कोरबा/कटघोरा। नगर में जनसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए लायंस क्लब कटघोरा-छुरी द्वारा निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद पटेल रहे, जबकि नगर पालिका कटघोरा के अध्यक्ष राज जायसवाल एवं नगर निरीक्षक धर्मनारायण तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान संचालन कर रहे क्लब के संरक्षक अजय धनोंदिया ने स्वागत उद्बोधन देते हुए अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय का स्वागत किया तथा निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा की आवश्यकता और उसके उद्देश्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह सेवा नगर और आसपास के क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों के लिए आपातकालीन परिस्थितियों में अत्यंत उपयोगी साबित होगी और समय पर मरीजों को अस्पताल पहुँचाने में मदद करेगी। मुख्य अतिथि विधायक प्रेमचंद पटेल ने अपने उद्बोधन में लायंस क्लब की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज सेवा के ऐसे कार्य लोगों के जीवन को बचाने और जरूरतमंदों की सहायता करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने क्लब के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को इस जनहितकारी कार्य के लिए बधाई दी। विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल ने भी अपने संबोधन में कहा कि लायंस क्लब द्वारा शुरू की गई यह निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा नगरवासियों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगी व क्लब की इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए इसकी सराहना की व बताया नगर के लिए भी यह सम्मान की बात है कि ऐसी संस्था के द्वारा नगर के सांथ आसपास के छेत्रो में लगातार निःस्वार्थ भाव से सेवा के कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री संजय शर्मा ,मण्डल अध्यक्ष अभिषेक गर्ग,सहायक निरीक्षक राजेन्द्र सिंह राजपूत,समंजित सिंह,अनुराग दुहलानी,मनोज नायडू,सर्वजीत सिंह,अमित जायसवाल,मंदीप जायसवाल,रूपेश जायसवाल,मनोज दुबे,डाकेश्वर शुक्ला,क्लब अध्यक्ष मनोज अग्रवाल,संरक्षक अजय धनोंदिया,अजय गर्ग,दीपक गर्ग,कोषाध्यक्ष राकेश गोयल,डॉ गोपाल बन गोस्वामी,मुकेश गोयल,नरेंद्र अग्रवाल,राकेश शर्मा,सहित सभी सदस्यगण एवं नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
राज जायसवाल ने की वाटर कूलर की घोषणा क्लब के द्वारा गर्मी को देखते हुए नगर पालिका के अध्यक्ष राज जायसवाल से एक नग वाटर कूलर की मांग की जिस पर अध्यक्ष के द्वारा तत्काल अपने अध्यक्ष निधि से 1 नग वाटर कूलर देने की घोषणा की जिसका उपस्थित सभी जनसमुदाय ने ताली बजाकर अभिनंदन किया गया।
डेढ़ से दो किलोमीटर दूर केंद्र, बीच में बड़ी नहर, महिलाओं ने भाजपा नेता राजेश यादव को सौंपा ज्ञापन
कोरबा/कनबेरी/कटघोरा, 21 सितंबर 2026। ग्राम पंचायत कनबेरी के आश्रित ग्राम भलपहरी के मोहल्ला चारपारा में आंगनबाड़ी केंद्र नहीं होने के कारण 40 से अधिक छोटे बच्चों को शासन की विभिन्न योजनाओं का समुचित लाभ लेने में परेशानी हो रही है। मोहल्ले की महिलाओं के अनुसार वर्तमान आंगनबाड़ी केंद्र लगभग डेढ़ से दो किलोमीटर दूर है और बच्चों को वहां पहुंचने के रास्ते में बड़ी नहर पड़ती है।
महिलाओं ने बताया कि नहर के कारण छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर हमेशा चिंता बनी रहती है। कुछ वर्ष पूर्व नहर में डूबने से एक बच्चे की मृत्यु भी हो चुकी है। इसके बावजूद चारपारा में अब तक आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्था नहीं की गई है।
केंद्र दूर होने के कारण बच्चों को पोषण आहार, टीकाकरण, स्वास्थ्य सेवाओं तथा प्रारंभिक शिक्षा जैसी सुविधाओं का नियमित लाभ लेने में परेशानी हो रही है। वहीं, कामकाजी महिलाओं के लिए भी छोटे बच्चों को दूर स्थित केंद्र तक ले जाना मुश्किल हो रहा है।
इसी समस्या को लेकर मोहल्ले की महिलाओं हेमाबाई, लक्ष्मीन, शांति, प्रियंका, नंदनी बाई, अनिता जगत, राधा कश्यप सहित अन्य महिलाओं ने भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक राजेश यादव को ज्ञापन सौंपकर चारपारा में नवीन आंगनबाड़ी केंद्र अथवा पालना घर की व्यवस्था कराने की मांग की।कटघोरा विकास खंड के ब्लॉक समन्वयक रुक्मणी यादव, प्रेरक कमलेश लहरे ने इस विषय को अपने कार्ययोजना मे शामिल किया है।
बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : राजेश यादव
राजेश यादव ने कहा कि छोटे बच्चों को आंगनबाड़ी जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित रखना गंभीर विषय है। जिस रास्ते में बड़ी नहर पड़ती हो और जहां पहले एक बच्चे की डूबने से मृत्यु हो चुकी हो, वहां मासूम बच्चों को डेढ़-दो किलोमीटर दूर भेजना उनकी सुरक्षा से खिलवाड़ है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मौके का निरीक्षण कर चारपारा में आंगनबाड़ी केंद्र अथवा पालना घर की व्यवस्था करे। बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महिलाओं ने प्रशासन से मांग की है कि चारपारा की स्थिति का स्थल निरीक्षण कर बच्चों की संख्या, दूरी और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शीघ्र उचित निर्णय लिया जाए, ताकि बच्चों और कामकाजी महिलाओं को शासन की योजनाओं का लाभ उनके घर के नजदीक मिल सके।
ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर, जिला कोरबा, जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, कोरबा तथा खंड परियोजना अधिकारी, एकीकृत बाल विकास परियोजना, कटघोरा को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है।
राजेश यादव बोले—किसानों के हितों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, महिला अधिकारियों पर कथित टिप्पणी की भी हो निष्पक्ष जांच
कोरबा/कटघोरा। कटघोरा कृषि विभाग में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के बिना सूचना लंबे समय तक कार्यक्षेत्र से अनुपस्थित रहने के मामले में विभाग ने कार्रवाई करते हुए ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी देवशरण पैकरा को निलंबित कर दिया है।
ज्ञात हो कि भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक राजेश यादव ने किसानों की समस्याओं तथा संबंधित अधिकारी की कार्यक्षेत्र से अनुपस्थिति का मुद्दा उठाते हुए 24 अगस्त 2026 को उपमुख्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री अरुण साव, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, जिला कलेक्टर सहित विभागीय अधिकारियों से शिकायत की थी। इसके बाद विभागीय स्तर पर कार्रवाई की गई।
उप संचालक कृषि, जिला-कोरबा द्वारा जारी आदेश क्रमांक स्थापना-01/निलं./2026-27/3921, दिनांक 15 सितंबर 2026 के तहत देवशरण पैकरा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
बिना सूचना कार्यक्षेत्र से अनुपस्थित
विभागीय आदेश के अनुसार देवशरण पैकरा, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, क्षेत्र कटघोरा एवं जेंजरा, 1 अगस्त 2026 से बिना सूचना एवं बिना अवकाश के अपने कार्यक्षेत्र से अनुपस्थित रहे। विभागीय स्तर पर इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के नियम 3 का उल्लंघन माना गया।
संबंधित अधिकारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के प्रस्ताव एवं विभागीय पत्राचार के आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 9(1) के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है।
निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, विकासखंड पोड़ी-उपरोड़ा निर्धारित किया गया है तथा नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
किसानों के काम प्रभावित होने की भी हो जवाबदेही तय
राजेश यादव ने कहा कि यह मामला केवल अधिकारी के निलंबन तक सीमित नहीं रहना चाहिए। यदि संबंधित अधिकारी की अनुपस्थिति के कारण कटघोरा एवं जेंजरा क्षेत्र के किसानों के विभागीय कार्य अथवा शासन की कृषि योजनाओं का क्रियान्वयन प्रभावित हुआ है, तो उसकी भी जवाबदेही तय होनी चाहिए।
उन्होंने कहा, “विभाग ने निलंबन की कार्रवाई कर दी है, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि इस दौरान किसानों को जो परेशानी हुई और जिनके काम प्रभावित हुए, उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? किसान किसी अधिकारी की अनुपस्थिति का खामियाजा क्यों भुगते?”
