वाशिंगठन, एजेंसी। अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ बढ़ती शत्रुतापूर्ण बयानबाजी को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। टेक्सास के निवासी क्लेटन वॉकर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक सिटी हॉल के बाहर भारतीय झंडे को फाड़ते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह भारतीय आप्रवासियों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करता है और इसे “भारतीय आप्रवासन का आक्रमण” करार देता है। वायरल वीडियो में वॉकर भारतीय समुदाय के खिलाफ आक्रामक भाषा का इस्तेमाल करता नजर आता है। वह कह रहा है कि “तुमने हमारे देश पर कब्ज़ा कर लिया है।” उसने दावा किया कि भारतीय आप्रवासी अमेरिका की पहचान और स्थानीय व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं। इस दौरान उसने भारतीय झंडा फाड़कर विरोध जताया, जिसकी सोशल मीडिया पर व्यापक आलोचना हुई।
भारत-विरोधी इन्फ्लुएंसर ने बढ़ाया मुद्दा इस वीडियो को अमेरिका के विवादित दक्षिणपंथी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर एलिजाह शेफर ने भी साझा किया और उसे बढ़ावा दिया। शेफर इससे पहले भी भारतीय मूल के नेताओं और भारतीय-अमेरिकी समुदाय को लेकर विवादित और नस्लीय टिप्पणियां कर चुके हैं। उनके बयानों को लेकर पहले भी आलोचना होती रही है।
भारतीय समुदाय ने जताई नाराजगी भारतीय-अमेरिकी समुदाय और कई सामाजिक संगठनों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उनका कहना है कि यह केवल आव्रजन नीति की आलोचना नहीं बल्कि सीधे तौर पर भारतीयों और भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिकों को निशाना बनाने का प्रयास है। समुदाय के नेताओं ने कहा कि किसी देश के राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करना और पूरे समुदाय को “आक्रमणकारी” बताना घृणा फैलाने के समान है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका में इमिग्रेशन को लेकर राजनीतिक बहस के बीच कुछ कट्टरपंथी समूह भारतीयों और अन्य एशियाई समुदायों को निशाना बना रहे हैं। खासकर टेक्सास जैसे राज्यों में भारतीय-अमेरिकी समुदाय की बढ़ती राजनीतिक और आर्थिक भागीदारी को लेकर कुछ समूहों में असंतोष देखा जा रहा है। हालांकि अमेरिकी समाज का बड़ा हिस्सा विविधता और बहुसांस्कृतिक मूल्यों का समर्थन करता है, लेकिन इस तरह की घटनाएं यह संकेत देती हैं कि नस्लीय और जातीय आधार पर नफरत फैलाने वाले तत्व अभी भी सक्रिय हैं।
चंडीगढ़, एजेंसी। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने मॉडल गर्लफ्रेंड समरीन कौर से सगाई कर ली है। अर्शदीप समरीन को घुटने पर बैठकर प्रपोज करते दिखे। समरीन ने बुधवार को इंस्टाग्राम पर सगाई की तस्वीरें शेयर कीं, जो वायरल हो रही हैं।
उन्होंने पोस्ट में लिखा कि जिंदगी ने उन्हें एक-दूसरे का साथ दिया है और अब वे पूरी जिंदगी साथ बिताना चाहते हैं। समरीन ने बुधवार दोपहर करीब 4:22 बजे ये तस्वीरें शेयर कीं। क्रिकेटर हार्दिक पंड्या ने भी दोनों को बधाई दी। उन्होंने लिखा, ‘बधाई हो, भगवान आप दोनों को हमेशा खुश रखे।’
