Connect with us

छत्तीसगढ़

जमीन में गड़ा मिला नक्सलियों का 39.77 लाख कैश:बीजापुर में 13 लाख इनामी 2 नक्सलियों का सरेंडर, सुकमा में बंदूकें, टिफिन-बम और हैंड-ग्रेनेड बरामद

Published

on

बीजापुर/सुकमा, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान तीन बड़ी सफलताएं मिली हैं। बीजापुर के जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए 39 लाख 77 हजार रुपए बरामद हुए हैं। वहीं, सुकमा में नक्सलियों का हथियार और विस्फोटक सामग्री से भरा डम्प मिला है।

इसमें 8 देसी हथियार, 229 जिंदा कारतूस, टिफिन बम और हैंड ग्रेनेड शामिल हैं। दूसरी ओर, ओडिशा में सक्रिय 13 लाख रुपए की इनामी महिला समेत दो नक्सलियों ने बीजापुर पुलिस के सामने सरेंडर किया है।

बीजापुर के जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए 39 लाख 77 हजार रुपए बरामद हुए हैं।

बीजापुर के जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए 39 लाख 77 हजार रुपए बरामद हुए हैं।

बीजापुर में जमीन के नीचे मिला 40 लाख कैश

बीजापुर के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के बड़ेपल्ली गांव के जंगल में सुरक्षा बलों ने जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए 39 लाख 77 हजार रुपए बरामद किए हैं। कैश 500-500 रुपए के 80 बंडल थे।

पुलिस के मुताबिक, 24 नवंबर को मुखबिर से जंगल में संदिग्ध सामान छिपाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देश पर DRG, भैरमगढ़ थाना पुलिस और BDS की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान चलाया।

बोरी में छिपाकर रखा था स्टील का डिब्बा

सर्चिंग के दौरान BDS टीम को जमीन के अंदर बोरी में छिपाया गया स्टील का डिब्बा मिला। डिब्बे में टेप से लिपटे पैकेट रखे थे। जांच करने पर इनमें 500-500 रुपए के नोट मिले।

पुलिस के अनुसार, बीजापुर में पहले की कार्रवाइयों में 7 करोड़ 60 लाख 33 हजार 800 रुपए कैश और 8.5 किलो सोना बरामद किया जा चुका है। ताजा बरामदगी के बाद नक्सली डम्प से मिले कैश का आंकड़ा और बढ़ गया है।

बीजापुर में 13 लाख की इनामी महिला समेत 2 ने किया सरेंडर।

बीजापुर में 13 लाख की इनामी महिला समेत 2 ने किया सरेंडर।

ओडिशा में सक्रिय इनामी महिला समेत 2 नक्सलियों ने किया सरेंडर

बीजापुर में ही बुधवार, 25 नवंबर को ओडिशा में सक्रिय दो नक्सली कैडरों ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। इनमें नागमणि कुड़मे उर्फ शीला (32) और गंगा सोढ़ी उर्फ सोनू (26) शामिल हैं।

इन दोनों पर कुल 13 लाख रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस के मुताबिक, नागमणि संगठन में CyPCM और गंगा ACM रैंक पर सक्रिय था।

2006 से संगठन में सक्रिय थी नागमणि

पुलिस के अनुसार, नागमणि बीजापुर जिले के बासागुड़ा थाना क्षेत्र के चिपुरभट्टी की रहने वाली है। वह 2006-07 में गांधी ताती उर्फ हरबू के जरिए PLGA सदस्य के रूप में संगठन में शामिल हुई थी। 2009 में उसे ACM, 2016 में DVCM और 2021 में ओडिशा राज्य की कंपनी नंबर 08 में CyPCM की जिम्मेदारी दी गई।

पुलिस ने बताया कि, नागमणि छत्तीसगढ़ और ओडिशा में कई नक्सली घटनाओं और मुठभेड़ों में शामिल रही है। इनमें 2011 की तिमापुर-चिंतलनार घटना, 2022 में ओडिशा के दड़ाईपानी और गरियाबंद जिले के ओड़ क्षेत्र की मुठभेड़, 2024 में ओडिशा के कंधमाल जिले के पाडेल क्षेत्र की मुठभेड़ शामिल हैं।

पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर छोड़ा संगठन

पुलिस के मुताबिक, दोनों नक्सली छत्तीसगढ़ सरकार की सरेंडर और पुनर्वास नीति, सुरक्षा बलों के अभियान और पुनर्वास कार्यक्रमों से प्रभावित हुए। जिला पुलिस, DRG, कोबरा और CRPF के संयुक्त प्रयासों से उनका सरेंडर हुआ।

