कोरबा। केंद्रीय राज्य मंत्री रेल्वे एवं जल शक्ति, भारत सरकार एवं प्रभारी मंत्री आकांक्षी जिला श्री व्ही. सोमन्ना ने आज अपने कोरबा प्रवास के दौरान सार्वजनिक उपक्रम का निरीक्षण सहित वार्ड 52 दर्रीखार में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन अंतर्गत महिला समूह द्वारा किए जा रहे कार्यों, करतला ब्लॉक के बैगापाली में जल जीवन मिशन अंतर्गत पेयजल की स्थिति, सलिहाभाठा में कौशल उन्नयन आजीविका सवंर्धन अंतर्गत कार्य तथा छुरीकला में बुनकरों से चर्चा कर वस्तु स्थिति जानी। उन्होंने रेल्वे स्टेशन में अमृत भारत अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने योजनाओं से आमजनों को प्राथमिकता से लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान आईएएस डॉ शान्तनु अग्रहरी, कलेक्टर अजीत वसंत, आईआरटीएस अनीश हेगड़े, बीयूएच एनटीपीसी राजीव खन्ना, सीईओ जिला पंचायत दिनेश कुमार नाग सम्बंधित एसडीएम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
केंद्रीय मंत्री ने एनटीपीसी जमनीपाली का किया निरीक्षण, विद्युत उत्पादन की ली जानकारी-
केंद्रीय मंत्री सोमन्ना ने नेशनल थर्मल पॉवर जमनीपाली का निरीक्षण कर विद्युत उत्पादन प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने संयंत्र की कार्यप्रणाली, उत्पादन क्षमता और ऊर्जा उत्पादन में इस्तेमाल होने वाली तकनीकों का बारीकी से अवलोकन किया। केंद्रीय मंत्री ने इस दौरान संयंत्र के संचालन में सुधार की दिशा में आवश्यक सुझाव दिए और पर्यावरण के अनुकूल ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने एनटीपीसी जमनीपाली के कर्मचारियों की मेहनत की सराहना करते हुए संयंत्र को देश की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण बताया। केंद्रीय मंत्री ने एनटीपीसी के विश्राम गृह में जूनिप्रेस पौधे का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान जवानों द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी।
दर्रीखार स्थित मणी कंचन केंद्र पहुँचकर स्वच्छता दीदियों से हुए रूबरू- ’महिलाओं द्वारा की जा रही गतिविधियों का अवलोकन कर तैयार किए उत्पादों की सराहना की- स्वच्छता दीदियों का सेवा अमूल्य, शहर की साफ सफाई में देती है महत्वपूर्ण योगदानः- केंद्रीय मंत्री-
केंद्रीय मंत्री सोमन्ना कोरबा नगर पालिका निगम के वार्ड क्रमांक 52 दर्रीखार स्थित मणी कंचन केंद्र पहुँचकर स्वच्छता दीदियों से रूबरू हुए एवं स्वच्छता दीदियों द्वारा केंद्र में किए जा रहे गतिविधियों का अवलोकन कर होने वाली आय की भी जानकारी ली। उनके द्वारा केंद्र में ठोस कचरा एकत्रीकरण व पृथक्करण कार्य, प्लास्टिक बोरी से झाल बनाने, जैविक खाद निर्माण, बड़ी-पापड़, टोकरी, पैरदान जैसे अनेक तैयार उत्पादों का अवलोकन कर महिला समूह से उनकी कार्यविधि एवं होने वाली आय के सम्बंध में चर्चा की गई। उन्होंने महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्यो की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि आपकी सेवा अमूल्य है। आप सभी शहर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अधिकारियों को गम्भीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने स्वच्छता दीदियों को शासन द्वारा दी जाने वाली ड्रेस व सुरक्षा सामग्री वितरित की एवं महिलाओं ने केंद्र में गोधन से तैयार किए गणेश की मूर्ति एवं अन्य उत्पाद केंद्रीय मंत्री को स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट किए।
’छुरीकला में बुनकर समूह से भेंटकर कोसा से धागा तैयार करने की प्रक्रिया का किया अवलोकन-’
बुनकरी समुदाय को प्रोत्साहित करने और उनकी कला व हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्रीय मंत्री श्री सोमन्ना छुरीकला नगर पंचायत में बुनकर समूह से भेंट की और कोसा (तसर) से धागा तैयार करने की प्रक्रिया का अवलोकन किया। केंद्रीय मंत्री ने बुनकरों की मेहनत और कला की सराहना करते हुए स्थानीय स्तर पर कोसा के उत्पादों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
बैगापाली में जल जीवन मिशन के कार्यो का किया अवलोकन- ग्रामीणों से चर्चा कर योजना से मिल रहे लाभ की ली जानकारी- महिला हितग्राही जमुना बाई के घर पर टेप नल से पहुँच रहे पेयजल का किया निरीक्षण-
करतला विकासखंड के ग्राम बैगापाली में जल जीवन मिशन के कार्यों का अवलोकन करते हुए श्री सोमन्ना ने ग्रामीणों से योजना से मिल रहे लाभ की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि हर घर जल पहुँचाना केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इसके क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही नही होनी चाहिए। साथ ही इसका रखरखाव भी बेहतर हो, अधिकारी इसका भी विशेष ध्यान रखे। केंद्रीय मंत्री ने ग्रामीणों से पानी मिलने के समय की जानकारी लेते हुए पानी के समुचित उपयोग की महत्ता पर जोर दिया। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे पानी का सदुपयोग करें और उसका दुरुपयोग होने से रोकें। उन्होंने कहा कि जल संचयन और जल संरक्षण की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने महिला हितग्राही श्रीमती जमुना बाई के घर में टेपनल से पहुँच रहे पेयजल का अवलोकन कर उन्हें बधाई दी। हितग्राही ने बताया कि घर पर ही पेयजल उपलब्ध होने से उन्हें बहुत राहत मिली है। अब उसे पानी लाने के लिए बाहर नही जाना पड़ता।