अर्शदीप सिंह और समरीन की सगाई की तस्वीरें…
अर्शदीप सिंह घुटनों पर बैठकर समरीन कौर को सगाई की अंगूठी पहनाते हुए।
रिंग पहनाने के बाद अर्शदीप और समरीन ने एक-दूसरे को गले लगाया।
सगाई की रिंग दिखातीं समरीन कौर और खुशी जाहिर करते अर्शदीप सिंह।
अर्शदीप सिंह के साथ रिंग दिखातीं समरीन कौर।
ये रिंग अर्शदीप सिंह ने समरीन कौर को पहनाई।
अर्शदीप-समरीन की लव स्टोरी के बारे में जानिए…
अप्रैल में स्नैपचैट की फोटो से शुरू हुई चर्चा: अप्रैल 2026 में अर्शदीप ने स्नैपचैट पर एक लड़की का हाथ पकड़े फोटो शेयर की। चेहरा नहीं दिखा, लेकिन फैंस ने हाथ पर बने टैटू और नेल आर्ट को नोटिस कर लिया। इसकी तुलना समरीन की तस्वीरों से की गई और यहीं से दोनों के रिश्ते की चर्चा शुरू हुई।
IPL में अर्शदीप को चीयर करती दिखीं: IPL 2026 के दौरान समरीन कई बार पंजाब किंग्स के मैच देखने पहुंचीं। उन्हें न्यू चंडीगढ़ और मुंबई के स्टेडियम में वीआईपी स्टैंड से अर्शदीप को चीयर करते देखा गया। इसके बाद दोनों के रिश्ते की चर्चाएं और तेज हो गईं।
धर्मशाला और एयरपोर्ट पर साथ हुए स्पॉट: मई महीने में IPL के दौरान दोनों का धर्मशाला की सड़कों पर हाथों में हाथ डालकर घूमने का वीडियो वायरल हुआ। इस दौरान भी फैंस ने उनसे इसके बारे में पूछा लेकिन दोनों ने कोई जवाब नहीं दिया था। इसी दौरान उन्हें चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर भी साथ देखा गया।
गुरुद्वारे पहुंचे, फिर उड़ी ब्रेकअप की अफवाह: जून में दोनों पंजाब के एक गुरुद्वारे में साथ मत्था टेकने पहुंचे। इसके कुछ दिन बाद सोशल मीडिया पर दोनों के एक-दूसरे को अनफॉलो करने की चर्चा चली और ब्रेकअप की अफवाहें उड़ीं। हालांकि इसकी कभी पुष्टि नहीं हुई।
‘My Person’ लिखकर रिश्ता किया ऑफिशियल: इसके बाद अर्शदीप ने समरीन के साथ दो तस्वीरें शेयर करते हुए ‘My Person’ लिखा। इसके साथ ही पिछले तीन महीने से चल रही सभी अटकलों पर विराम लग गया। अब दोनों ने सगाई कर ली।
अर्शदीप सिंह ने यह फोटो समरीन कौर के साथ दिवाली (8 नवंबर) के मौके पर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की थी।
IPL 2027 से पहले हार्दिक-अर्शदीप का ट्रेड अर्शदीप सिंह हाल ही में हुए ट्रेड की वजह से सुर्खियों में हैं। IPL 2027 सीजन से पहले मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच बड़ा ट्रेड हुआ। जिसमें पंजाब ने अपने तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को मुंबई को दिया है। उनकी जगह पर स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या मुंबई इंडियंस छोड़कर पंजाब किंग्स से जुड़े हैं। IPL की ओर से जारी बयान के मुताबिक, हार्दिक की फीस ₹16.35 करोड़ से बढ़कर ₹18 करोड़ हो गई है। अर्शदीप ₹18 करोड़ की मौजूदा फीस पर ही मुंबई से जुड़े हैं।
अर्शदीप सिंह की मंगेतर की तस्वीरें…
समरीन के इंस्टाग्राम पर करीब 44 लाख फॉलोअर्स हैं।- फाइल फोटो
समरीन सोशल मीडिया पर फैशन, ट्रैवल, फिटनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ा कंटेंट शेयर करती रहती हैं।- फाइल फोटो
