Connect with us

छत्तीसगढ़

CGPSC घोटाला, एग्जाम से पहले होटल पहुंचा था पेपर:कोचिंग संचालक ने बारनवापारा में कराई थी तैयारी, 400 पन्नों की फाइनल चार्जशीट पेश

Published

on

रायपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) भर्ती घोटाला 2021 मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने करीब 400 पन्नों का फाइनल चार्जशीट दाखिल कर दिया है। CBI ने इस हाई-प्रोफाइल मामले में कुल 29 लोगों को आरोपी बनाया है।

अपनी चार्जशीट में CBI ने एक कोचिंग संचालक को भी आरोपी बनाया है। इस कोचिंग संचालक ने महासमुंद जिले के बारनवापारा इलाके के एक होटल में संदिग्ध अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले ही तैयारी करवाई थी। CBI का दावा है कि इस संचालक के पास CGPSC 2021 का प्रश्नपत्र पहले से ही पहुंच गया था। उसी के आधार पर अभ्यर्थियों को ‘टारगेटेड तैयारी’ कराई गई।

इससे पहले भी CBI ने 13 आरोपियों के खिलाफ चालान पेश किया था। फिलहाल मामले में 12 आरोपी जेल में बंद हैं, जबकि उत्कर्ष चंद्राकर फरार है, जिसकी भूमिका परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी कराने की बताई गई है।

अभी जेल में बंद हैं ये आरोपी

इस समय इस पूरे मामले में तत्कालीन CGPSC चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी, तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक, बजरंग पावर एंड इस्पात के तत्कालीन निदेशक श्रवण कुमार गोयल, उनके बेटे शशांक गोयल (PSC चयनित), बहू भूमिका कटियार साहिल सोनवानी सहित अन्य जेल में बंद हैं।

उद्योगपति और प्रभावशाली परिवार भी घेरे में

चार्जशीट के मुताबिक, उद्योगपति श्रवण गोयल के बेटे शशांक गोयल और बहू भूमिका कटियार को डिप्टी कलेक्टर बनाया गया। प्रभावशाली कारोबारी प्रकाश गोयल के बेटे और बहू का भी चयन हुआ। CBI ने इन सभी चयनित उम्मीदवारों को आरोपी बनाया है।

टॉप-20 में 13 से ज्यादा ‘रिश्तेदार’

CBI जांच में सामने आया कि, CGPSC 2021 के टॉप-20 चयनित अभ्यर्थियों में से 13 से ज्यादा किसी न किसी अधिकारी, नेता या प्रभावशाली कारोबारी के बेटे, बहू या रिश्तेदार थे। इसी आधार पर चयन सूची को चुनौती देते हुए कोर्ट में याचिका दायर की गई थी, जिसके बाद मामला CBI को सौंपा गया।

आरती वासनिक की अहम भूमिका

CBI ने चार्जशीट में स्पष्ट किया है कि तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक की प्रश्नपत्र लीक कराने में बड़ी भूमिका रही। पेपर लीक से लेकर चयन प्रक्रिया तक आंतरिक मिलीभगत के सबूत मिलने का दावा किया गया है। फाइनल चार्जशीट दाखिल किए जाने के बाद मामले में जल्द ही ट्रायल शुरू होने की संभावना है।

CBI की जांच में क्या सामने आया ?

CBI के मुताबिक, टामन ने परीक्षा के पर्चे अपने घर पर साहिल, नीतेश, उसकी पत्नी निशा कोसले और दीपा आडिल को दिए। इसके बाद उप परीक्षा नियंत्रक ललित गणवीर ने लीक हुआ पेपर बजरंग पावर एंड इस्पात कंपनी के डायरेक्टर श्रवण गोयल को सौंपा। श्रवण गोयल के बेटे शशांक और बहू भूमिका ने इसी लीक पेपर से तैयारी की। परिणामस्वरूप दोनों डिप्टी कलेक्टर बन गए।

