Connect with us

छत्तीसगढ़

जग्गी हत्याकांड केस छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में रिओपन:सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सुनवाई, अमित जोगी को लेनी होगी जमानत, 1 अप्रैल को फाइनल हियरिंग

Published

on

बिलासपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित रामावतार जग्गी हत्याकांड केस हाईकोर्ट में रिओपन हो गया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर बुधवार को चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा की डिवीजन बेंच में केस की सुनवाई हुई। इस दौरान रामावतार जग्गी के बेटे सतीश जग्गी मौजूद रहे। डिवीजन बेंच ने केस की अंतिम सुनवाई के लिए 1 अप्रैल की तारीख तय की है।

दरअसल, डिवीजन बेंच ने 2 साल पहले रामावतार जग्गी हत्याकांड के दोषियों की अपील को खारिज कर दिया था। जिसमें डिवीजन बेंच ने आजीवन कारावास की सजा को बरकरार रखा था। वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने CBI की अपील स्वीकार करते हुए मामला फिर से छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट भेजने का निर्देश दिया था, जिससे मामले की मेरिट पर विस्तार से सुनवाई हो सके।

हत्याकांड के बाद पुलिस की शुरूआती जांच में पक्षपात और असंतोष के आरोप लगने पर राज्य सरकार ने जांच CBI को सौंपी थी। तब CBI ने अपनी जांच में पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के बेटे अमित जोगी समेत कई लोगों पर हत्या और साजिश के आरोप लगाए थे।

हालांकि, सबूतों के अभाव में अमित जोगी को बरी कर दिया गया था। लेकिन अब केस रिओपन होने के बाद कानूनी जानकारों का कहना है कि अमित जोगी को जमानत लेनी होगी। वहीं रामावतार जग्गी के बेटे सतीश जग्गी ने बताया कि अमित जोगी फिर से आधिकारिक रूप से अभियुक्त हो गए हैं। CBI, स्टेट गर्वंनमेंट, अमित जोगी और वे 1 अप्रैल को अपना पक्ष रखेंगे।

रामावतार की पत्नी गुलशन जग्गी और पुत्र सतीश जग्गी।

रामावतार की पत्नी गुलशन जग्गी और पुत्र सतीश जग्गी।

न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा- अमित जोगी

इस मामले पर अमित जोगी ने कहा कि अभी जानकारी मिली है कि हाईकोर्ट 1 अप्रैल को उस मामले में सुनवाई करेगा, जिसमें मुझे दो दशक पहले ही बरी किया जा चुका है। मैं पूरी शांति और आत्मविश्वास के साथ यह कहना चाहता हूं कि ईश्वर की कृपा अब तक मेरे साथ रही है, और आगे भी रहेगी। मुझे न्याय व्यवस्था पर पूर्ण विश्वास है- सत्य की जीत निश्चित है।

2003 में गोली मारकर की गई थी हत्या

4 जून 2003 को एनसीपी नेता रामावतार जग्गी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में 31 अभियुक्त बनाए गए थे। जिनमें से बल्टू पाठक और सुरेंद्र सिंह सरकारी गवाह बन गए थे। अमित जोगी को छोड़कर बाकी 28 लोगों को सजा मिली थी।

हालांकि, 31 मई 2007 को रायपुर की विशेष अदालत ने सबूतों के अभाव में अमित जोगी को बरी कर दिया था। रामअवतार जग्गी के बेटे सतीश जग्गी ने अमित जोगी को बरी करने के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील की थी। जिस पर अमित के पक्ष में स्टे लगा था। बाद में सुप्रीम कोर्ट ने केस को हाईकोर्ट भेज दिया।

सतीश जग्गी का आरोप- तत्कालीन राज्य सरकार की प्रायोजित थी हत्या

हाईकोर्ट में अपील पर रामावतार जग्गी के बेटे सतीश जग्गी के अमित जोगी की दोषमुक्ति के खिलाफ पेश क्रिमिनल अपील पर उनके अधिवक्ता बीपी शर्मा ने तर्क दिया था। उन्होंने बताया था कि हत्याकांड की साजिश तत्कालीन राज्य सरकार की ओर से प्रायोजित थी।

