Connect with us

कोरबा

54 लाख खर्च कर दिए, लेकिन 03 किलोमीटर की सड़क जस की तस

Published

on

नक्सली क्षेत्र से भी बदतर काम हो रहा जिले के वनांचल क्षेत्रों में
पीएमजीएसवाई की सड़कों की नवनीकरण एवं मरम्मत में घालमेल
पाली ब्लाक के रतखंडी से पहाड़ जमड़ी रोड निर्माण की जांच की मांग: कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
कोरबा/पाली।
भारतरत्न स्व.श्री अटल बिहारी बाजपेयी ने सुदूर वनांचल क्षेत्रों को जिला मुख्यालयों से जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना प्रारंभ की थी, जिससे देश भर की ग्रामीण सड़कों का निर्माण हुआ और सुदूर क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीण जिला मुख्यालयों से जुड़े और उनका जीवन स्तर सामान्य हुआ, लेकिन कोरबा जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सुदूर वनांचल क्षेत्र की सड़कों के निर्माण में ऐसा घालमेल किया जा रहा है, कि नक्सली क्षेत्र के विकास कार्य भी हंसने लगेंगे।
ऐसा ही एक मामला पाली ब्लाक के रतखंडी सड़क का प्रकाश में आया है, जहां 03 किलोमीटर बनाने में 54 लाख फूंक दिए, लेकिन सड़क का कहीं अता-पता नहीं। 10 साल पहले जो सड़क की दुर्दशा थी, वही आज भी है।
लगे साईनबोर्ड के अनुसार
कार्य का नाम – पाली, रतखंडी रोड से पहाड़जमड़ी तक नवीनीकरण कार्य 03 किलोमीटर
स्वीकृत राशि – 54 लाख रूपए
ठेकेदार का नाम – मे. ग्लोबल कंस्ट्रक्शन कोरबा
समुह क्रमांक – सीजी 10 एम 47
कार्य प्रारंभ की तिथि – 10-08-2023
कार्य पूर्णता तिथि – 01-05-2024
मरम्मत एवं रखरखाव अवधि – 05 वर्ष
पूर्व जनपद सदस्य ने ठेकेदार-अधिकारियों की मिलीभगत का लगाया आरोप


जनपद पंचायत पाली के पूर्व सदस्य मिर्जा कयूम बेग ने स्वयं रतखंडी-पहाड़जमड़ी पीएमजीएसवाई रोड का निरीक्षण किया और बताया कि डेढ़ साल में ही रोड की ऐसी दुर्गति संभव नहीं है। कहीं न कहीं ठेकेदार और अधिकारियों की मिलीभगत है और सड़क की दुर्दशा देख कर अंदाजा लगाया जा सकता है, या तो सड़क बनी ही नहीं, या फिर गुणवत्ताहीन और डामर की पतली परत लगा दी गई होगी।
कयूम बेग ने बताया कि 30-40 मीटर में ही डामर की पतली परत दिख रही है, बाकी सड़क बनाई ही नहीं गई।
जांच की मांग: कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
पूर्व जनपद सदस्य मिर्जा कयूम बेग ने जनदर्शन में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा, जिसमें सड़क की दुर्दशा की तस्वीर भी संलग्र की है और कलेक्टर से जांच की मांग की है।
वनांचल क्षेत्र में नक्सली क्षेत्र से भी बदतर हो रहा काम
जिले के घूर वनांचल क्षेत्रों में प्रशासन के न पहुंचने का फायदा अधिकारी और ठेकेदार उठा रहे हैं। रतखंडी -पहाड़जमड़ी रोड की हालत देखने से लगता है कि घूर वनांचल क्षेत्रों में अधिकारी और ठेकेदार जमकर घालमेल कर रहे हैं। आदिवासी मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आदिवासी उत्थान की ओर अग्रसर हों, लेकिन अधिकारी आदिवासी क्षेत्रों में किस तरह काम कर रहे हैं, यह रतखंडी-पहाड़जमड़ी रोड की हालत देखकर लगाया जा सकता है।
इस रोड में वाहनों की ज्यादा आवाजाही नहीं, फिर भी ऐसी दुर्दशा
रतखंडी-पहाड़जमड़ी रोड में सायकिल, मोटर सायकिल और कभी चार पहिया वाहन ही दौड़ते हैं, फिर भी डेढ़ साल में सड़की की दुर्दशा देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है, कि पीएमजीएसवाई के अधिकारी और ठेकेदार किस तरह काम कर रहे हैं। सूक्ष्म जांच होगी तो घालमेल का भंडाफोड़ भी हो सकता है।

