उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली शहीद जवानों के परिजनों को किया सम्मानित
कोरबा। कोरबा में देश की आजादी की 78वीं वर्षगांठ उमंग और हर्षोल्लास पूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि उद्योग,वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने फुटबाल मैदान सीएसईबी कोरबा (पूर्व) में मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहरा कर परेड की सलामी ली। समारोह में छात्र-छात्राओं द्वारा सास्कृतिक कार्यक्रमों का प्रदर्शन किया गया। समारोह में शासकीय सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत भी किया गया। मुख्य अतिथि मंत्री देवांगन ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा प्रदेश की जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन किया।
कोरबा में स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि मंत्री लखनलाल देवांगन ने हजारों नागरिकों की उपस्थिति में प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। सुरक्षा बलों द्वारा हर्ष फायर किया गया और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, सीआइ्र्रएसएफ, जिला पुलिस बल, सुरक्षा बल,नगर सेना, वन रक्षक, स्काउट गाइड सीनियर-जूनियर डिवीजनों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया। परेड कमांडरों द्वारा परेड रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ कलेक्टर अजीत वसंत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी उपस्थित थे। उन्होंने अनेकता में एकता के प्रतीक गुब्बारे आकाश में छोड़े। इसके बाद विभिन्न शालाओं के छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक, मनमोहक देशभक्ति गीतों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। जिसका दर्शकों द्वारा करतल ध्वनि से स्वागत किया गया ओर कार्यक्रमों का आनंद लिया। समारोह में अपने कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद होने वाले जवानों के परिजनों को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार वितरण –
समारोह में मुख्य अतिथि देवांगन के करकमलों द्वारा परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को शील्ड और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
परेड में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल को मिला प्रथम स्थान –
परेड प्रोफेशनल में प्रथम पुरस्कार छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, द्वितीय पुरस्कार सीआईएसएफ, तृतीय पुरस्कार जिला पुलिस बल महिला तथा सांत्वना पुरस्कार वन रक्षक टीम, नगर सेना पुरूष, नगर सेना महिला और जिला पुलिस बल पुरूष को दिया गया। परेड नान प्रोफेशनल जुनियर वर्ग में प्रथम स्थान एन.सी.सी. सीनियर डिवीजन बालक, द्वितीय स्काउट दल सीनियर डिवीजन बालक, तृतीय गाइड दल सिनियर डिवीजन बालिका ने हासिल किया। सांत्वना पुरस्कार एनसीसी जुनियर डिवीजन बालिका वर्ग को प्रदान किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय प्रथम –
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में प्रथम स्थान कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय कोरबा, द्वितीय स्थान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पीडब्ल्यूडी कोरबा, तृतीय स्थान दिव्य ज्योति विशेष स्कूल रामपुर कोरबा ने प्राप्त किया। सांत्वना पुरस्कार निर्मला उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोसाबाड़ी, लायंस इंग्लिश स्कूल टीपी नगर कोरबा, डीएव्ही स्कूल एसईसीएल कोरबा और सेजेस पंप हाउस कोरबा को दिया गया।
उत्कृष्ट कर्मी भी सम्मानित –
समारोह में मुख्य अतिथि लखनलाल देवांगन द्वारा शासकीय कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य करने पर प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया गया। जिसमें कार्यालय कलेक्टर, कार्यालय पुलिस अधीक्षक सहित अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं। इस दौरान महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना, सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरभेले, वनमण्डलाधिकारी कटघोरा कुमार निशांत, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, सीईओ जिला पंचायत दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित अन्य विभागीय अधिकारी, पार्षदगण, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में शहरवासी, पत्रकारगण उपस्थित थे।
शांति नगर में गणेशोत्सव समिति द्वारा गणेश चतुर्थी मनाने तैयारी पूरी कोरबा/पाली। कल 14 सितम्बर को पूरे भारत वर्ष में गणेश चतुर्थी की धूम रहेगी। जिले में विभिन्न गणेशोत्सव समितियों द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी कड़ी में कल गणेश चतुर्थी पर पाली के राजा का भी भव्य और दिव्य आगमन होगा।
