Connect with us

कोरबा

प्रधानमंत्री मोदी के कालखण्ड का 12 वर्ष पूर्ण: स्वच्छता मिशन ने बदल दी भारत की तस्वीर

Published

on

उपलब्धियां अनेक, जनता का भरोसा कायम, सशक्त नेतृत्व को विश्व में मिली पहचान
26 मई 2014 सिर्फ भाजपा के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए एक स्वर्णीम अवसर लेकर आया, जब देश को एक ऐसा सशक्त नेतृत्व मिला, जिनके कालखण्ड 12 वर्ष में कई चुनौतियां आईं, लेकिन देश को भरोसा रहा… मोदी है तो मुमकिन है… हम हर चुनौतियों को पार कर लेंगे। चुनौतियां अनेक आईं, लेकिन जनता का भरोसा कायम रहा। किसी भी बड़े नेतृत्व का कार्यकाल जब 02 पंचवर्षीय पूर्ण हो जाता है, तो एन्टीकंबेंसी के कारण तीसरी बार सत्ता हासिल करना किसी चमत्कार से कम नहीं होता। नरेन्द्र दामोदर भाई मोदी ने वह चमत्कार कर दिखाया और तीसरी बार 2024 में भी प्रधानमंत्री बनकर देश को भरोसेमंद सरकार देकर जनता का भरोसा कायम रखा। शीर्ष नेतृत्व जब जनकल्याण की भावना लेकर अपना जीवन राष्ट्र को समर्पित करता है, तो जनता को विश्वास रहता है कि देश का नेतृत्व देश में आने वाली हर चुनौति को पार करते हुए जनहित में फैसला लेगा। मोदी आज विश्वास की परिभाषा बन चुके हैं, विकास की पहचान बन चुके हैं और राष्ट्रवाद जिनकी लहू में बहता है। लगातार 12 साल पूर्ण करने वाले प्रधानमंत्री के रूप में नरेन्द्र मोदी ने नेहरू जी के इतिहास को तोड़ा और लगातार सबसे अधिक समय तक देश का नेतृत्व करने वाले पहले प्रधानमंत्री बने।