निरीक्षण करूंगा-सी बी सिंग, ईई पीएमजीएसवाई
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता सी बी सिंग ने कहा कि निरीक्षण करेंगे और वास्तविकता के बाद आगे की कार्यवाही करेंगे।

???? ?????? ?? ????????

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

बांकीमोंगरा नगर पालिका में नई टीम की कमान: जानें कौन हैं 4 नए एल्डरमैन और शहर के विकास का पूरा रोडमैप,,देखे पूरी खबर

Published

on

संवाददाता साबीर अंसारी

बांकीमोंगरा :– नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के प्रशासनिक गलियारे में हलचल तेज है। शहर के समग्र विकास और जन-समस्याओं के त्वरित समाधान को नई दिशा देने के लिए 4 नए एल्डरमैनों की नियुक्ति के बाद उनका औपचारिक शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हो गया।

कटघोरा के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व/SDM) द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाए जाने के साथ ही बांकीमोंगरा के विकास का नया खाका खिंचना शुरू हो गया है।

नई जिम्मेदारी: इन चार चेहरों पर टिका भरोसा

शहर के विकास और जनसेवा की डोर अब जिन 4 नवनियुक्त एल्डरमैनों के हाथों में सौंपी गई है, वे हैं:

🔹 श्रीमती राखी अग्रवाल

🔹 जितेन्द्र सिंह

🔹 देव यादव

🔹 निराकार नाहक

शपथ ग्रहण के बाद अतिथियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर सभी का भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया।

VVIPs की मौजूदगी: मंच पर जुटी सत्ता और संगठन की ताकतकार्यक्रम केवल शपथ ग्रहण तक सीमित नहीं था, बल्कि मंच से नगर के भावी विकास का खाका भी पेश किया गया।

कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन (वाणिज्य, उद्योग, आबकारी एवं श्रम) ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

प्रेमचंद पटेल (विधायक, कटघोरा) ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

श्रीमती सोनी विकास झा (अध्यक्ष, नपा बांकीमोंगरा) एवं श्रीमती गायत्री कंवर (उपाध्यक्ष) की गरिमामय मौजूदगी रही।

कार्यक्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) श्रीमती ज्योत्सना टोप्पो, भाजयुमो के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष विकास झा, भाजपा मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा, पालिका के समस्त पार्षदों सहित क्षेत्र के सामाजिक व व्यापारिक प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

मुख्य अतिथियों के बड़े बयान: किस पर रहेगा फोकस?

लखनलाल देवांगन (कैबिनेट मंत्री): “एल्डरमैन नगर विकास की मजबूत कड़ी हैं। आप सभी को जनसेवा की भावना के साथ अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं को पहुँचाना है। बांकीमोंगरा के विकास के लिए खजाना हमेशा खुला रहेगा!

प्रेमचंद पटेल (विधायक): “प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की जुगलबंदी से ही बांकीमोंगरा में विकास की रफ्तार दोगुनी होगी।

श्रीमती सोनी विकास झा (अध्यक्ष): “नगर की सफाई, बिजली, पानी और मूलभूत सुविधाएँ हमारी पहली प्राथमिकता हैं। नई टीम के साथ काम करने में और मजबूती मिलेगी।

विकास झा (नेता): “बांकीमोंगरा के सर्वांगीण विकास के लिए हम सबको एक टीम की तरह काम करना होगा।”

आगे क्या? नवनियुक्त एल्डरमैनों के आने से नगर पालिका परिषद की कार्यप्रणाली में गति आने की संभावना जताई जा रही है। शहर के आम नागरिकों को उम्मीद है कि बुनियादी सुविधाओं जैसे—सड़क, पानी, सफाई और स्ट्रीट लाइट्स की समस्याओं का अब त्वरित समाधान हो सकेगा।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में एकलव्य आवासीय स्कूल में छात्रों का हंगामा:विधायक-जिला पंचायत अध्यक्ष की गाड़ी रोककर प्रिंसिपल हटाने की मांग, कार्रवाई के दिए निर्देश

