Connect with us

छत्तीसगढ़

रायपुर : मुख्यमंत्री से छत्तीसगढ़ योग आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने की सौजन्य मुलाकात

Published

on

मुख्यमंत्री ने दी बधाई, योग के प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता के कार्यों के लिए शुभकामनाएं

 रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ योग आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री श्री साय ने संजय अग्रवाल को छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली परंपरा का अभिन्न अंग है, जो शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने प्रदेश में योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को योग से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।

    मुलाकात के दौरान योग के संवर्धन तथा प्रदेश में योग संबंधी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने से संबंधित विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ योग आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष श्री अग्रवाल के नेतृत्व में प्रदेश में योग के प्रचार-प्रसार, जनजागरूकता तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के प्रयासों को नई गति मिलेगी।

Continue Reading

कोरबा

(कोरबा) इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी कोरबा जिला शाखा के कार्यो की गहन समीक्षा

Published

on

किये सेवा और पारदर्शिता के नए कीर्तिमान स्थापित

  • मुफ्त रक्त सेवा, रक्तदान शिविर और मजबूत आर्थिक फंड के साथ पेश की मिसाल
  • जल्द ही सभी जिला कलेक्टरों की बुलाई जाएगी विशेष बैठक
    कोरबा। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी छत्तीसगढ़ राज्य शाखा की राजधानी रायपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। राज्य चेयरमैन तोमन साहू की अध्यक्षता में हुई इस उच्च स्तरीय बैठक में कोरबा जिला शाखा के कार्यों का लेखा-जोखा और रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।
    बैठक में कोरबा जिला शाखा के कार्यों की गहन समीक्षा की गई, जहाँ सभापति रामसिंह अग्रवाल के कुशल नेतृत्व और जनसेवा कार्यों की प्रदेश स्तर पर सराहना की गई। सभापति रामसिंह अग्रवाल के मार्गदर्शन में कोरबा जिला शाखा वर्ष 2026-27 में सेवा और पारदर्शिता के नए कीर्तिमान गढ़ रही है।

कोरबा रेड क्रॉस की प्रमुख उपलब्धियां और वित्तीय स्थिति

  • मुफ्त रक्त सेवा
    जिले में गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाले एनीमिया, सिकलसेल और थैलेसीमिया के 11,924 गंभीर मरीजों को पूरी तरह निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराया गया है।
  • रक्तदान शिविर
    सभापति रामसिंह अग्रवाल की सक्रियता से पिछले दो वर्षों में रिकॉर्ड 66 शिविरों के माध्यम से 2000 यूनिट रक्त का संग्रहण किया गया है।
  • आर्थिक मदद
    इलाज के लिए 376 कमजोर मरीजों को रू.6,32,376 की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
  • मजबूत फंड स्थिति
    संस्था की कुल आय में लगातार बढ़ोतरी हुई है। वर्तमान में संस्था के पास रू.26,80,000 का फिक्स्ड डिपॉजिट सुरक्षित है।
  • सदस्यता और अंशदान
    जिले में कुल 1772 पंजीकृत सदस्य हैं। जिला शाखा द्वारा राज्य मुख्यालय को रू.19.27 लाख से अधिक की सदस्यता राशि भेजी जा चुकी है।
  • जूनियर रेड क्रॉस
    कोरोना काल में छात्रों से कोई शुल्क नहीं लिया गया, जबकि इसके बाद के वर्षों में कुल रू.6,17,470 का अंशदान प्राप्त हुआ है।
  • संसाधनों और बुनियादी ढांचे की वास्तविक स्थिति
    राज्य प्रबंध समिति के कड़े एजेंडे के जवाब में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सह सचिव द्वारा हस्ताक्षरित रिपोर्ट में जिले की वास्तविक जमीनी स्थिति साफ की गई है।
    जिला शाखा को डी.एम.एफ. मद से एक ब्लड डोनेशन वाहन प्राप्त हुआ है। जिले में रेड क्रॉस द्वारा स्वतंत्र रूप से कोई ब्लड बैंक, शव वाहन या वृद्धाश्रम संचालित नहीं किया जा रहा है। वर्तमान में जिला चिकित्सालय कोरबा के ब्लड बैंक को केवल सहयोग दिया जा रहा है।
    संरक्षक, सह संरक्षक एवं आजीवन सदस्यों की सदस्यता प्रमाण पत्र तत्काल प्रभाव से प्रदान करने की माँग की गई है। रेड क्रॉस की समस्त गतिविधियों के समन्वित सुचारू रूप से क्रियान्वयन हेतु कलेक्ट्रेदर पर एलडीसी कर्मचारी की भर्ती करने की माँग की गई है।
  • कलेक्टर संभालेंगे कमान
    बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, जल्द ही प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों की विशेष बैठक बुलाई जा रही है। चूंकि कलेक्टर जिला शाखा के पदेन अध्यक्ष होते हैं, इसलिए इस कदम से कोरबा में प्रशासनिक समन्वय मजबूत होगा। राज्य नेतृत्व ने साफ कर दिया है कि मानव सेवा के कार्यों में किसी भी विभाग की उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आने वाले दिनों में सभापति राम सिंह अग्रवाल के नेतृत्व में नई प्रबंधन टीम के गठन के साथ ही कोरबा में प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण और स्वास्थ्य शिविरों का बड़े पैमाने पर विस्तार किया जाएगा।