स्वच्छ भारत मिशन ने बदली देश की तस्वीर
26 मई 2014 को नरेन्द्र दामोदर भाई मोदी ने जब देश की बागडोर संभाली, तो देश की जनता ने इस विश्वास के साथ एनडीए को सत्ता सौंपी, कि देश का अब सर्वश्रेष्ठ होने वाला है। प्रधानमंत्री मोदी के कालखण्ड के मोदी-01 में देश को जो सबसे बड़ी उपलब्धि मिली, वह है स्वच्छ भारत मिशन। स्वच्छ भारत मिशन… एक मिशन के साथ-साथ अभियान और जनआंदोलन भी था। इस मिशन ने भारत की तस्वीर ही बदल दी। कभी सड़क किनारे गंदगी की बू से तस्वीर नरक जैसी थी, नदी-नालों के किनारे लोगों का चलना दूभर था, खुले में शौच की ऐसी गंदी तस्वीर भारत के सामने थी, जिसे मिटाने के लिए मोदी ने देश के सबसे बड़े मिशन को अमलीजामा पहनाया और देश के सामने आज ऐसी तस्वीर है, जिसे हम देखकर गर्व कर सकते हैं। अलसुबह या गोधूली बेला में नदी किनारे जब हम टहलने जाते हैं, तो यहां की तस्वीर देखकर कुछ समय लेटने का मन भी करता है। शहरों की सड़कें स्वच्छता के साथ सुंदर वातावरण, जहां हम मार्निंगवाक बेधड़क कर सकते हंै। आज हम गर्व से कह सकते हैं कि मोदी ने भारत की तस्वीर को ऐसी साफ सुथरा और हरित वातावरण से लैस किया जिसकी तस्वीर की आज विश्व गुणगान करता है।
घर-घर शौचालय निर्माण से महिला सम्मान को बल मिला और हमारी नारी शक्ति चिंतामुक्त और सुरक्षित महसूस करने लगी।
जम्मू-कश्मीर से धारा 370 और अनुच्छेद 35ए का खात्मा
एक देश-एक विधान के लिए पंडित श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने जम्मू-कश्मीर में तिरंगा लेकर फहराने की नियत से श्रीनगर की ओर रूख किया, गिरफ्तार हुए और उन्हें जेल में डाल दिया, जहां से वे निकले ही नहीं। पंडित श्यामाप्रसाद मुखर्जी के जीवन संघर्षों और बलिदानों को जीवन मिला और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2.0 में अब तक का सबसे सख्त फैसला लिया और बिना हिंसा के जम्मू-कश्मीर से धारा 370 और अनुच्छेद 35ए को खात्मा कर एक देश-एक विधान के नारे को धरातल पर लाया। इस सख्त फैसले से जम्मू और कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग होने की पुष्टि मिली और जम्मू-कश्मीर में भी भारत का तिरंगा और भारत के संविधान को सम्मान मिला।
महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण
2023 में मोदी सरकार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में लोकसभा में महिला आरक्षण बिल लाया और यह पास भी हो गया। लोकसभा एवं राज्यसभा सहित सभी विधानसभाओं, विधान परिषदों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण से महिला सशक्तिकरण को गति मिली। महिलाओं के हौसले को नई उड़ान मिली। मोदी सरकार 2.0 की यह भी बड़ी उपलब्धि थी।
पूरे देश में जीएसटी लागू करने
मोदी 1.0 कार्यकाल की एक और बड़ी उपलब्धि को देखें, तो एक देश-एक कर प्रणाली को लागू किया गया और पूरे देश के लिए एक जीएसटी लागू किया गया। 01 जुलाई 2017 की आधी रात से पूरे देशभर में जीएसटी लागू किया गया। इस व्यवस्था से देश में अलग-अलग तरह के अप्रत्यक्ष करों की जगह एक एकीकृत टैक्स सिस्टम लागू हुआ।
नोटबंदी ने देश को हिलाकर रख दिया
