Connect with us

छत्तीसगढ़

रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से की सौजन्य मुलाकात, ‘बस्तर पंडुम 2026’ में किया आमंत्रित

Published

on

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु को छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय जनजातीय सांस्कृतिक महोत्सव ‘बस्तर पंडुम 2026’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने राष्ट्रपति को बस्तर अंचल की समृद्ध जनजातीय कला, संस्कृति, परंपराओं एवं लोक जीवन से अवगत कराते हुए कहा कि बस्तर पंडुम राज्य की जनजातीय विरासत के संरक्षण, संवर्धन और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचार का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। यह आयोजन तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा, जिसका अंतिम चरण फरवरी 2026 में बस्तर में संपन्न होगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने राष्ट्रपति को छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, बुनियादी ढांचे के विस्तार एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति से भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उनकी सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने जनजातीय संस्कृति से जुड़े इस आयोजन की सराहना करते हुए बस्तर पंडुम 2026 के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि बस्तर पंडुम 2026 के माध्यम से लोकनृत्य, लोकगीत, पारंपरिक वाद्ययंत्र, हस्तशिल्प, जनजातीय व्यंजन, वेशभूषा सहित विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं का प्रदर्शन किया जाएगा।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

कोरबा में हाइड्रा ने बाइक सवार परिवार को रौंदा:3 साल की बच्ची की मौत, तीन की हालत गंभीर, हादसे के बाद भागा ड्राइवर

Published

on

कोरबा। कोरबा के पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के बांगो थाना क्षेत्र में गुरुवार को सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हाइड्रा वाहन ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में तीन साल की बच्ची की हाइड्रा के पहिए में फंसने से मौके पर ही मौत हो गई। बच्ची के माता-पिता और एक साल का भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक हाइड्रा छोड़कर फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक, तनेरा निवासी राम कुमार पोर्ते अपनी पत्नी प्रेम लता पोर्ते, तीन साल की बेटी स्नेहा पोर्ते और एक साल के बेटे इसरुस्तम के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। वे रावा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाइड्रा ने ओवरटेक करने की कोशिश में उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

बाइक हाइड्रा के पहिए में फंसी, बच्ची की मौत

टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक हाइड्रा के अगले पहिए में फंस गई। हाइड्रा बाइक को कुछ दूरी तक घसीटता रहा। इसी दौरान तीन साल की स्नेहा पहिए की चपेट में आ गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राम कुमार, प्रेम लता और एक साल का इसरुस्तम सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर भागा

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने हाइड्रा को रुकवाया और घायलों को संभाला। इसी दौरान चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि हादसे के समय चालक मोबाइल पर बात कर रहा था। हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हादसे की असली वजह पता चलेगी।

112 और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची

सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी उपरोड़ा ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मृत बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी में रखा गया है।

हाइड्रा जब्त, चालक की तलाश

बांगो पुलिस ने मामला दर्ज कर हाइड्रा को जब्त कर लिया है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

शिक्षकों का सम्मान, AI शिक्षा को बढ़ावा देने की पहल

Published

on

एच.डी. शेफर मेमोरियल फाउंडेशन के शिक्षक दिवस समारोह में सम्मानित हुए शिक्षक, पियून और रसोइये

सरकारी स्कूलों में निःशुल्क AI साक्षरता कक्षाएं, ई-टेक्नो स्कूल और स्टार्टअप इनक्यूबेशन सेंटर की घोषणा

बिलासपुर (सुनील चिंचोलकर)। शिक्षक दिवस के अवसर पर एच.डी. शेफर मेमोरियल फाउंडेशन के तत्वावधान में सीओसीएमआई परिसर, कुडुदंड में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शहर के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शिक्षकों के साथ विद्यालयों में कार्यरत पियून, रसोइयों और संडे स्कूल शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पास्टर निखिल पॉल की आशीष प्रार्थना से हुआ। फाउंडेशन के निदेशक संजय विल्सन ने संस्था की गतिविधियों एवं भावी योजनाओं की जानकारी देते हुए शिक्षकों से AI एवं नई तकनीकों के लिए स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक की भूमिका केवल पढ़ाने तक सीमित नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण और उन्हें जीवनभर सीखने के लिए प्रेरित करने तक है।

कोडक्राफ्ट के संस्थापक अप्रतिम सैमुएल ने बताया कि फाउंडेशन के अंतर्गत कोडक्राफ्ट सेंटर फॉर एआई एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजीज स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से बिलासपुर जिले के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में इस शैक्षणिक सत्र से निःशुल्क AI साक्षरता कक्षाएं संचालित करने की योजना है।

उन्होंने भविष्य में कंप्यूटर आधारित परीक्षा केंद्र, ‘ई-टेक्नो स्कूल’ तथा स्टार्टअप एवं इनोवेशन इनक्यूबेशन सेंटर स्थापित करने की जानकारी दी। साथ ही दक्षिण कोरिया एवं इज़राइल की टेल अवीव यूनिवर्सिटी के साथ स्टूडेंट एक्सचेंज प्रोग्राम शुरू करने की दिशा में कार्य किए जाने की बात कही।

केन मेमोरियल स्कूल के प्राचार्य एरिक जोसेफ ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए Integrity और निरंतर मेहनत के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में नूतन सैमुएल, प्रमोद कुजूर, अहरलिश पॉल, आलोक विल्सन, हेमंत लाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। समारोह के अंत में फाउंडेशन ने भविष्य में भी शिक्षकों के उत्साहवर्धन के लिए ऐसे आयोजन जारी रखने तथा राज्य स्तरीय टेक एवं स्टार्टअप समिट आयोजित करने की घोषणा की।

Continue Reading

कोरबा

सुरेश कुमार अग्रवाल बने जिला कांग्रेस कार्यालय के महामंत्री

Published

on

कोरबा, 11 सितंबर 2026। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुमोदन तथा नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, सांसद श्रीमती ज्योत्स्ना महंत एवं पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की अनुशंसा पर सुरेश कुमार अग्रवाल (जमनीपाली) को जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा (शहर) के कार्यालय महामंत्री पद पर नियुक्त किया गया है।
जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा (शहर) के अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर द्वारा जारी नियुक्ति आदेश में विश्वास व्यक्त किया गया है कि सुरेश कुमार अग्रवाल कांग्रेस पार्टी की रीति-नीति, विचारधारा एवं सिद्धांतों के अनुरूप संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। साथ ही, वे संगठनात्मक गतिविधियों के प्रभावी संचालन तथा कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए अपनी सक्रिय एवं रचनात्मक जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे।
सुरेश कुमार अग्रवाल की नियुक्ति पर जिला कांग्रेस के नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि उनकी नियुक्ति से जिला कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक गति प्राप्त होगी।
इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677