Connect with us

कोरबा

दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने की आवश्यक कार्रवाई

Published

on

आपातकालीन सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने हेतु की जा रही आवश्यक कार्यवाही

कोरबा। ग्राम लामपहाड़ में घटित सड़क दुर्घटना की घटना को जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा गंभीरता से लेते हुए तत्काल तथ्यात्मक जांच कराई गई। जांच हेतु खंड चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पताढ़ी को वस्तुस्थिति का परीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। संबंधित अधिकारियों से प्राप्त प्रतिवेदन एवं स्थल स्तर पर उपलब्ध जानकारी के परीक्षण उपरांत घटना से संबंधित वस्तुस्थिति स्पष्ट हुई है। साथ ही आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में सामने आई चुनौतियों के निराकरण हेतु आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है।
प्राप्त प्रतिवेदन के अनुसार 08 जून 2026 की रात्रि लगभग 8ः30 बजे ग्राम लामपहाड़ में एक बाइक दुर्घटना की सूचना सेक्टर मेडिकल ऑफिसर लेमरू को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों द्वारा उपलब्ध आपातकालीन संसाधनों के माध्यम से तत्काल कार्रवाई प्रारंभ की गई। इस दौरान लेमरू स्थित 108 एम्बुलेंस पूर्व से एक रेफर मरीज को कोरबा पहुंचाने के कार्य में लगी हुई थी तथा ड्यूटी अवधि पूर्ण होने एवं आवश्यक मानव संसाधन की अनुपलब्धता के कारण समय पर दुर्घटना स्थल तक नहीं पहुंच सकी।
जांच में यह भी पाया गया कि 108 एम्बुलेंस सेवा का संचालन संबंधित एजेंसी द्वारा किया जाता है। वर्तमान में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेमरू में अवस्थित 108 एम्बुलेंस की आवश्यकता पड़ने पर कॉल कंन्ट्रोल सेंटर रायपुर को कॉल करने पर कोरबा में पॉयलेट को सीधे कॉल लगने की सुविधा नहीं है। पॉयलेट के निजी नम्बर पर कॉल किया जाता है।  नेटवर्क सम्बन्धी समस्या के कारण कॉल कनेन्ट नही हो पाता है जिससे तत्कालीन अवधि में परेशानी का सामना करना पड़ता है।  इस संबंध में सेक्टर प्रभारी द्वारा तत्काल 108 सेवा के जिला समन्वयक से संपर्क कर स्थिति से अवगत कराया गया। लेमरू क्षेत्र में नेटवर्क संबंधी बाधाओं तथा द्वितीय व तृतीय पाली में डयूटी करने हेतु पर्याप्त पायलट एवं ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) की उपलब्धता नहीं होने से आपातकालीन सेवा संचालन में व्यावहारिक कठिनाइयां उत्पन्न हुईं।
दुर्घटना से प्रभावित व्यक्ति को तत्पश्चात 112 वाहन के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेमरू लाया गया, जहां चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान उसे मृत पाया गया। इसके बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को सुरक्षित रखकर उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई।
जांच प्रतिवेदन में यह स्पष्ट हुआ है कि 108 एम्बुलेंस सेवा एक सतत (24×7) आपातकालीन सेवा है, जिसके सुचारू संचालन के लिए प्रत्येक शिफ्ट में पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध होना आवश्यक है। संबंधित एजेंसी द्वारा तीनों पालियों के लिए पृथक-पृथक पायलट एवं ईएमटी की व्यवस्था नहीं किए जाने के कारण उक्त स्थिति निर्मित हुई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा 108 संजीवनी एक्सप्रेस के जिला समन्वयक से स्पष्टीकरण प्राप्त करने की कार्रवाई की गई है। साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेमरू में संचालित नवीन 108 संजीवनी एक्सप्रेस के लिए तीनों शिफ्टों में पृथक पायलट एवं ईएमटी की नियुक्ति सुनिश्चित करने हेतु उप संचालक (108), संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, रायपुर को पत्र प्रेषित किया गया है।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और गुणवत्ता को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जा रही है। घटना के संबंध में प्राप्त तथ्यों के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कदम प्रारंभ कर दिए गए हैं, ताकि भविष्य में किसी भी आपात स्थिति में नागरिकों को और अधिक त्वरित एवं प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनहित से जुड़े प्रत्येक मामले में संवेदनशीलता, जवाबदेही एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना उसकी सर्वाेच्च प्राथमिकता है तथा स्वास्थ्य सेवाओं के निरंतर सुदृढ़ीकरण की दिशा में प्रभावी प्रयास जारी है।