मॉडलिंग के बाद समरीन कौर ने अभिनय की दुनिया में कदम रखा।- फाइल फोटो
इस्लामाबाद/नई दिल्ली, एजेंसी। ऑपरेशन सिंदूर में मुंह की खाने के बाद पाकिस्तान अब हवाई हमले पर काम कर रहा है। आर्मी चीफ आसिम मुनीर के प्लान में ड्रोन वॉर फेयर को ‘फर्स्ट लाइन ऑफ डिफेंस एंड फर्स्ट लाइन ऑफ अटैक’ बनाया गया है।
LoC (नियंत्रण रेखा) के सामने वाले पाकिस्तान के इलाकों में 50 से ज्यादा स्पेशल एंटी-ड्रोन यूनिट तैनात की गई हैं।
खास बात है कि नवंबर में ही 20 नई यूनिट तैनात की गई हैं। इनका टारगेट भारतीय ड्रोन और लोइटरिंग म्यूनिशन की पहचान करना, उनकी गतिविधियों पर नजर रखना और उन्हें निष्क्रिय करना है।
पुंछ, राजौरी, नौशेरा के ठीक सामने इनकी तैनाती
पाकिस्तान ने एंटी ड्रोन सिस्टम खास तौर पर पीओके (पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर) के रावलकोट, कोटली और भिंबर सेक्टर में तैनात किए हैं। इनकी तैनाती में पाकिस्तान की 12वीं और 23वीं इन्फैंट्री डिवीजन की भूमिका है।
रावलकोट में दूसरी, कोटली में तीसरी और भीमबर में सातवीं आजाद कश्मीर ब्रिगेड को इनकी जिम्मेदारी दी गई है। ये क्षेत्र भारतीय सेना के पुंछ, राजौरी, नौशेरा और सुंदरबनी सेक्टर के ठीक सामने पड़ते हैं।
पाकिस्तान की सैन्य रणनीति में AI पर फोकस
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान की सैन्य रणनीति में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और आधुनिक निगरानी तकनीक (सर्विलांस टेक्नोलॉजी) की भूमिका भी काफी हद तक बढ़ रही है।
एआई की मदद से कैमरों और सेंसर से मिलने वाले डेटा का विश्लेषण, संदिग्ध गतिविधियों की पहचान और निगरानी को अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।
चीन और तुर्किये से एंटी-ड्रोन तकनीक ले रहा
पाकिस्तान ने चीन से एचक्यू 17एई शॉर्ट रेंज एयर डिफेंस सिस्टम और तुर्किये से कोरकुट एंटी-एयरक्राफ्ट गन तथा एहिन काउंटर-ड्रोन सिस्टम की खरीद की है।
पाक ने 35 एमएम आइरलिकॉन एंटी-एयरक्राफ्ट गन और एनजा एमके 2 मिसाइलों को भी एयर डिफेंस में शामिल किया है।
स्पाइडर-सफरा से भी ड्रोन को रोकने की तैयारी
सफरा जैमिंग गन को पाकिस्तान के नेशनल इलेक्ट्रॉनिक्स कॉम्प्लेक्स (NECOP) ने विकसित किया है।
पाकिस्तान ने LoC पर अपने काउंटर-ड्रोन सिस्टम में स्पाइडर और सफरा को शामिल किया है। स्पाइडर सिस्टम रेडियो फ्रीक्वेंसी डिटेक्शन और दिशा निर्धारित करने की तकनीक से ड्रोन का पता लगाने के लिए इस्तेमाल होता है।
इसकी रेंज 10 किमी तक है। सफरा पोर्टेबल ड्रोन जैमिंग गन है। 15 किमी रेंज वाला सफरा ड्रोन के कंट्रोल, वीडियो और जीपीएस सिग्नल को बाधित कर सकता है।
यूएवी कोर बनाने की दिशा में बढ़ रहा पाक
पाकिस्तान की सेना ड्रोन युद्ध के लिए अलग यूएवी (अनमैन्ड एरियल वीकल) कोर बनाने की दिशा में काम कर रही है।
इसके तहत ड्रोन संचालन, प्रशिक्षण, तकनीकी विकास और सैन्य अभियानों में इनके इस्तेमाल को संस्थागत रूप देने की तैयारी है।
मई में पाकिस्तान के रक्षा उत्पादन मंत्रालय ने रावलपिंडी में प्राइवेट सेक्टर की ड्रोन बनाने वाली कंपनियों के साथ बैठक की थी।
पाक के ड्रोन को गाइड कर रहा चीन का बाइदो नेविगेशन
