Connect with us

छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा में जमीन धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार:दूसरे की जमीन दिखाकर 2.50 लाख रुपये में बेचा, कूटरचना का आरोप

Published

on

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले में 2.50 लाख रुपए की धोखाधड़ी के एक मामले में पुलिस ने आरोपी सुनील सिंह (39) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। सुनील सिंह पर दूसरे की जमीन दिखाकर गलत चौहद्दी तैयार कर उसे बेचने का आरोप है। यह मामला वृंदावन कॉलोनी से संबंधित है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी सुनील सिंह ने नैला निवासी रजत सुल्तानिया को जांजगीर के कैनाल सिटी के आगे वृंदावन कॉलोनी में एक जमीन दिखाई थी। उसने जानबूझकर गलत चौहद्दी तैयार की और रास्ते की जमीन को सुल्तानिया को बेच दिया।

इस धोखाधड़ी की शिकायत मिलने के बाद जांजगीर थाने में आरोपी के खिलाफ केस कर जांच में लिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुनील सिंह को उसके ठिकाने से घेराबंदी कर पकड़ा।

हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने विक्रय पत्र में कूटरचना कर रजत सुल्तानिया से 2.50 लाख रुपए प्राप्त करने का जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

SECL की खदानों में ठेका श्रमिकों का बड़ा शोषण, राष्ट्रीय कालरी वर्कर्स फेडरेशन ने मुख्य श्रम आयुक्त से की शिकायत

Published

on

व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्यदशा संहिता (OSHW Code) 2020 की धारा 57 का खुला उल्लंघन, मुख्य गतिविधियों (Core Activities) में ठेका श्रमिकों की अवैध तैनाती का आरोप

30 वर्षों तक के लंबे ठेके देकर कानून से धोखाधड़ी, RCWF ने की सभी पीड़ित श्रमिकों को नियमित (Regularize) करने की मांग

कोरबा। राष्ट्रीय कालरी वर्कर्स फेडरेशन (RCWF) ने कोल इंडिया लिमिटेड की सहायक कंपनी साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) और उसके अधीन काम करने वाले दर्जनों निजी ठेकेदारों के खिलाफ एक बड़ा मोर्चा खोल दिया है। फेडरेशन ने मुख्य श्रम आयुक्त केंद्रीय भारत सरकार के समक्ष एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराकर SECL की विभिन्न भूमिगत (Underground) और खुली (Opencast) खदानों में चल रहे गंभीर श्रम उल्लंघनों और श्रमिकों के शोषण को उजागर किया है ।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि SECL प्रबंधन और निजी ठेकेदार केंद्र सरकार के व्यवसायिक सुरक्षा स्वास्थ्य और कार्यदशा संहिता 2020 (OSHW Code 2020) तथा मजदूरी संहिता (Code on Wages) 2019 की धज्जियां उड़ा रहे हैं ।

मुख्य आरोप और कानून का उल्लंघन

मुख्य गतिविधियों (Core Activities) में अवैध तैनाती:- OSHW कोड 2020 की धारा 57 के तहत किसी भी प्रतिष्ठान के मुख्य कार्यों में ठेका श्रमिकों को रखना सख्त प्रतिबंधित है इसके बावजूद SECL द्वारा कोयला निष्कर्षण कोयला काटना लोडिंग छत को सहारा देना (Roof support) और भारी अर्थ-मूविंग मशीनरी चलाने जैसे अत्यधिक जोखिम भरे और मुख्य कार्यों में बड़े पैमाने पर ठेका श्रमिक लगाए जा रहे हैं ।

०२. 30 साल तक के लंबे और संदेहास्पद अनुबंध:- टेक्नो ब्लास्ट माइनिंग जॉय माइनिंग चेन्नई राधा इंजीनियरिंग वर्क्स (CREW), सिनचैती नीलकंठ इन्फ्रा सहित कई कंपनियों को 6 से लेकर 30 वर्षों तक के दीर्घकालिक ठेके दिए गए हैं RCWF का कहना है कि इतने लंबे समय के अनुबंध यह साबित करते हैं कि यह कार्य स्थायी (Permanent & Perennial) प्रकृति का है जिसे छुपाने के लिए कानून के साथ धोखाधड़ी (Sham Contract) की जा रही है ।