Continue Reading

कोरबा

एसईसीएल मुख्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 42वां स्थापना दिवस

Published

on

राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारा सर्वोपरि दायित्व : सीएमडी हरीश दुहन

पूर्व अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशकों एवं पूर्व निदेशकों ने साझा किए अपने अनुभव, भावी प्रगति पर हुआ विचार-विमर्श

सीएमडी अवॉर्ड्स नाइट में उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं विशेष योगदान के लिए प्रदान किए गए 13 पुरस्कार

बिलासपुर/कोरबा। साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) का 42वां स्थापना दिवस बुधवार, 25 नवंबर 2026 को बिलासपुर स्थित कंपनी मुख्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दो दिवसीय स्थापना दिवस समारोह के दूसरे दिन मुख्यालय स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित मुख्य समारोह में कंपनी के पूर्व अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशकों एवं पूर्व निदेशकों ने शिरकत की तथा एसईसीएल की गौरवशाली यात्रा से जुड़े अपने अनुभवों एवं स्मृतियों को साझा किया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एसईसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक हरीश दुहन उपस्थित रहे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, निदेशक (तकनीकी–संचालन) रमेश चंद्र महापात्र एवं निदेशक (तकनीकी–योजना/परियोजना) नृपेंद्र नाथ की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर अपने संबोधन में सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि एसईसीएल की गौरवशाली यात्रा में हमारे पूर्व नेतृत्व एवं कोयला कर्मवीरों का अमूल्य योगदान रहा है। राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारा सर्वोपरि दायित्व है। हमें अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए देश की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति में योगदान देना है। उन्होंने टीम एसईसीएल की क्षमताओं पर पूर्ण विश्वास व्यक्त करते हुए सभी से सामूहिक प्रयासों के माध्यम से कंपनी के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने तथा एसईसीएल को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।

समारोह में अति विशिष्ट अतिथियों के रूप में पूर्व अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक एम.एन. झा, एम.के. थापर, एम.पी. दीक्षित, ए.के. सिंह, ओम प्रकाश, बी.आर. रेड्डी, प्रेम सागर मिश्रा, पूर्व निदेशक (तकनीकी–योजना/परियोजना) एवं एनसीएल के पूर्व सीएमडी पी.के. सिन्हा, पूर्व निदेशक (कार्मिक) के.के. श्रीवास्तव, राधेश्याम सिंह, पूर्व निदेशक (वित्त) ए.के. कोमावार, पूर्व निदेशक (कार्मिक) अनिल कुमार सिंह, पूर्व निदेशक (तकनीकी–संचालन) आर.पी. ठाकुर, पूर्व निदेशक (वित्त) श्याम मुरारी चौधरी, पूर्व निदेशक (तकनीकी–संचालन) मनोज प्रसाद एवं पूर्व निदेशक (वित्त) जी. श्रीनिवासन उपस्थित रहे।

इसके पूर्व मुख्यालय परिसर में सीएमडी हरीश दुहन ने निदेशक मंडल एवं अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ शहीद स्मारक, डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा एवं श्रमिक प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। तत्पश्चात ऑडिटोरियम परिसर में ध्वजारोहण, कॉर्पोरेट गीत एवं आकाश में गुब्बारों के विमोचन के साथ स्थापना दिवस का उत्सव मनाया गया।

इस अवसर पर एसईसीएल संचालन समिति, कल्याण बोर्ड, सुरक्षा समिति तथा सिस्टा, कौंसिल एवं ओबीसी एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

समारोह का प्रमुख आकर्षण ‘ज्ञान साझा सत्र’ रहा, जिसमें एसईसीएल के पूर्व अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशकों एवं पूर्व निदेशकों ने अपने दीर्घकालीन अनुभवों, संस्थान से जुड़ी स्मृतियों एवं नेतृत्व यात्रा को साझा किया। इस दौरान कंपनी की विकास यात्रा, चुनौतियों एवं भविष्य की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। खुले संवाद सत्र में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्व नेतृत्व के अनुभवों एवं मार्गदर्शन से लाभान्वित होने का अवसर मिला।

इसके पश्चात सायंकाल वसंत विहार खेल मैदान में ‘सीएमडी अवॉर्ड्स नाइट’* का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों, विभागों एवं अधिकारियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं विशेष योगदान के लिए कुल 13 पुरस्कार प्रदान किए गए। इनमें स्वच्छता पखवाड़ा 2026, विशेष अभियान 6.0, सर्वश्रेष्ठ क्षेत्रीय महाप्रबंधक, सर्वश्रेष्ठ विभागाध्यक्ष, व्यक्तिगत उत्कृष्टता एवं विशेष योगदान पुरस्कार प्रमुख रहे। साथ ही सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए श्रद्धा महिला मंडल को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

