छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल-BJP संगठन का विस्तार जल्द
2 मंत्री समेत नई कार्यकारिणी बनेगी, 7 मोर्चा-30 प्रकोष्ठ अध्यक्ष और 2 प्रदेश महामंत्री की होगी नियुक्ति
रायपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ में कैबिनेट विस्तार और बीजेपी संगठन का विस्तार एक साथ होगा। बीजेपी नेताओं ने इस ओर संकेत दिए हैं। इस बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ में चल रहे विकास कार्यों, निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य और नक्सल उन्मूलन को लेकर विस्तार से चर्चा की।
वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और संगठन महामंत्री पवन साय आज दिल्ली रवाना हुए हैं। रवाना होने से पहले किरण सिंह देव ने संगठन विस्तार को कहा कि दिल्ली में पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है, जिसमें वे हिस्सा लेंगे। इस बैठक के बाद प्रदेश संगठन का विस्तार जल्द किया जाएगा। बीजेपी के अन्य नेताओं ने भी संगठन और कैबिनेट विस्तार जल्द होने के संकेत दिए हैं।
बताया जा रहा है कि 20 दिन के अंदर इस पर मुहर लग सकती है। वहीं 2 मंत्री के साथ-साथ नई कार्यकारिणी की भी नियुक्त होगी। इनमें 7 मोर्चा, 30 प्रकोष्ठ अध्यक्ष और 2 प्रदेश महामंत्री चुने जाएंगे।
भाजपा 7 मोर्चा, 30 प्रकोष्ठों के बनाए जाएंगे अध्यक्ष
प्रदेश भाजपा संगठन की नई कार्यकारिणी के ऐलान में भी विलंब हो रहा है। दरअसल, निगम-मंडल में पार्टी के करीब 20 नेताओं को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष जैसे पदों की जिम्मेदारी सौंपी जा चुकी है।
ऐसे में खाली पदों पर दावेदार कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी मिलने की उम्मीद बनी हुई है, देरी होने से उनमें निराशा है। भाजपा के सात मोर्चों और 30 प्रकोष्ठों में भी मंडल व जिला स्तर पर नए अध्यक्षों की नियुक्ति बाकी है, क्योंकि मौजूदा पदाधिकारियों का कार्यकाल पूरा हो चुका है। इन इकाइयों में भी बदलाव की मांग उठ रही है और कार्यकर्ता नई नियुक्तियों की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
दो प्रदेश महामंत्री के चेहरे भी बदलेंगे
प्रदेश भाजपा संगठन में दो नए नेताओं को प्रदेश महामंत्री बनाए जाने की तैयारी है। इसको लेकर मोर्चा और प्रकोष्ठों से जुड़े प्रमुख पदाधिकारी सक्रिय हो गए हैं और प्रयास तेज कर दिए हैं।
मौजूदा महामंत्री संजय श्रीवास्तव को नान का अध्यक्ष और जगदीश रामू रोहरा को धमतरी नगर निगम का महापौर बनाए जाने के बाद ये पद खाली हो गए हैं। ऐसे में इन अहम जिम्मेदारियों को पाने के लिए कई दावेदार संगठन के भीतर जोड़तोड़ में जुटे हुए हैं।

छत्तीसगढ़ में जल्द 2 नए मंत्री बनाए जा सकते है।
महिला मोर्चा अध्यक्ष का भी चेहरा बदलेगा
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी भी चर्चा में है। मौजूदा अध्यक्ष शालिनी राजपूत को सरकार द्वारा हस्तशिल्प विकास बोर्ड का प्रमुख नियुक्त किया गया है।
ऐसे में अब इस पद पर किसी सक्रिय और प्रभावशाली महिला नेता को जिम्मेदारी सौंपे जाने की संभावनाएं बन रही हैं। भाजपा नेत्रियां भी इस पद को लेकर अपनी दावेदारी मजबूत कर रही हैं।
फॉर्मूला नहीं, आपसी सहमति बनाने का प्रयास
संगठन से जुड़े जानकारों का कहना है कि छत्तीसगढ़ में संगठन के विस्तार के लिए किसी प्रकार के नए फार्मूले पर काम नहीं हो रहा है। केवल यह देखा जा रहा है कि कौन कार्यकर्ता संगठन के लिए कितनी ईमानदारी और समर्पण से काम कर सकता है। इसके आधार पर सीनियर नेताओं के साथ तालमेल बिठाकर संगठन विस्तार की कवायद की जा रही है।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह।
संगठन के काम को लेकर बैठक: किरण देव सिंह
दिल्ली रवाना होने से पहले बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह ने संगठन के विषयों को लेकर बैठक होने की बात कही है। छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के कार्यक्रमों का क्रियान्वयन कैसे होगा? इस पर चर्चा होगी। सीएम पहले से दिल्ली में है।
इधर, छत्तीसगढ़ में कैबिनेट विस्तार और बीजेपी संगठन के विस्तार की चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ में चल रहे विकास कार्यों, निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य और नक्सल उन्मूलन को लेकर विस्तार से चर्चा की।

दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
पीएम को “अमृत रजत महोत्सव” का दिया न्योता
मुख्यमंत्री साय ने दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के दौरान 1 नवंबर 2025 को रायपुर में आयोजित होने वाले “अमृत रजत महोत्सव” में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने का न्योता दिया। यह कार्यक्रम राज्य के गठन के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री को बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार “अंजोर विज़न @2047” के तहत राज्य को शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, तकनीक और पर्यावरण के क्षेत्र में तेज़ी से आगे ले जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि नवा रायपुर में देश की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट और एआई डेटा सेंटर की नींव रखी गई है। साथ ही टेक्सटाइल, फार्मा और आईटी क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा दिया जा रहा है।
राज्य में निवेश और रोज़गार को लेकर भी बड़ी उपलब्धियां मिली हैं। 84 कंपनियों से 6.65 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं और नई औद्योगिक नीति से युवाओं को रोज़गार के नए अवसर मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य क्षेत्र में मेडिसिटी और शिक्षा क्षेत्र में एडु सिटी जैसी योजनाओं की भी जानकारी दी, जिससे रायपुर को मेडिकल और एजुकेशन हब के रूप में विकसित किया जा रहा है।

सीएम साय ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन अभियानों और उपलब्धियों की दी जानकारी
अमित शाह से नक्सल उन्मूलन पर हुई चर्चा
इसके बाद मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और उन्हें नक्सल उन्मूलन अभियानों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2023 से अब तक 445 माओवादी मारे गए, 1554 गिरफ्तार किए गए और 1588 ने आत्मसमर्पण किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की “विकास और सुरक्षा” नीति के चलते अब नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सड़कों, स्कूलों और अस्पतालों का तेज़ी से विस्तार हो रहा है। इससे लोगों का सरकार पर भरोसा बढ़ा है और कई माओवादी मुख्यधारा में लौट रहे हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने छत्तीसगढ़ सरकार की माओवाद उन्मूलन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने माओवादी उन्मूलन के लिए राज्य सरकार के प्रयासों को ऐतिहासिक बताया और केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का वादा किया।

मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय जलशक्ति मंत्री से बोधघाट परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना घोषित करने की मांग की।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय जलशक्ति मंत्री से बोधघाट परियोजना पर चर्चा
दिल्ली दौरे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल से भी मुलाकात की। इस दौरान सीएम साय ने केंद्रीय जलशक्ति मंत्री पाटिल से बस्तर की बहुप्रतीक्षित बोधघाट बहुद्देशीय परियोजना पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र में सिंचाई, पेयजल और बिजली उत्पादन के लिए बेहद जरूरी है, जिससे 8 लाख हेक्टेयर भूमि की सिंचाई और 125 मेगावाट बिजली उत्पादन संभव होगा। उन्होंने इसे राष्ट्रीय परियोजना घोषित करने की मांग भी की। केंद्रीय मंत्री ने तकनीकी परीक्षण जल्द कराने का भरोसा दिलाया।
छत्तीसगढ़
तकनीकी नवाचार की उड़ान “लॉन्चपैड प्रोग्राम 2.0” का सफल आयोजन
एचडी शेफर मेमोरियल फाउंडेशन एवं कोडक्राफ्ट के संयुक्त तत्त्वावधान में प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न
AI, पायथन और वेब डिज़ाइन का क्रियाशील प्रशिक्षण; 13 से 68 वर्ष तक के प्रतिभागियों ने सीखी आधुनिक तकनीक की बारीकियाँ
सुनील चिंचोलकर
