Connect with us

कोरबा

पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर क्षेत्र के हत्या के प्रकरण का खुलासा:मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Published

on

मानिकपुर हत्या प्रकरण के साथ बलगी डकैती प्रकरण में भी आरोपी की संलिप्तता उजागर

सजग कोरबा – सतर्क कोरबा अभियान के तहत कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित विशेष टीमों की संयुक्त कार्रवाई से मुख्य आरोपी गिरफ्तार

सीसीटीवी, टेक्निकल साक्ष्य एवं ह्यूमन इंटेलिजेंस के समन्वय से मिली सफलता

कोरबा। कोरबा पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों के त्वरित निराकरण एवं अपराधियों की धरपकड़ हेतु लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर क्षेत्र में घटित हत्या के गंभीर प्रकरण में पुलिस ने महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।

प्रार्थी शुभम सिंह बघेल निवासी साकेत कॉलोनी जमनीपाली द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराया गया था कि दिनांक 06-07 जून 2026 की दरमियानी रात उसके परिचित चन्द्रमणि रात्रे उर्फ दादू को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा जान से मारने की नीयत से बोलेरो वाहन से गंभीर चोट पहुंचाई गई थी, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 500/2026 धारा 109, 103(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रकरण के शीघ्र खुलासे हेतु अलग-अलग विशेष टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों को सीसीटीवी जांच, तकनीकी साक्ष्य संकलन, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ एवं ह्यूमन इंटेलिजेंस विकसित करने की जिम्मेदारी दी गई।

पुलिस टीमों द्वारा लगातार प्रयास करते हुए घटना से संबंधित 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तथा 100 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई। तकनीकी विश्लेषण एवं ह्यूमन इंटेलिजेंस से प्राप्त महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।

विवेचना के दौरान आरोपी राजेन्द्र साहू उर्फ कुनाल साहू पिता लक्ष्मी प्रसाद साहू उम्र 22 वर्ष निवासी कड़ारी थाना बाराद्वार जिला सक्ती, हाल मुकाम एम-299 विकास नगर कुसमुंडा थाना कुसमुंडा जिला कोरबा की संलिप्तता पाई गई।

पूछताछ में आरोपी द्वारा अपने साथी योगेन्द्र बघेल उर्फ योगी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन क्रमांक CG-12 BD-5025 को जप्त किया गया।

विवेचना के दौरान यह भी तथ्य सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी उसी दिनांक को थाना बाकीमोंगरा क्षेत्र अंतर्गत बालगी में घटित डकैती की घटना में भी संलिप्त था। उक्त डकैती प्रकरण में पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा घटना में प्रयुक्त वेन्यू कार एवं स्कूटी वाहन को पुलिस द्वारा जप्त किया गया था। वर्तमान आरोपी की गिरफ्तारी से उक्त प्रकरण में भी महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।

गिरफ्तार आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी का न्यायिक रिमांड प्राप्त किया गया है। प्रकरण में अन्य आरोपी एवं अन्य साक्ष्यों के संबंध में विवेचना जारी है।

उक्त संपूर्ण कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में गठित टीमों द्वारा किए गए अथक प्रयास, सीसीटीवी विश्लेषण, तकनीकी जांच एवं ह्यूमन इंटेलिजेंस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कोरबा पुलिस आमजन से अपील करती है कि अपराध एवं अपराधियों के संबंध में किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। आपकी सजगता सुरक्षित कोरबा के निर्माण में सहायक है।

Continue Reading

कोरबा

सेवा संकल्प अभियान के तहत रंगोली प्रतियोगिता और स्वास्थ्य शिविर आयोजित

Published

on

स्वास्थ्य योजनाओं पर केंद्रित रंगोलियां बनीं आकर्षण, मरीजों को कैंसर से बचाव और उपचार की दी गई जानकारी

कोरबा, 26 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वर्गीय बिसाहू दास महंत स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध अस्पताल, कोरबा में रंगोली प्रतियोगिता एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य योजनाओं पर केंद्रित रंगोलियां बनाकर जागरूकता का संदेश दिया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

स्वास्थ्य शिविर में मरीजों को कैंसर से बचाव के संबंध में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि कैंसर की पहचान होने पर चिकित्सकीय परामर्श और उपचार लेना आवश्यक है। साथ ही कैंसर के उपचार से जुड़ी जानकारी भी साझा की गई।

शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, कोरबा के डीन ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों और आम नागरिकों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा के युवा समस्याओं का समाधान खोजें, अपने नवाचार से देश की प्रगति में योगदान दें – मंत्री लखनलाल देवांगन

Published

on

पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार, आईटीआई रामपुर में सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026 का जिला स्तरीय शुभारंभ

जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए 7 अक्टूबर तक विचार आमंत्रित, 9 अक्टूबर को होगा प्रस्तुतिकरण’