०३. नियुक्ति पत्र से वंचित और कम मजदूरी:- OSHW कोड की धारा 6 का उल्लंघन करते हुए हजारों श्रमिकों को कोई नियुक्ति पत्र (Appointment Letter) नहीं दिया गया है जिससे उनका रोजगार असुरक्षित है साथ ही धारा 8 और वेज कोड 2019 का उल्लंघन कर नियमित कर्मचारियों के मुकाबले इन ठेका श्रमिकों को बेहद कम मजदूरी दी जा रही है ।

सभी श्रमिकों को सीधे परमानेंट (नियमित) करने की मांग

माननीय सर्वोच्च न्यायालय के स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) बनाम नेशनल यूनियन वॉटरफ्रंट वर्कर्स (2001) के ऐतिहासिक फैसले का हवाला देते हुए RCWF के नेता भागवत प्रसाद दुबे ने स्पष्ट किया है कि जहां कानून का उल्लंघन करके मुख्य गतिविधियों में ठेका श्रमिक लगाए जाते हैं वहां वह अनुबंध कानूनी रूप से शून्य (Nullity) माना जाता है ऐसे में ये सभी श्रमिक स्वतः ही मुख्य नियोक्ता (SECL) के सीधे कर्मचारी माने जाते हैं हमारी मांग है कि इन सभी श्रमिकों को उनकी प्रारंभिक नियुक्ति की तारीख से वेतन संरक्षण वरिष्ठता पीएफ ग्रेच्युटी और चिकित्सा लाभ के साथ SECL का नियमित कर्मचारी बनाया जाए ।

मुख्य श्रम आयुक्त से की गई मांग

SECL खदानों की मुख्य गतिविधियों में चल रहे ठेका श्रम की तुरंत गहन जांच और निरीक्षण कराया जाए OSHW कोड की धारा 104 के तहत दोषी SECL प्रबंधन और ठेकेदारों के खिलाफ 2 साल तक की कैद और रू. 5 लाख तक के जुर्माने की दंडात्मक कार्रवाई शुरू की जाए समान कार्य के लिए समान वेतन के सिद्धांत पर ठेका श्रमिकों को नियमित कर्मचारियों के बराबर मजदूरी और पुराने बकाए (Arrears) का भुगतान सुनिश्चित किया जाए मुख्य गतिविधियों के लिए चल रहे मौजूदा ठेकों के नवीनीकरण और नए टेंडरों पर तुरंत रोक लगाई जाए ।

इस शिकायत की प्रतियां केंद्रीय श्रम सचिव भारत सरकार, अध्यक्ष कोल इंडिया लिमिटेड, सीएमडी SECL बिलासपुर, आर.एल.सी. बिलासपुर और डी.जी.एम.एस. धनबाद को भी आवश्यक एवं त्वरित कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई हैं फेडरेशन ने चेतावनी दी है कि यदि इस गंभीर शोषण पर तुरंत लगाम नहीं लगाई गई तो श्रमिक हितों की रक्षा के लिए आंदोलन को और उग्र किया जाएगा ।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

बृजमोहन बोले- रेंजर को नोटिस भेजो, सस्पेंड करो:सुशासन तिहार में गायब रहने पर भड़के सांसद, कॉलेज बाउंड्री वॉल विवाद पर नाराजगी जताई

Published

on

रायपुर, एजेंसी। रायपुर के गोबरा नवापारा में आयोजित सुशासन ‘तिहार शिविर’ में शिकायत मिलने पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने रेंजर को सस्पेंड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेंजर यहां क्यों नहीं है, शोकॉज नोटिस जारी करो और उसे सस्पेंड करो।

मामला कुलेश्वर महादेव शासकीय महाविद्यालय की बाउंड्री वॉल निर्माण में वन विभाग की आपत्ति और रेंजर की गैरमौजूदगी से जुड़ा था। शिविर के दौरान जब यह मामला सामने आया तो सांसद ने नाराजगी जताई।

उन्होंने कहा कि जब शिविर में जनता की समस्याएं सुनने के लिए सभी विभागों के अधिकारियों को मौजूद रहना है, जिम्मेदार अधिकारी का अनुपस्थित रहना लापरवाही है। इसके बाद उन्होंने जिला प्रशासन को संबंधित रेंजर के खिलाफ सस्पेंशन के निर्देश दिए।

शिविर में अलग-अलग विभागों से जुड़े आवेदन भी सामने आए। इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिविर में मिले आवेदनों का निराकरण 7 दिनों के भीतर किया जाए। उन्होंने कहा कि तय समय में काम पूरा नहीं होने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सुशासन तिहार कार्यक्रम के मंच से सांसद ने रेंजर पर एक्शन लेने की बात कही।

