Connect with us

कोरबा

कोरबा में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी:पानी, आइसक्रीम फैक्ट्रियों से नमूने जब्त, जांच के लिए भेजे, अधिकारी ने कहा-रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने पानी और आइसक्रीम बनाने वाली फैक्ट्रियों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा दीपक अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे एक विशेष अभियान के तहत की गई।

दीपका स्थित मित्तल इंडस्ट्रीज से “Smart Water” ब्रांड के पानी पाउच (ड्रिंकिंग वाटर) के नमूने जब्त किए गए। इसी तरह, मुड़ापार कोरबा में संचालित फ्लेक्सो आइसक्रीम फैक्टरी से भी आइसक्रीम के नमूने लिए गए।

जांच टीम ने इन सभी नमूनों को रायपुर स्थित फूड लैब भेज दिया है। वहां इनकी गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुसार विस्तृत जांच की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान, दोनों फर्मों को FSSAI के नियमों के तहत संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

जिला खाद्य अधिकारी विकास भगत ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नमूनों की रिपोर्ट 15 से 20 दिनों के भीतर आ जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

भगत ने यह भी बताया कि कुछ समय पहले बिना लाइसेंस के संचालित एक फैक्ट्री को सील किया गया था। गर्मी का मौसम शुरू होते ही आइसक्रीम, पेप्सी, पानी पाउच और पानी बोतल की मांग बढ़ जाती है, जिसके चलते कई फैक्ट्रियां नियमों की अनदेखी कर संचालित हो रही हैं। विभाग की टीम ऐसे उत्पादों की गुणवत्ता, पैकिंग और एक्सपायरी डेट पर विशेष नजर रख रही है।

विभाग की नजर उन दुकानों, ठेलों और गुमठियों पर भी है, जहां पानी की बोतलें और पाउच बेचे जा रहे हैं। इन उत्पादों की निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट और निर्धारित मूल्य की भी जांच की जाएगी। ऐसी शिकायतें मिली हैं कि कई स्थानों पर रू.15 की पानी बोतल रू.20 में और रू.2 का पानी पाउच रू.3 में बेचा जा रहा है। संबंधित अधिकारियों से इन मामलों पर भी कार्रवाई की अपेक्षा की गई है।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में मकान में घुसा कबाड़ से भरा ट्रक:घर में सो रहे लोग बाल-बाल बचे, 7 लाख का कबाड़ जब्त, चालक गिरफ्तार

Published

on

कोरबा। कोरबा के राताखार में देर रात तेज रफ्तार कबाड़ से भरा ट्रक सड़क किनारे बने मकान में घुस गया। हादसे के समय घर में लोग सो रहे थे, लेकिन सभी सुरक्षित बच गए। टक्कर से मकान के बाहरी हिस्से को नुकसान पहुंचा। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक मनोज सिंह को हिरासत में लिया है।

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के बजरंग चौक मुख्य मार्ग की है। ट्रक तेज रफ्तार में था। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया और ट्रक सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर आ गए।

ट्रक छोड़कर भागा चालक, पुलिस ने पकड़ा

हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से चला गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंची। पुलिस ने आसपास तलाश कर चालक मनोज सिंह को हिरासत में ले लिया। दूसरे चालक की मदद से ट्रक को मकान से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने वाहन जब्त कर थाने पहुंचाया।

ट्रक में 20 हजार 860 किलो कबाड़ मिला

पुलिस के मुताबिक, ट्रक में 20 हजार 860 किलो कबाड़ भरा था। इसकी कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई गई है। कबाड़ कहां से लाया गया था और कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि राताखार में ट्रक के मकान में घुसने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन जब्त किया और चालक को पकड़ लिया। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

Continue Reading

कोरबा

8 फीट का अजगर महिंद्रा वर्कशॉप में घुसा:कोरबा में RCRS टीम ने 20 मिनट में रेस्क्यू किया, सुरक्षित जंगल में छोड़ा

Published

on

कोरबा। कोरबा के महिंद्रा वर्कशॉप में सोमवार सुबह करीब 8 फीट लंबा अजगर घुस गया। उसे देखकर कर्मचारी बाहर निकल आए। सूचना मिलने पर RCRS की टीम मौके पर पहुंची और करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। बाद में वन विभाग ने उसे जंगल में छोड़ दिया गया।

वर्कशॉप खुलने के बाद सोमवार सुबह कर्मचारी काम पर पहुंचे थे। इसी दौरान एक कर्मचारी ने कोने में अजगर को देखा। इसके बाद कुछ कर्मचारी बाहर निकल गए, जबकि कुछ ने दूर से उस पर नजर रखी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

इसके बाद वन विभाग और RCRS (Reptile Care and Rescuer Society) को सूचना दी गई। RCRS सदस्य उमेश यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने पहले लोगों को अजगर से दूर किया और फिर रेस्क्यू शुरू किया।

बिना नुकसान पहुंचाए पकड़ा अजगर

उमेश यादव ने बिना किसी उपकरण को नुकसान पहुंचाए और अजगर को चोट पहुंचाए बिना उसे काबू कर लिया। करीब 20 मिनट में रेस्क्यू पूरा हुआ। इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों के मार्गदर्शन में अजगर को जंगल में छोड़ दिया गया।

सांप दिखने पर खुद पकड़ने की कोशिश न करें

RCRS टीम के मुताबिक, मौसम में बदलाव, गर्मी और नमी के कारण सांप और अजगर भोजन या ठंडी जगह की तलाश में रिहायशी इलाकों, वर्कशॉप और घरों में पहुंच सकते हैं।

