रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ में धनतेरस पर बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। प्रदेश के सभी जिलों में सोने-चांदी, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन और पटाखों की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ी।
व्यापारिक संगठनों के मुताबिक, प्रदेशभर में 12 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का कारोबार हुआ। सबसे ज्यादा रौनक ऑटोमोबाइल सेक्टर में रही, जहां बाइक-स्कूटी से लेकर कार, ट्रैक्टर और कॉमर्शियल वाहनों तक की रिकॉर्ड खरीदारी हुई।
रायपुर से बिलासपुर, दुर्ग रायगढ़ और जगदलपुर तक बाजार गुलजार रहे। प्रदेश में 1.30 लाख से ज्यादा दोपहिया, 10 हजार से अधिक कारें और करीब 10 हजार ट्रैक्टर, कॉमर्शियल वाहन, जेसीबी और थ्री-व्हीलर बिकने का अनुमान है।
अकेले बिलासपुर में करीब 1000 करोड़ रुपए के कारोबार का अनुमान कारोबारियों ने लगाया है। दुर्ग जिले में लगभग 300 करोड़, रायगढ़ जिले में 30 से 38 करोड़ और जगदलपुर में 30 से 35 करोड़ का कारोबार होने का अनुमान है।
सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद सराफा बाजार में सिक्कों, मूर्तियों और गहनों की मांग बनी रही। बर्तन बाजार में पीतल, तांबे और कांसे के बर्तन बिके, तो इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों में टीवी, फ्रिज और सजावटी लाइट की खरीदारी हुई।
पटाखा बाजार भी देर रात तक गुलजार रहे। बिलासपुर में एक ही दिन में 50 करोड़ रुपए से ज्यादा के पटाखे बिकने का दावा किया गया है। कारोबारियों के मुताबिक, इस बार की खरीदारी ने पिछले वर्षों के रिकॉर्ड तोड़ दिए।
सोने-चांदी खरीदारों की दुकानों पर उमड़ी भीड़।
धनतेरस पर बाजार में चांदी की भी चमक रही।
कार समेत 1.50 लाख से ज्यादा गाड़ियां बिकीं हैं।
रायपुर में 12 हजार दोपहिया और 3 हजार कारों की बिक्री
छत्तीसगढ़ चैंबर, कैट, फिक्की और सीआईआई के मुताबिक, रायपुर में धनतेरस और दिवाली पर करीब 2 से 2.5 हजार करोड़ रुपए का कारोबार हुआ।
वहीं, राडा के अनुसार राजधानी में करीब 12 हजार दोपहिया और 3 हजार कारें बिकीं। प्रदेशभर में वाहनों की कुल बिक्री 1.50 लाख से ज्यादा रही।
राडा अध्यक्ष कैलाश खेमानी के मुताबिक, कई वर्षों बाद प्रदेश में दिवाली के दौरान 1.50 लाख से ज्यादा वाहनों की बिक्री हुई है।
वहीं, छत्तीसगढ़ क्रेडाई अध्यक्ष पंकज लाहोटी ने बताया कि रजिस्ट्री प्रक्रिया में सुधार और अवैध प्लॉटिंग पर रोक का असर रियल एस्टेट कारोबार पर दिख रहा है।
बिलासपुर में 1000 करोड़ के कारोबार का अनुमान
बिलासपुर में धनतेरस पर ऑटोमोबाइल से लेकर सराफा बाजार तक खरीदारों की भीड़ रही। कारोबारियों के मुताबिक, शहर में करीब 1000 करोड़ रुपए का कारोबार हुआ है।
एक ही दिन में 500 से ज्यादा कारों की डिलीवरी हुई, जबकि करीब 200 कारों की बुकिंग की गई। सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद सिक्के, मूर्तियां और फैंसी ज्वेलरी की मांग रही।
गोलबाजार और शनिचरी बाजार के बर्तन दुकानों में भी सुबह से देर रात तक ग्राहक पहुंचे। तांबे, पीतल और कांसे के बर्तनों की जमकर बिक्री हुई। सराफा दुकानों में रात करीब 12 बजे तक खरीदारी चलती रही।
इलेक्ट्रॉनिक्स और पटाखा बाजार में भी भीड़
तेलीपारा और जूना बिलासपुर के इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में सजावटी लाइट, टीवी, फ्रिज और वॉशिंग मशीन जैसे सामान की मांग रही। बड़े इलेक्ट्रिकल स्टोर में पूरे दिन ग्राहकों की भीड़ दिखाई दी।
शहर में मुंगेली नाका स्थित ग्रीन पार्क मैदान, रिवर व्यू रोड और बुधवारी बाजार में पटाखों की दुकानें लगाई गई हैं। शुक्रवार को सुबह से देर रात तक यहां खरीदारों की भीड़ रही।
कारोबारियों ने एक ही दिन में 50 करोड़ रुपए से ज्यादा के पटाखे बिकने का दावा किया है।
दुर्ग में 300 करोड़ का कारोबार
चेंबर महामंत्री अजय भसीन के अनुसार, दुर्ग में ग्राहक धनतेरस की खरीदारी केवल एक दिन में न कर तीन दिनों में बांटकर करते हैं।