कोलकाता से रायपुर तक साजिश

प्रश्नपत्र छापने का काम कोलकाता की एक प्रिंटिंग कंपनी को दिया गया था। जनवरी 2021 में कंपनी का कर्मचारी महेश दास 7 सेट प्रश्नपत्र लेकर रायपुर आया। उसने ये सभी पर्चे आरती वासनिक को सौंपे। आरती पर्चे घर ले गईं, जहां टामन और ललित के साथ मिलकर उनकी कॉपी की गई। इसके बाद पर्चों को दोबारा सील कर प्रिंटिंग के लिए वापस भेज दिया गया।

जानिए क्या है CGPSC घोटाला

यह मामला 2020 से 2022 के बीच हुई भर्ती प्रक्रियाओं से जुड़ा है। आरोप है कि आयोग की परीक्षाओं और इंटरव्यू में पारदर्शिता को दरकिनार कर राजनीतिक और प्रशासनिक रसूख वाले परिवारों के उम्मीदवारों को उच्च पदों पर चयनित किया गया।

इस दौरान योग्य अभ्यर्थियों की अनदेखी कर डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी और अन्य राजपत्रित पदों पर अपने नजदीकी लोगों को पद दिलवाने का खेल हुआ। प्रदेश सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सीबीआई को सौंपी। जांच एजेंसी ने छापेमारी में कई दस्तावेज और आपत्तिजनक साक्ष्य बरामद किए हैं।

171 पदों के लिए हुई थी भर्ती परीक्षा

CGPSC परीक्षा 2021 में 171 पदों के लिए भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी। प्री-एग्जाम 13 फरवरी 2022 को कराया गया। इसमें 2 हजार 565 पास हुए थे। इसके बाद 26, 27, 28 और 29 मई 2022 को हुई मेंस परीक्षा में 509 अभ्यर्थी पास हुए। इंटरव्यू के बाद 11 मई 2023 को 170 अभ्यर्थियों की सिलेक्शन लिस्ट जारी हुई थी।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

छत्तीसगढ़

शिक्षकों का सम्मान, AI शिक्षा को बढ़ावा देने की पहल

Published

on

एच.डी. शेफर मेमोरियल फाउंडेशन के शिक्षक दिवस समारोह में सम्मानित हुए शिक्षक, पियून और रसोइये

सरकारी स्कूलों में निःशुल्क AI साक्षरता कक्षाएं, ई-टेक्नो स्कूल और स्टार्टअप इनक्यूबेशन सेंटर की घोषणा

बिलासपुर (सुनील चिंचोलकर)। शिक्षक दिवस के अवसर पर एच.डी. शेफर मेमोरियल फाउंडेशन के तत्वावधान में सीओसीएमआई परिसर, कुडुदंड में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शहर के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शिक्षकों के साथ विद्यालयों में कार्यरत पियून, रसोइयों और संडे स्कूल शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पास्टर निखिल पॉल की आशीष प्रार्थना से हुआ। फाउंडेशन के निदेशक संजय विल्सन ने संस्था की गतिविधियों एवं भावी योजनाओं की जानकारी देते हुए शिक्षकों से AI एवं नई तकनीकों के लिए स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक की भूमिका केवल पढ़ाने तक सीमित नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण और उन्हें जीवनभर सीखने के लिए प्रेरित करने तक है।

कोडक्राफ्ट के संस्थापक अप्रतिम सैमुएल ने बताया कि फाउंडेशन के अंतर्गत कोडक्राफ्ट सेंटर फॉर एआई एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजीज स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से बिलासपुर जिले के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में इस शैक्षणिक सत्र से निःशुल्क AI साक्षरता कक्षाएं संचालित करने की योजना है।