नकली नोट से आतंकी और नक्सली पोषित हो रहे थे, कालाधन कुछ कुबेरों की कोठी में जमा हो रहा था। कालाधन विदेशों में जमा हो रहे थे। न किसी को जानकारी थी और न ही किसी को भनक लगने दिया। मोदी 1.0 का अचानक बड़ा फैसला आया और 08 नवम्बर 2016 को मोदी सरकार ने तत्काल आधी रात से रूपए 500 और रूपए 1000 के करेंसी नोट को बंद कर दिया। कालाधन रखने वालों के बीच तहलका मच गया। आमजनता भी अपनी लक्ष्मी की सुरक्षा के लिए हलाकान हो गए। मोदी ने सभी को राहत दी और बैंकों में पुराने नोट के बदले नये नोट की अदला-बदली के लिए अवसर दिया। अवसर देने के साथ काले कुबेरों ने भी इस अवसर का लाभ उठाया। भ्रष्टाचार के खिलाफ मोदी का यह सख्त प्रहार था।
अंग्रेजों के समय से लागू कानून खत्म
मोदी सरकार ने अंग्रेजों के समय से लागू आईपीसी, सीआरपीसी, इंडियन एविडेंस एक्ट की जगह तीन भारतीय कानून को लागू किया। भारतीय न्याय संहिता 2023 (बीएनएस) लागू किया गया। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 (बीएनएसएस) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 (बीएसए) लागू किया गया। कानून के जानकार अब नए भारतीय कानूनों को पढ़ रहे हैं और पुलिस नए कानून के तहत अपराधों पर विवेचना कर रहे हैं। मोदी 2.0 का भी इसे सख्त फैसला कहा जा सकता है।
राम मंदिर निर्माण
500 साल का इंतजार खत्म हुआ। अयोध्या में राममंदिर का निर्माण हुआ। 22 जनवरी को एक और दिवाली घोषित की गई। चारों तरफ घर-घर राम के स्वागत के लिए दीपक जल उठे। चारों तरफ दीपावली की रौशनी से भारत का कोना-कोना जगमग हो उठा। भगवा रंग हर घर के दरवाजे की शोभा बढ़ाने लगा। राम मंदिर निर्माण के लिए भूमिपूजन से लेकर निर्माण तक का कालखण्ड भारत के लिए अद्भूत और चमत्कारिक रहा। इस कालखण्ड में भगवान राम के भजनों के निर्माण का ऐसा दौर चला, जो ऐतिहासिक रहा। घर-घर राम का धून और भजन से यह कालखण्ड सनातन जागृति का स्वर्णीम कार्यकाल रहा।
प्रधानमंत्री रहे स्व. नरसिम्हा राव के कार्यकाल में बाबरी मस्जिद टूटी, आरएसएस और भाजपाईयों ने अयोध्या में कार रैली निकाली, कई शहीद हो गए, लेकिन रामलला मंदिर निर्माण विवाद सुलझा ही नहीं। मोदी चमत्कारिक व्यक्तित्व के धनी हैं, जिस तरह जम्मू-कश्मीर में धारा 370 बिना हिंसा के खत्म हो गई, उसी तरह राम मंदिर का निर्माण भी शांत और सद्भाव के साथ सम्पन्न हो गया। इसे चमत्कार न कहें तो क्या कहें।
मोदी 2.0 कालखण्ड में 5 अगस्त 2020 को अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की प्रथम ईंट रखी गई और मोदी 3.0 में 22 जनवरी 2024 को लोकार्पण किया गया।
अधोसंरचना विकास से नया भारत का निर्माण
मोदी के नेतृत्व में भारत में इन 12 सालों में अधोसंरचना विकास का ऐसा दौर चला कि भारत की तस्वीर तेजी से बनता विकासशील देशों की श्रेणी में प्रथम नंबर पर आ गया। सबसे तेज आगे बढ़ने वाला देश भारत की वैश्विक पहचान बनने लगी। इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में चमत्कारिक काम हुए, जिससे देश के विकास की नई तस्वीर सामने आई। मोदी सरकार ने इन 12 सालों में रेल्वे को नई पहचान दी। मैट्रो से लेकर बुलेटप्रूफ, वंदेभारत ट्रेनों की नई तस्वीर से भारत की गति तेज हुई और सुरक्षा भी पुख्ता हुई। एक्सप्रेस वे और एविएशन सेक्टर में भी अभूतपूर्व काम हुए। एनएच नेटवर्क का विस्तार अब 1.5 लाख किलोमीटर हो चुका है। एयरपोर्ट 74 से 160 हो गए। नमो भारत ट्रेनों का भी लगातार विस्तार हो रहा है। अमृत मिशन पायलट से स्टेशन संवर रहे।
बीमारी और धूंए से मिली मुक्ति, नारी शक्ति को मिला संबल