टीम ने लोगों से अपील की है कि वन्यजीव दिखने पर उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश न करें। उससे दूरी बनाए रखें और वन विभाग या RCRS हेल्पलाइन पर सूचना दें।

Continue Reading

कोरबा

हाथी ने युवक को दौड़ाकर कुचला, ट्रैक्टर तोड़ा:जंगल की ओर खदेड़ने पहुंचे थे ग्रामीण, भागकर बचाई जान, सरगुजा-कोरबा के जंगल में उत्पात जारी

Published

on

कोरबा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा और कोरबा जिले में हाथियों का आतंक जारी है। सरगुजा के जंगल में एक हाथी ने ग्रामीणों को दौड़ाया और एक युवक को बुरी तरह कुचल दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। घायल युवक का इलाज जारी है।

वहीं, कोरबा के कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा गांव में 11 हाथियों के झुंड को भगाने पहुंचे ग्रामीणों पर एक हाथी ने हमला कर दिया। ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर भागे तो हाथी ने सूंड से उसे उठाकर पटक दिया और पैरों से कुचलकर तोड़ दिया। दोनों घटनाएं सोमवार (23 नवंबर) सुबह की हैं।

घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल नहीं जाने और हाथियों को खुद भगाने की कोशिश नहीं करने की हिदायत दी है।

हाथी ने युवक को सूंड और पैरों से कुचलने की कोशश की।

हाथी ने युवक को सूंड और पैरों से कुचलने की कोशश की।

हाथी के हमले से युवक घायल हो गया था, वह बाल-बाल बच गया।

हाथी के हमले से युवक घायल हो गया था, वह बाल-बाल बच गया।

ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर भागे तो हाथी ने सूंड से उसे उठाकर पटक दिया और पैरों से कुचलकर तोड़ दिया।

ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर भागे तो हाथी ने सूंड से उसे उठाकर पटक दिया और पैरों से कुचलकर तोड़ दिया।

केस 1 – हाथी ने युवक को दौड़ाकर कुचला

सरगुजा के टीरंग गांव में सोमवार को हाथी ने एक युवक पर हमला कर दिया। हमले में युवक घायल हो गया। हाथी के हमले में युवक बाल-बाल बचा। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

युवक को बतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक इलाज के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। तीन हाथियों का दल जशपुर से सरगुजा वन क्षेत्र में पहुंचा है। इनमें से दो हाथी लुंड्रा पहुंच गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, जशपुर वन परिक्षेत्र से सरगुजा वन परिक्षेत्र में घुसे तीन हाथी सोमवार को टीरंग गांव पहुंचे। हाथियों के दल में एक नर, एक मादा और एक बच्चा शामिल है। टीरंग में फसल बचाने की कोशिश में ग्रामीण हाथियों को खदेड़ रहे थे। इसी दौरान नर हाथी ने ग्रामीण जागेश्वर उर्फ मंत्री पर हमला कर दिया।

हाथी के हमले में ट्रैक्टर बुरी तरह डैमेज हो गया है।

हाथी के हमले में ट्रैक्टर बुरी तरह डैमेज हो गया है।

केस 2 – कोरबा में हाथी ने ट्रैक्टर तोड़ा

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में 11 हाथियों के झुंड को भगाने पहुंचे ग्रामीणों पर एक हाथी ने हमला कर दिया। ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर भागे तो हाथी ने सूंड से उसे उठाकर पटक दिया और पैरों से कुचलकर तोड़ दिया। मामला कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा गांव की है।

धरमजयगढ़ की सीमा पार कर जिल्गा पहुंचा झुंड

जानकारी के मुताबिक, धरमजयगढ़ की सीमा पार कर 11 हाथियों का झुंड जिल्गा के जंगल में पहुंचा है। हाथियों के आबादी वाले इलाके में आने और धान की फसल को नुकसान पहुंचाने की आशंका थी। इसी वजह से ग्रामीण उन्हें जंगल की ओर खदेड़ने की कोशिश कर रहे थे।

ट्रैक्टर की आवाज सुनकर झाड़ियों से निकला हाथी

सोमवार सुबह जिल्गा के कुछ ग्रामीण सुखनंदन सिंह राठिया के ट्रैक्टर में सवार होकर जंगल पहुंचे थे। वे ट्रैक्टर की आवाज से हाथियों को भगाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों से एक हाथी निकला और ट्रैक्टर की ओर दौड़ पड़ा।

हाथी को अपनी ओर आते देख ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर अलग-अलग दिशाओं में भाग गए। इसके बाद हाथी ने सूंड से ट्रैक्टर को उठाकर पटका और पैरों से कुचलकर क्षतिग्रस्त कर दिया।

दूसरे ट्रैक्टर से खींचकर गांव लाए

घटना के बाद ग्रामीण गांव पहुंचे और ट्रैक्टर मालिक को इसकी जानकारी दी। बाद में वे दूसरे किसान का ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर को खींचकर गांव लाए। कुछ ग्रामीणों ने घटना का वीडियो मोबाइल से बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

कुदमुरा और करतला में भी हाथियों की मौजूदगी

वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने देर शाम टीम को जिल्गा के जंगल में भेजा। बताया गया कि जिल्गा के अलावा कुदमुरा के जंगल में एक और हाथी घूम रहा है। वहीं, करतला वन परिक्षेत्र में 6 हाथियों का झुंड मौजूद है।

वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है। ग्रामीणों को मुनादी कर जंगल की ओर नहीं जाने और हाथियों को खुद खदेड़ने की कोशिश नहीं करने की समझाइश दी गई है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677