कटघोरा :– कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र के कारखाना मोहल्ला निवासी वरिष्ठ भाजपा नेता और जनपद सदस्य ठेकेदार अक्षय गर्ग की हत्या से पूरे जिले में सनसनी का माहौल और लोगों में आक्रोश है।
मिली जानकारी अनुसार हत्याकांड का मास्टरमाइंड मुस्ताक और विश्वजीत ओगरे नामक युवक है जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है
हत्या की मुख्य वजह व्यवसायिक और राजनीतिक रंजिश है।
मिली जानकारी अनुसार अक्षय गर्ग कल सुबह लगभग 10 बजे अपने वाहन इनोवा कार क्रमांक JH 05 DK 2244 से अपने काम के सिलसिले में दिनांक 23-12-2025 को अपने साइट ग्राम कटघोरा नगरी कैंपPMGSY सड़क निर्माण साइट का निरीक्षण करने गया हुआ था उसी दौरान एक काले रंग के कार में तीन अज्ञात युवक पहुंचे और उन पर धारदार टांगिया और चाकू से हमला कर दिया और वहां से भाग निकले। हमले में अक्षय गर्ग के सिर के पीछे, हाथ एवं पेट में गंभीर चोट आई जिसे आनन फानन में उपस्थित लोगों द्वारा अस्पताल पहुंचाया गया पर रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल के बाहर स्थानीय लोग, परिवारजन और शुभचिंतक अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में जमा हो गए। मृतक की खबर सुन सभी लोगो में आक्रोश और शोक का लहर दौड़ उठा और आरोपियों को जल्द से जल्द हिरासत में लेने की आवाज उठाने लगे।
घटना की खबर पर कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी तुरंत दलबल के साथ घटनास्थल पहुंच घटना का जायजा लिया और आला अधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी दे उनके द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों पर कार्यवाही आगे बढ़ाते हुए उन तीनों युवकों को पत़ासाजी शुरू कर दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए आईजी संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन और एसपी सिद्धार्थ तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और हत्याकांड के आरोपियों को जल्द से जल्द हिरासत में लेने के निर्देश दिए।
विशेष टीम साइबर सेल, एफएसएल और थाना कटघोरा पुलिस ने और कटघोरा पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए अपनी तफ्तीश तेज की और प्रत्यक्षदर्शियों और शक के आधार पर मृतक से जुड़े लोगों को चिन्हांकित कर पूछताछ शुरू किया जिसके बाद तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए मिले साक्ष्य और कड़ी दर कड़ी जुड़ते गए और पुलिस आरोपियों तक पहुंच ही गई और हत्या में शामिल तीन आरोपी को कटघोरा पुलिस ने रात में ही धर दबोचा जिनसे पूछताछ के बाद यह जानकारी मिली कि मृतक और आरोपियों के बीच लंबे समय से व्यवसायिक और राजनीतिक मतभेद चल रहे थे जिसके वजह से यह हत्या की गई।
आरोपी👇👇
मुख्य आरोपीमिर्जा मुस्ताक अहमद (27 वर्ष) – निवासी ग्राम मलदा, थाना कटघोरा
मुख्य आरोपी, हत्या की साजिश रचने वाला विश्वजीत ओग्रे (21 वर्ष) – निवासी सिंघिया कोरबी
सिर पर टंगिया से वार करने वाला गुलशन दास (26 वर्ष) – निवासी ग्राम मलदा
अब तक घटना में शामिल तीन मुख्य आरोपी पुलिस के गिरफ्त में आ चुके है और भी दो आरोपियों की संलिप्तता की जानकारी मिली है जो हत्या के दौरान अक्षय गर्ग की रेकी कर उसका लोकेशन बताने का काम कर रहे थे, जिनकी तलाश जारी है।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने
लोहे की टंगिया
लोहे का चापड़
घटना में प्रयुक्त वाहन (CG 12 BF 4345)
खून से सने कपड़े
मोबाइल फोन
अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जप्त किए हैं।
प्रार्थी जय गर्ग पिता स्व. प्रदीप गर्ग उम्र 30 वर्ष, निवासी कटघोरा वार्ड नंबर 03 की रिपोर्ट पर थाना कटघोरा में मर्ग क्रमांक 162/25 धारा 194 BNSS कायम कर, अपराध क्रमांक 425/25 धारा 103(1), 238(1), 61(2), 3(5) BNS पंजीबद्ध किया गया।
व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा – आरोपी मिर्जा मुस्ताक अहमद क्षेत्र में ठेकेदारी का काम करना चाहता था, किंतु मृतक अक्षय गर्ग के प्रभाव से उसे उक्त क्षेत्र में ठेका कार्य नहीं मिल पा रहा था।
