Connect with us

कोरबा

मोदी सरकार के 12 साल: विकास, विश्वास और नए भारत की कहानी — केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू

Published

on

12 साल, बेमिसाल: कोरबा में तोखन साहू ने गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां

कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुरक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं को “प्रधान सेवक” मानते हैं और 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार समझकर दिन-रात सेवा में जुटे हुए हैं। टी.पी. नगर स्थित प्रेस क्लब तिलक भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, जिला सह प्रभारी बृजेन्द्र शुक्ला, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, जोगेश लांबा एवं अशोक चावलानी सहित भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पत्रकारों को संबोधित करते हुए हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूलमंत्र के साथ देश आज नए भारत के निर्माण की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह नया भारत किसी को छेड़ता नहीं, लेकिन देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शता भी नहीं है।

गरीब कल्याण से लेकर महिला सशक्तिकरण तक गिनाईं उपलब्धियां

तोखन साहू ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि जन-धन योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जिनमें बड़ी संख्या महिलाओं की है। कोरोना काल से अब तक 81 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों नागरिकों को निःशुल्क उपचार की सुविधा मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करोड़ों गरीब परिवारों को पक्के मकान मिले हैं तथा उज्ज्वला योजना ने महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाई है। जल जीवन मिशन के जरिए घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का कार्य किया गया है, वहीं स्वच्छ भारत मिशन ने देश में स्वच्छता की नई चेतना पैदा की है।

किसानों, युवाओं और जनजातीय समाज पर विशेष फोकस

केंद्रीय राज्य मंत्री ने बताया कि पीएम किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता पहुंचाई जा रही है। किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ाकर किसानों को सस्ता ऋण उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के उत्थान के लिए हजारों करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है तथा ‘धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के माध्यम से आदिवासी क्षेत्रों के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि मुद्रा योजना और पीएम विश्वकर्मा योजना के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा मिला है, जबकि लखपति दीदी और सुकन्या समृद्धि जैसी योजनाओं ने महिलाओं और बेटियों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान की है। तोखन साहू ने कहा कि वर्ष 2014 से 2026 तक की 12 वर्षों की यह यात्रा भारत के लिए परिवर्तनकारी रही है। “सशक्त, समृद्ध और सुरक्षित भारत” का जो संकल्प लिया गया था, वह आज धरातल पर दिखाई दे रहा है और आने वाले वर्षों में भारत विश्व की अग्रणी शक्तियों में और मजबूती से अपनी पहचान स्थापित करेगा।

Continue Reading

कोरबा

हैण्डपम्प की कतार से घर के नल तक पहुंचा पानी, बृंदा महंत के जीवन में आई सहजता

Published

on

अब पानी भरने के लिए नहीं लगानी पड़ती दूर, जल जीवन मिशन से बृंदा के घर पहुंचा स्वच्छ जल

पानी की तलाश में बीतता था समय, अब नल खोलते ही मिल रहा स्वच्छ जल- श्रीमती बृंदा

हैण्डपम्प पर निर्भरता खत्म, घर में स्वच्छ जल ने आसान किए रोजमर्रा के काम

कोरबा 26 सितम्बर 2026। एक समय था जब घर की जरूरत का पानी जुटाने के लिए सुबह से ही चिंता शुरू हो जाती थी। हाथ में बर्तन लेकर दूर स्थित हैण्डपम्प तक जाना, पानी भरकर वापस लौटना और फिर घरेलू कामकाज संभालना रोज की दिनचर्या का हिस्सा था। बरसात के दिनों में रास्ते की परेशानी और शाम-रात के समय पानी की जरूरत होने पर बाहर जाने की मजबूरी इस मुश्किल को और बढ़ा देती थी। आज वही स्थिति बदल चुकी है। घर के नल से स्वच्छ पानी मिलने लगा है और पानी जुटाने में खर्च होने वाला समय अब परिवार के दूसरे जरूरी कामों में लगाया जा रहा है।
कोरबा विकासखंड के ग्राम पंचायत अजगरबहार निवासी श्रीमती बृंदा महंत के घर जल जीवन मिशन के तहत टेपनल के माध्यम से स्वच्छ जल पहुंचने से उनकी दिनचर्या में यह बदलाव आया है। पहले घरेलू उपयोग के लिए पानी लाने उन्हें घर से दूर हैण्डपम्प तक जाना पड़ता था। इसमें शारीरिक मेहनत के साथ काफी समय भी लगता था। पानी की जरूरत अचानक पड़ने पर भी यही परेशानी उठानी  पड़ती थी।
लाभार्थी श्रीमती वृंदा बताती है पहले घर का पानी लाने के लिए हैण्डपम्प तक जाना पड़ता था। एक-दो बार नहीं, रोज कई बार पानी की जरूरत पड़ती थी। इससे काफी समय निकल जाता था और मेहनत भी लगती थी। बरसात के दिनों में बाहर जाकर पानी लाना और भी कठिन हो जाता था। शाम या रात में पानी की जरूरत पड़ जाए तो बाहर जाने में परेशानी होती थी। वह कहती है पहले जो पानी मिलता था, उसकी स्वच्छता को लेकर भी चिंता रहती थी। दूषित पानी के कारण तरह-तरह की जलजनित बीमारियों का डर बना रहता था। परिवार के स्वास्थ्य को लेकर मन में हमेशा आशंका रहती थी कि कहीं गंदे पानी के कारण कोई बीमारी न हो जाए।
अब घर में ही टेपनल के जरिए साफ और स्वच्छ पानी मिल रहा है। पानी भरने के लिए दूर जाने की जरूरत नहीं रहती। घर पर ही पानी उपलब्ध होने से रोजमर्रा के काम काफी आसानी से हो जाते हैं। खाना बनाने से लेकर पीने और निस्तारी तक के लिए पानी की सुविधा मिल गई है। पहले पानी लाने में जो समय लगता था, वह अब बच जाता है।
घर में स्वच्छ जल आने से स्वास्थ्य को लेकर भी काफी संतोष है। अब दूषित पानी के इस्तेमाल से होने वाली परेशानियों से राहत मिली है। सबसे अच्छी बात यह है कि पानी के लिए मौसम या समय देखकर बाहर जाने की मजबूरी नहीं रही। जरूरत के समय घर में ही पानी उपलब्ध हो जाता है।
हितग्राही ने जल जीवन मिशन हमारे जैसे परिवारों के लिए बहुत उपयोगी योजना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  ने हर घर तक नल से जल पहुंचाने की जो पहल की है, उसका लाभ हमें भी मिला है। इसके लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय  को हृदय से धन्यवाद। घर तक स्वच्छ पानी पहुंचने से रोज की जिंदगी में जो सुविधा मिली है, उसका अनुभव अब हर दिन हो रहा है।