उज्ज्वला योजना से महिलाओं को भारी संबल मिला। रसोई में धूंए से हो रही घूटन से उज्ज्वला योजना ने महिलाओं को आजादी दिलाई। धूंए से हो रही बीमारियों से महिला शक्ति को राहत मिली और मोदी सरकार का विश्वास बढ़ता गया। महिलाओं के लिए कई योजनाएं लागू की गई, जिसे मोदी सरकार के प्रति महिलाओं का विश्वास बढ़ता गया।
तीन तलाक खत्म हुआ और मुस्लिम महिलाएं परंपराओं की बेड़ियों से मुक्त हुईं।
दुनिया की सबसे बड़ी चौथी अर्थव्यवस्था

कई चुनौतियों के बाद भी भारत की अर्थव्यवस्था नहीं रूकी और मोदी 3.0 में भारत विश्व की सबसे बड़ी चौथी अर्थव्यवस्था बन गई। 2047@ विकसित भारत मिशन के तहत मोदी सरकार की रणनीति से भारत आगे बढ़ रहा है। कई चुनौतियों के बाद भी भारत का जीडीपी ग्रोथ काफी सम्मानजनक रहा और भारत के जीडीपी को विश्व स्तर पर सराहा।
भारत के नेतृत्व का दम विश्व शिखर पर दिख रहा है और ट्रम्प से लेकर विश्व के अनेक देशों ने मोदी की नेतृत्व क्षमता को सराहा और तेजी से बढ़ता भारत की भी प्रशंसा कर रहे हैं। मोदी एकमात्र ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जो भविष्य की कल्पना को वर्तमान तस्वीर से जोड़कर आगे बढ़ते हैं और सिस्टेमेटिक काम को अंजाम देते हैं। आज भारत विश्व की सबसे बड़ी चौथी अर्थव्यवस्था बन गया है और 2027 में तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर आगे बढ़ रहा है।
राष्ट्रीय सुरक्षा में आत्मनिर्भर नवीन पद्धति का उदय
पाकिस्तान के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राईक और आपरेशन सिंदूर विषम युद्ध के उभरते स्वरूप के लिए एक संतुलित सैन्य प्रतिक्रिया के रूप में सामने आया। अप्रैल 2025 में पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी हमला के विरूद्ध भारत सरकार ने 6-7 मई की दरम्यानी रात को आपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में संचालित आतंकी अड्डों को नेस्तनाबूत कर दिया। आपरेशन सिंदूर से तय हो गया कि भारत में राष्ट्रीय सुरक्षा में आत्मनिर्भर नवीन पद्धति का उद्य हुआ। मोदी 3.0 की यह सबसे बड़ा सख्त फैसला था, जिसे आतंक के खिलाफ लड़ाई को विश्व ने सराहा।
हमारी हवाई सुरक्षा क्षमता को विश्व ने देखा और 07-08 मई 2025 की रात को पाकिस्तान ने ड्रोन और मिसाइलों से अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जलांधर, लुधियाना, आदमपुर, बठिंडा, चंडीगढ़, नल, फलोदी, उतरलाई और भुज सहित उत्तरी और पश्चिमी भारत में सैन्य ठिकानों पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन इन्हें एकीकृत काउंटर यूएएस (मानव रहित हवाई प्रणाली) ग्रिड और वायु रक्षा प्रणालियों द्वारा निष्प्रभावी कर दिया गया। यह भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा प्रणाली का अद्भूत उदाहरण था।
डिजिटल एवं मेक इन इंडिया
इन 12 सालों में मोदी सरकार ने यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेश (यूपीआई) ने भारत के वित्तीय परिदृश्य को जहां बदल दिया, वहीं शहरी एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में कैशलेस लेनदेन में भारी उछाल आया। स्टार्टअफ और विनिर्माण के क्षेत्र में मेक इन इंडिया और पीएलआई योजनाओं के जरिए देश में एआई, तकनीक और विनिर्माण को भारी बढ़ावा मिला।
सामाजिक कल्याण, 80 करोड़ जनता को मुफ्त राशन वितरण और आवास योजनाओं से जनकल्याण को भारी बढ़ावा मिला।
वैश्विक मंच पर भारत की कूटनीतिक पहुंच में काफी विस्तार हुआ और भारत की विदेश नीति ने दुनिया के बड़े देशों में भारत के प्रभाव को बढ़ाया है।
इति…

Continue Reading

कोरबा

24 जून को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में होगी विशेष ग्राम सभा

Published

on

आवास प्लस 2.0 की सूची का होगा सार्वजनिक वाचन एवं अनुमोदन

ग्राम सभा की मंजूरी के बाद फाइनल सूची आवास सॉफ्टवेयर में होगी अपलोड

विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम एवं रोजगार संबंधी प्रावधानों की दी जाएगी जानकारी