कंटेंट क्रिएटर्स हब की घोषणा की मंत्री लखनलाल देवांगन ने

कोरबा, 26 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार, आईटीआई रामपुर में सेवा फर्स्ट इनोवेशन चौलेंज 2026 का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया। उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने विद्यार्थियों और युवाओं से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, नगर पालिक निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर, कलेक्टर कुणाल दुदावत, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन और गोपाल मोदी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।

मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि यह चैलेंज युवाओं को अपनी प्रतिभा, रचनात्मक सोच और नए विचार प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रहा है। विद्यार्थी अपने आसपास की समस्याओं को देखें, उनके व्यावहारिक समाधान खोजें और अपने विचार प्रतियोगिता में प्रस्तुत करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कोरबा के विद्यार्थी अच्छे नवाचार कर जिले का नाम रोशन करेंगे। उपयोगी नवाचारों को प्रोत्साहन मिलने के साथ व्यापक स्तर पर अपनाए जाने का अवसर भी मिल सकता है।

मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन, 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान प्रारंभ हुआ है और यह 17 अक्टूबर तक चलेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के दीर्घायु की कामना के लिए आयोजित दीप प्रज्ज्वलन में कोरबा के नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और जिले में साढ़े पाँच लाख से अधिक दीप जलाए गए। अभियान के दौरान स्वच्छता, रक्तदान, आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों एवं ग्रामीणों से जुड़ी गतिविधियों सहित विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से इन कार्यक्रमों को समय पर और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न करने का प्रयास किया जा रहा है।

मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज अभियान की महत्वपूर्ण पहल है। छात्र और छात्राएँ कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता सहित किसी भी क्षेत्र की समस्या पर उपयोगी विचार दे सकते हैं। उन्होंने युवाओं से प्रतियोगिता के पोर्टल पर आवेदन करने और अपने विचार प्रस्तुत करने को कहा। जिला स्तरीय पुरस्कारों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 75 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 50 हजार रुपये है। चौथे से दसवें स्थान तक चयनित प्रतिभागियों को 10-10 हजार रुपये दिए जाएंगे।

मंत्री श्री देवांगन ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, गरीब कल्याण और विकास सहित हर क्षेत्र में प्रगति की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि युवाओं के विचार और नवाचार इस लक्ष्य में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उम्मीद जताई कि कोरबा के प्रतिभागी जिला तथा जोनल स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करेंगे। अपने संबोधन में उन्होंने कंटेंट क्रिएटर्स हब की घोषणा करते हुए इसके लिए दो करोड़ रुपये के प्रावधान की जानकारी भी दी। जिले की सड़कों के संबंध में उन्होंने कहा कि बारिश के बाद सड़क कार्यों में तेजी लाई जाएगी।

नवाचार के लिए तैयार मॉडल आवश्यक नहीं – कलेक्टर

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जोनल स्तर के चैलेंज के साथ कोरबा में जिला स्तरीय प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि नवाचार का आरंभ किसी समस्या को पहचानने और उसका बेहतर समाधान सोचने से होता है। प्रतिभागियों को अपना विचार प्रस्तुत करने के लिए तैयार मॉडल बनाना आवश्यक नहीं है। वे सेवा वितरण में सुधार का सुझाव, किसी समस्या का समाधान या अपने नवाचार की रूपरेखा प्रस्तुत कर सकते हैं।
कलेक्टर ने कहा कि कृषि और भूजल संरक्षण, कानून व्यवस्था, महिला एवं बाल विकास, नगरीय विकास, स्वास्थ्य, रक्षा, ऊर्जा, अधोसंरचना, उभरती तकनीक तथा शिक्षा और रोजगार जैसे क्षेत्रों में विचार आमंत्रित हैं। उदाहरण के रूप में उन्होंने किसानों की सहायता, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, अपशिष्ट प्रबंधन, नागरिक सेवाओं को सरल बनाने तथा कॉलेजों और उद्योगों के बीच बेहतर जुड़ाव से संबंधित समाधानों का उल्लेख किया। उन्होंने प्रतिभागियों से कोरबा की स्थानीय समस्याओं पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
श्री दुदावत ने बताया कि विद्यार्थी, प्राध्यापक, शिक्षक, शोधकर्ता, स्टार्टअप, स्व-सहायता समूह, एमएसएमई और अन्य उद्यमी भी प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं। विचार तैयार करने के लिए प्रतिभागी अध्ययन, शोध और एआई जैसे उपलब्ध साधनों का उपयोग कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि पहला प्रयास सफल होने की चिंता में अपने विचारों को रोकें नहीं; उन्हें सामने लाने से ही आगे सुधार और नए समाधान का रास्ता खुलता है।
कलेक्टर ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए 7 अक्टूबर तक विचार लिए जाएंगे। 9 अक्टूबर को प्रतिभागियों को अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। जोनल प्रतियोगिता में आवेदन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर है। जोनल स्तर पर 10 क्षेत्रों में कुल 50 विजेताओं का चयन किया जाएगा। प्रत्येक क्षेत्र में तीन सामान्य श्रेणी, एक महिला श्रेणी और एक 21 वर्ष से कम आयु वर्ग का विजेता होगा। प्रत्येक विजेता को 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इस प्रकार कुल पुरस्कार राशि पाँच करोड़ रुपये होगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन प्राप्त विचारों को उपयोगी सुझावों के रूप में भी देखेगा और चयनित समाधानों को लागू करने की संभावनाओं पर विचार करेगा।