बिलासपुर। एच० डी० शेफर मेमोरियल फाउंडेशन एवं कोडक्राफ्ट सेंटर फॉर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजीज़ के संयुक्त तत्त्वावधान में आयोजित 15 दिवसीय “लॉन्चपैड प्रोग्राम 2.0” का आज विधिवत एवं सफलतापूर्वक समापन हुआ। सीओसीएमआई कैम्पस, ककुदंड, बिलासपुर में 11 मई से 27 मई 2026 तक आयोजित इस गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यालयी छात्र-छात्राओं से लेकर कार्यरत पेशेवरों एवं सेवानिवृत्त व्यक्तियों तक — 13 वर्ष से 68 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, AI टूल्स, प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग, पायथन प्रोग्रामिंग, वेबसाइट डिज़ाइनिंग, उद्यमिता कौशल, एक्सेल तथा व्यक्तित्व विकास का व्यावहारिक एवं हस्तप्रयोगात्मक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। विशेष बात यह रही कि प्रशिक्षण हेतु किसी पूर्व तकनीकी ज्ञान की अनिवार्यता नहीं रखी गई, जिससे तकनीक के क्षेत्र में नए प्रतिभागियों को भी सीखने और आगे बढ़ने का अवसर मिला।
प्रतिभागियों ने तैयार किए नवाचारपूर्ण प्रोजेक्ट
प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रतिभागियों ने अपनी व्यक्तिगत पोर्टफोलियो वेबसाइट्स, AI आधारित प्रोफेशनल हेडशॉट्स, पोस्टर एवं निमंत्रण-पत्र डिज़ाइन, पायथन आधारित BMI कैलकुलेटर तथा विभिन्न मिनी प्रोजेक्ट्स तैयार किए।
विशेष रूप से 15 वर्षीय बेनहुर एवं 17 वर्षीय एंजेल लहरे ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की सहायता से दो संपूर्ण कम्प्यूटर गेम्स विकसित कर अपनी तकनीकी प्रतिभा का प्रभावशाली परिचय दिया।
“तकनीक साधन है, साध्य नहीं” — संजय विल्सन
समापन समारोह की अध्यक्षता एच० डी० शेफर मेमोरियल फाउंडेशन के निदेशक संजय विल्सन ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तभी सार्थक है जब उसे मानवीय विवेक, नैतिकता और कौशल के साथ जोड़ा जाए। उन्होंने प्रतिभागियों को तकनीक का उपयोग समाजहित एवं आत्मविकास के लिए करने की प्रेरणा दी।
समारोह में आकांक्षा नाथानियल, एंजेल लहरे, बेनहुर, डेफनी, मेर्लिन, राजेश मकबूल एवं विस्मय सहित सभी सफल प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर आलोक विल्सन, विनय जेम्स एवं के० एम० के० पॉल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
प्रशिक्षकों एवं आयोजकों का सराहनीय योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रशिक्षकों की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही। सॉफ्टवेयर इंजीनियर अप्रतिम सैमुएल एवं डेटा साइंटिस्ट कपिल वर्मा ने प्रतिभागियों को आधुनिक तकनीकी अवधारणाओं एवं व्यावहारिक प्रयोगों से परिचित कराया।
इस सम्पूर्ण आयोजन के सफल संयोजन का श्रेय रेव० निखिल पॉल को जाता है, जिनके समर्पण, कुशल प्रबंधन एवं सतत प्रयासों से कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
तकनीकी शिक्षा को जनसामान्य तक पहुँचाने की पहल
“लॉन्चपैड प्रोग्राम 2.0” इस तथ्य का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया कि तकनीकी शिक्षा केवल इंजीनियरिंग अथवा विज्ञान के विद्यार्थियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज का प्रत्येक वर्ग एवं प्रत्येक आयु का व्यक्ति आधुनिक तकनीक सीखकर आत्मनिर्भरता एवं नवाचार की दिशा में आगे बढ़ सकता है।
कोरबा
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 का उद्देश्य कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन से पर्यावरण प्रदूषण रोकना है – सीईओ
जिला पंचायत में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 पर हुई कार्यशाला
कोरबा। भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा 27 जनवरी 2026 को अधिसूचित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026, वर्ष 2016 के पुराने नियमों का स्थान लेंगे। इन नियमों का मुख्य उद्देश्य कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन के माध्यम से पर्यावरण प्रदूषण को रोकना तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उक्त बातें जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दिनेश कुमार नाग ने बुधवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 संबंधी कार्यशाला में कही।