कोरबा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 24 जून 2026 को विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। ग्राम सभाओं में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण से तैयार हितग्राहियों की सूची का सत्यापन एवं अनुमोदन किया जाएगा। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पात्र एवं प्रतीक्षा सूची का सार्वजनिक वाचन भी किया जाएगा।

ग्राम सभा में आवास प्लस 2.0 के तहत तैयार की गई सिस्टम जनरेटेड स्थायी प्रतीक्षा सूची ग्रामीणों के समक्ष पढ़कर सुनाई जाएगी। यदि किसी अपात्र व्यक्ति का नाम दर्ज है, तो ग्रामीण मौके पर ही अपनी दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकेंगे। ग्राम सभा द्वारा अनुमोदित सूची को अंतिम रूप देकर आवास सॉफ्टवेयर में अपलोड किया जाएगा।

बैठक में पंचायतों के आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत कर अनुमोदन प्राप्त किया जाएगा तथा पूर्व में पारित प्रस्तावों पर की गई कार्रवाई की समीक्षा भी की जाएगी। ग्राम पंचायतों की परिसंपत्तियों के रखरखाव, नए विकास कार्यों की प्राथमिकताओं तथा स्थानीय आवश्यकताओं पर भी चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।

ग्राम सभा में विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम 2025 के उद्देश्यों एवं विभिन्न प्रावधानों की जानकारी ग्रामीणों को दी जाएगी। इसके अंतर्गत ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार गारंटी अवधि को 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन किए जाने, मजदूरी भुगतान की व्यवस्था, बेरोजगारी भत्ते के प्रावधानों तथा आजीविका संवर्धन से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी।

ग्राम सभा में स्थानीय विकास योजनाओं के निर्माण, श्रमिकों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की व्यवस्था तथा ग्राम स्तर पर जनभागीदारी को सुदृढ़ बनाने के विषय में भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

जिला प्रशासन एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने सभी ग्रामीणों से ग्राम सभा में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने अधिकारों एवं गांव के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में शराब दुकान शिफ्टिंग पर विवाद:आबकारी इंस्पेक्टर के व्यवहार से भड़के स्थानीय लोग, हंगामा बढ़ने पर बिना निरीक्षण लौटी टीम

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के दीपका नगर पालिका के वार्ड क्रमांक-1 में प्रस्तावित शराब दुकान के स्थल निरीक्षण के दौरान गुरुवार को विवाद हो गया। तहसील कार्यालय के पास दुकान खोलने के प्रस्ताव पर स्थानीय लोगों और अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद अधिकारी बिना निरीक्षण पूरा किए लौट गए।

यह विवाद आबकारी विभाग द्वारा तहसील कार्यालय के समीप शराब दुकान संचालित करने के प्रस्ताव को लेकर था। स्थल की स्थिति का जायजा लेने के लिए कटघोरा एसडीएम तन्मय खन्ना, नगर पालिका सीएमओ नेतराम रत्नेश, नपा अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत और आबकारी इंस्पेक्टर सुकांत पांडे सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे थे।

निरीक्षण की सूचना मिलते ही वार्ड पार्षद कमलेश जायसवाल अपने समर्थकों और स्थानीय निवासियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रस्तावित स्थल पर शराब दुकान खोलने का कड़ा विरोध किया।

पार्षद ने तर्क दिया कि आवासीय क्षेत्र और तहसील कार्यालय के पास दुकान खुलने से कानून-व्यवस्था और सामाजिक माहौल बिगड़ सकता है, जिससे स्कूल-कॉलेज जाने वाले बच्चों और महिलाओं को परेशानी होगी।

पार्षद और एसडीएम के बीच तीखी बहस

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विरोध प्रदर्शन के दौरान पार्षद कमलेश जायसवाल और एसडीएम तन्मय खन्ना के बीच तीखी बहस हुई। एसडीएम ने पार्षद को कार्यालय आकर चर्चा करने का सुझाव दिया, जिस पर पार्षद ने जवाब दिया कि वे कार्यालय में भी आपत्ति दर्ज कराएंगे, लेकिन वार्ड में किसी भी कीमत पर शराब दुकान नहीं खुलने देंगे।