इस बार शुक्रवार, शनिवार और रविवार का संयोग मिलने के कारण खरीदारी का सकारात्मक असर बाजारों में लगातार तीन दिनों तक दिखाई दे रहा है।
उन्होंने बताया कि, धनतेरस के मुख्य दिन ही जिले में लगभग 300 करोड़ का कारोबार हो चुका है। शनिवार और रविवार की खरीदारी को मिलाकर यह आंकड़ा आसानी से 500 करोड़ के पार पहुंच जाएगा।
रायगढ़ में 30 से 38 करोड़ का सराफा कारोबार
रायगढ़ में धनतेरस पर करीब 30 से 38 करोड़ रुपए का कारोबार हुआ। CAIT (कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स) के सचिव मनीष उदासी के मुताबिक, सराफा बाजार में 12 से 15 करोड़ रुपए, ऑटोमोबाइल सेक्टर में 9 से 11 करोड़।
इलेक्ट्रॉनिक्स और मोबाइल बाजार में 4 से 5 करोड़, बर्तन बाजार में 2.5 से 3.5 करोड़ और कपड़ा, होम डेकोर सहित अन्य कारोबार में 2.5 से 3.5 करोड़ रुपए की बिक्री हुई। कुल कारोबार का अनुमान इन सभी सेक्टरों के आंकड़ों को जोड़कर लगाया गया है।
रायगढ़ में धनतेरस पर करीब 30 से 38 करोड़ रुपए का कारोबार हुआ है।
जगदलपुर में 30 से 35 करोड़ की खरीदारी
जगदलपुर में भी धनतेरस पर बाजारों में रौनक रही। कारोबारियों के मुताबिक, शहर में करीब 30 से 35 करोड़ रुपए के कारोबार का अनुमान है।
सोने-चांदी के छोटे आभूषणों के साथ ऑटोमोबाइल सेक्टर में ज्यादा खरीदारी हुई। इस साल 24 कैरेट सोने करीब 1 लाख 47 हजार रुपए तोला और चांदी का भाव करीब 1 लाख 90 हजार रुपए प्रति किलो रहा।
आज नरक चतुर्दशी, कल मनाई जाएगी दिवाली
धनतेरस के बाद आज (शनिवार) नरक चतुर्दशी और कल (रविवार) दिवाली मनाई जाएगी। नरक चतुर्दशी को छोटी दिवाली भी कहा जाता है।
इस दिन दीपक जलाने, घर की साफ-सफाई और भगवान श्रीकृष्ण, यमराज और हनुमान जी की पूजा का महत्व है।
ज्योतिषाचार्य पंडित मनोज तिवारी के अनुसार, इस दिन सूर्योदय से पहले स्नान कर घर की सफाई की जाती है। इसके बाद घर के द्वार और कोनों में दीपक जलाए जाते हैं।
मान्यता है कि यम दीप जलाने से परिवार पर आने वाली विपत्तियां दूर होती हैं और सुख-समृद्धि बनी रहती है।
रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी के लिए बेहतर अवसर है। प्रदेश की तीनों स्टेट पावर कंपनियों में 1501 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है।
इसके लिए 5 नवंबर को विस्तृत विज्ञापन जारी किया गया। ऑनलाइन आवेदन 6 नवंबर से शुरू हो चुके हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 26 नवंबर 2026 की रात 11:55 बजे तक आवेदन कर सकेंगे।
भर्ती में द्वितीय श्रेणी के 195 और तृतीय-चतुर्थ श्रेणी के 1306 पद शामिल हैं। सबसे ज्यादा 609 पद डाटा एंट्री ऑपरेटर के हैं। वहीं कनिष्ठ अभियंता इलेक्ट्रिकल के 167 पदों पर नियुक्ति होगी। इनमें जनरेशन कंपनी के 11, ट्रांसमिशन कंपनी के 32 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 124 पद हैं।
इंजीनियर से लेकर मेडिकल स्टाफ तक के पद
भर्ती में सहायक अभियंता के 152 पद शामिल हैं। इनमें मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर साइंस, आईटी और सिविल ब्रांच के पद हैं। इसके अलावा फायर ऑफिसर, सुरक्षा अधिकारी, प्रोग्रामर, शिफ्ट केमिस्ट और कनिष्ठ अभियंता के पद भी भरे जाएंगे।
तृतीय और चतुर्थ श्रेणी में अटेंडेंट प्लांट, फायर अटेंडेंट, स्टेनोग्राफर, सहायक लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स और रेडियोग्राफर सहित कई पद हैं।
डगनिया स्थित बिजली मुख्यालय।
26 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन
26 नवंबर तक आवेदन ऑनलाइन करना होगा। अभ्यर्थी नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या यूपीआई से शुल्क जमा कर सकेंगे। विज्ञापन के अनुसार तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी पात्र होंगे। शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य शर्तों की जानकारी आधिकारिक भर्ती विज्ञापन में दी गई है।
रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ की तत्कालीन DSP कल्पना वर्मा पर प्यार में फंसाकर करोड़ों रुपए ऐंठने का आरोप लगाने वाले होटल कारोबारी दीपक टंडन को गिरफ्तार किया गया है।