Continue Reading

कोरबा

धूमधाम से मनाई गई संत सुदर्शन जी की जयंती

Published

on

डोमार समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने एकजुट होकर किया नमन, सामाजिक एकता, भाईचारे और समाज के उत्थान का लिया संकल्प

कोरबा। संत सुदर्शन डोमार समाज कल्याण समिति द्वारा 24 नवंबर को संत सुदर्शन जी की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाज के पदाधिकारियों, वरिष्ठजनों एवं सदस्यों ने एकत्रित होकर संत सुदर्शन जी को श्रद्धापूर्वक नमन किया और उनके विचारों एवं आदर्शों को स्मरण किया।

जयंती कार्यक्रम के दौरान समाज में एकता, भाईचारा, आपसी सद्भाव और संगठन की मजबूती को लेकर विशेष संदेश दिया गया। उपस्थित सदस्यों ने कहा कि समाज के महापुरुषों और संतों के विचार हमें सही दिशा दिखाते हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में शिक्षा, जागरूकता, समानता और सामाजिक विकास को आगे लग जा सकता है।

कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष छबिलाल बाल्मिकी, उपाध्यक्ष मनोज कुमार बक्सेल, कोषाध्यक्ष रामकिशीर मांझरे, सचिव कुंजीलाल चुंदटेल, मीडिया प्रभारी जितेन्द्र हथठेल, जिला महामंत्री बब्बू मांझरे, उप कोषाध्यक्ष बबलू सह सचिव राजन मालिक चौधरी अशोक मल्लिक, सहित संतोष हथठेल, संतोष केन,सोनू केन, जोगीलाल, दिनेश हथठेल, गोपाल चुंदटेल, चुन्नीलाल अरखेल, राम मनोहर सखटेल, केशव जी, जोगीलाल कलसे, महेश चुंदटेल, विनोद कलसे एवं तुलसी राने सहित समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सभी सदस्यों ने समाज को संगठित रखने, नई पीढ़ी को सामाजिक संस्कारों से जोड़ने तथा समाज के जरूरतमंद लोगों के सहयोग के लिए मिलकर कार्य करने की भावना व्यक्त की।

संत सुदर्शन जी की जयंती के इस आयोजन ने समाज के लोगों को एक मंच पर एकत्रित होने और आपसी एकजुटता को मजबूत करने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों ने समाज के विकास और सम्मान को सर्वोपरि रखते हुए संगठन को और अ मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

Continue Reading

कोरबा

पहाड़ी कोरवा युवक-युवतियों के लिए तीन दिवसीय वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षण 28 नवंबर से

Published

on

कक्षा आठवीं या उससे अधिक शिक्षित युवक-युवतियाँ कराएं पंजीयन, आवास एवं भोजन की रहेगी व्यवस्था

कोरबा, 25 नवंबर 2026। भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार कोरबा जिले के पहाड़ी कोरवा समुदाय के युवक-युवतियों के लिए 28 से 30 नवंबर 2026 तक तीन दिवसीय वित्तीय साक्षरता जागरूकता प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। लाइवलीहुड कॉलेज, कोरबा में होने वाले इस प्रशिक्षण में 100 युवक-युवतियों को वित्तीय संस्थाओं के माध्यम से राशि की गणना, आर्थिक लेन-देन, आय-व्यय का लेखा-जोखा, बचत, निवेश और उचित स्रोत से ऋण लेने के संबंध में जानकारी दी जाएगी।
पहाड़ी कोरवा समुदाय के अनेक परिवार लघु वनोपज, कृषि उपज एवं अन्य वन उत्पाद स्थानीय व्यापारियों, लैम्प्स, सोसायटी और मंडियों में बेचकर आय अर्जित करते हैं। समुदाय के सदस्य शासकीय संस्थानों में भी कार्यरत हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य उन्हें अपनी कमाई का हिसाब रखने, बचत की योजना बनाने और वित्तीय निर्णय सोच-समझकर लेने में सक्षम बनाना है।
आदिवासी विकास विभाग द्वारा प्रशिक्षणार्थियों के लिए आवास, चाय-नाश्ता, भोजन, पेयजल तथा आने-जाने के लिए वाहन किराये की व्यवस्था की गई है। कक्षा आठवीं या उससे अधिक शिक्षित पहाड़ी कोरवा युवक-युवतियाँ प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए कार्यालयीन स्टाफ के मोबाइल नंबर 9589656658 या 7999021609 पर संपर्क कर पंजीयन करा सकते हैं।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677