राजेश यादव ने कहा कि किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं, तकनीकी मार्गदर्शन और आवश्यक सेवाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए। इसके लिए कटघोरा-जेंजरा क्षेत्र में तत्काल वैकल्पिक अधिकारी की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि किसानों के कार्य प्रभावित न हों।
महिला अधिकारियों पर कथित टिप्पणी की भी निष्पक्ष जांच की मांग
राजेश यादव ने संबंधित अधिकारी पर महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति कथित रूप से आपत्तिजनक एवं अभद्र टिप्पणियां किए जाने के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच की मांग की है।
उन्होंने कहा कि यदि विभाग के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप में ऐसी टिप्पणियां की गई हैं, तो इसकी तथ्यात्मक जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा, “महिला शक्ति का सम्मान हमारी संस्कृति है। यदि किसी महिला अधिकारी या कर्मचारी के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी की गई है, तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।”
कृषि विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर उठाए सवाल
राजेश यादव ने कहा कि वे पूरे मामले से कृषि मंत्री रामविचार नेताम, कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव एवं कलेक्टर कोरबा को अवगत कराएंगे तथा किसानों के हित में आवश्यक कदम उठाने की मांग करेंगे।
उन्होंने कहा, “मेरा उद्देश्य किसी व्यक्ति को निशाना बनाना नहीं, बल्कि किसानों के हितों की रक्षा करना है। निलंबन कार्रवाई के साथ यह भी सुनिश्चित होना चाहिए कि भविष्य में किसी अधिकारी की लापरवाही का असर किसानों पर न पड़े।”
कोरबा/सुतर्रा। आजादी की 79वीं वर्षगांठ सरोवरों, मैदानों से लेकर, गांव से लेकर शहरों तक उल्लास, उमंग और नई ऊर्जा के साथ आम आदमी से लेकर खास लोगों ने मनाई। इसी कड़ी में कोरबा के लब्ध प्रतिष्ठित समाजसेवी छत्तीसगढ़ रत्न पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल ने सुतर्रा (कटघोरा) स्थित आद्या फ्यूल्स के विशाल प्रांगण में ध्वजारोहण कर सलामी ली।
इस कार्यक्रम में उपस्थित कर्मचारियों, क्षेत्र के नागरिकों को अपने संक्षिप्त उद्बोधन में आद्या फ्यूल्स के डायरेक्टर पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल ने कहा कि हमें देश के महापुरूषों ने अपने कठिन परिश्रम एवं बलिदान देकर हमें स्वतंत्र भारत की सौगात दी है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने आजादी के संघर्षों को जिया है, उनसे आजादी के मायने पूछो कि आजादी क्या होती है। आज हमें संकल्प लेना होगा कि हम अपनी आजादी को अखंड और अक्षुण बनाए रखने के लिए संविधान के नियमों का पालन करते हुए देश को आगे बढ़ाने के लिए अपनी-अपनी भूमिका निभाएं और राष्ट्रीय संकल्प-नशा मुक्त भारत अभियान में शामिल होकर सामाजिक चेतना जागृत करें, यही हमारे वीर शहीदों, सेनानियों एवं आजादी के दिवानों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर लायंस क्लब कोरबा गुरूकुल के अध्यक्ष लायन दर्शन अग्रवाल, सचिव ला. सुरेंद्र कुमार डनसेना, आद्या फ्यूल्स के कर्मचारी एवं आम नागरिक उपस्थित थे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में माँ सरस्वती, महापुरूषों के तैल्यचित्र पर माल्यार्पण किया गया और ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रीय गीत वंदेमारतम् एवं राष्ट्रगान जन-गण-मन अधिनायक गाते हुए भारत माता के जयकारों से परिसर गूंज उठा। लायन डॉ. अग्रवाल ने उपस्थित जनों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित की।