Continue Reading

कोरबा

अखबार वितरकों को अदानी कोरबा पावर लिमिटेड ने प्रदान किए रेनकोट

Published

on

संघ के आग्रह पर कंपनी ने की सहयोगात्मक पहल
कोरबा। बारिश के मौसम में घर-घर समाचार पत्र पहुंचाने वाले अखबार वितरकों की सुविधा को देखते हुए अदानी कोरबा पावर लिमिटेड ने छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ के वितरकों को रेनकोट प्रदान किए। संघ की ओर से कंपनी के पीआरओ अतुल गुप्ता से वितरकों के लिए रेनकोट उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया था। श्री गुप्ता ने इस पर सकारात्मक सहयोग का भरोसा दिलाया और उनके प्रयासों से अदानी फाउंडेशन के माध्यम से रेनकोट उपलब्ध कराए गए।

रेनकोट वितरण कार्यक्रम छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ के प्रधान कार्यालय में आयोजित हुआ। अदानी कोरबा पावर लिमिटेड की ओर से लैंड एंड लाइजनिंग प्रमुख डॉ. विकास ठाकुर एवं सीएसआर ऑफिसर पवन महतो उपस्थित रहे। कार्यक्रम में इंजीनियर राकेश चंद्र गुप्ता, अधीक्षण अभियंता (संचालन एवं संधारण), हसदेव बांगो हाइडल पावर स्टेशन माचाडोली, एनआईएस प्रशिक्षित कोच गुलशन सिंह राजपूत, संघ के प्रदेश अध्यक्ष पदम सिंह चंदेल, पार्षद रामकुमार साहू सहित अतिथियों का गुलदस्ता भेंटकर स्वागत किया गया।

कंपनी अधिकारियों ने कहा कि अखबार वितरक वर्षभर मौसम की परवाह किए बिना घर-घर समाचार पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। बारिश के दौरान उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए संघ के आग्रह पर यह सहयोग किया गया है। संघ ने कंपनी प्रबंधन, पीआरओ अतुल गुप्ता एवं अदानी फाउंडेशन के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में संघ के संरक्षक रेशम साहू, जिला अध्यक्ष विपेन्द्र कुमार साहू, जिला सचिव जय सिंह नेताम, कोषाध्यक्ष लक्ष्मी राठौर, कटघोरा इकाई अध्यक्ष कन्हैया यादव (बबलू), विजय दास, हरदीबाजार इकाई अध्यक्ष महेंद्र राठौर, बांकीमोंगरा इकाई अध्यक्ष दिवाकर नायक, राजू सैनी, पाली से संतराम, शंकर दीवान, एनटीपीसी से दीपक साहू, रविंदर विजय मसी बालको से, राकेश साहू, सुरेश, सिराज, श्यामू, अनिल गिरी, राय सिंह कंवर, जीवन लाल चौहान, शांतिलाल, तपेश्वर राठौर, कृष्णा निर्मलकर दिलबाग हर्ष नेताम एवं दिलीप यादव सहित अन्य पदाधिकारी व वितरक उपस्थित रहे।

