खेल भावना से मिलती है सफलता और आगे बढ़ने की प्रेरणा : उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन
कोरबा । सीएसईबी पूर्व खेल मैदान में आयोजित चार दिवसीय 24वीं शालेय क्रीडा प्रतियोगिता का आज समापन हो गया। प्रतियोगिता में बिलासपुर संभाग ने प्रथम स्थान और सरगुजा ने द्वितीय और बस्तर संभाग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि लखन लाल देवांगन उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री छत्तीसगढ़ शासन द्वारा विजेता टीम के खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में पाली तानाखार विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम, सभापति नगर पालिक निगम श्याम सुंदर सोनी, नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल आदि शामिल हुए। मुख्य अतिथि देवांगन ने समापन समारोह में शामिल होकर प्रतियोगिता में सम्मिलित प्रदेश के सभी संभाग के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न अंग है। खेल से शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है। खेल भावना से खिलाड़ियों को सफलता और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। समापन समारोह में मंत्री श्री देवांगन ने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों तथा कोच, मैनेजरों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य स्तरीय क्रीडा प्रतियोगिता के लिए कोरबा जिले को मेजबानी मिलना गौरव का विषय है। सभी खिलाड़ियों ने कोरबा के मैदान में बेहतर प्रदर्शन किया है। उनका यह प्रदर्शन बेकार नहीं जाएगा, किसी न किसी रूप में उनकी मेहनत काम आएगी। अभ्यास से आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और एक न एक दिन आपकी मेहनत आपको ऊंचे मुकाम पर ले जाएगी। प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेल पाएंगे। खिलाड़ी भारत के भविष्य भी हैं और खेल में हुए मानसिक तथा शारीरिक विकास का लाभ उन्हें पुलिस तथा सैन्य सेवा में मिलेगा। उन्होंने शासन द्वारा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के माध्यम से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर दिए जाने की बात कहते हुए शासन की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। विधायक पाली तानाखार मरकाम ने समापन समारोह को सम्बोधित करते हुए सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामना दी। उन्होंने कहा कि खेलों का हमारे जीवन मे विशिष्ट महत्व है। खेल से शारीरिक मानसिक विकास होता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को अपने लक्ष्य प्राप्ति के लिए अर्जुन की तरह अभ्यास करने एवं राष्ट्र के विकास में सभी को आगे बढ़कर सहयोग प्रदान करने हेतु प्रेरित किया। समारोह के सभापति श्री सोनी, नेता प्रतिपक्ष श्री अग्रवाल ने भी संबोधित किया और खिलाड़ियों को बधाई तथा शुभकामनाएं दी। समापन समारोह में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। इस दौरान प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया। चार दिवसीय 24वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में 19 वर्षीय बालक बालिका क्रिकेट टूर्नामेंट अंतर्गत बालक वर्ग में प्रथम स्थान बिलासपुर संभाग, द्वितीय स्थान सरगुजा व तृतीय स्थान बस्तर संभाग ने हासिल किया। इसी प्रकार बालिका वर्ग में प्रथम स्थान बिलासपुर, द्वितीय दुर्ग एवं सरगुजा ने तृतीय स्थान अर्जित किया। नेटबॉल प्रतियोगिता में 14 वर्षीय बालक वर्ग में बिलासपुर ने पहला, रायपुर ने दूसरा, दुर्ग ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। बालिका 14 वर्ष में रायपुर ने पहला, बिलासपुर ने दूसरा , सरगुजा ने तीसरा स्थान बनाया। 17 वर्षीय बालक वर्ग में रायपुर पहला, बिलासपुर दूसरा, दुर्ग तीसरा, बालिका 17 वर्षीय वर्ग में पहला रायपुर, दूसरा बिलासपुर, तीसरा दुर्ग, 19 वर्षीय बालक वर्ग में बिलासपुर पहला, रायपुर दूसरा, दुर्ग तीसरा, बालिका 19 वर्षीय में रायपुर पहला, बिलासपुर दूसरा, दुर्ग तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में बिलासपुर संभाग ने कुल 32 अंक अर्जित कर सर्वश्रेष्ठ विजेता का खिताब प्राप्त किया।
