन गो धर्मिक के संस्थापक हनुमान दास और ग्रांट थॉर्नटन से चंद्रू अय्यर सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। इनके अलावा समुदाय के नेताओं, कारोबार जगत के प्रतिनिधियों और अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। मारिया सरोया हक ने धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया और आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले मेजबान, प्रायोजकों, संगीतकारों और अतिथियों के प्रति आभार जताया। समारोह का समापन छत पर मेहमानों के एक-दूसरे को दिवाली की शुभकामनाएं देने के साथ हुआ।

Continue Reading

देश

कोरोना ने फिर बढ़ाई टेंशन; कनाडा से निकला नया वेरिएंट कई देशों तक पहुंचा, अमेरिका और यूरोप भी चपट में

Published

on

वाशिंगठन, एजेंसी। कोरोना वायरस का नया वेरिएंट PJ.2.1 दुनिया के कई देशों में फैल रहा है। मई 2026 में कनाडा के ओंटारियो में पहली बार इसकी पहचान हुई थी। इसके बाद अमेरिका, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और एशिया के कुछ हिस्सों में भी इसके संक्रमण सामने आए हैं। इसके तेजी से बढ़ते प्रसार ने वैज्ञानिकों का ध्यान खींचा है और एक बार फिर कोरोना संक्रमण की नई लहर की आशंका को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।  ‘जर्नल ऑफ इन्फेक्शन’ में प्रकाशित शुरुआती शोध के मुताबिक, PJ.2.1 कोरोना वायरस का एक अत्यधिक परिवर्तित रूप है। इसके स्पाइक प्रोटीन में बड़ी संख्या में आनुवंशिक बदलाव हुए हैं। हालांकि, शुरुआती प्रयोगों से संकेत मिला है कि इसके तेजी से फैलने की वजह वैक्सीन से बनी एंटीबॉडी को चकमा देने की क्षमता के बजाय इंसानी कोशिकाओं से मजबूती से जुड़ने की क्षमता हो सकती है।
 

कोरोना वायरस का स्पाइक प्रोटीन उसकी बाहरी सतह पर मौजूद संरचना होती है। इसी की मदद से वायरस इंसानी कोशिकाओं तक पहुंचता है और उनमें प्रवेश करता है। PJ.2.1 के स्पाइक प्रोटीन में बड़ी संख्या में बदलाव पाए गए हैं। वैज्ञानिकों के मुताबिक, इतने अधिक बदलाव वाले वायरस को ‘साल्टेशन वेरिएंट’ कहा जाता है। ऐसे वेरिएंट में सामान्य रूप से धीरे-धीरे बदलाव होने के बजाय एक साथ बड़ी संख्या में आनुवंशिक परिवर्तन दिखाई देते हैं। ‘जर्नल ऑफ इन्फेक्शन’ में प्रकाशित शोध के अनुसार, PJ.2.1 की तेजी से फैलने की एक संभावित वजह ACE2 रिसेप्टर से इसका मजबूत जुड़ाव है। ACE2 इंसानी कोशिकाओं की सतह पर मौजूद एक रिसेप्टर है, जिसका इस्तेमाल कोरोना वायरस कोशिकाओं में प्रवेश करने के लिए करता है। प्रयोगशाला में किए गए परीक्षणों में PJ.2.1 के स्पाइक प्रोटीन ने कुछ अन्य वेरिएंट की तुलना में कोशिकाओं में प्रवेश की अधिक क्षमता दिखाई। शोधकर्ताओं का मानना है कि ACE2 से मजबूत जुड़ाव इस वेरिएंट के प्रसार को बढ़ावा दे सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी और अध्ययन की जरूरत है।

क्या वैक्सीन की इम्युनिटी को दे सकता चकमा ? 
नए वेरिएंट को लेकर सबसे बड़ी चिंता यह है कि क्या यह पहले से बनी प्रतिरक्षा को कमजोर कर सकता है। शुरुआती शोध में इस सवाल का कुछ हद तक जवाब मिला है।  शोधकर्ताओं ने पाया कि जिन लोगों ने नए वेरिएंट के अनुरूप तैयार की गई वैक्सीन की खुराक ली थी, उनके शरीर में बनी एंटीबॉडी PJ.2.1 को निष्क्रिय करने में प्रभावी रहीं। अध्ययन में इस वेरिएंट ने दूसरे प्रमुख वेरिएंट की तुलना में एंटीबॉडी से बच निकलने की असाधारण क्षमता नहीं दिखाई।  इससे संकेत मिलता है कि इसका तेजी से फैलना केवल प्रतिरक्षा को चकमा देने की वजह से नहीं है। हालांकि, अलग-अलग लोगों में प्रतिरक्षा का स्तर अलग हो सकता है और इस विषय पर निगरानी जरूरी है।

कनाडा से अमेरिका और यूरोप तक फैला
शोध के अनुसार, PJ.2.1 की पहली पहचान 2 मई 2026 को कनाडा के ओंटारियो में हुई थी। इसके बाद कनाडा के अन्य प्रांतों में भी इसके मामले सामने आए।30 जून को अमेरिका के न्यूयॉर्क में इसका पहला मामला मिला। इसके बाद कैलिफोर्निया, एरिजोना, न्यू जर्सी, वर्जीनिया, फ्लोरिडा समेत कई राज्यों में इसकी मौजूदगी दर्ज की गई। इसके अलावा सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, इजराइल, फ्रांस और स्पेन में भी इस वेरिएंट के संक्रमण की पुष्टि हुई है।  PJ.2.1 के तेजी से फैलने से कोरोना संक्रमण की एक और लहर को लेकर सवाल उठने लगे हैं।  शुरुआती शोध में इस वेरिएंट के अधिक गंभीर बीमारी पैदा करने, अस्पताल में भर्ती होने या मौतों का खतरा बढ़ाने के ठोस प्रमाण नहीं मिले हैं। वैज्ञानिकों का कहना है कि इसके व्यवहार, प्रसार और मौजूदा प्रतिरक्षा पर प्रभाव को समझने के लिए लगातार निगरानी और विस्तृत अध्ययन जरूरी है। 