कठिन परिश्रम सफलता का आधार-डॉ. विकास ठाकुर

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अडाणी कोरबा पावर लिमिटेड के लैंड एण्ड लाइजनिंग प्रमुख डॉ. विकास ठाकुर ने कहा कि कठिन परिश्रम सफलता का आधार है। अखबार वितरक सुबह से उठकर घर-घर तक अखबार पहुंचाते हैं, यह कम बड़ी बात नहीं, कठिन परिश्रम है। परिश्रम करते रहेंगे और एक दिन आप ही में से कोई बड़ा पत्रकार भी निकलेगा। अडाणी कोरबा पावर की ओर से यह हमारी छोटी सी पहल है और जरूरत पड़ने पर हम अखबार वितरक संघ के साथ हरदम खड़े रहेंगे।
एकता में बड़ी ताकत-राकेश चंद्र गुप्ता

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि हसदेव बांगो हाइडल पावर स्टेशन माचाडोली के अधीक्षण अभियंता (संचालन एवं संधारण) राकेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि एकता में बड़ी ताकत है। छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ ने संगठन बनाकर एकता का परिचय दिया है। आज अडाणी कोरबा पावर स्टेशन की ओर से अखबार वितरकों को रेनकोट प्रदान किया गया, यह एकता का ही परिणाम है। संगठन जितना मजबूत होगा, हर कार्य में सफलता उतनी बड़ी मिलेगी।
अडाणी कोरबा पावर लिमिटेड क्षेत्र एवं समुदाय की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध- पवन महतो

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि अडाणी कोरबा पावर लिमिटेड के सीएसआर प्रमुख पवन महतो ने कहा कि अडाणी कोरबा पावर लिमिटेड क्षेत्र एवं समुदाय की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है। अखबार वितरकों की बहुत बड़ी समस्या होती है और ठंड, गर्मी हो या बरसात, सभी मौसम में संघर्षों से जुझते हुए समय पर घर-घर अखबार पहुंचाते हैं। उनकी अनुशासनशीलता से हमें भी प्रेरणा मिलती है। कठिन संघर्ष और चुनौती के बाद भी वे अपने कर्त्तव्य पद पर अडिग रहते हैं।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

रायपुर : सेन समाज सनातन परंपराओं और सामाजिक समरसता का मजबूत आधार : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

Published

on

संत शिरोमणि सेन जी महाराज के नाम पर नया रायपुर में होगा चौक का नामकरण

सेन समाज का गौरवशाली इतिहास, जननायक कर्पूरी ठाकुर जैसे महापुरुषों ने बढ़ाया समाज का मान

केश शिल्पियों के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध, समाज की मांगों पर गंभीरता से होगा विचार : मुख्यमंत्री साय

सेन शक्ति सम्मेलन एवं केश शिल्पी सम्मान समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने सेन समाज को सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की

सेन शक्ति सम्मेलन एवं केश शिल्पी सम्मान समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री
सेन शक्ति सम्मेलन एवं केश शिल्पी सम्मान समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सेन समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। इस समाज ने सदियों से भारतीय समाज की सामाजिक व्यवस्था, संस्कारों और समरसता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर जैसे महान नेता का इस समाज से होना पूरे सेन समाज के लिए गौरव की बात है। सेन समाज केवल अपनी पारंपरिक सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि जन्म से लेकर विवाह और मृत्यु तक समाज के प्रत्येक संस्कार में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। यह समाज सनातन परंपराओं और संस्कारों को एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है। मुख्यमंत्री श्री साय आज राजधानी रायपुर के चिकित्सा महाविद्यालय परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित सेन शक्ति सम्मेलन एवं केश शिल्पी सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सेन समाज को सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की।  

सेन शक्ति सम्मेलन एवं केश शिल्पी सम्मान समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री

सेन शक्ति सम्मेलन एवं केश शिल्पी सम्मान समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री
   
                 मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सेन समाज के कल्याण के लिए केश शिल्पी कल्याण बोर्ड का गठन पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में हुआ था। उन्होंने कहा कि सेन समाज और अन्य पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए उस समय अनेक महत्वपूर्ण पहल की गईं। सैलून संचालन के लिए सेन समाज के लोगों को किट, कुम्हारों को बैटरी चलित चाक और बढ़ई समाज के लोगों को कारपेंट्री किट देने की शुरुआत भी इसी दिशा में की गई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेन समाज की आज की आवश्यकताओं और मांगों पर राज्य सरकार गंभीरता से विचार करेगी।