सुशासन तिहार कार्यक्रम के मंच से सांसद ने रेंजर पर एक्शन लेने की बात कही।

स्कूल जमीन के मामले में अधिकारियों को बुलाया

शिविर में हरिहर हाई स्कूल की जमीन पर अतिक्रमण और नवापारा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की आरक्षित भूमि से जुड़ा मामला भी उठा।

इसके बाद पटवारी, आरआई और तहसीलदार को मंच पर बुलाया गया। अधिकारियों को जमीन संबंधी लंबित मामलों का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

सुशासन तिहार में आए आवेदनों के निराकरण के लिए 7 दिनों की डेडलाइन अधिकारियों को दी गई है।

सुशासन तिहार में आए आवेदनों के निराकरण के लिए 7 दिनों की डेडलाइन अधिकारियों को दी गई है।

विकास कार्यों की भी घोषणा

कार्यक्रम के दौरान नवापारा नगर पालिका के नए भवन के लिए 2 करोड़ रुपए, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला में एक्स्ट्रा क्लास बनाने के लिए 10 लाख रुपए और महावीर बजरंग अखाड़ा के लिए 5 लाख रुपए देने की घोषणा की गई।

बृजमोहन अग्रवाल पहले भी सुशासन तिहार में अधिकारियों पर नाराजगी जता चुके हैं।

बृजमोहन अग्रवाल पहले भी सुशासन तिहार में अधिकारियों पर नाराजगी जता चुके हैं।

पहले भी सुशासन तिहार में अधिकारियों को लगा चुके हैं फटकार

गोबरा नवापारा में रेंजर को सस्पेंड करने के निर्देश का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी सुशासन तिहार के दौरान अलग-अलग जगहों पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जता चुके हैं।

अवैध शराब बिक्री पर पुलिस और आबकारी अधिकारियों को लगाई फटकार

18 मई को रायपुर नगर निगम के जोन-5 स्थित अश्विनी नगर में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में अवैध शराब बिक्री का मुद्दा उठा था। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में खुलेआम शराब बिकने की शिकायत की थी। शिकायत सुनने के बाद सांसद मंच से ही पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारियों पर भड़क गए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा था कि अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा, “कोई बड़े से बड़ा आदमी हो, उसको उठाकर बंद करो। कार्रवाई क्यों नहीं करते?”

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब आम लोगों को पता है कि शराब कहां बिक रही है, तो संबंधित विभागों को इसकी जानकारी क्यों नहीं है।

इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में सांसद अधिकारियों से जवाब मांगते नजर आए थे। उन्होंने क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।

समोदा में आयोजित कार्यक्रम में तहसीलदार को फटकार लगाई थी।

समोदा में आयोजित कार्यक्रम में तहसीलदार को फटकार लगाई थी।

समोदा में नायब तहसीलदार को मंच पर बुलाकर लगाई फटकार

इसके बाद आरंग विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत समोदा में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर शिकायतें सामने आई थीं।

ग्रामीणों ने नामांतरण, सीमांकन और बंटवारे जैसे मामलों के लंबे समय से लंबित रहने की शिकायत की थी। कई ग्रामीणों ने काम कराने के बदले पैसे मांगने के आरोप भी लगाए थे।

शिकायतें सामने आने के बाद सांसद ने नायब तहसीलदार गजानंद सिदार को मंच पर बुलाया। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा शिकायतें उनके खिलाफ मिली हैं। मंच से ही उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि आखिर राजस्व मामलों का निराकरण समय पर क्यों नहीं हो रहा है।

कार्यक्रम के दौरान सांसद और नायब तहसीलदार के बीच हुई बातचीत का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में सांसद कथित रिश्वतखोरी और लंबित मामलों को लेकर नाराजगी जताते दिखाई दिए थे।

वहीं ग्रामीणों ने भी तहसील कार्यालय में कामकाज को लेकर अपनी शिकायतें सार्वजनिक रूप से रखी थीं।

इन दोनों घटनाओं के बाद अब गोबरा नवापारा में रेंजर को सस्पेंड करने के निर्देश का मामला सामने आया है। लगातार तीसरी बार सुशासन तिहार के मंच से अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर कार्रवाई और फटकार की स्थिति बनी है।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ उपचुनाव: BJP अध्यक्ष किरण सिंहदेव के करीबी हारे:जगदलपुर-बिलासपुर में जीती कांग्रेस, 9 में से 3 सीटें भाजपा के खाते में