जब CBI की जांच शुरू हुई, तब सरकार के प्रभाव में सारे सबूतों को मिटा दिया गया था। ऐसे केस में सबूत अहम नहीं हैं, बल्कि षड्यंत्र का पर्दाफाश जरूरी है। लिहाजा, इस केस के आरोपियों को सबूतों के अभाव में दोषमुक्त नहीं किया जा सकता।

विद्याचरण शुक्ल ने जग्गी को छत्तीसगढ़ में NCP का कोषाध्यक्ष बनाया था। (फाइल इमेज)

विद्याचरण शुक्ल ने जग्गी को छत्तीसगढ़ में NCP का कोषाध्यक्ष बनाया था। (फाइल इमेज)

कौन थे रामावतार जग्गी

कारोबारी बैकग्राउंड वाले रामावतार जग्गी देश के बड़े नेताओं में शुमार पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ल के बेहद करीबी थे। जब शुक्ल कांग्रेस छोड़कर NCP में शामिल हुए तो जग्गी भी उनके साथ-साथ गए। विद्याचरण ने जग्गी को छत्तीसगढ़ में NCP का कोषाध्यक्ष बना दिया था।

ये पाए गए थे दोषी

जग्गी हत्याकांड में अभय गोयल, याहया ढेबर, वीके पांडे, फिरोज सिद्दीकी, राकेश चंद्र त्रिवेदी, अवनीश सिंह लल्लन, सूर्यकांत तिवारी, अमरीक सिंह गिल, चिमन सिंह, सुनील गुप्ता, राजू भदौरिया, अनिल पचौरी, रविंद्र सिंह, रवि सिंह, लल्ला भदौरिया, धर्मेंद्र, सत्येंद्र सिंह, शिवेंद्र सिंह परिहार, विनोद सिंह राठौर, संजय सिंह कुशवाहा, राकेश कुमार शर्मा, (मृत) विक्रम शर्मा, जबवंत, विश्वनाथ राजभर दोषी पाए गए थे।

2 CSP, थाना प्रभारी समेत अन्य को हुई थी सजा

इस हत्याकांड में उम्रकैद की सजा पाने वालों में 2 तत्कालीन CSP और एक तत्कालीन थाना प्रभारी के अलावा रायपुर मेयर एजाज ढेबर के भाई याहया ढेबर और शूटर चिमन सिंह शामिल हैं।

कानूनी जानकारों के अनुसार अमित जोगी को लेनी होगी जमानत।

कानूनी जानकारों के अनुसार अमित जोगी को लेनी होगी जमानत।

अब अमित जोगी को लेनी होगी जमानत

कानूनी जानकारों का कहना है कि चूंकि, सीबीआई ने केस में पहले अमित जोगी को आरोपी माना था। इस केस में उनकी गिरफ्तारी हुई और वो जेल में भी रहे। हालांकि, बाद में कोर्ट ने उन्हें बरी कर दिया था। ऐसे में अब, वहीं केस रिओपन हुआ है, तो स्वाभाविक रूप से अमित जोगी को अपना बेल फर्निस कराना पड़ेगा।

जग्गी के हत्या से पहले प्रदेश के सियासी हालात

छत्तीसगढ़ अलग प्रदेश बना तब विधानसभा में कांग्रेस की बहुमत थी। कांग्रेस की ओर से CM पद की रेस में विद्याचरण शुक्ल का नाम सबसे आगे चल रहा था, लेकिन आलाकमान ने अचानक अजीत जोगी को मुख्यमंत्री बना दिया। इस वजह से पहले से नाराज चल रहे विद्याचरण पार्टी में अपनी अनदेखी से और ज्यादा नाराज हो गए।

