छत्तीसगढ़
भूपेश का केंद्र पर हमला, बोले-नक्सल मुक्त का दावा झूठा:सांसदों के दल बदलने पर सरकार को घेरा, कहा-सांसदों की खरीद-फरोख्त से लोकतंत्र मंडी बना
दुर्ग-भिलाई, एजेंसी। दुर्ग के राजीव भवन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने नक्सलवाद, सांसदों की कथित खरीद-फरोख्त और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल के कार्यकाल को लेकर कई सवाल उठाए।
बघेल ने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आज भी नेताओं और अधिकारियों को जेड प्लस जैसी सुरक्षा दी जा रही है। ऐसे में नक्सलवाद खत्म होने का दावा केवल राजनीतिक प्रचार है।
उन्होंने सांसदों के दल बदलने और नई पार्टियों में शामिल होने की घटनाओं को लोकतंत्र की खरीद-बिक्री बताया। बघेल के अनुसार, संसद को लोकतंत्र का मंदिर नहीं बल्कि मंडी बना दिया गया है।

भूपेश बघेल ने दुर्ग में राष्ट्रीय और प्रदेश के विभिन्न मुद्दों पर भाजपा सरकार की आलोचना की। उन्होंने नक्सलवाद, महंगाई, बिजली दर वृद्धि, शिक्षा व्यवस्था और राम मंदिर चोरी मामले जैसे विषयों पर सवाल उठाए।
उन्होंने नक्सल मुक्त होने के सरकार के दावों को केवल प्रचार बताया। बघेल ने कहा कि नक्सल मुक्त प्रदेश तभी माना जाएगा जब नक्सल क्षेत्रों से पैरामिलिट्री फोर्स के कैंप हटा लिए जाएंगे और नेताओं के साथ वरिष्ठ अधिकारियों की विशेष सुरक्षा व्यवस्था समाप्त हो जाएगी।
बघेल ने जोर दिया कि आज भी नक्सल प्रभावित इलाकों में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को एक्स, वाई और जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा दी जा रही है। यह दर्शाता है कि खतरा अभी टला नहीं है और केवल बयानों से नक्सलवाद समाप्त नहीं होगा।
भूपेश ने केंद्र पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया।
एनडीए के बढ़ते कुनबे और विभिन्न दलों के सांसदों के भाजपा समर्थक दलों में शामिल होने पर भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के पास निराश्रित पेंशन या नगर पालिका और नगर पंचायतों के कर्मचारियों को समय पर वेतन देने के लिए पैसा नहीं है। हालांकि, सांसदों और विधायकों को कथित तौर पर खरीदने के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी संस्था संसद को बाजार में बदल दिया गया है। सांसदों की खरीद-बिक्री हो रही है और सत्ता के लिए जनादेश का खुलेआम अपमान किया जा रहा है। बघेल ने कहा कि जिस दल को पिछले चुनाव में महज 822 वोट मिले थे, वह आज लोकसभा में बड़ी ताकत बनकर उभर रहा है। यह स्थिति लोकतांत्रिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
मोदी के 12 साल को बताया काला अध्याय
केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर भाजपा द्वारा चलाए जा रहे “12 साल बेमिसाल” अभियान पर भी भूपेश बघेल ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में नरेंद्र मोदी का कार्यकाल एक काले अध्याय के रूप में याद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इसी दौर में नोटबंदी हुई, जीएसटी लागू किया गया और कोरोना काल के दौरान अचानक लॉकडाउन लगाया गया। इन फैसलों से करोड़ों लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। लाखों मजदूर सड़कों पर आ गए और हजारों लोगों की जान चली गई।
भूपेश बघेल ने कहा कि देश आज महंगाई की मार झेल रहा है और इसके लिए केंद्र सरकार की गलत आर्थिक एवं विदेश नीति जिम्मेदार है। उन्होंने दावा किया कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी भारत की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है और देश लगातार दबाव की राजनीति का सामना कर रहा है।
नीट पेपर लीक पर शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग
नीट परीक्षा में पेपर लीक और अनियमितताओं के मुद्दे पर भी पूर्व मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि लाखों छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है।
बघेल ने कहा कि कई परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए कर्ज लेते हैं और वर्षों तक मेहनत करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी उम्मीदों को तोड़ देती हैं। उन्होंने कहा कि मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए।
राम मंदिर चोरी मामले पर उठाए सवाल
अयोध्या स्थित राम मंदिर परिसर में चोरी की घटना को लेकर भी भूपेश बघेल ने सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपराधिक घटना में सबसे पहले एफआईआर दर्ज होती है, लेकिन यहां बिना एफआईआर के ही जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि यदि जांच हो रही है तो एफआईआर दर्ज क्यों नहीं की गई। इससे संदेह पैदा होता है कि कहीं न कहीं कुछ छिपाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राम के नाम पर राजनीति करने वाले लोग अब जवाब देने से बच रहे हैं।
बिजली दर वृद्धि को बताया जनता पर अत्याचार
प्रदेश में बिजली दरों में बढ़ोतरी के मुद्दे पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा सरकार ने एक बार फिर घरेलू, गैर घरेलू और कृषि उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद पांचवीं बार बिजली दरों में वृद्धि की गई है। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 30 से 50 पैसे और गैर घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे तक की बढ़ोतरी की गई है। किसानों को भी राहत नहीं दी गई और कृषि पंपों की बिजली दरों में 40 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि कर दी गई।
बघेल ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग उपभोक्ताओं को गलत बिल भेज रहा है। कई उपभोक्ताओं को एक ही माह में अलग-अलग बिल प्राप्त हो रहे हैं। स्मार्ट मीटर के जरिए खपत बढ़ाकर दिखाने और अनुबंध भार बिना सहमति बढ़ाने जैसी शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।
कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में हुई पत्रकार वार्ता
दुर्ग में आयोजित इस पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष राकेश ठाकुर, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, भिलाई कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, रिसाली महापौर शशि सिन्हा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कोरबा
24 जून को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में होगी विशेष ग्राम सभा
आवास प्लस 2.0 की सूची का होगा सार्वजनिक वाचन एवं अनुमोदन
ग्राम सभा की मंजूरी के बाद फाइनल सूची आवास सॉफ्टवेयर में होगी अपलोड
विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम एवं रोजगार संबंधी प्रावधानों की दी जाएगी जानकारी
कोरबा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 24 जून 2026 को विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। ग्राम सभाओं में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण से तैयार हितग्राहियों की सूची का सत्यापन एवं अनुमोदन किया जाएगा। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पात्र एवं प्रतीक्षा सूची का सार्वजनिक वाचन भी किया जाएगा।
ग्राम सभा में आवास प्लस 2.0 के तहत तैयार की गई सिस्टम जनरेटेड स्थायी प्रतीक्षा सूची ग्रामीणों के समक्ष पढ़कर सुनाई जाएगी। यदि किसी अपात्र व्यक्ति का नाम दर्ज है, तो ग्रामीण मौके पर ही अपनी दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकेंगे। ग्राम सभा द्वारा अनुमोदित सूची को अंतिम रूप देकर आवास सॉफ्टवेयर में अपलोड किया जाएगा।