Continue Reading

कोरबा

दिव्यांगजन सहायता शिविर में 38 दिव्यांगजनों को मिले सहायक उपकरण

Published

on

कोरबा 25 सितम्बर 2026। “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत 24 सितंबर 2026 को जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के सद्भावना भवन में खंड स्तरीय दिव्यांगजन सहायता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला पंचायत कोरबा के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह, जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा की अध्यक्ष श्रीमती माधुरी देवी तंवर, उपाध्यक्ष प्रकाश चंद जाखड़, जनपद सदस्यगण, एसडीएम मनोज कुमार बंजारे तथा उपसंचालक समाज कल्याण विभाग, जिला कोरबा सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
शिविर में कुल 275 दिव्यांगजनों का पंजीयन किया गया। इनमें अस्थि दिव्यांग 65, श्रवण बाधित 24, बहु दिव्यांग 124 तथा दृष्टिबाधित 36 हितग्राही शामिल रहे। मौके पर 9 मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, 1 ट्राईसाइकिल, 2 व्हीलचेयर, 24 श्रवण यंत्र और 2 जोड़ी बैसाखी सहित कुल 38 दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार कृत्रिम अंग एवं विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए गए।
सहायक उपकरण मिलने से दिव्यांगजनों को आवागमन, श्रवण और दैनिक गतिविधियों में सुविधा मिलेगी तथा वे अधिक आत्मनिर्भर बन सकेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराकर उनके जीवन को सहज और सुविधाजनक बनाना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी खगेश निर्मलकर, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी युगल किशोर सहित ब्लॉक स्तर के अधिकारी-कर्मचारी, सरपंच, सचिव, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

जैन चुस्की चाय’ के विक्रय-वितरण पर कोरबा जिले में तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध

Published

on

खाद्य जांच में एसेसल्फेम पोटैशियम की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाए जाने पर कार्रवाई

कोरबा, 25 सितंबर 2026। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जिला कोरबा द्वारा खाद्य पदार्थ ‘चाय’, ब्रांड ‘जैन चुस्की चाय’, बैच क्रमांक सी. एच. 653 के विक्रय एवं वितरण पर जिले में तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया गया है।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त खाद्य पदार्थ का निर्माण मेसर्स जैन ट्रेडर्स (जैन चुस्की चाय), नेहा फैंसी स्टोर के पीछे, आकृति विहार, अमलीडीह, रायपुर, छत्तीसगढ़ द्वारा किया गया है। उत्पाद की निर्माण तिथि नवंबर 2025 तथा बेस्ट बिफोर अवधि अक्टूबर 2026 अंकित है।
उक्त खाद्य पदार्थ का नमूना परीक्षण के लिए रेफरल खाद्य प्रयोगशाला (राष्ट्रीय खाद्य प्रयोगशाला), कोलकाता भेजा गया था। प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट क्रमांक जी-14/08/2026, दिनांक 30 जुलाई 2026 के अनुसार नमूने में एसेसल्फेम पोटैशियम की मात्रा निर्धारित अनुमत सीमा से अधिक पाई गई। इसके आधार पर खाद्य पदार्थ को “असुरक्षित” घोषित किया गया है।
जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 36(3)(ख) में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए अभिहित अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जिला कोरबा द्वारा ‘जैन चुस्की चाय’, बैच क्रमांक सी. एच. 653 के विक्रय एवं वितरण को जिले के संपूर्ण क्षेत्र में तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित किया गया है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जिले के सभी रिटेल एवं थोक विक्रेताओं से अपील की है कि वे उक्त खाद्य पदार्थ का अपने परिसर में भंडारण एवं विक्रय न करें। यदि यह उत्पाद उपलब्ध हो तो तत्काल खाद्य एवं औषधि प्रशासन कार्यालय को सूचित करें। साथ ही आम नागरिकों से भी उक्त बैच के उत्पाद का उपयोग न करने की अपील की गई है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677