राजनीतिक प्रतिस्पर्धा – पूर्व पंचायत चुनाव में मृतक अक्षय गर्ग एवं आरोपी मिर्जा मुस्ताक अहमद के बीच सीधी चुनावी टक्कर थी, जिस दौरान दोनों पक्षों के बीच वाद-विवाद होना पाया गया।
सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना में जुटी हुई है।
12 ट्राईसाइकिल, 18 व्हीलचेयर और 13 श्रवण यंत्र वितरित; दो 17 वर्षीय युवतियों को मौके पर मिली व्हीलचेयर
कोरबा/कटघोरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को कटघोरा के सांस्कृतिक भवन में दिव्यांग सहायता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 43 दिव्यांग हितग्राहियों को ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर एवं श्रवण यंत्र सहित विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए।
शिविर में 12 ट्राईसाइकिल, 18 व्हीलचेयर एवं 13 श्रवण यंत्र वितरित किए गए। इस दौरान 17 वर्षीय सना निषाद एवं 17 वर्षीय जन्नत कुरैशी का मौके पर ही नया पंजीयन किया गया। उनकी आवश्यकता को देखते हुए दोनों को तत्काल व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम में कटघोरा एसडीएम, जनपद पंचायत कटघोरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) तथा समाज कल्याण विभाग कोरबा से श्री सक्सेना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन एम.पी. सिंह ने किया।
दिव्यांगजनों की सेवा समाज की जिम्मेदारी : प्रेमचंद पटेल
इस अवसर पर कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराना केवल सरकारी सहायता नहीं, बल्कि सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण कार्य है। ऐसे शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायता मिलती है, जिससे उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाने के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में भी सहयोग मिलता है।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष कटघोरा श्रीमती झुलबाई कंवर, जिला महामंत्री संजय शर्मा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती मीना शर्मा, भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह-संयोजक एवं बिलासपुर संभाग प्रभारी राजेश यादव, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष गोविंद सिंह कंवर, राम प्रसाद कोराम, मंडल महामंत्री समजीत सिंह, कटघोरा मंडल अध्यक्ष श्रवण कुमार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य युवा मोर्चा पीयूष गर्ग, विधायक प्रतिनिधि जनपद कटघोरा राजकुमार कश्यप सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाना तथा सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में सहयोग प्रदान करना रहा।
उक्त आशय की जानकारी भाजपा मीडिया प्रभारी शिवशंकर जायसवाल ने दी।
कोरबा/कटघोरा। कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर स्थित मक्का मस्जिद में नमाज की तैयारी कर रहे 55 वर्षीय महबूब आलम पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि 33 वर्षीय माजिद हुसैन ने पुरानी रंजिश के चलते बाइक के शॉक-अप पाइप से उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार किए।
हमले में महबूब आलम के सिर पर करीब 12 टांके लगे हैं। शुरुआती इलाज के बाद उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा रेफर किया गया है।
नमाज से पहले पीछे से किया हमला
घटना सोमवार की है। शास्त्री नगर निवासी महबूब आलम मक्का मस्जिद में नमाज की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान माजिद हुसैन पीछे से आया और बाइक के शॉक-अप पाइप से उनके सिर पर हमला कर दिया।
मस्जिद में अचानक हुए हमले से अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया और घायल महबूब आलम को कटघोरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सिर में गंभीर चोट होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हमला करने के बाद आरोपी फरार