इसी दौरान आबकारी इंस्पेक्टर सुकांत पांडे और पार्षद के बीच भी विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इंस्पेक्टर ने ऊंची आवाज में चिल्लाते हुए और उंगली उठाकर बात की, जिससे स्थानीय लोग और भड़क गए। लोगों ने जनप्रतिनिधि से इस तरह के व्यवहार को अनुचित बताया।

हंगामा बढ़ने पर बिना निरीक्षण लौटी टीम

हंगामा और नारेबाजी बढ़ने पर, एसडीएम सहित पूरी टीम बिना निरीक्षण पूरा किए ही वापस लौट गई। बाद में, एसडीएम तन्मय खन्ना ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण केवल प्रस्तावित स्थल की स्थिति जानने के लिए था। उन्होंने यह भी कहा कि यदि जमीन वन विभाग की पाई जाती है, तो वहां शराब दुकान नहीं खोली जा सकती।

Continue Reading

कोरबा

सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान के तहत उरगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई:अडानी पावर प्लांट में चोरी की साजिश नाकाम, 04 आरोपी गिरफ्तार

Published

on

सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता एवं सीसीटीवी निगरानी से मिली महत्वपूर्ण मदद
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपी पकड़ाए
आरोपियों को न्यायालय में पेश कर भेजा गया न्यायिक रिमांड पर जेल

कोरबा। पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन में जिले में अपराधों की रोकथाम, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई एवं औद्योगिक संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने हेतु चलाए जा रहे “ सजग कोरबा, सतर्क कोरबा ” अभियान के अंतर्गत थाना उरगा पुलिस द्वारा चोरी की बड़ी वारदात को विफल करते हुए 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था से पकड़ी गई संदिग्ध गतिविधि

दिनांक 18.06.2026 की रात्रि अडानी पावर प्लांट पताढ़ी परिसर में स्थापित सुरक्षा व्यवस्था एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कुछ संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियां दिखाई दीं। सुरक्षा कर्मियों द्वारा तत्काल सजगता दिखाते हुए संदिग्धों की निगरानी की गई तथा मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई।

सुरक्षा कर्मियों की तत्परता एवं सीसीटीवी निगरानी के कारण चोरी की नीयत से प्लांट परिसर में अवैध रूप से प्रवेश करने वाले 04 आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से असफल हुई चोरी की योजना

घटना की सूचना प्राप्त होते ही थाना उरगा पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा चोरी करने के उद्देश्य से प्लांट परिसर में प्रवेश करना स्वीकार किया गया।

प्रकरण में थाना उरगा में अपराध क्रमांक 346/2026 धारा 331(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर दिनांक 18.06.2026 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपीगण –

  1. कुंदन कुमार श्रीवास उर्फ दाऊ, उम्र 20 वर्ष, निवासी तिलकेजा, थाना उरगा, जिला कोरबा।
  2. सोमेंद्र कुमार कर्ष उर्फ अप्पी, उम्र 24 वर्ष, निवासी खैरभांठ (तिलकेजा), थाना उरगा, जिला कोरबा।
  3. शिवकुमार श्रीवास उर्फ शिव, उम्र 26 वर्ष, निवासी संजय नगर अकलतरा, हाल मुकाम कुदरूमाल, थाना उरगा, जिला कोरबा।
  4. संपत कुमार धीवर, उम्र 20 वर्ष, निवासी कलमीभांठ (तिलकेजा), थाना उरगा, जिला कोरबा। कोरबा पुलिस की अपील – सजग रहें, सुरक्षित रहें

औद्योगिक क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी एवं आम नागरिकों की सतर्कता अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कोरबा पुलिस द्वारा “ सजग कोरबा, सतर्क कोरबा ” अभियान के माध्यम से अपराध रोकथाम एवं सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने हेतु लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677