Published

on

कोरबा। कोरबा के कटघोरा थाना क्षेत्र स्थित शासकीय एकलव्य आवासीय विद्यालय में सोमवार को छात्रों और अभिभावकों का आक्रोश फूट पड़ा। शाला प्रवेश उत्सव से लौट रहे कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल और जिला पंचायत अध्यक्ष की गाड़ी रोककर उन्होंने विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अहमद खान को हटाने की मांग की। छात्रों ने भोजन, स्वास्थ्य सुविधाओं और विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर आरोप लगाए।

छात्रों का कहना है कि उन्हें रोजाना घटिया और अस्वच्छ भोजन दिया जाता है। आरोप है कि बरसात के पानी से खाना बनाया जाता है और भोजन में कई बार कीड़े भी निकलते हैं। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कथित तौर पर एक्सपायरी डेट वाले दूध के पैकेट और खाद्य सामग्री भी दिखाई, जिनकी तारीखें मिटाई गई थीं।

स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी उठाए सवाल

छात्रों ने बताया कि कई बच्चे खाज-खुजली और त्वचा संबंधी बीमारियों से पीड़ित हैं, लेकिन उन्हें समय पर उचित इलाज नहीं मिल रहा। आरोप यह भी लगाया गया कि छात्रों को एक्सपायरी डेट वाली दवाइयां दी जा रही हैं।

अभिभावकों ने भी जताई नाराजगी

अभिभावकों ने प्राचार्य के कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि 240 छात्रों के अभिभावकों को पैरेंट्स मीटिंग के लिए अलग-अलग दिनों में बुलाया जाता है, जिससे उन्हें बार-बार विद्यालय आना पड़ता है। साथ ही छात्रों को बाहर से जरूरत का सामान लाने पर रोक लगाने का भी आरोप लगाया गया।

शिक्षकों की मारपीट का मामला भी उठा

प्रदर्शन के दौरान अभिभावकों ने बताया कि हाल ही में विद्यालय के दो शिक्षकों के बीच हुए विवाद और मारपीट में कुछ छात्र भी घायल हो गए थे। इस मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई जा चुकी है।

विधायक ने दिए जांच के निर्देश

छात्रों और अभिभावकों की शिकायतें सुनने के बाद विधायक प्रेमचंद पटेल ने मौके पर मौजूद सहायक आयुक्त को पूरे मामले की जांच कर सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्रों की सुविधाओं से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

Continue Reading

कोरबा

बाइक गुम होने के तनाव में युवक ने दी जान:कोरबा में नशे की हालत में खोई थी बाइक, कमरे में फंदे पर मिला शव

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के ग्राम बलगीखार में सोमवार सुबह एक 27 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान दीपक कंवर के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार दीपक कंवर अविवाहित था और मजदूरी कर अपना जीवनयापन करता था। कुछ दिन पहले वह दर्री क्षेत्र गया था। बताया जा रहा है कि नशे की हालत में उसकी बाइक कहीं गुम हो गई थी। काफी तलाश के बावजूद बाइक नहीं मिली, जिसके बाद से वह लगातार मानसिक तनाव में रहने लगा था।

सुबह कमरे में फंदे पर लटका मिला शव

परिजनों के मुताबिक, रविवार (26 जुलाई) देर रात दीपक नशे की हालत में घर लौटा। खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया। सोमवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से देखने पर उसका शव पंखे से लटकता मिला।

घर में मचा कोहराम

घटना का पता चलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर बांकी मोंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और पंचनामा कार्रवाई की।

सुसाइड नोट नहीं मिला

पुलिस की जांच में कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए हैं।

पुलिस कर रही जांच

परिजनों ने पुलिस को बताया कि बाइक गुम होने के बाद से दीपक काफी परेशान रहता था और बार-बार उसी बात का जिक्र करता था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677