घटना के बाद आरोपी माजिद हुसैन मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश के चलते मारपीट की बात सामने आई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
बेटे बोले- नमाज की तैयारी के दौरान किया हमला
घायल महबूब आलम के बेटे ने बताया कि उनके पिता नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद आए थे। नमाज की तैयारी के दौरान ही युवक ने पीछे से हमला कर दिया। उनके सिर में गंभीर चोट आई है। कटघोरा में प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
स्थानीय लोगों ने की कार्रवाई की मांग
स्थानीय निवासी इमरान खान ने कहा कि आपसी विवाद को मस्जिद से बाहर सुलझाना चाहिए था। उन्होंने मस्जिद में हुई मारपीट की घटना को गलत बताते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की, ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो।
पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
डेढ़ से दो किलोमीटर दूर केंद्र, बीच में बड़ी नहर, महिलाओं ने भाजपा नेता राजेश यादव को सौंपा ज्ञापन
कोरबा/कनबेरी/कटघोरा, 21 सितंबर 2026। ग्राम पंचायत कनबेरी के आश्रित ग्राम भलपहरी के मोहल्ला चारपारा में आंगनबाड़ी केंद्र नहीं होने के कारण 40 से अधिक छोटे बच्चों को शासन की विभिन्न योजनाओं का समुचित लाभ लेने में परेशानी हो रही है। मोहल्ले की महिलाओं के अनुसार वर्तमान आंगनबाड़ी केंद्र लगभग डेढ़ से दो किलोमीटर दूर है और बच्चों को वहां पहुंचने के रास्ते में बड़ी नहर पड़ती है।
महिलाओं ने बताया कि नहर के कारण छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर हमेशा चिंता बनी रहती है। कुछ वर्ष पूर्व नहर में डूबने से एक बच्चे की मृत्यु भी हो चुकी है। इसके बावजूद चारपारा में अब तक आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्था नहीं की गई है।
केंद्र दूर होने के कारण बच्चों को पोषण आहार, टीकाकरण, स्वास्थ्य सेवाओं तथा प्रारंभिक शिक्षा जैसी सुविधाओं का नियमित लाभ लेने में परेशानी हो रही है। वहीं, कामकाजी महिलाओं के लिए भी छोटे बच्चों को दूर स्थित केंद्र तक ले जाना मुश्किल हो रहा है।
इसी समस्या को लेकर मोहल्ले की महिलाओं हेमाबाई, लक्ष्मीन, शांति, प्रियंका, नंदनी बाई, अनिता जगत, राधा कश्यप सहित अन्य महिलाओं ने भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक राजेश यादव को ज्ञापन सौंपकर चारपारा में नवीन आंगनबाड़ी केंद्र अथवा पालना घर की व्यवस्था कराने की मांग की।कटघोरा विकास खंड के ब्लॉक समन्वयक रुक्मणी यादव, प्रेरक कमलेश लहरे ने इस विषय को अपने कार्ययोजना मे शामिल किया है।
बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : राजेश यादव
राजेश यादव ने कहा कि छोटे बच्चों को आंगनबाड़ी जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित रखना गंभीर विषय है। जिस रास्ते में बड़ी नहर पड़ती हो और जहां पहले एक बच्चे की डूबने से मृत्यु हो चुकी हो, वहां मासूम बच्चों को डेढ़-दो किलोमीटर दूर भेजना उनकी सुरक्षा से खिलवाड़ है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मौके का निरीक्षण कर चारपारा में आंगनबाड़ी केंद्र अथवा पालना घर की व्यवस्था करे। बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महिलाओं ने प्रशासन से मांग की है कि चारपारा की स्थिति का स्थल निरीक्षण कर बच्चों की संख्या, दूरी और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शीघ्र उचित निर्णय लिया जाए, ताकि बच्चों और कामकाजी महिलाओं को शासन की योजनाओं का लाभ उनके घर के नजदीक मिल सके।
ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर, जिला कोरबा, जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, कोरबा तथा खंड परियोजना अधिकारी, एकीकृत बाल विकास परियोजना, कटघोरा को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है।