सुकमा में 229 कारतूस समेत विस्फोटक बरामद।

सुकमा में 229 कारतूस समेत विस्फोटक बरामद।

सुकमा में हथियारों और विस्फोटकों का डम्प मिला

इधर, सुकमा जिले के चिंतलनार थाना क्षेत्र में रासापल्ली और गुण्डराजगुड़ेम के जंगल-पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों का हथियार डम्प बरामद किया है। पुलिस को इसकी जानकारी सरेंडर नक्सलियों से मिली थी।

सूचना के आधार पर 25 नवंबर को जिला बल, DRG और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान चलाया। दोपहर में रासापल्ली के जंगल में डम्प मिला।

8 देसी हथियार और 229 जिंदा कारतूस जब्त

एएसपी मनीष कुंवर ने बताया कि डम्प से 2 सिंगल शॉट राइफल और 6 भरमार बंदूकें मिली हैं। इसके अलावा 229 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इनमें AK-47 के 98, SLR के 49, इंसास के 35, .303 राइफल के 30, 9 एमएम के 13 और 12 बोर के 4 कारतूस शामिल हैं।

टिफिन बम, हैंड ग्रेनेड और गन पाउडर भी मिला

सुरक्षा बलों को करीब 10 से 12 किलो वजनी एक टिफिन IED मिला, जो वायर रहित हालत में था। इसके साथ 3 हैंड ग्रेनेड, 4 देसी तीर बम, 10 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, BGL के सेल और कारतूस भी बरामद हुए।

टीम ने इंसास और AK-47 की 4-4 मैगजीन, स्टेनगन की 2 मैगजीन, करीब 50 मीटर कोडेक्स वायर, 100 मीटर इलेक्ट्रिक वायर और 5 किलो गन पाउडर भी जब्त किया।

15 जोड़ी वर्दी और वायरलेस सेट भी बरामद

डम्प से मोटोरोला वायरलेस सेट, बैटरियां, पिट्ठू बैग, 15 जोड़ी काली नक्सली वर्दी, कॉम्बैट वर्दी का कपड़ा, नीले ड्रम, मैगजीन पाउच, दवाइयां और नक्सली साहित्य भी मिला है। एएसपी मनीष कुंवर के मुताबिक, नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत जंगलों और दुर्गम इलाकों में छिपाए गए हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटकों की तलाश जारी रहेगी।

Continue Reading

कोरबा

धूमधाम से मनाई गई संत सुदर्शन जी की जयंती

Published

on

डोमार समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने एकजुट होकर किया नमन, सामाजिक एकता, भाईचारे और समाज के उत्थान का लिया संकल्प

कोरबा। संत सुदर्शन डोमार समाज कल्याण समिति द्वारा 24 नवंबर को संत सुदर्शन जी की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाज के पदाधिकारियों, वरिष्ठजनों एवं सदस्यों ने एकत्रित होकर संत सुदर्शन जी को श्रद्धापूर्वक नमन किया और उनके विचारों एवं आदर्शों को स्मरण किया।

जयंती कार्यक्रम के दौरान समाज में एकता, भाईचारा, आपसी सद्भाव और संगठन की मजबूती को लेकर विशेष संदेश दिया गया। उपस्थित सदस्यों ने कहा कि समाज के महापुरुषों और संतों के विचार हमें सही दिशा दिखाते हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में शिक्षा, जागरूकता, समानता और सामाजिक विकास को आगे लग जा सकता है।

कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष छबिलाल बाल्मिकी, उपाध्यक्ष मनोज कुमार बक्सेल, कोषाध्यक्ष रामकिशीर मांझरे, सचिव कुंजीलाल चुंदटेल, मीडिया प्रभारी जितेन्द्र हथठेल, जिला महामंत्री बब्बू मांझरे, उप कोषाध्यक्ष बबलू सह सचिव राजन मालिक चौधरी अशोक मल्लिक, सहित संतोष हथठेल, संतोष केन,सोनू केन, जोगीलाल, दिनेश हथठेल, गोपाल चुंदटेल, चुन्नीलाल अरखेल, राम मनोहर सखटेल, केशव जी, जोगीलाल कलसे, महेश चुंदटेल, विनोद कलसे एवं तुलसी राने सहित समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सभी सदस्यों ने समाज को संगठित रखने, नई पीढ़ी को सामाजिक संस्कारों से जोड़ने तथा समाज के जरूरतमंद लोगों के सहयोग के लिए मिलकर कार्य करने की भावना व्यक्त की।

