नई दिल्ली, एजेंसी। अगले साल 7 राज्यों- उत्तर प्रदेश, गुजरात, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मणिपुर और गोवा में विधानसभा चुनाव होने हैं। इन चुनावों में जेन-जी यानी 18 से 29 साल के मतदाता अहम भूमिका निभा सकते हैं।
इसके पीछे दो बड़ी वजहें हैं। पहली, जुलाई में दिल्ली में हुआ जेन-जी आंदोलन, जिसने युवाओं के राजनीतिक रुझान को लेकर नई बहस छेड़ी। दूसरी, बिहार के बांकीपुर और मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव के चौंकाने वाले नतीजे, जिनसे युवाओं की चुनावी भूमिका पर चर्चा तेज हुई है।
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, चुनावी समीकरण में महिला, पिछड़ा, किसान और दलित जैसे वर्गों के साथ अब जेन-जी भी एक अहम वोटर ग्रुप बनता जा रहा है। इन 7 चुनावी राज्यों में करीब 22% मतदाता 18 से 29 साल की उम्र के हैं। ऐसे में युवा वोट किसी भी पार्टी के चुनावी समीकरण को बदल सकता है।
7 राज्यों के पिछले चुनाव में 257 सीटों पर 5% वोट मार्जिन रहा
चुनाव वाले 7 राज्यों में अगर पिछले विधानसभा चुनाव के आंकड़े देखें तो कुल 940 सीटों में 257 सीटें (27%) ऐसी थीं, जहां जीत का अंतर 5% या उससे कम था।
उत्तर प्रदेश की 403 में से 131 सीटें ऐसी थीं, जहां जीत का मार्जिन 5% से कम था। गुजरात की 182 में से 27, पंजाब की 117 में से 24, उत्तराखंड की 70 में से 15 और हिमाचल की 68 में से 14 सीटों पर भी वोट मार्जिन 5% से कम था।
इस आधार पर कह सकते हैं कि अगर 22% जेन-जी वोटर्स में से 5% भी एकजुट होकर किसी पार्टी के पाले में चले गए तो इन राज्यों में सियासी समीकरण पूरी तरह बदल सकते हैं।
यही वजह है कि राजनीतिक दल अब अपनी पूरी रणनीति जेन-जी वोटर्स के इर्द-गिर्द बुनने में लग गए हैं। भाजपा, कांग्रेस और सपा ने इसकी मुहिम शुरू कर दी है।
जाति-धर्म के समीकरण बिगाड़ सकते हैं युवाओं का नया वर्ग
देश की सियासत में लंबे समय से चले आ रहे जाति और धर्म आधारित चुनावी समीकरणों को युवा वोटर चुनौती दे सकते हैं। इसकी वजह युवाओं का एक नया और मुखर वर्ग बनकर उभरना है।
अगले चुनावों में अभी 6-7 महीने का वक्त है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि तब तक यह युवा सेंटिमेंट कितना मजबूत रहता है। अगर यह बरकरार रहा या और बढ़ा, तो राजनीतिक दलों को आने वाले हफ्तों में अपनी रणनीति में पांच बड़े बदलाव करने पड़ सकते हैं।
राजनीतिक पार्टियां पांच बदलाव करने पर मजबूर
1. युवाओं पर फोकस्ड राजनीति शुरू होगी: एक्सपर्ट के मुताबिक पहले घोषणापत्र में युवाओं के सिर्फ मुद्दे होते थे, पर अब रोजगार व स्किल डेवलपमेंट जैसे विषय सीधे भाषणों में होंगे। दलों को सिर्फ बेरोजगारों को भत्ता देने के बजाय यह समझाना होगा कि वे रोजगार और कौशल विकास कैसे बढ़ाएंगे। जो दल रोजगार, शिक्षा, डिजिटल इकोसिस्टम और स्किल डेवलपमेंट के मुद्दे उठाएगा, युवा उसी के साथ जाएंगे।
2. जाति-धर्म समीकरण: अगर यही माहौल रहा, तो जेन-जी के मुद्दों के कारण जातिगत और धार्मिक समीकरण काफी हद तक बिखर जाएंगे। युवा भी अब तक जाति-धर्म के आधार पर बंटे हुए थे। अब बदलाव दिख रहा है। चुनाव में जाति फैक्टर थोड़ा-बहुत तो रहेगा ही, लेकिन उम्मीदवारों के चयन और प्रतिनिधित्व में उसका असर साफ दिखेगा। पार्टियां सेल्फ-मेड युवाओं को अधिक टिकट देंगी, जिससे जेन-जी को चुनावी मैदान में बेहतर प्रतिनिधित्व मिल सके।