संत शिरोमणि सेन जी महाराज के नाम पर नया रायपुर में चौक का नामकरण

            मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि संत शिरोमणि सेन जी महाराज के नाम पर नया रायपुर में चौक का नामकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में नामकरण के लिए कमेटी बनाई गई है। मुख्यमंत्री ने सेन समाज के विकास और कल्याण के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

कर्पूरी ठाकुर के आदर्शों को आगे बढ़ा रहा सेन समाज

           मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुनर और प्रतिभा का सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर वंचित वर्गों के अधिकारों और सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष के प्रतीक रहे हैं। आज उनके सुपुत्र रामनाथ ठाकुर केंद्र सरकार में मंत्री के रूप में देश की सेवा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी सेन समाज से विधायक श्री रिकेश सेन और छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष सुश्री मोना सेन समाज की सेवा और प्रदेश के विकास में सक्रिय योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब केश शिल्प कल्याण बोर्ड को युवा नेतृत्व मिला है, निश्चित रूप श्री गौरी शंकर श्रीवास के नेतृत्व में सेन समाज को आगे बढ़ाने का काम तेजी से होगा।

‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के अनुरूप हो रहा विकास

                  मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के हर वर्ग को आगे बढ़ाने का कार्य हो रहा है। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के माध्यम से पारंपरिक हुनर और छोटे-छोटे व्यवसायों से जुड़े लोगों को आर्थिक सहायता, ऋण और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ऐसे प्रतिभाशाली लोगों को भी सम्मानित कर रहे हैं, जिन्होंने ग्रामीण और सामान्य परिवेश में रहकर उत्कृष्ट कार्य किया है। इससे देश में हुनर और श्रम के प्रति सम्मान की भावना मजबूत हुई है।

ढाई साल में मोदी की गारंटी के अधिकांश वादे पूरे किए

                मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पिछले ढाई वर्षों में विधानसभा चुनाव के दौरान मोदी की गारंटी के तहत किए गए वादों को पूरा करने का काम तेजी से किया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत हुए हैं और प्रतिदिन लगभग 1500 से 1600 मकानों का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ कृषि प्रधान प्रदेश है और किसानों से किए गए वादों को भी पूरा किया गया है। प्रदेश में किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीदी की जा रही है और 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदा जा रहा है। दो वर्षों का बकाया धान बोनस भी किसानों को दिया गया है।

70 लाख माताओं-बहनों को हर माह मिल रहा महतारी वंदन का लाभ

              मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लगभग 70 लाख माताओं-बहनों के खातों में हर महीने 1000 रुपए की राशि भेजी जा रही है। ढाई वर्षों में इस योजना के माध्यम से 19 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में अंतरित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश की माताएं-बहनें आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं।

50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किया रामलला का दर्शन

              मुख्यमंत्री ने कहा कि रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर प्रभु श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना को भी पुनः शुरू किया गया है। प्रदेश के बुजुर्ग माता-पिता की तीर्थ यात्रा की इच्छा को पूरा करने के लिए सरकार अपने खर्च पर उन्हें देश के विभिन्न तीर्थ स्थलों की यात्रा करा रही है।

भूमिहीन कृषि मजदूरों को सालाना 10 हजार रुपए की सहायता

              मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 5 लाख से अधिक भूमिहीन कृषि मजदूरों को सालाना 10 हजार रुपए की सहायता राशि दी जा रही है। तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए पारिश्रमिक में वृद्धि की गई है और चरण पादुका योजना को पुनः शुरू किया गया है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न विभागों में 20 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की जा चुकी है। पुलिस, बिजली और सहकारिता सहित विभिन्न विभागों में रोजगार के अवसर दिए गए हैं। शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। नई उद्योग नीति के माध्यम से लगभग डेढ़ लाख युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश को अब तक 8 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं और अनेक क्षेत्रों में काम शुरू हो गया है।

समाज के पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाएं

                मुख्यमंत्री श्री साय ने सेन समाज के पदाधिकारियों और सामाजिक प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के पात्र लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि समाज के जो बेटे-बेटियां किसी योजना के लिए पात्र हैं, उन्हें उसका लाभ दिलाने में समाज की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।