Published

on

बिलासपुर/जगदलपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के अलग अलग जिले के वार्डों में हुए उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं। बिलासपुर और जगदलपुर नगर निगम उपचुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है।

जगदलपुर नगर निगम के इंदिरा वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी ने 436 वोटों से बीजेपी के मनोहर दत्त तिवारी को हराया है। मनोहर दत्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव के करीबी हैं।

बिलासपुर में वार्ड क्रमांक 29 के उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी शेख आजम ने भाजपा के मधुसूदन राव को 1062 वोटों से हराया। उपचुनाव के नतीजों के मुताबिक, कांग्रेस ने 6 सीटों और भाजपा ने 3 सीटों पर उपचुनावों में जीत दर्ज की है।

सूरजपुर (शिवनंदनपुर), कवर्धा (सहसपुर लोहारा) और जांजगीर चांपा (बमनीडीह) में बीजेपी की जीत हुई है। घुमका, पलारी नगर पंचायत (अध्यक्ष पद) चारामा वार्ड 13 और पखांजूर सभी में कांग्रेस की जीत हुई है।

इन नतीजों पर कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि जनता का विश्वास भाजपा सरकार से उठ चुका है। वहीं जगदलपुर मेयर संजय पांडेय ने हार की समीक्षा की बात कही।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव के करीबी मनोहर दत्त तिवारी उपचुनाव में 436 वोटों से हारे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव के करीबी मनोहर दत्त तिवारी उपचुनाव में 436 वोटों से हारे।

जगदलपुर के इंदिरा वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी की जीत हुई है।

जगदलपुर के इंदिरा वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी की जीत हुई है।

जगदलपुर में किरण सिंहदेव के करीबी हारे

जगदलपुर नगर निगम के इंदिरा वार्ड में 1 जून को उपचुनाव में कुल 1,542 में से 1,223 वोटर्स ने वोट डाले थे। भाजपा ने मनोहर दत्त तिवारी को मैदान में उतारा था, जो कि प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव के करीबी हैं।

जबकि आम आदमी पार्टी से रुबीना कुरैशी चुनावी मैदान में थीं। खास बात यह है कि इंदिरा वार्ड कांग्रेस का गढ़ है। पिछले 30 सालों से वार्ड में कांग्रेस का कब्जा रहा है। इस बार फिर कांग्रेस ने जीत दर्ज की।

दरअसल, यह सीट कांग्रेस के सीनियर पार्षद रहे अब्दुल रशीद के निधन के बाद खाली हुई थी। अब्दुल रशीद लगातार 4 बार पार्षद चुने गए थे। इससे पहले उनकी मां भी दो बार इस वार्ड का प्रतिनिधित्व कर चुकी थीं।

जगदलपुर में कांग्रेस ने जीत के बाद मनाया जश्न।

जगदलपुर में कांग्रेस ने जीत के बाद मनाया जश्न।

बिलासपुर में कांग्रेस ने मधुसूदन को हराया

बिलासपुर नगर निगम में वार्ड क्रमांक 29 (संजय गांधी नगर) के उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी शेख आजम ने भाजपा के मधुसूदन राव को हरा दिया है। इस वार्ड में कांग्रेस पिछले 40 सालों से चुनाव जीत रही है।

जानकारी के मुताबिक, मधुसूदन राव को शेख आजम के पिता शेख असलम ने भी हराया था। वार्ड 29 में यह दूसरा उपचुनाव है। इससे पहले पार्षद शेख गफ्फार के निधन के बाद हुए उप चुनाव में उनके भाई शेख असलम विजयी हुए थे।

बाद में शेख असलम सामान्य चुनाव में भी पार्षद चुने गए। उनके निधन के बाद सीट खाली होने से फिर उपचुनाव कराना पड़ा। बता दें कि 1 जून को हुए उपचुनाव में वार्ड के 5255 मतदाताओं में से 3665 मतदाताओं ने वोट डाला था।

राजनांदगांव में अध्यक्ष पद कांग्रेस जीतीं

राजनांदगांव में कुल 14 वार्डों में चुनाव हुए। कांग्रेस की फूलमती वर्मा 85 वोटों से जीतीं और घुमका नगर पंचायत की पहली अध्यक्ष बनीं। यानी अध्यक्ष पद कांग्रेस के पास गया, जबकि वार्डों में भाजपा को स्पष्ट बढ़त मिली।