बैठक में पंचायतों के आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत कर अनुमोदन प्राप्त किया जाएगा तथा पूर्व में पारित प्रस्तावों पर की गई कार्रवाई की समीक्षा भी की जाएगी। ग्राम पंचायतों की परिसंपत्तियों के रखरखाव, नए विकास कार्यों की प्राथमिकताओं तथा स्थानीय आवश्यकताओं पर भी चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।
ग्राम सभा में विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम 2025 के उद्देश्यों एवं विभिन्न प्रावधानों की जानकारी ग्रामीणों को दी जाएगी। इसके अंतर्गत ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार गारंटी अवधि को 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन किए जाने, मजदूरी भुगतान की व्यवस्था, बेरोजगारी भत्ते के प्रावधानों तथा आजीविका संवर्धन से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी।
ग्राम सभा में स्थानीय विकास योजनाओं के निर्माण, श्रमिकों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की व्यवस्था तथा ग्राम स्तर पर जनभागीदारी को सुदृढ़ बनाने के विषय में भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
जिला प्रशासन एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने सभी ग्रामीणों से ग्राम सभा में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने अधिकारों एवं गांव के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है।
कोरबा
कोरबा में शराब दुकान शिफ्टिंग पर विवाद:आबकारी इंस्पेक्टर के व्यवहार से भड़के स्थानीय लोग, हंगामा बढ़ने पर बिना निरीक्षण लौटी टीम
कोरबा। कोरबा जिले के दीपका नगर पालिका के वार्ड क्रमांक-1 में प्रस्तावित शराब दुकान के स्थल निरीक्षण के दौरान गुरुवार को विवाद हो गया। तहसील कार्यालय के पास दुकान खोलने के प्रस्ताव पर स्थानीय लोगों और अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद अधिकारी बिना निरीक्षण पूरा किए लौट गए।
यह विवाद आबकारी विभाग द्वारा तहसील कार्यालय के समीप शराब दुकान संचालित करने के प्रस्ताव को लेकर था। स्थल की स्थिति का जायजा लेने के लिए कटघोरा एसडीएम तन्मय खन्ना, नगर पालिका सीएमओ नेतराम रत्नेश, नपा अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत और आबकारी इंस्पेक्टर सुकांत पांडे सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे थे।

निरीक्षण की सूचना मिलते ही वार्ड पार्षद कमलेश जायसवाल अपने समर्थकों और स्थानीय निवासियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रस्तावित स्थल पर शराब दुकान खोलने का कड़ा विरोध किया।
पार्षद ने तर्क दिया कि आवासीय क्षेत्र और तहसील कार्यालय के पास दुकान खुलने से कानून-व्यवस्था और सामाजिक माहौल बिगड़ सकता है, जिससे स्कूल-कॉलेज जाने वाले बच्चों और महिलाओं को परेशानी होगी।