3. महिलाओं जैसा बदलाव: जैसे महिलाओं ने जातिगत समीकरण तोड़कर एनडीए को वोट दिए, युवा भी किसी एक तरफ जा सकते हैं।
4. मुफ्त योजनाओं से दूरी: युवाओं को मुफ्त की रेवड़ी या लुभावनी योजनाएं नहीं चाहिए, बल्कि वह दलों से ठोस समाधान चाहता है।
5. व्यावहारिक वादे: राजनीतिक पार्टियां आगामी चुनावों में ऐसे व्यावहारिक वादे करेंगी, जिन्हें धरातल पर उतारा जा सके।
भाजपा: पीएम मोदी समेत सभी नेता इंस्टाग्राम पर आने लगे
पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई एनडीए सांसदों की ‘मंगल मिलन’ बैठक पूरी तरह युवाओं पर केंद्रित थी, जिसमें रोजगार को लेकर प्रेजेंटेशन दिया गया। पार्टी के मोर्चों को निर्देश दिए गए हैं कि वे जेन-जी से जुड़े मुद्दों को संवेदनशीलता के साथ सुनें, उनका समाधान करें और इस पीढ़ी के साथ लगातार संपर्क बढ़ाएं।
आरएसएस: भागवत का जेन-जी प्रोग्राम
संघ प्रमुख मोहन भागवत ने गुरुवार को जेन-जी व जेन-अल्फा के साथ प्रोग्राम किया। संघ ने एप के जरिए हर महीने 10 हजार नए युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा है। शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों, किशोर गण और तरुण गण शाखाओं के माध्यम से जेन-जी की सहभागिता पर विशेष ध्यान दे रहा है।
एबीवीपी: 80 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा
80 लाख सदस्य बनाने के लिए स्कूल-कॉलेज से निकलकर आगे कोचिंग सेंटर्स और क्लबों तक पहुंच रहा है। करियर गाइडेंस केंद्र खोलेगा।
कांग्रेस: आंदोलनकारियों को वकील दिलवाएंगे
प्रियंका गांधी वाड्रा की निगरानी में कन्हैया कुमार और जिग्नेश मेवानी दिल्ली के आंदोलनकारी युवाओं के संपर्क में हैं। 150 वकीलों का नेटवर्क बनाया गया है। छोटे वीडियो, पीपीटी, पॉडकास्ट और ‘छात्रों की गूंज’ जैसे संवाद कार्यक्रम होंगे। एनएसयूआई और यूथ कांग्रेस ने भी कई कार्यक्रम शुरू किए।
सपा: डिंपल यादव को जिम्मा सौंपा गया
सांसद डिंपल यादव जिम्मेदारी संभालेंगी। लगातार संवाद, कैंपस में कार्यक्रम। युवजन सभा और समाजवादी छात्र सभा के जरिए अभियान चलाएंगी।
चण्डीगढ़, एजेंसी। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब की राजनीतिक में बड़ी खबर सामने आई है। भाजपा और अकली दल 6 साल बाद फिर एक साथ आ गए हैं।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पंजाब रैली की तारीख का भी ऐलान कर दिया गया है। सुखबीर सिंह बादल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि 8 दिसंबर को स्वर्गीय प्रकाश सिंह बादल की जयंती के मौके पर शिरोमणि अकाली दल की तरफ से मोगा में एक बड़ी रैली की जा रही है। इस रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हिस्सा लेंगे।
अमित शाह ने कहा कि, जब PM Modi से बात हुई कि NDA का एक्सटेंशन हो रहा है तो उन्होंने ने भी सुखबीर बादल को फोन किया और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि NDA अब पूरा हो गया है। अटल बिहारी, अडवाणी और सुखबीर बादल का पुराना रिश्ता रहा है। पंजाब में और पूरे देश में ये गठबंधन हिन्दू-सिख भाईचारे की मिसाल बनेगा।
अमित शाह ने कहा कि, बंदी सिखों के मसले पर दोनों दलों की राय अलग-अलग है, इस पर बैठ कर चर्चा करेंगे और हल निकालेंगे।
अमित शाह ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि, गठबंधन में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका रहेगा और मुख्यमंत्री भी अकाली दल का ही होगा।