Continue Reading

विदेश

ट्रंप की पहल रंग लाई; रूस-यूक्रेन के बीच सबसे बड़े समझौते की तैयारी, अबू धाबी में  कैदियों की अदला-बदली पर बनी सहमति

Published

on

अबू धाबी, एजेंसी। अमेरिका की मध्यस्थता में अबू धाबी में  रूस और यूक्रेन के बीच दो दिन तक चली बातचीत बुधवार को समाप्त हो गई। इस दौरान दोनों देशों ने युद्धबंदियों की अब तक की सबसे बड़ी अदला-बदली करने पर सहमति जताई। हालांकि, इसमें शामिल कैदियों की अंतिम संख्या बृहस्पतिवार को तय की जाएगी।अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर ने वार्ता समाप्त होने के बाद कहा कि बातचीत का एक सकारात्मक नतीजा यह रहा कि दोनों पक्ष कैदियों की सबसे बड़ी मानवीय रिहाई के लिए सहमत हुए हैं। रूसी प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख व्लादिमीर मेडिंस्की और यूक्रेन की ओर से वार्ता का नेतृत्व कर रहे रुस्तेम उमेरोव ने भी इस सहमति की पुष्टि की।
नौ महीने बाद फिर शुरू हुई बातचीत
रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों के बीच करीब नौ महीने बाद यह पहली सीधी बैठक थी। इससे पहले दोनों देशों के बीच फरवरी में जिनेवा में बातचीत हुई थी। हालांकि, इस बार भी युद्ध समाप्त करने को लेकर किसी बड़े समझौते की उम्मीद कम थी। करीब पांच साल से जारी युद्ध के दौरान दोनों देश समय-समय पर युद्धबंदियों की अदला-बदली करते रहे हैं। इस बार बातचीत में कैदियों की रिहाई के अलावा यूक्रेन के हिरासत में लिए गए नागरिकों की वापसी और रूस ले जाए गए।   
पुतिन और जेलेंस्की से मिलेंगे कुशनर
कुशनर ने बताया कि वह और अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ बृहस्पतिवार को मॉस्को जाएंगे, जहां उनकी मुलाकात रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से होगी। इसके बाद वे डबलिन जाकर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मिलेंगे।  अमेरिका इन बैठकों के जरिए अपनी शांति पहल को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने अबू धाबी की बातचीत को बेहद उपयोगी बताया, लेकिन साथ ही कहा कि युद्ध रोकने की दिशा में किसी ठोस सफलता तक पहुंचने में समय लगेगा।
सुरक्षा गारंटी पर भी हुई चर्चा
यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने मंगलवार की बैठक को रचनात्मक और काफी सार्थक बताया था। उनके अनुसार, बातचीत में मानवीय मुद्दों के साथ यूक्रेन की सुरक्षा गारंटी पर भी चर्चा हुई। हालांकि, रूस और यूक्रेन ने अपनी प्रमुख मांगों पर समझौता करने की कोई इच्छा नहीं दिखाई है। यूक्रेन का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को यूरोपीय अधिकारियों से भी मिलने वाला था। यूरोपीय देशों, यूरोपीय संघ और नाटो के प्रतिनिधि अबू धाबी में मौजूद थे और यूक्रेनी पक्ष के साथ विचार-विमर्श कर रहे थे। रूस हालांकि प्रत्यक्ष वार्ता में यूरोपीय देशों की भागीदारी का विरोध करता रहा है। शांति वार्ता के बीच दोनों देशों के बीच सैन्य संघर्ष थमा नहीं है। रूस और यूक्रेन लंबी दूरी की मिसाइलों और ड्रोन से एक-दूसरे को निशाना बना रहे हैं।

इस साल मोर्चे पर जमीन के कब्जे में बहुत बड़ा बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन हमलों की तीव्रता बनी हुई है।रूस ने रातभर में यूक्रेन के जापोरिज्जिया क्षेत्र और पूर्वी शहर खारकीव पर हमले किए। इन हमलों में सात नागरिक घायल हुए और संपत्ति को नुकसान पहुंचा। दूसरी ओर, रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने रातभर में यूक्रेन के 627 ड्रोन मार गिराए। इनमें से 150 ड्रोन सेंट पीटर्सबर्ग के आसपास के क्षेत्र में नष्ट किए गए। क्षेत्रीय गवर्नर अलेक्जेंडर द्रोज्देंको के अनुसार, ड्रोन हमले के कारण रूस के प्रमुख तेल निर्यात केंद्र उस्त-लुगा बंदरगाह पर आग लग गई और तीन कर्मचारी घायल हो गए। अबू धाबी में हुई बातचीत से युद्धबंदियों की रिहाई का रास्ता जरूर खुला है, लेकिन युद्ध समाप्त करने की दिशा में अब भी कोई ठोस सहमति नहीं बन पाई है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677