Connect with us

कोरबा

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन बनी आमजनों की समस्याओं के समाधान का भरोसेमंद माध्यम

Published

on

’कोरबा जिले में 142 से अधिक आवेदनों का निराकरण, विभिन्न विभागों द्वारा त्वरित कार्रवाई जारी

कोरबा। शासन की जनहितकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आमजनों तक समय पर पहुंचाने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन  सशक्त माध्यम बनकर उभरी है।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों और मांगों पर जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखते हुए शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जा रहा है।
कोरबा जिले में अब तक ’राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय प्रशासन, खाद्य, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 505 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 142 से अधिक आवेदनों का सफलतापूर्वक निराकरण कर संबंधित आवेदकों को राहत पहुंचाई गई है। शेष प्रकरणों पर भी विभागीय स्तर पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सभी विभाग प्रमुखों को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त आवेदनों का गंभीरता, संवेदनशीलता एवं समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उनके मार्गदर्शन में विभागीय अधिकारी नियमित रूप से प्रकरणों की समीक्षा कर शिकायतों के समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठा रहे हैं।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से जिले के नागरिकों को ’नवीन राशन कार्ड, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन स्वीकृति, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ, लंबित भुगतान, विद्युत व्यवस्था में सुधार, सड़क मरम्मत, पेयजल आपूर्ति, नालियों की सफाई, स्वच्छता संबंधी कार्य, सीमांकन, नामांतरण तथा अन्य राजस्व संबंधी मामलों’ में त्वरित राहत मिल रही है।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन तक पहुंचने का सरल और सुलभ माध्यम प्राप्त हुआ है। शिकायतों के निराकरण की पारदर्शी व्यवस्था से नागरिकों का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
जिला प्रशासन का सतत प्रयास है कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित हो, ताकि आमजनों को त्वरित राहत मिल सके और सुशासन की भावना धरातल पर प्रभावी रूप से दिखाई दे।

Continue Reading

कोरबा

न्यू कोरबा हॉस्पिटल परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण

Published

on

कोरबा। पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से न्यू कोरबा हॉस्पिटल परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री लखन लाल देवांगन, नगर निगम महापौर संजू देवी राजपूत, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, नरेंद्र देवांगन सहित कोसाबाड़ी मंडल के पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता एवं महिला मोर्चा की सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। अतिथियों ने कहा कि पौधारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण तैयार करने की जिम्मेदारी भी है।
न्यू कोरबा हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. एस. चंदानी ने भी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल एवं संरक्षण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों को वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखा जाए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक सहभागिता को आवश्यक बताया।

Continue Reading

कोरबा

बिहान की दीदियां बना रही हैं पारंपरिक आकर्षक राखियां

Published

on

चावल, धान, गेहूँ, मूंग दाल, कोड़ी, तुलसी, रुद्राक्ष, मौली एवं रेशम के धागों से तैयार हो रही हैं पर्यावरण-अनुकूल राखियां

‘वोकल फॉर लोकल’ से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम

कोरबा। रक्षाबंधन पर्व को लेकर जिले के स्व-सहायता समूहों की महिलाओं में उत्साह का माहौल है। जनपद पंचायत कटघोरा के धवईपुर स्थित जननी महिला संकुल संगठन से जुड़ी आस्था एवं सरस्वती स्व-सहायता समूह की दीदियां प्राकृतिक एवं स्थानीय संसाधनों से आकर्षक, पारंपरिक और पर्यावरण-अनुकूल राखियों का निर्माण कर रही हैं। इन राखियों के माध्यम से महिलाएं न केवल अपनी आय बढ़ा रही हैं, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और हस्तशिल्प को भी नई पहचान दिला रही हैं।

कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में संचालित यह पहल “वोकल फॉर लोकल” की भावना को साकार करते हुए ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