वार्डवार स्थिति:

  • भाजपा – 10 वार्ड
  • कांग्रेस – 3 वार्ड
  • निर्दलीय – 1 वार्ड
कांग्रेस प्रत्याशी फूलमती वर्मा घुमका नगर पंचायत की पहली अध्यक्ष बनी।

कांग्रेस प्रत्याशी फूलमती वर्मा घुमका नगर पंचायत की पहली अध्यक्ष बनी।

सूरजपुर में अध्यक्ष पद पर BJP की जीत

सूरजपुर में कुल 15 वार्डों में चुनाव हुए। वार्डों में कांग्रेस को बहुमत मिला। लेकिन शिवनंदनपुर नगर पंचायत से अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी रितेश जायसवाल विजयी रहे।

वार्डवार स्थिति:

  • कांग्रेस ने 8 वार्डों में जीत दर्ज की।
  • भाजपा ने 7 वार्डों में जीत हासिल की।
बालोद में विधायक संगीता सिन्हा के क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी यानेश साहू ने अध्यक्ष पद जीता।

बालोद में विधायक संगीता सिन्हा के क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी यानेश साहू ने अध्यक्ष पद जीता।

बालोद में कांग्रेस को बहुमत

बालोद में कुल 15 वार्डों में चुनाव हुए। नगर पंचायत पलारी में कांग्रेस प्रत्याशी यानेश साहू ने भाजपा के लखन लाल गुरूपंच को 506 वोटों से हराकर अध्यक्ष पद जीता। यानी अध्यक्ष पद और परिषद दोनों में कांग्रेस को बहुमत मिला।

वार्डवार स्थिति:

  • कांग्रेस – 10 वार्ड (9 वार्ड में सीधी जीत, 1 वार्ड लॉटरी से)
  • भाजपा – 5 वार्ड
कांकेर में विधायक सावित्री मंडावी के क्षेत्र चारामा और पखांजूर में कांग्रेस जीतीं।

कांकेर में विधायक सावित्री मंडावी के क्षेत्र चारामा और पखांजूर में कांग्रेस जीतीं।

कांकेर जिले के दो नगर पंचायत उपचुनाव में कांग्रेस जीतीं

चारामा (वार्ड क्रमांक 13) में कांग्रेस प्रत्याशी मोहित नायक 286 वोटों से जीते। पखांजूर (वार्ड क्रमांक 09) में कांग्रेस के रूखमणि एटटी ने भाजपा के संजीता विश्वास को 65 वोटों से हराया। दोनों नगर पंचायत उपचुनावों में कांग्रेस ने जीत दर्ज की।

कवर्धा (सहसपुर लोहारा) में भाजपा की जीत

कवर्धा में नगर पंचायत सहसपुर लोहारा के अध्यक्ष पद के लिए हुए उपचुनाव में भाजपा की जीत हुई है। सरिता संतोष मिश्रा ने कांग्रेस के रोशन वैष्णव को 762 वोटों से हराया।

जांजगीर-चांपा (बमनीडीह) में जीती भाजपा

जांजगीर चांपा में 15 वार्डों में वोटिंग हुई। बमनीडीह नगर पंचायत में अध्यक्ष पद और परिषद दोनों में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला है। भाजपा से रमेश डड़सेना 889 वोटों से अध्यक्ष पद जीता।

वार्डवार स्थिति (15 वार्ड)

  • भाजपा – 11 वार्ड
  • कांग्रेस – 3 वार्ड
  • निर्दलीय – 1 वार्ड

कांग्रेस बोली- भाजपा सरकार से उठा जनता का विश्वास

कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि लोकल बॉडी इलेक्शन में बिलासपुर जगदलपुर में कांग्रेस के प्रत्याशी जीते हैं। इससे स्पष्ट है कि भाजपा सरकार से जनता का विश्वास उठ चुका है। ढाई साल पहले बड़े-बड़े वादे कर भाजपा ने विधानसभा चुनाव जीता था।

अब उपचुनाव के परिणाम भाजपा के खिलाफ आया है। सरकार ने वादा पूरा नहीं किया। आज का परिणाम बता रहा है कि कांग्रेस पार्टी के लिए अच्छे दिन की शुरूआत है। आने वाला जो भी इलेक्शन होगा कांग्रेस के प्रत्याशी 100% जीतेंगे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677