पाकिस्तान ने अपने सैन्य ड्रोन और मिसाइलों की नेविगेशन क्षमता बढ़ाने के लिए चीन के सैटेलाइट नेविगेशन सिस्टम ‘बाइदो’ का भी सहारा लिया है। यह अमेरिकी जीपीएस की तरह काम करने वाला चीन का ग्लोबल सैटेलाइट नेविगेशन नेटवर्क है। पाकिस्तान ने 2020 में इसे अपनाया था।
इसके बाद दोनों देशों के बीच नेविगेशन तकनीक, प्रशिक्षण और ग्राउंड आधारित सपोर्ट सिस्टम पर सहयोग बढ़ा। पाकिस्तान के सैन्य नेविगेशन और टारगेटिंग सिस्टम में बाइदो का इस्तेमाल हो रहा है।
इसका दायरा सैन्य ड्रोन, जेएफ-17 लड़ाकू विमानों, मिसाइल गाइडेंस और नौसैनिक प्रणालियों तक बताया गया है। बाइदो से ड्रोन अपनी भौगोलिक स्थिति (जियो लोकेशन) पता लगा सकते हैं और पहले से निर्धारित रास्तों पर उड़ान भर सकते हैं। बाइदो लक्ष्य तक पहुंचने और नेविगेशन की सटीकता बढ़ाने में भी मदद करता है। ये अमेरिकी जीपीएस पर निर्भरता को कम करता है।
नई दिल्ली, एजेंसी। सोनिया गांधी ने अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में लिखा है कि राहुल को पिता राजीव की हत्या की आशंका थी।
मार्च 1991 में अमेरिका लौटने से पहले राहुल ने कहा था कि अगर पिता की सुरक्षा नहीं बढ़ाई गई तो उन्हें जल्द ही उनके अंतिम संस्कार के लिए घर आना पड़ेगा।
सोनिया के मुताबिक, उस समय राजीव गांधी की जान को खतरा लगातार बढ़ रहा था, लेकिन उनकी सुरक्षा के इंतजाम कमजोर कर दिए गए थे। प्रधानमंत्री पद छोड़ने के बाद भी खतरा कम नहीं हुआ था। इसके बावजूद उन्हें पहले जैसी सुरक्षा नहीं मिल रही थी।
इसके 2 महीने बाद ही 21 मई 1991 को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में एक चुनावी रैली के दौरान आत्मघाती बम विस्फोट में हत्या कर दी गई थी।
सोनिया की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ मंगलवार को मार्केट में आ गई। किताब के कवर पर जो फोटो है, इसे राजीव गांधी ने 1966 में क्लिक किया था।
राहुल ने बिहार दौरे में देखी थी पिता की सुरक्षा में चूक
सोनिया लिखती हैं कि मार्च 1991 में ईस्टर की छुट्टियों के दौरान राहुल अमेरिका से घर आए थे। उस समय वे पढ़ाई के लिए अमेरिका में थे। उन्होंने अपने पिता के साथ बिहार दौरे पर जाने की जिद की।
इस दौरे में राहुल ने जो देखा, उससे वे हैरान रह गए। राजीव जिस खुली जीप में सफर कर रहे थे, उस पर विपक्षी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पत्थर और ईंटें बरसाईं।
यह सब स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में हो रहा था, लेकिन पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे। उन्होंने राजीव को बचाने या हमले रोकने के लिए कुछ नहीं किया।
1984 में 3 आतंकी संगठनों से खतरा था, 1990 तक कई और संगठन सामने आए
सोनिया लिखती हैं कि 1984 में प्रधानमंत्री बनने के समय राजीव गांधी को 3 आतंकी संगठनों से खतरा था। 1990 तक ऐसे कई और चरमपंथी संगठन सामने आ चुके थे, जिनके निशाने पर राजीव सबसे प्रमुख व्यक्ति थे। अधिकारियों को भी इन खतरों की जानकारी थी।