बिजली बिल समाधान योजना का लाभ लेने की अपील

          मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में बिजली बिलों का भुगतान नहीं होने के कारण कई परिवारों पर एक साथ बड़ी राशि का बिल आ गया है। ऐसे उपभोक्ताओं के लिए मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना लागू की गई है। इसके तहत पंजीयन कराने पर पात्र उपभोक्ताओं को बिजली बिल में बड़ी राहत दी जा रही है तथा सरचार्ज आदि भी माफ किया जा रहा है। उन्होंने पात्र लोगों से योजना का लाभ लेने की अपील की।

80 हजार घरों में लग चुके हैं सोलर सिस्टम

               मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से प्रदेश में घरों की छतों पर सोलर सिस्टम लगाने का काम तेजी से चल रहा है। प्रदेश में अब तक लगभग 80 हजार घरों में सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं, जिनमें करीब 40 हजार घरों में बिजली बिल शून्य आ रहा है। उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने का आग्रह किया।

सेवा सेतु से घर बैठे मिल रही 700 से अधिक सेवाएं

            मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने नागरिकों की सुविधा के लिए सेवा सेतु शुरू किया है। इसमें 36 विभागों की 700 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। नागरिक घर बैठे मोबाइल के माध्यम से जाति, आय, निवास सहित विभिन्न प्रमाण पत्रों और अन्य सेवाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से सीधे दर्ज करा सकते हैं शिकायत

             मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू की गई है। इसके माध्यम से लोग घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि तहसीलदार, इंजीनियर, थाना प्रभारी से लेकर सचिव स्तर तक के लगभग 8 हजार अधिकारी इस व्यवस्था से जुड़े हैं। शिकायतों के समाधान के लिए एल-1, एल-2, एल-3 और एल-4 स्तर पर व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि अब लोगों को अपनी समस्या के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है।

                 विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सेन समाज के लिए गौरीशंकर श्रीवास का चयन कर बहुत सही निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि संघर्ष का दूसरा नाम गौरीशंकर श्रीवास है। वे लगातार समाज के लिए कार्य कर रहे हैं और समाज को आगे बढ़ाने की ललक उनके भीतर है। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि विधायक श्री रिकेश सेन भी विधानसभा में सेन समाज और समाज के विभिन्न विषयों को सक्रियता के साथ उठाते हैं। उन्होंने कहा कि सेन समाज हजारों वर्षों से गांव और सामाजिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण धुरी रहा है। जन्म, विवाह और मृत्यु सहित जीवन के प्रत्येक संस्कार में सेन समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि सेन समाज के लोग केवल सेवा करने वाले नहीं, बल्कि परिवार का हिस्सा माने जाते हैं और समाज में उनका गहरा विश्वास और संबंध रहा है। उन्होंने भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर को वंचित वर्गों के संघर्ष का बड़ा प्रतीक बताते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सशक्त नेतृत्व में विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
             
             कार्यक्रम में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि सेन शक्ति सम्मेलन सामाजिक एकता और समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सेन समाज के कौशल विकास के लिए कौशल विकास विभाग के माध्यम से विभिन्न प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने समाज के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे आवश्यकतानुसार नए ट्रेड और प्रशिक्षण को जोड़ने के सुझाव दें, ताकि समाज के युवाओं को अधिक से अधिक अवसर मिल सकें।

              छत्तीसगढ़ राज्य केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास ने कहा कि आज का दिन सेन समाज के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने केश शिल्पी कल्याण बोर्ड का गठन कर इसे सेन समाज को समर्पित किया था और अब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बोर्ड को आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में सेन समाज के लोगों ने निस्वार्थ भाव से सेवा की। उन्होंने समाज के उत्थान और कल्याण से जुड़ी विभिन्न आवश्यकताओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री साय ने सेन समाज प्रदेश भर से आए प्रशिक्षित युवाओं को किट वितरण किया।

              इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, विधायक रिकेश सेन, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष सुश्री मोना सेन, छत्तीसगढ़ राज्य केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास, तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, रजककार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, कर्पूरी ठाकुर विचार मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रघुवीर श्रीवास, संचालक समाज कल्याण रणबीर शर्मा सहित बड़ी संख्या में सेन समाज के प्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित थे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677