नवंबर 2003 में विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले ही उन्होंने कांग्रेस छोड़कर NCP जॉइन कर ली। NCP के बढ़ते दायरे से कांग्रेस को सत्ता से बाहर होने का डर सताने लगा। जग्गी की हत्या से कुछ दिन पहले ही NCP की बड़ी रैली होने वाली थी, जिसमें शरद पवार समेत पार्टी के कई बड़े नेता आने वाले थे।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

मंत्री ने थानेदार से कहा-मुझे बंधक बनाया, छुड़ाने पुलिस भेजिए:50 लाख की हेराफेरी, व्यापारी बोले-TI को पैसे दिए, फिर भी आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए

Published

on

सरगुजा , एजेंसी। अंबिकापुर में 50 लाख की चोरी के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज व्यापारियों ने सोमवार को मंत्री राजेश अग्रवाल से शिकायत की। अग्रसेन भवन में व्यापारियों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए।

इसके बाद राजेश अग्रवाल ने कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह को फोन किया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों ने मुझे बंधक बना लिया है। बांधकर बैठा दिया है, छुड़ाने के लिए पुलिस भेजिए।

इस पर थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने कार्रवाई के लिए 2 दिन का समय मांगा है। वहीं, अब बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

सोमवार देर शाम राजेश अग्रवाल अग्रसेन भवन पहुंचे थे।

सोमवार देर शाम राजेश अग्रवाल अग्रसेन भवन पहुंचे थे।

व्यापारी बोले- शिकायत के बाद भी आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए

जानकारी के मुताबिक, अग्रसेन भवन पहुंचे मंत्री राजेश अग्रवाल से व्यापारियों ने कहा कि उनके कहने के बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है।

व्यापारियों ने टीआई को खर्चा-पानी के लिए पैसे देने का आरोप भी लगाया। उनका कहना था कि इसके बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और उन्हें लगातार परेशान होना पड़ रहा है।

मंत्री ने TI से कहा- आरोपी नहीं पकड़ पा रहे तो मुझे छुड़ाइए

व्यापारियों की शिकायत सुनने के बाद मंत्री राजेश अग्रवाल ने कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह को फोन लगाया। उन्होंने कहा कि अपराधियों को नहीं पकड़ पा रहे हैं तो मुझे छुड़ाने के लिए पुलिस भेजिए।

राजेश अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों ने मुझे बंधक बना लिया है और बांधकर बैठा दिया है। इस पर थाना प्रभारी ने कार्रवाई के लिए दो दिन की मोहलत मांगी। मंत्री ने कहा कि दो-तीन दिन में कार्रवाई करके मुझे जानकारी दें।

व्यापारियों ने टीआई को खर्चा-पानी के लिए पैसे देने का आरोप भी लगाया।

व्यापारियों ने टीआई को खर्चा-पानी के लिए पैसे देने का आरोप भी लगाया।

फर्जी सील और रसीद बनाकर निकाल रहे थे सामान

मामला अंबिकापुर के खरसिया नाका स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी का है। कंपनी संचालक कान्हा अग्रवाल ने करीब एक महीने पहले कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी में छह साल से काम कर रही बिलिंग ऑपरेटर अंजुम निशा और पूर्व कर्मचारी रविंद्र यादव उर्फ विक्की ने कंपनी की फर्जी सील बनाकर बड़े पैमाने पर सामान की हेराफेरी की है।

शिकायत के मुताबिक, दोनों पिछले चार महीने से फर्जी नकदी रसीद बनाकर कंपनी से सामान निकाल रहे थे। पिकअप और दूसरे मालवाहक वाहनों से सामान गंगापुर स्थित एक गोदाम में पहुंचाया जाता था। यहां से दुकानों में इसकी सप्लाई की जा रही थी।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कॉल पर कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह से बात की।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कॉल पर कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह से बात की।

कर्मचारी ने दी थी हेराफेरी की जानकारी

21 अक्टूबर को कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी सचिन टोप्पो ने संचालक कान्हा अग्रवाल को फर्जी नकदी रसीद के जरिए सामान निकालने की जानकारी दी।