सोनिया के मुताबिक, दिसंबर 1990 में हुई एक समिति की बैठक में फैसला लिया गया था कि राजीव को मिलने वाली स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) की सुरक्षा जारी रहेगी। इसे तभी बदला जाएगा, जब खतरे का नए सिरे से आकलन करने पर इसकी जरूरत महसूस हो।
लेकिन वीपी सिंह सरकार ने अगले ही महीने SPG सुरक्षा हटा दी। राजीव की नजदीकी सुरक्षा के लिए खासतौर पर प्रशिक्षित सुरक्षा बल की जगह स्थानीय पुलिस को तैनात कर दिया गया।
वीपी सिंह और चंद्रशेखर से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी
सोनिया लिखती हैं कि कांग्रेस पार्टी ने वीपी सिंह और चंद्रशेखर, दोनों प्रधानमंत्रियों से राजीव की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी, लेकिन इसे अनसुना कर दिया गया।
राजीव जब भी किसी दौरे पर जाते थे, उनके साथ सिर्फ एक निजी सुरक्षाकर्मी (PSO) होता था। वह भी एक पुलिसकर्मी था। बाद में बारी-बारी से दो पुलिसकर्मी उनके साथ रहने लगे। उनके पास सिर्फ एक पिस्तौल होती थी।
सोनिया के मुताबिक, देश के किसी भी राज्य की पुलिस को किसी बड़े राजनीतिक व्यक्ति को सुरक्षा देने के लिए न तो खास प्रशिक्षण मिला था और न ही जरूरी संसाधन थे। सोनिया लिखती हैं कि अगर राजीव के विरोधियों ने सोचा था कि सुरक्षा कम करके उन्हें दबा लेंगे, तो वे गलत थे।
हालांकि, सोनिया और प्रियंका हर वक्त उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित रहती थीं। जब तक राजीव किसी दौरे से सुरक्षित घर नहीं लौट आते थे, तब तक दोनों चैन से नहीं रह पाती थीं।
दिल्ली के बुक स्टोर्स की तस्वीरें, जहां सोनिया की किताब बिक्री के लिए रखी है…
खान मार्केट में सोनिया गांधी की किताब को बाहरी हिस्से में डिस्प्ले के लिए लगाया गया है।
कई बुक स्टोर्स में सोनिया गांधी की किताब को स्पेशल कॉर्नर में डिस्प्ले किया गया है।
‘बिलॉन्गिंग..’ के बारे में सोनिया ने क्या कहा है…
सोनिया गांधी ने किताब की शुरुआत में बताया है कि उन्होंने अपनी जिंदगी की कहानी लिखने का फैसला क्यों किया। उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक किताब नहीं, बल्कि उनकी निजी जिंदगी और परिवार की कहानी है।
वे अपने परिवार को उसी रूप में दिखाना चाहती थीं, जैसा उन्होंने उसे जाना और प्यार किया। परिवार के लोगों के बारे में बहुत कुछ लिखा गया, लेकिन उनके स्वभाव, संघर्ष और भावनाओं को समझने की कोशिश कम हुई।
सोनिया लिखती हैं कि उन्होंने अपनी निजी दुनिया को लोगों से दूर रखा। इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या के बाद दुख ने उन्हें राजनीति में ला दिया, लेकिन उन्होंने निजी जिंदगी को बचाए रखने की कोशिश की।
अपने जीवन के बारे में खुलकर लिखना उन्हें लगभग असंभव लगता था। अब सार्वजनिक जीवन की भागदौड़ से दूर होकर उन्हें अपनी कहानी को पीछे मुड़कर देखने का मौका मिला।
वे भारत में बिताए पांच दशक से ज्यादा समय के अनुभव भी साझा करना चाहती थीं। उन्होंने लिखा कि इस दौरान उन्होंने देश को बदलते देखा। शुरुआत में वे इस बदलाव को दूर से देख रही थीं, लेकिन बाद में खुद इसका हिस्सा बन गईं। यह किताब उसी सफर और उस देश की कहानी है, जिसे उन्होंने अपना घर माना।