आसपास की समस्या का सरल समाधान भी नवाचार – गोपाल मोदी

गोपाल मोदी ने कहा कि नवाचार का अर्थ केवल नई तकनीक विकसित करना नहीं है। घर, मोहल्ले, शहर या जिले की किसी समस्या को कम समय में बेहतर ढंग से हल करने का विचार भी नवाचार है। उन्होंने खेती में हल के साथ ट्रैक्टर और मशीनों के उपयोग का उदाहरण देते हुए बताया कि काम करने के तरीकों में सुधार से समय और श्रम की बचत होती है। इसी तरह किसी सेवा को लोगों के लिए अधिक उपयोगी बनाने वाला बदलाव भी महत्वपूर्ण हो सकता है।
श्री मोदी ने विद्यार्थियों से अपने क्षेत्र की जरूरतें पहचानने और लोगों को वास्तविक लाभ पहुँचाने वाले समाधान प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने युवाओं से सेवा की भावना को प्राथमिकता देने तथा स्वदेशी, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प में योगदान देने का आह्वान किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर ने कहा कि जिले को आगे बढ़ाने के लिए युवाओं की सोच और सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से नए विचार प्रस्तुत कर जिले के विकास में योगदान देने की अपील की। नगर पालिक निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि अधिक से अधिक युवा प्रतियोगिता से जुड़ें और अपने नवाचार से कोरबा का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन ने आभार व्यक्त किया। उन्होंने महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं और अन्य प्रतिभागियों से चौलेंज में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। इस अवसर पर पूर्व महापौर जोगेश लांबा, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे,रोजगार अधिकारी दीपेश भारती, सतीश प्रकाश सिंह, प्राचार्य लाइवलीहुड अरुणेंद्र मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आईटीआई, लाइवलीहुड सहित महाविद्यालय के विद्यार्थी, माय भारत युवा के वॉलिंटियर्स उपस्थित थे।
आवेदन संबंधी जानकारी  जोनल प्रतियोगिता के लिए इच्छुक प्रतिभागी े sevainnovationchallenge.in  पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में सहायता के लिए जिला नोडल अधिकारी विजय कारे, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, कोरबा से मोबाइल नंबर 8109363862 पर संपर्क किया जा सकता है।
’कंटेंट क्रिएटर्स हब से जिले के युवाओं को मिलेगा लाभ’
मंत्री श्री देवांगन द्वारा कोरबा में कंटेन्ट क्रिएटर हब की घोषणा की गई है। कंटेन्ट क्रिएटर हब बनने से जिले के यू ट्यूबर्स, सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर का कार्य करने वाले युवाओं को लाभ मिलेगा।

Continue Reading

कोरबा

मातृत्व के समय मिला सहारा, कृति और बृहस्पति को मिली आर्थिक मजबूती

Published

on

श्रम विभाग की मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत दोनों महिलाओं को मिली 20-20 हजार रुपये की सहायता

कोरबा, 26 सितंबर 2026। बच्चे के जन्म के समय परिवार की जिम्मेदारियाँ बढ़ जाती हैं। ऐसे समय में मिलने वाली आर्थिक सहायता श्रमिक परिवारों के लिए सहारा बनती है। कोरबा के भिलाई खुर्द की निवासी श्रीमती कृति पटेल को पहले बच्चे के जन्म पर श्रम विभाग की मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत 20 हजार रुपये की सहायता मिली। उन्होंने बताया कि यह राशि उनके परिवार के लिए आर्थिक सहयोग के रूप में काम आई।

इसी योजना के अंतर्गत श्रीमती बृहस्पति पटेल को भी 20 हजार रुपये की सहायता प्राप्त हुई। श्रीमती पटेल के अनुसार, राशि मिलने से उन्हें आर्थिक मजबूती मिली। दोनों महिलाओं का अनुभव बताता है कि मातृत्व के समय मिलने वाली सहायता श्रमिक परिवारों को राहत देती है।
छत्तीसगढ़ शासन के श्रम विभाग की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मिनीमाता महतारी जतन योजना में पात्र पंजीकृत महिला निर्माण श्रमिक को 20 हजार रुपये की एकमुश्त सहायता दी जाती है। योजना के लिए महिला श्रमिक का मंडल में कम से कम एक वर्ष पूर्व से पंजीकृत होना आवश्यक है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677