कोरबा। जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में कलेक्टर ने लोक स्वास्थय यांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत पूर्ण हो चुके कार्यों को संबंधित ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित किया जाए तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) उनका क्रॉस वेरिफिकेशन करें। उन्होंने निर्देश दिए कि मार्च 2028 तक सभी लंबित कार्य पूर्ण कर लिए जाएं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिन योजनाओं में नल से नियमित रूप से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित होगी, उन्हीं कार्यों का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने ग्राम स्तर पर जल एवं स्वच्छता समितियों की नियमित बैठक आयोजित करने के भी निर्देश दिए। पाली के वनांचल क्षेत्र में योजना की दुर्गति कोरबा जिले के पाली ब्लाक के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के कार्यों की दुर्गति है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खण्ड कोरबा के कार्यपालन अभियंता रमन उरांव को जानकारी देने के बाद भी साल भर से निरीक्षण करने का समय तक नहीं मिला। क्षेत्र में काम करने वाले ठेकेदारों ने केन्द्र की इस महत्वाकांक्षी योजना का बंटाधार कर दिया है और यदि सही जांच कराई जाए तो करोड़ों का भ्रष्टाचार निकलेगा। जल जीवन मिशन में कार्य करने वाले ठेकेदार करोड़पति बन गए और इनके तथा अधिकारियों की मिलीभगत से जहां योजना का लाभ अधिकांश एवं गांवों को नहीं मिल पा रहा है, वहीं गुणवत्ताहीन निर्माण कार्यों से योजना प्रारंभ होने से पहले ही दम तोड़ रही है और ठेकेदार भी कार्यवाही के अभाव में मदमस्त हैं।
मानदेय शिक्षकों की भर्ती में गड़बड़ी की शिकायत पर प्रधानपाठकों की वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश कोरबा। समय सीमा की बैठक में मंगलवार को कलेक्टर कुणाल दुदावत के तेवर सख्त दिखे। उन्होंने शिक्षा विभाग की समीक्षा में विभाग की लापरवाही देखी। शिक्षा विभाग के अंतर्गत स्कूलों में पाठ्यपुस्तकों के वितरण एवं स्कूलवार स्कैनिंग कार्य की समीक्षा की। मानदेय शिक्षकों की भर्ती में गड़बड़ी संबंधी प्राप्त शिकायतों के निराकरण में प्रगति नहीं होने पर कलेक्टर ने संबंधित प्रधानपाठकों की वेतनवृद्धि रोकने तथा जिला शिक्षा अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने विकासखंड कोरबा एवं पोड़ी-उपरोड़ा में स्कैनिंग की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए 31 जुलाई तक सभी विकासखंडों में शत-प्रतिशत स्कैनिंग पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने वेंडर से समन्वय कर सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत बालिकाओं को शीघ्र साइकिल वितरण सुनिश्चित करने तथा स्कूली विद्यार्थियों को गणवेश का दूसरा सेट उपलब्ध कराने के लिए उच्च अधिकारियों से समन्वय करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पीएम पोषण गार्डन के लिए विद्यालयों की जानकारी 31 जुलाई तक उपलब्ध कराने, अहाताविहीन विद्यालयों की सूची तैयार करने तथा संबंधित जनपद पंचायतों के सीईओ को सरपंच एवं सचिव के माध्यम से उसका सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अपार आईडी से वंचित विद्यार्थियों के लिए 1 अगस्त से 31 अगस्त तक विशेष शिविर आयोजित कर अपार आईडी बनाने तथा आधार एवं यू-डाइस से संबंधित त्रुटियों का निराकरण करने के निर्देश दिए। छात्र सुरक्षा बीमा की राशि समय पर उपलब्ध नहीं कराए जाने की शिकायत के मामले में कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के संबंधित शाखा प्रभारी के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
कोरबा। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कुणाल दुदावत ने विकासखंड कटघोरा अंतर्गत संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, छुरीकला में विद्यार्थियों द्वारा विद्यालय की व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं से संबंधित प्राप्त गंभीर शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए चार सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति को प्रकरण की निष्पक्ष एवं तथयपरक जांच कर एक सप्ताह के भीतर अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्राचार्य को हटाने बच्चों ने विधायक पटेल और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन के काफिले का कर दिया था घेराव
गठित जांच समिति में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कोरबा, तहसीलदार कटघोरा, सहायक लेखा अधिकारी तथा कनिष्ठ लेखा अधिकारी (कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, कोरबा) को सदस्य बनाया गया है। समिति विद्यालय में उपलब्ध व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों को प्रदत्त सुविधाओं तथा शिकायतों से जुड़े सभी बिंदुओं की विस्तृत जांच करेगी। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों के हितों एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। शिकायतों की निष्पक्ष जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सहायक आयुक्त की कार्यशैली पर भी सवाल!
एकलव्य आवासीय विद्यालय में बच्चों ने कुछ दिन पूर्व पुलिस में शिकायत की थी, लेकिन सहायक आयुक्त को निरीक्षण करने का समय ही नहीं मिला। महीनों से बच्चों को दूषित भोजन दिया जा रहा, लेकिन सहायक आयुक्त को कुछ पता ही नहीं।