इसके बाद संचालक ने रसीदों और हिसाब-किताब की जांच कराई। जांच में ट्रेडिंग कंपनी से 50 लाख से अधिक के सामान की हेराफेरी का पता चला।

शिकायत पर पुलिस ने अंजुम निशा, रविंद्र यादव और रूपेश यादव के खिलाफ धारा 316(4) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है। FIR दर्ज होने के एक महीने बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में मकान में घुसा कबाड़ से भरा ट्रक:घर में सो रहे लोग बाल-बाल बचे, 7 लाख का कबाड़ जब्त, चालक गिरफ्तार

Published

on

कोरबा। कोरबा के राताखार में देर रात तेज रफ्तार कबाड़ से भरा ट्रक सड़क किनारे बने मकान में घुस गया। हादसे के समय घर में लोग सो रहे थे, लेकिन सभी सुरक्षित बच गए। टक्कर से मकान के बाहरी हिस्से को नुकसान पहुंचा। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक मनोज सिंह को हिरासत में लिया है।

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के बजरंग चौक मुख्य मार्ग की है। ट्रक तेज रफ्तार में था। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया और ट्रक सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर आ गए।

ट्रक छोड़कर भागा चालक, पुलिस ने पकड़ा

हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से चला गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंची। पुलिस ने आसपास तलाश कर चालक मनोज सिंह को हिरासत में ले लिया। दूसरे चालक की मदद से ट्रक को मकान से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने वाहन जब्त कर थाने पहुंचाया।

ट्रक में 20 हजार 860 किलो कबाड़ मिला

पुलिस के मुताबिक, ट्रक में 20 हजार 860 किलो कबाड़ भरा था। इसकी कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई गई है। कबाड़ कहां से लाया गया था और कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि राताखार में ट्रक के मकान में घुसने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन जब्त किया और चालक को पकड़ लिया। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

Continue Reading

कोरबा

8 फीट का अजगर महिंद्रा वर्कशॉप में घुसा:कोरबा में RCRS टीम ने 20 मिनट में रेस्क्यू किया, सुरक्षित जंगल में छोड़ा

Published

on

कोरबा। कोरबा के महिंद्रा वर्कशॉप में सोमवार सुबह करीब 8 फीट लंबा अजगर घुस गया। उसे देखकर कर्मचारी बाहर निकल आए। सूचना मिलने पर RCRS की टीम मौके पर पहुंची और करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। बाद में वन विभाग ने उसे जंगल में छोड़ दिया गया।

वर्कशॉप खुलने के बाद सोमवार सुबह कर्मचारी काम पर पहुंचे थे। इसी दौरान एक कर्मचारी ने कोने में अजगर को देखा। इसके बाद कुछ कर्मचारी बाहर निकल गए, जबकि कुछ ने दूर से उस पर नजर रखी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

इसके बाद वन विभाग और RCRS (Reptile Care and Rescuer Society) को सूचना दी गई। RCRS सदस्य उमेश यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने पहले लोगों को अजगर से दूर किया और फिर रेस्क्यू शुरू किया।

बिना नुकसान पहुंचाए पकड़ा अजगर

उमेश यादव ने बिना किसी उपकरण को नुकसान पहुंचाए और अजगर को चोट पहुंचाए बिना उसे काबू कर लिया। करीब 20 मिनट में रेस्क्यू पूरा हुआ। इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों के मार्गदर्शन में अजगर को जंगल में छोड़ दिया गया।

सांप दिखने पर खुद पकड़ने की कोशिश न करें

RCRS टीम के मुताबिक, मौसम में बदलाव, गर्मी और नमी के कारण सांप और अजगर भोजन या ठंडी जगह की तलाश में रिहायशी इलाकों, वर्कशॉप और घरों में पहुंच सकते हैं।

टीम ने लोगों से अपील की है कि वन्यजीव दिखने पर उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश न करें। उससे दूरी बनाए रखें और वन विभाग या RCRS हेल्पलाइन पर सूचना दें।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677