समूह की महिलाओं के द्वारा तैयार की जा रही राखियों में चावल, धान, गेहूँ, मूंग दाल, कोड़ी, तुलसी, रुद्राक्ष, मौली धागा तथा रेशम के धागों का उपयोग किया जा रहा है। प्राकृतिक सामग्रियों से निर्मित ये राखियां आकर्षक होने के साथ-साथ पर्यावरण के अनुकूल भी हैं और छत्तीसगढ़ की पारंपरिक कला एवं सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत करती हैं।

पिछले वर्ष आस्था एवं सरस्वती स्व-सहायता समूह ने राखी निर्माण एवं विक्रय के माध्यम से लगभग 25 हजार रुपये का व्यवसाय किया था। इससे समूह की महिलाओं की आय में वृद्धि हुई, स्वरोजगार के प्रति उनका आत्मविश्वास बढ़ा तथा आजीविका के नए अवसर भी सृजित हुए।

रक्षाबंधन को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष भी दोनों समूहों ने बड़े पैमाने पर विभिन्न डिजाइनों एवं पारंपरिक थीम पर आधारित राखियों का निर्माण प्रारंभ कर दिया है। महिलाओं का लक्ष्य पिछले वर्ष की तुलना में अधिक उत्पादन कर बेहतर विपणन के माध्यम से अपने व्यवसाय का विस्तार करना है।

इस पहल से महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं अतिरिक्त आय का स्रोत मिला है। साथ ही प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग से पर्यावरण-अनुकूल उत्पाद तैयार हो रहे हैं और छत्तीसगढ़ की पारंपरिक कला एवं संस्कृति को भी बढ़ावा मिल रहा है। समूह की महिलाओं में उद्यमिता, आत्मनिर्भरता और सामूहिक कार्य की भावना निरंतर मजबूत हो रही है।

Continue Reading

कोरबा

सावन में उत्पात मचाने वालों पर कोरबा पुलिस सख्त:बाइकर्स गिरोह, शराबियों पर रहेगी पैनी नजर, हिंदू नारायणी सेना ने सौंपा ज्ञापन

Published

on

कोरबा। कोरबा पुलिस ने सावन महीने में कांवड़ यात्रा के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष तैयारी की है। प्रत्येक सावन सोमवार को कनकीधाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष पुलिस पेट्रोलिंग टीम गश्त करेगी। चौक-चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पिछले वर्षों में सावन सोमवार के दौरान कुछ बाइकर्स गिरोहों द्वारा फटे साइलेंसर, तेज आवाज में डीजे और तेज रफ्तार से वाहन चलाकर उत्पात मचाने की शिकायतें मिली थीं। ऐसे मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई लोगों को जेल भेजा था।

उन्होंने कहा कि इस बार भी ऐसे तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने, मारपीट, छेड़छाड़ या शांति भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदू नारायणी सेना ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

सावन सोमवार के दौरान श्रद्धालुओं को होने वाली परेशानियों को लेकर हिंदू नारायणी सेना के प्रमुख अरविंद अग्रवाल और उनकी टीम ने कोरबा एसपी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कनकीधाम जाने वाले रास्ते में श्रद्धालुओं के साथ कथित छेड़छाड़, मारपीट और अभद्रता की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की गई।

ज्ञापन में तेज आवाज में डीजे बजाने और फटे साइलेंसर वाली बाइकों से धार्मिक माहौल खराब होने की शिकायत भी की गई। सेना ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की, ताकि कांवड़ियों की यात्रा सुरक्षित और निर्विघ्न हो सके।

रविवार शाम से शुरू हो जाती है कांवड़ यात्रा

सावन सोमवार से एक दिन पहले रविवार शाम से ही कांवड़िया भक्त कनकीधाम के लिए रवाना होना शुरू हो जाते हैं। श्रद्धालु पैदल, वाहनों से और समूहों में कांवड़ लेकर ‘बोल बम’ के जयकारे लगाते हुए कनकीधाम पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।

कानून हाथ में लेने वालों पर होगी कार्रवाई

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक आस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है। साथ ही कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति या समूह को बख्शा नहीं जाएगा। सावन सोमवार के दौरान शांति भंग करने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी और नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677