आज अकाली दल और भाजपा के गठबंधन की बधाइयां देते हुए सुखबीर बादल ने कहा कि, आज फिर पंजाब को बचाने की जरूरत है। किसानों को बचाने की जरूरत है। ये सिर्फ अकाली दल और भाजपा की सरकार मिलकर ही कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि ये गठबंधन सिर्फ राजनीतिक नहीं बल्कि इमोशनल गठबंधन है। सुखबीर बादल ने कहा कि, ये गठबंधन पंजाब के हित के लिए हुआ है। अकाली दल 106 साल पुरानी पार्टी है। सुखबीर बादल ने कहा कि अमित शाह ने भरोसा दिलाय है कि पंजाब में फिर से उसी गौरवशाली दौर से लेकर जाएंगे।
सुखबीर बादल ने कहा कि, मेरे पिता (स्वर्गीय प्रकाश सिंह बादल) कहा करते थे कि, यह नाखून-मांस का गठबंधन है। जितनी देर यह गठबंधन रहा पंजाब तरक्की पर रहा।
प्रेस कॉन्फ्रैंस के दौरान भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि अकाली दल और बीजेपी के बीच गठबंधन हो गया है। जल्द ही दोनों सीट बंटवारे पर चर्चा करेंगे। अकली दल के आने से NDA की ताकत को बढ़ाएंगा।
अमित शाह ने कहा कि, पंजाब में भ्रष्टाचार हो हटाना और नशे को खत्म करना NDA को मुख्य लक्षय होगा। 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को पूरी तरह से नशे से मुक्त कर देंगे। इसके साथ ही अगले 3 महीनों तक किसानों की समस्या और आर्थिक चिंता और रोजगार की चिंता पर रोडमैप बनाएंगे।
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि, बीजेपी को भरोसा है कि पंजाब की जनता NDA को वोट देगी। आने वाले समय में पंजाब को फिर से खुशहाल होगा। विधानसभा चुनाव में हम NDA की सरकार बनाएंगे।
दोनों पार्टियों का विधानसभा चुनाव से पहले गठबंधन हो गया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने आज दिल्ली पहुंच कर प्रेस कॉन्फ्रैंस करके इसकी घोषणा कर दी है। इस दौरान अमित शाह ने कहा कि, पंजाब में विधानसभा चुनाव अकाली दल और भाजपा मिलकर लड़ेंगे।
पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ और अश्विनी कुमार समेत पंजाब के सभी सीनियर नेताओं को दिल्ली पहुंच गए हैं। इस दौरान नितिन नबीन और सुखबीर बादल बीजेपी के मुख्यालय के कार्यालय में पहुंच गए हैं। जल्द गठबंधन का ऐलान होने जा रहा है।
बस कुछ ही समय में दोनों पार्टियों एक साथ प्रेस कॉफ्रैंस करके इसकी घोषणा करने जा रही हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने आज दिल्ली पहुंच कर प्रेस कॉन्फ्रैंस करके इसकी घोषणा करेंगे।
आपको बता दें कि भाजपा और अकली दल ने मिलकर 1997, 2002 और 2007 यानी 3 बार पंजाब में सरकार बना चुके हैं। कृषि सुधार कानूनों को लेकर सितंबर 2020 में 24 साल बाद दोनों पार्टियों का गठबंधन टूट गया था। इसके बाद 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में पंजाब की 117 सीटों में से अकाली दल 3 और भाजपा महज 2 सीटें ही जीत सकी थी।
नई दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री गुरु नानक देव जी की जयंती के मौके पर शिरोमणि अकाली दल और BJP के बीच हुए गठबंधन पर खुशी जताते हुए बड़ा बयान दिया है। PM मोदी ने X पर एक पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने कहा कि मुझे पूरा भरोसा है कि हमारा गठबंधन पंजाब के लोगों की पहली पसंद बनेगा। अटल जी, आडवाणी जी और सरदार प्रकाश सिंह बादल जी द्वारा पाला-पोसा गया अकाली दल-BJP गठबंधन हमेशा समय की कसौटी पर खरा उतरा है।