उन्होंने भविष्य में कंप्यूटर आधारित परीक्षा केंद्र, ‘ई-टेक्नो स्कूल’ तथा स्टार्टअप एवं इनोवेशन इनक्यूबेशन सेंटर स्थापित करने की जानकारी दी। साथ ही दक्षिण कोरिया एवं इज़राइल की टेल अवीव यूनिवर्सिटी के साथ स्टूडेंट एक्सचेंज प्रोग्राम शुरू करने की दिशा में कार्य किए जाने की बात कही।

केन मेमोरियल स्कूल के प्राचार्य एरिक जोसेफ ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए Integrity और निरंतर मेहनत के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में नूतन सैमुएल, प्रमोद कुजूर, अहरलिश पॉल, आलोक विल्सन, हेमंत लाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। समारोह के अंत में फाउंडेशन ने भविष्य में भी शिक्षकों के उत्साहवर्धन के लिए ऐसे आयोजन जारी रखने तथा राज्य स्तरीय टेक एवं स्टार्टअप समिट आयोजित करने की घोषणा की।

Continue Reading

कोरबा

सुरेश कुमार अग्रवाल बने जिला कांग्रेस कार्यालय के महामंत्री

Published

on

कोरबा, 11 सितंबर 2026। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुमोदन तथा नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, सांसद श्रीमती ज्योत्स्ना महंत एवं पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की अनुशंसा पर सुरेश कुमार अग्रवाल (जमनीपाली) को जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा (शहर) के कार्यालय महामंत्री पद पर नियुक्त किया गया है।
जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा (शहर) के अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर द्वारा जारी नियुक्ति आदेश में विश्वास व्यक्त किया गया है कि सुरेश कुमार अग्रवाल कांग्रेस पार्टी की रीति-नीति, विचारधारा एवं सिद्धांतों के अनुरूप संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। साथ ही, वे संगठनात्मक गतिविधियों के प्रभावी संचालन तथा कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए अपनी सक्रिय एवं रचनात्मक जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे।
सुरेश कुमार अग्रवाल की नियुक्ति पर जिला कांग्रेस के नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि उनकी नियुक्ति से जिला कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक गति प्राप्त होगी।
इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।

Continue Reading

कोरबा

दीपका में चलती मालगाड़ी पर पथराव, लोको पायलट घायल:आरोपी फरार, गेवरा खदान कोयला लोड करने जा रही थी ट्रेन

Published

on

कोरबा/दीपका। कोरबा के दीपका थाना क्षेत्र में असामाजिक तत्वों ने चलती मालगाड़ी पर पथराव कर दिया। घटना में लोको पायलट सुनील कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। पत्थर लगने से उनके सिर से खून बहने लगा। घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों में नाराजगी है। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, कोरबा रेलवे कॉलोनी निवासी लोको पायलट सुनील कुमार मालगाड़ी लेकर गेवरा खदान कोयला लोड करने जा रहे थे। मालगाड़ी जैसे ही दीपका रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची, अज्ञात लोगों ने इंजन पर पथराव शुरू कर दिया।

पथराव में इंजन के दरवाजे का कांच टूट गया। इसी दौरान एक पत्थर सीधे लोको पायलट सुनील कुमार के सिर पर लगा। उन्हें गंभीर चोट आई और सिर से खून बहने लगा। इसके बाद चलती मालगाड़ी को तुरंत रोकना पड़ा।

अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचाया

घटना की जानकारी लोको पायलट ने अपने उच्च अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। घायल पायलट को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

काफी देर तक ट्रैक पर खड़ी रही मालगाड़ी

पथराव के बाद मालगाड़ी काफी देर तक रेलवे ट्रैक पर खड़ी रही। इससे रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। रेलवे प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

रेलवे क्रॉसिंग के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज जांची जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। दीपका पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

रेलवे कर्मचारियों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

रेलवे कर्मचारियों का कहना है कि चलती ट्रेनों पर पथराव की घटनाएं होती रहती हैं। इससे लोको पायलट और दूसरे कर्मचारियों की जान को खतरा रहता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पथराव करने वालों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677