सलिहाभांठा में बाँसशिल्प का कार्य कर रहे महिला समूह से किए भेंट-
केंद्रीय मंत्री श्री सोमन्ना ने करतला ब्लॉक के सलिहाभांठा में जिला प्रशासन एवं स्वयं सेवी संस्था के सहयोग से महिलाओं के कौशल उन्नयन आजीविका सवंर्धन एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने हेतु संचालित केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने महिलाओं द्वारा केंद्र में बांस से तैयार किए जा रहे आकर्षक उत्पादो का अवलोकन कर उनके कार्यो की प्रशंसा की। उन्होंने केंद्र में स्थित मशीनों के उपयोग के लिए महिलाओं को निपुण बनाने एवं स्वावलंबी बनाने के लिए गम्भीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही उनके द्वारा तैयार उत्पादों के वृहद स्तर पर विक्रय के लिए बाजार उपलब्ध कराने की बात कही। जिससे उनके उत्पादों की शीघ्रता से विक्रय हो सके एवं उनके आय में बढ़ोत्तरी हो और वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभा सके।
कोरबा। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतरेगा पिकनिक स्पॉट के रिसॉर्ट में सुबह उस वक्त पर्यटनों एवं कर्मचारियों में हड़कंप मच गया, जब विद्युत मीटर बोर्ड के पीछे करीब 8 फीट लंबा किंग कोबरा छिपकर बैठा मिला। किंग कोबरा की जानकारी मिलते ही रेस्ट हाउस के मैनेजर इस्तीखार खान ने तत्काल वन विभाग एवं नोवा नेचर संस्था के सदस्य जितेंद्र सारथी को सूचना दिया, जिसके बाद सारथी ने अपने अजगर बहार के स्थानीय टीम के सदस्य कमलेश, देवेंद्र, राम, गौतम, दिल ,नरेश, देव मरावी को तत्काल सतरेगा के लिए रवाना कर साथ ही इसकी जानकारी कोरबा वनमंडलाधिकारी जितेंद्र उपाध्याय दिया एवं उनके निर्देशानुसार उपवनमण्डलाधिकारी रामसिंह राठिया उत्तर के मार्गदर्शन एवं बालकों रेंजर जयंत सरकार के नेतृत्व में जितेंद्र सारथी एवं सिद्धांत जैन कोरबा से रेस्क्यू के लिए मौके पर पहुंच कर सर्वप्रथम विद्युत विभाग को सूचना देकर बिजली को बंद करवाया गया, फिर पूरी सावधानी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, किंग कोबरा सर्किट बोर्ड के पीछे बेहद संकरी जगह में छिपा हुआ था, जिसके कारण उसे बाहर निकालना टीम के लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहा। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत और सावधानी के बाद टीम ने करीब 8 फीट लंबे किंग कोबरा को सफलतापूर्वक सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के दौरान किंग कोबरा को देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटकों की भीड़ लग गई, इतने फुर्तीले और लंबे सांप को देख कर लोग जिज्ञासा वश फोन से वीडियो बनाने से नहीं चुके, साथ ही मौजूद लोगों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया, सफल रेस्क्यू के बाद पंचनामा के पश्चात किंग कोबरा को उसके उपयुक्त प्राकृतिक आवास में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया।
कोरबा जिले के लेमरू, बालको , पसरखेत , करतला, कुदमुरा एवं आसपास के वन क्षेत्रों से पिछले कुछ समय से छोटे आकार के किंग कोबरा लगातार सामने आ रहे हैं, छोटे किंग कोबरा का बार-बार मिलना इस क्षेत्र में इनके प्राकृतिक प्रजनन और अनुकूल आवास की उपलब्धता का सकारात्मक संकेत माना जा सकता है, साथ ही यह बात भी सिद्ध करता हैं कि एक ही सांप बार बार रेस्क्यु नहीं हो रहे बल्कि सभी किंग कोबरा दूसरे से भिन्न हैं। हालांकि, क्षेत्र में इनकी वास्तविक संख्या और आबादी की स्थिति निर्धारित करने के लिए वैज्ञानिक अध्ययन आवश्यक है।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अब स्थानीय लोगों में भी किंग कोबरा और अन्य वन्यजीवों के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता बढ़ रही है। आज किसी क्षेत्र में किंग कोबरा दिखाई देने पर लोग उसे मारने या नुकसान पहुंचाने के बजाय तुरंत वन विभाग अथवा प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना देते हैं। सूचना का समय पर मिलना और सांप का सुरक्षित रेस्क्यू होकर पुनः प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाना वन्यजीव संरक्षण और मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व की दिशा में एक सकारात्मक उदाहरण है।
वन विभाग एवं नोवा नेचर ने आम लोगों से अपील की है कि किंग कोबरा या किसी भी सांप के दिखाई देने पर उससे दूरी बनाए रखें और स्वयं पकड़ने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास न करें, तत्काल प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