संत सुदर्शन जी की जयंती के इस आयोजन ने समाज के लोगों को एक मंच पर एकत्रित होने और आपसी एकजुटता को मजबूत करने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों ने समाज के विकास और सम्मान को सर्वोपरि रखते हुए संगठन को और अ मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

Continue Reading

कोरबा

पहाड़ी कोरवा युवक-युवतियों के लिए तीन दिवसीय वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षण 28 नवंबर से

Published

on

कक्षा आठवीं या उससे अधिक शिक्षित युवक-युवतियाँ कराएं पंजीयन, आवास एवं भोजन की रहेगी व्यवस्था

कोरबा, 25 नवंबर 2026। भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार कोरबा जिले के पहाड़ी कोरवा समुदाय के युवक-युवतियों के लिए 28 से 30 नवंबर 2026 तक तीन दिवसीय वित्तीय साक्षरता जागरूकता प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। लाइवलीहुड कॉलेज, कोरबा में होने वाले इस प्रशिक्षण में 100 युवक-युवतियों को वित्तीय संस्थाओं के माध्यम से राशि की गणना, आर्थिक लेन-देन, आय-व्यय का लेखा-जोखा, बचत, निवेश और उचित स्रोत से ऋण लेने के संबंध में जानकारी दी जाएगी।
पहाड़ी कोरवा समुदाय के अनेक परिवार लघु वनोपज, कृषि उपज एवं अन्य वन उत्पाद स्थानीय व्यापारियों, लैम्प्स, सोसायटी और मंडियों में बेचकर आय अर्जित करते हैं। समुदाय के सदस्य शासकीय संस्थानों में भी कार्यरत हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य उन्हें अपनी कमाई का हिसाब रखने, बचत की योजना बनाने और वित्तीय निर्णय सोच-समझकर लेने में सक्षम बनाना है।
आदिवासी विकास विभाग द्वारा प्रशिक्षणार्थियों के लिए आवास, चाय-नाश्ता, भोजन, पेयजल तथा आने-जाने के लिए वाहन किराये की व्यवस्था की गई है। कक्षा आठवीं या उससे अधिक शिक्षित पहाड़ी कोरवा युवक-युवतियाँ प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए कार्यालयीन स्टाफ के मोबाइल नंबर 9589656658 या 7999021609 पर संपर्क कर पंजीयन करा सकते हैं।

Continue Reading

कोरबा

त्रिस्तरीय पंचायतों के रिक्त पंच पदों के निर्वाचन के लिए रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त

Published

on

कोरबा, 25 नवंबर 2026। जिले की पांच जनपद पंचायतों में पंच पदों के रिक्त स्थानों पर निर्वाचन के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) कुणाल दुदावत ने रिटर्निंग ऑफिसर और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किए हैं। इस संबंध में 23 नवंबर को आदेश जारी किया गया है।
आदेश के अनुसार जनपद पंचायत कोरबा के लिए तहसीलदार बजरंग लाल साहू को रिटर्निंग ऑफिसर और जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय राय को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है। इनका अधिकार क्षेत्र बेला, चचिया, कुकरीचोली और देवपहरी होगा।
जनपद पंचायत करतला के लिए तहसीलदार राहुल पाण्डेय रिटर्निंग ऑफिसर तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी वैभव कौशिक सहायक रिटर्निंग ऑफिसर होंगे। इनके अधिकार क्षेत्र में सरगबुंदिया, पचपेड़ी, मदवानी, ढनढनी, उमरेली, महोरा और बुढ़ियापाली शामिल हैं।
जनपद पंचायत कटघोरा में तहसीलदार सूर्यप्रकाश केशकर को रिटर्निंग ऑफिसर और मुख्य कार्यपालन अधिकारी तरुण कुमार किरण (आईएएस) को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है। इनका अधिकार क्षेत्र भिलाईबाजार और कटसीरा होगा। जनपद पंचायत पाली के लिए तहसीलदार भूषण सिंह मण्डावी रिटर्निंग ऑफिसर तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलकांत श्रीवास सहायक रिटर्निंग ऑफिसर होंगे। इनका अधिकार क्षेत्र जोरहाडबरी और नेवसा रहेगा।
जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के लिए तहसीलदार विनय कुमार देवांगन को रिटर्निंग ऑफिसर और मुख्य कार्यपालन अधिकारी खगेश निर्मलकर को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है। इनका अधिकार क्षेत्र मानिकपुर, लैंगा और सिमगा होगा।
नियुक्त अधिकारी राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन की कार्यवाही संपादित कराएंगे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677