पार्षद और एसडीएम के बीच तीखी बहस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विरोध प्रदर्शन के दौरान पार्षद कमलेश जायसवाल और एसडीएम तन्मय खन्ना के बीच तीखी बहस हुई। एसडीएम ने पार्षद को कार्यालय आकर चर्चा करने का सुझाव दिया, जिस पर पार्षद ने जवाब दिया कि वे कार्यालय में भी आपत्ति दर्ज कराएंगे, लेकिन वार्ड में किसी भी कीमत पर शराब दुकान नहीं खुलने देंगे।
इसी दौरान आबकारी इंस्पेक्टर सुकांत पांडे और पार्षद के बीच भी विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इंस्पेक्टर ने ऊंची आवाज में चिल्लाते हुए और उंगली उठाकर बात की, जिससे स्थानीय लोग और भड़क गए। लोगों ने जनप्रतिनिधि से इस तरह के व्यवहार को अनुचित बताया।

हंगामा बढ़ने पर बिना निरीक्षण लौटी टीम
हंगामा और नारेबाजी बढ़ने पर, एसडीएम सहित पूरी टीम बिना निरीक्षण पूरा किए ही वापस लौट गई। बाद में, एसडीएम तन्मय खन्ना ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण केवल प्रस्तावित स्थल की स्थिति जानने के लिए था। उन्होंने यह भी कहा कि यदि जमीन वन विभाग की पाई जाती है, तो वहां शराब दुकान नहीं खोली जा सकती।
छत्तीसगढ़
महादेव ऐप के सौरभ से भूपेश की कथित चैट वायरल:पूर्व सीएम ने बताया फर्जी, बोले- छवि खराब करने की कोशिश, 2 यूट्यूबर्स पर FIR
दुर्ग-भिलाई, एजेंसी। महादेव सट्टा ऐप के संचालक सौरभ चंद्राकर के कथित इंस्टाग्राम अकाउंट पर पूर्व सीएम भूपेश बघेल के कथित मैसेज का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले को लेकर बुधवार को बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भिलाई-3 थाने पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने 2 यूट्यूबर्स के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वायरल कंटेंट को फर्जी बताते हुए नाराजगी जताई है। साथ ही भूपेश कहा कि फर्जी जानकारी वायरल करने वालों के खिलाफ मेरी लीगल टीम कानूनी कार्रवाई करेगी।

दरअसल, वायरल चैट में सीएम भूपेश बघेल के नाम से एक मैसेज दिख रहा है। इसमें कथित तौर पर सौरभ चंद्राकर को कहा गया है कि नंबर भेजो अपना, बात करना चाहते हैं। इन यूट्यूबर्स ने इसे लेकर खबरें चलाई थी।
वहीं आरोपी बनाए गए यूट्यूबर पुष्पराज सिंह का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह कहता है मैं किसी पर आरोप लगाने नहीं आ रहा हूं। सबूत के साथ आएंगे धांधली कहां से होती है, कैसे होती है और क्यों होती है? सबूत पहले सामने रखेंगे। इसके बाद वह आत्महत्या की बात भी कह रहा है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भिलाई-3 थाने में मामले की शिकायत की।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने 2 यूट्यूबर्स के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

आरोपी बनाए गए पुष्पराज सिंह का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो 3 दिन पहले पोस्ट किया गया है।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। इसमें दावा किया गया है कि महादेव सट्टा ऐप के संचालक सौरभ चंद्राकर के कथित इंस्टाग्राम अकाउंट और भूपेश बघेल के नाम से जुड़े एक कथित यूजरनेम के बीच मैसेज में बातचीत हुई है।

वायरल चैट के स्क्रीनशॉट को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नाराजगी जताई है। उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर कहा कि सुबह से फोटोशॉप की गई फर्जी तस्वीरों के आधार पर खबरें चलाई जा रही हैं।
भूपेश बघेल ने दावा किया कि वायरल चैट पूरी तरह फर्जी है और इसमें दिखाए गए यूजरनेम के साथ किसी तरह की बातचीत नहीं हुई है। उन्होंने कथित फर्जी चैट के स्क्रीनशॉट भी साझा किए और कहा कि यह लोगों को गुमराह करने की कोशिश है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की फर्जी खबरें फैलाने वालों और इसके पीछे जुड़े लोगों की जानकारी उनके पास पहुंच चुकी है। साथ ही उन्होंने ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात भी कही है।

बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता भिलाई-3 थाने पहुंचे थे।
भिलाई-3 थाने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता, किया प्रदर्शन
इधर, इस कथित मैसेज का स्क्रीनशॉट वायरल होने के बाद मामला राजनीतिक रूप से गरमा गया है। बुधवार को बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता भिलाई-3 थाने पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन करते हुए इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की छवि खराब करने की एक सुनियोजित कोशिश है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

छावनी सीएसपी प्रशांत पैकरा ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
यूट्यूबर सागर साहू और पुष्पराज सिंह पर FIR
छावनी सीएसपी प्रशांत पैकरा ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, शिकायत के आधार पर यूट्यूबर सागर साहू और पुष्पराज सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
-
Uncategorized9 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा3 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा3 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा3 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