जर्जर सड़कों की शीघ्र मरम्मत और सड़क सुरक्षा के लिए गति अवरोधक व संकेतक लगाने के निर्देश
कोरबा। जिला पंचायत कोरबा के सभाकक्ष में बुधवार को जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह ने की। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन उपस्थित रहे। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान कृषि विभाग, लोक निर्माण विभाग एवं जल संसाधन विभाग द्वारा संचालित कार्यों की जानकारी ली गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान वर्षा ऋतु के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर एवं क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की स्थिति पर चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों की आवागमन सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऐसी सड़कों की शीघ्र मरम्मत एवं सुधार कराने की आवश्यकता बताई। इस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए सड़कों की मरम्मत एवं सुधार कार्य प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में सड़क सुरक्षा के विषय पर भी चर्चा करते हुए दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने के लिए आवश्यक स्थानों पर गति अवरोधक एवं सड़क संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिले के पेयजल अभावग्रस्त क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर भी चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने आवश्यकता वाले क्षेत्रों में बांगो डेम से पेयजल उपलब्ध कराने की बात रखी। इस संबंध में संबंधित विभागों को क्षेत्र की आवश्यकता, तकनीकी संभावनाओं एवं व्यवहारिक पहलुओं का परीक्षण करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों के अंतर्गत संचालित योजनाओं, उपलब्धियों, कार्यों की प्रगति तथा हितग्राहियों को दिए जा रहे लाभों की जानकारी प्रस्तुत की गई। जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित आवश्यकताओं एवं ग्रामीणों की समस्याओं को बैठक में रखा गया, जिस पर अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रेणुका राठिया, श्रीमती शांति मरावी, श्रीमती सुष्मिता अनंत कमलेश, श्रीमती सावित्री अजय कंवर, श्रीमती सुषमा रवि रजक, विनोद कुमार यादव, श्रीमती माया रूपेश कंवर, कौशल नेटी एवं विद्वान सिंह मरकाम, उपसंचालक पंचायत मिथलेश किसान सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कोरबा, 10 सितम्बर 2026। जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के सफल एवं समयबद्ध क्रियान्वयन, कार्ययोजना तैयार करने तथा प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति का गठन किया गया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत समिति के अध्यक्ष होंगे, जबकि मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कोरबा को नोडल अधिकारी बनाया गया है। जिला स्तरीय समिति में पुलिस अधीक्षक, वन मंडलाधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, खाद्य अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग, कार्यपालन अभियंता जल संसाधन विभाग, कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जिला परिवहन अधिकारी, सहायक संचालक जनसंपर्क तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर पालिका परिषद कोरबा को सदस्य बनाया गया है। अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न जनभागीदारी एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’, ‘नमो सेवा गाथा’ नुक्कड़ नाटक, ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘जल जन सेवा संकल्प’ जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के सफल संचालन के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर शासकीय अमले एवं उपलब्ध संसाधनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के दौरान आयोजित होने वाली प्रत्येक गतिविधि का फोटो एवं वीडियो अभिलेखीकरण करते हुए जिलेवार प्रगति प्रतिवेदन नियमित रूप से राज्य स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा। प्रचार-प्रसार एवं सोशल मीडिया गतिविधियों में शासन द्वारा निर्धारित हैशटैग, फ्रेम एवं लोगो का ही उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी आयोजनों में वित्तीय मितव्ययिता बरतते हुए उपलब्ध शासकीय संसाधनों एवं अधोसंरचना का उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति अभियान की गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन, विभागों के बीच समन्वय तथा निर्धारित कार्यक्रमों की सतत मॉनिटरिंग करेगी। अभियान का उद्देश्य जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करते हुए जनभागीदारी के माध्यम से सेवा एवं विकास गतिविधियों को प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुंचाना है।