आपको बता दें कि गठबंधन को लेकर पोस्ट शेयर करते हुए PM मोदी ने कहा, ‘पंजाब और पंजाबियों की भलाई सबसे पहले आती है! मुझे बहुत खुशी है कि शिरोमणि अकाली दल NDA परिवार में वापस आ गया है और वह भी श्री गुरु नानक देव जी की जयंती के मौके पर।’ PM मोदी ने कहा, ‘हमारा एक स्वाभाविक गठबंधन है, जो यह सुनिश्चित करेगा कि पंजाब के लोगों को एक जन-हितैषी सरकार मिले, जो राज्य को तरक्की की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। अटल जी, आडवाणी जी और सरदार प्रकाश सिंह बादल जी द्वारा पोषित अकाली दल-BJP गठबंधन हमेशा समय की कसौटी पर खरा उतरा है।’ PM मोदी ने कहा, ‘मुझे विश्वास है कि हमारा गठबंधन पंजाब के लोगों की पहली पसंद बनकर उभरेगा।’
नई दिल्ली, एजेंसी। बाजार नियामक सेबी ने सोमवार को बाजार के मध्यस्थों और अन्य प्रतिभागियों से आगामी आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के ‘ग्रे मार्केट प्रीमियम’ (जीएमपी) के आंकड़ों का प्रकाशन और प्रचार-प्रसार बंद करने को कहा। इसके साथ ही, सेबी ने निवेशकों को आगाह किया कि वे जीएमपी को शेयरों के सूचीबद्ध होने के संभावित भाव या उनसे मिलने वाले रिटर्न का संकेतक न मानें।
जीएमपी उन अनौपचारिक और अपुष्ट कीमतों को कहा जाता है, जिन पर किसी कंपनी के शेयरों के शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने से पहले कारोबार किए जाने का दावा किया जाता है। ऐसे सौदे मान्यता-प्राप्त शेयर बाजारों के दायरे से बाहर होते हैं। इन पर नियामकीय निगरानी नहीं होती और न ही निवेशकों को कोई सुरक्षा या सौदे के निपटान की गारंटी मिलती है। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने एक बयान में कहा कि आईपीओ के जीएमपी के आंकड़े वेबसाइट, डिजिटल मंचों, समाचार पत्रों और यहां तक कि सेबी में पंजीकृत कुछ मध्यस्थों एवं बाजार प्रतिभागियों की ओर से भी व्यापक रूप से प्रकाशित किए जा रहे हैं।
सेबी ने कहा कि ऐसे प्रीमियम के आंकड़ों का प्रकाशन निवेशकों के हितों के लिए नुकसानदेह हो सकता है और प्रतिभूति बाजार में पारदर्शिता एवं जवाबदेही के सिद्धांतों के विपरीत है। नियामक ने सेबी में पंजीकृत सभी मध्यस्थों और बाजार प्रतिभागियों को अपनी वेबसाइट, डिजिटल मंचों और ईमेल, एसएमएस तथा सोशल मीडिया सहित अन्य संचार माध्यमों पर आईपीओ के जीएमपी के आंकड़े प्रकाशित, प्रदर्शित या प्रसारित नहीं करने की सलाह दी है। निवेशकों को भी जीएमपी को शेयरों के सूचीबद्ध होने के संभावित भाव या अपेक्षित रिटर्न का संकेतक नहीं मानने और इससे जुड़े किसी भी सौदे से बचने को कहा गया है।
सेबी ने निवेशकों को आईपीओ में केवल अपने यहां पंजीकृत मध्यस्थों और अधिकृत मंचों के जरिये ही निवेश करने की सलाह दी है। जीएमपी के आंकड़ों का इस्तेमाल निवेशक अक्सर आईपीओ के शेयरों की संभावित सूचीबद्धता के प्रदर्शन का अनुमान लगाने के लिए करते हैं। सेबी ने स्पष्ट किया कि जीएमपी से जुड़े सौदों में विवाद होने पर निवेशकों को नियामक के तहत उपलब्ध शिकायत निवारण और विवाद समाधान व्यवस्थाओं का लाभ नहीं मिलेगा। इनमें सेबी या शेयर बाजारों के अधिकार क्षेत्र के तहत मिलने वाली निवेशक सुरक्षा, शेयर बाजारों की शिकायत निवारण व्यवस्था और ऑनलाइन विवाद समाधान (ओडीआर) पोर्टल शामिल हैं।