सीईओ श्री नाग ने बताया कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार यह नियम 01 अप्रैल 2026 से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों सहित पूरे देश में लागू हो चुका है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर इन नियमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे कचरे का वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित निपटान हो सके। इसके लिए ग्राम पंचायतों में कचरा संग्रहण शुल्क, शिकायत निवारण एवं निगरानी प्रणाली लागू की जाएगी। साथ ही नियमों के उल्लंघन पर दंडात्मक प्रावधान भी सुनिश्चित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि ग्राम एवं जनपद स्तर पर उत्पन्न होने वाले कचरे की रिपोर्ट प्रत्येक 15 दिवस में तैयार कर प्रस्तुत करनी होगी। राज्य शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति हेतु जून माह तक जिले की 25 प्रतिशत ग्राम पंचायतों को वैज्ञानिक तरीके से कचरा मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
श्री नाग ने कहा कि स्वच्छता अभियान की शुरुआत स्वयं से करनी होगी। जिला, जनपद एवं ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी अपने घरों में वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन अपनाएं तथा कचरे के पृथक्करण के लिए नीले, हरे, लाल एवं पीले रंग के डस्टबिन का उपयोग करें, ताकि विभिन्न प्रकार के कचरे का पृथक-पृथक निपटान किया जा सके।
कार्यशाला में स्वच्छ भारत मिशन के श्री दीप सरकार द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के उद्देश्य, महत्वपूर्ण विशेषताओं एवं मुख्य प्रावधानों की जानकारी पॉवर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से दी गई।
कार्यक्रम में लेखा अधिकारी श्री राजेंद्र यादव, सहायक परियोजना अधिकारी श्रीमती इंदिरा भगत, श्रीमती अमिता साहू, जनपद पंचायतों के सीईओ, स्वच्छ भारत मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अधिकारी-कर्मचारी, सहायक विकास विस्तार अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी एवं तकनीकी सहायक उपस्थित रहे।
कोरबा
अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन हेतु अशोक मोदी सहित 13 पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल इंदौर रवाना
कोरबा। अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में सम्मिलित होने हेतु छत्तीसगढ़ संगठन के प्रांतीय चेयरमैन अशोक मोदी, प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल, बाबूलाल अग्रवाल, जयदेव सिंघल, महेन्द्र सक्सेरिया, आशीष सक्सेरिया एवं डाॅ. अनिता मोहनलाल सहित अन्य पदाधिकारी आज इंदौर के लिए रवाना हो गए।

विदित हो कि अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन दिनांक 30 एवं 31 मई 2026 को इंदौर में आयोजित है। इस अधिवेशन में संगठन के देशभर के प्रदेशाध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री, राष्ट्रीय पदाधिकारीगण एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सम्मिलित होंगे।
अधिवेशन में उपस्थित पदाधिकारीगणों के द्वारा राष्ट्रहित एवं समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर गहन चर्चा की जायेगी। साथ ही समाजसेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक समरसता एवं राजनीतिक भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे एवं संगठन की सदस्यता को बढ़ाने एवं इसको 1 करोड तक पहुॅचाने का लक्ष्य रखा जायेगा जिस पर कार्य करने पर भी विचार किया जायेगा।
उक्त कार्यक्रम राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल के सानिध्य में तथा नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल की अध्यक्षता में संपन्न होगा।
अशोक मोदी ने बताया कि छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के कार्यक्रम सराहनीय रहे हैं तथा सामाजिक सेवा, धार्मिक सेवा, व्यापार एवं उद्योग में छत्तीसगढ़ अग्रवाल समाज की बड़ी भूमिका रही है और राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में जो ठोस निर्णय लिए जाएंगे, उसे छत्तीसगढ़ में भी लागू किया जाएगा।
-
Uncategorized8 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा3 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा3 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा3 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