गणेशोत्सव समिति शांति नगर पाली के आयोजकों ने बताया कि कल 14 सितम्बर सोमवार को लालबाग के राजा की प्रतिमा बड़े धूमधाम से मंत्रोच्चार के साथ विराजित की जाएगी। भगवान श्रीगणेश की भव्य प्रतिमा पाली के राजा का शुभ आगमन संध्या 7.00 बजे होगा और पाली मुख्य बाजार से कार्यक्रम स्थल तक रैली की शक्ल में आकर्षक आतिशबाजी, आकर्षक एसएफएक्स एवं धूमाल के साथ लाई जाएगी और पंडित जी के सानिध्य में मंत्रोच्चार के साथ विघ्रहर्ता की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। आयोजन समिति ने इस भव्य आयोजन में सभी क्षेत्र वासियों को सादर आमंत्रित किया है और पाली के राजा की आगमन रैली में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है।
कोरबा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई भी प्रस्तावित
कोरबा। थाना उरगा क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने, पैसे देने से मना करने पर युवक के साथ मारपीट करने तथा बाद में उसके घर पहुंचकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोरबा पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
शराब के लिए पैसे मांगे, मना करने पर की मारपीट
दिनांक 10.09.2026 की रात्रि लगभग 09:00 बजे प्रार्थी संतोष राठौर निवासी फरसवानी अपने दोस्तों के साथ पार्टी में जाने के लिए निकला था। इसी दौरान आरोपीगण द्वारा उसे रोककर गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसे की मांग की गई। प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपीगण द्वारा उसके साथ हाथ-मुक्का से मारपीट की गई।घटना के कुछ समय बाद आरोपीगण पुनः रात्रि लगभग 12:30 बजे प्रार्थी के घर पहुंचे और उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मारपीट की घटना में प्रार्थी के हाथ में चोट आई।प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना उरगा में अपराध क्रमांक 507/2026 धारा 296, 115(2), 351(3), 126(2), 119(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना उरगा पुलिस द्वारा तत्काल आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम को सक्रिय किया गया। लगातार पतासाजी के दौरान मुख्य आरोपी के अपने सकुनत पर मौजूद होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल दबिश देकर ज्ञान प्रसाद राठौर पिता लखन लाल राठौर, उम्र 21 वर्ष, निवासी फरसवानी, थाना उरगा, जिला कोरबा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BW 0830 को विधिवत जब्त किया गया।
आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार आरोपी ज्ञान राठौर पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण में संलिप्त रहा है तथा हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है। आरोपी कुछ दिन पूर्व ही जेल से बाहर आया था और उसके विरुद्ध पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है।वर्तमान घटना में पुनः आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने तथा उसकी आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए आरोपी के विरुद्ध गुंडा बदमाश प्रकरण तैयार कर कार्रवाई हेतु प्रस्ताव भेजा गया है। पुलिस द्वारा आरोपी की पूर्व आपराधिक गतिविधियों एवं वर्तमान प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर दिनांक 12.09.2026 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।प्रकरण में विवेचना जारी है तथा घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में भी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
कोरबा पुलिस की स्पष्ट नीति — अपराध एवं आपराधिक प्रवृत्ति पर प्रभावी कार्रवाई कोरबा पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर निगरानी रखते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार प्रतिबंधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कोरबा। भारतीय जनता पार्टी संगठन ने सूचना का अधिकार प्रकोष्ठ में महत्वपूर्ण नियुक्ति करते हुए मनोज राठौर को जिला संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव की सहमति एवं भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी की अनुशंसा से मनोज राठौर को यह महत्वपूर्ण दायित्व प्रदान किया गया है।
मनोज राठौर की नियुक्ति से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। संगठन ने विश्वास जताया है कि वे सूचना के अधिकार अधिनियम के माध्यम से पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनहित से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
भाजपा जिला संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मनोज राठौर को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में सूचना का अधिकार प्रकोष्ठ संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य करेगा।
मनोज राठौर ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का वे पूरी निष्ठा, सक्रियता एवं समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा जनहित और संगठन के उद्देश्यों को प्राथमिकता देते हुए कार्य करेंगे।