बिलासपुर पुलिस ने फर्जी खबरें प्रकाशित कर लोगों को ब्लैकमेल करने के मामले में उसे रायपुर से पकड़ा है। दीपक एक न्यूज पोर्टल चलाता है।
आरोप है कि वह AI की मदद से लोगों की तस्वीरों से छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक खबरें प्रकाशित करता था। इसके बाद खबरों के जरिए दबाव बनाकर उनसे रुपए वसूलता था।
पुलिस ने दीपक को न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया है। उसके पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, मोबाइल में कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिले हैं।
होटल कारोबारी दीपक टंडन गिरफ्तार।
शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
बिलासपुर पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर को तिफरा के महाराणा प्रताप नगर निवासी मणीशंकर पांडेय ने सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनकी तस्वीरों को AI से एडिट कर आपत्तिजनक और भ्रामक खबरें न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया पर पोस्ट की गईं। इससे उनकी छवि खराब करने और उन्हें ब्लैकमेल करने की कोशिश की गई।
जांच के दौरान दीपक टंडन (46) की भूमिका सामने आने पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। लोकेशन रायपुर में मिलने के बाद टीम ने 6 नवंबर को अपार्टमेंट में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।
दो मोबाइल जब्त, बाकी लोगों की भूमिका की जांच
गिरफ्तार आरोपी दीपक के खिलाफ पहले भी कई क्रिमिनल केस दर्ज हैं। उसके मोबाइल फोन पर पोर्टल से जुड़े कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिलने के बाद दोनों मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं।
ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली के आरोपों, डिजिटल मटीरियल और दूसरे नामजद आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
क्या है DSP कल्पना वर्मा केस ?
बता दें कि, रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन ने दंतेवाड़ा में पदस्थ रहीं DSP कल्पना वर्मा पर रिश्वत, ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
कारोबारी टंडन का दावा है कि, DSP ने पहले उन्हें लव ट्रैप में फंसाया। फिर शादी का झांसा देकर उनसे करोड़ों रुपए, महंगी गाड़ी और कीमती गहने ले लिए।
इस बीच DSP कल्पना ने बताया था कि, टंडन ने उनकी सोशल मीडिया से तस्वीरें निकालकर फर्जी चैट्स तैयार किए हैं।
इस मामले में उन्होंने लीगल एक्शन लेने की प्रक्रिया में आगे बढ़ जाने की बात कही थी। वहीं, आरोपों पर कहा कि, ये सिर्फ इसलिए किया गया है, क्योंकि टंडन हमारे पैसे वापस नहीं लौटा पा रहा था।
बालकोनगर 07 नवंबर 2026। इस दिवाली, अपने घरों को रोशन करने के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण की नई रोशनी भी जगाएं। जागृति स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार सजावटी दीये, दिवाली सजावट, सलोनी, नमकीन खाजा और छत्तीसगढ़ के पारंपरिक उत्पाद अब ब्लैकमेज़, सेक्टर-1, बालकोनगर में उपलब्ध हैं।
बालको सीएसआर के सहयोग से जागृति स्व सहायता समूह की महिलाएं अपने हुनर और मेहनत से आत्मनिर्भरता की नई कहानी लिख रही हैं। साडा कॉलोनी की भारती साहू वर्ष 2020 से इस समूह से जुड़ी हैं। बालको सीएसआर के सहयोग ने उन्हें घर की दहलीज से बाहर निकलकर अपने हुनर को पहचानने और उसे आजीविका का माध्यम बनाने का अवसर दिया।
आज भारती और उनके समूह की लगभग 35-36 महिलाएं मिलकर विभिन्न उत्पाद तैयार कर रही हैं। इन उत्पादों में स्थानीय परंपरा, महिलाओं की रचनात्मकता और उनकी मेहनत की झलक दिखाई देती है।
इस दिवाली, समूह के उत्पादों को खरीदना केवल त्योहार की खरीदारी नहीं, बल्कि स्थानीय महिला उद्यमियों के हुनर को प्रोत्साहित करने और उनके आत्मनिर्भर बनने के सफर में सहभागी बनने का अवसर है। इस दिवाली, खरीदें स्थानीय हुनर, बढ़ाएं महिला सशक्तिकरण।