Connect with us

छत्तीसगढ़

रायपुर : विशेष लेख : श्रमिकों के सशक्तिकरण का नया दौर: छत्तीसगढ़ में श्रम कल्याण को मिल रही नई गति

Published

on

सुरक्षित श्रम, सामाजिक सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य, सम्मानजनक रोजगार और डिजिटल सेवाओं का व्यापक विस्तार

  • छगल लाल लोन्हारे

संयुक्त संचालक, जनसंपर्क

राष्ट्र निर्माण में श्रमिकों का योगदान सर्वाधिक महत्वपूर्ण है। श्रमिकों के सम्मान, सुरक्षा और समग्र विकास के बिना विकसित राज्य की कल्पना संभव नहीं है। इसी सोच को आधार बनाकर छत्तीसगढ़ शासन का श्रम विभाग श्रमिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन के निर्देशन में श्रमिकों के हितों की रक्षा, सामाजिक सुरक्षा का विस्तार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता तथा आधुनिक तकनीक के माध्यम से सेवाओं को सरल बनाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। राज्य सरकार के ढाई साल  में श्रम विभाग की उपलब्धियाँ राज्य सरकार की श्रमिक हितैषी सोच और संवेदनशील प्रशासन का परिचायक हैं।

प्रशासनिक ढांचे का विस्तार, सेवाओं की बेहतर पहुंच

        श्रम कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा श्रमिकों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने पाँच नए जिलों में श्रम पदाधिकारी कार्यालय स्थापित किए हैं। मंत्री लखन लाल देवांगन ने बताया कि  पाँच श्रम पदाधिकारी कार्यालयों को सहायक श्रमायुक्त कार्यालय के रूप में उन्नत किया गया है। अब प्रदेश में 10 सहायक श्रमायुक्त कार्यालय एवं 23 श्रम पदाधिकारी कार्यालय सहित कुल 33 श्रम कार्यालय संचालित हैं। इससे श्रमिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और योजनाओं के प्रभावी संचालन को नई गति मिली है।

समय के अनुरूप श्रम कानूनों में सुधार

         औद्योगिक विकास और श्रमिक हितों के संतुलन को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने श्रम कानूनों में महत्वपूर्ण संशोधन किए हैं। छत्तीसगढ़ कारखाना नियम, 1962 में संशोधन कर निर्धारित सुरक्षा प्रावधानों के साथ महिलाओं के रोजगार के अवसरों का विस्तार किया गया है। वहीं छत्तीसगढ़ दुकान एवं स्थापना नियम, 2021 में संशोधन के माध्यम से श्रम पहचान पंजीयन प्रमाण-पत्र अब 24 घंटे के भीतर जारी किए जाने का प्रावधान किया गया है। इससे उद्योगों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को सरल एवं पारदर्शी सेवाएँ उपलब्ध होंगी तथा ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को भी बढ़ावा मिलेगा।

56 लाख से अधिक श्रमिक सामाजिक सुरक्षा के दायरे में

       श्रम विभाग के अंतर्गत संचालित छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल तथा असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल के माध्यम से अब तक लगभग 56.83 लाख संगठित, निर्माण एवं असंगठित श्रमिकों का पंजीयन किया जा चुका है।

3.48 लाख श्रमिकों को बीमा, चिकित्सा, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं कौशल उन्नयन जैसी सुविधाओं का लाभ

          वर्ष 2026 में 30 जून तक विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लगभग 3.48 लाख श्रमिकों को बीमा, चिकित्सा, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं कौशल उन्नयन जैसी सुविधाओं का लाभ प्रदान किया गया है। इन योजनाओं पर लगभग 173.32 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं, जो श्रमिक कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

निर्माण श्रमिकों को बढ़ी आर्थिक सहायता

      मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना के अंतर्गत आवास निर्माण अथवा घर खरीदने के लिए दी जाने वाली सहायता राशि एक लाख रुपये से बढ़ाकर डेढ़ लाख रुपये कर दी गई है। यह निर्णय निर्माण श्रमिकों के अपने घर के सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

महिला श्रमिकों को स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता के नए अवसर

         इसी प्रकार दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना के अंतर्गत पंजीकृत महिला निर्माण श्रमिकों एवं उनके समूहों को ई-रिक्शा खरीदने के लिए सहायता राशि भी एक लाख रुपये से बढ़ाकर डेढ़ लाख रुपये कर दी गई है। इससे महिला श्रमिकों को स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता के नए अवसर मिल रहे हैं।

शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई पहल

        राज्य सरकार ने श्रमिक परिवारों के भविष्य को संवारने के उद्देश्य से अटल कैरियर निर्माण योजना प्रारंभ की है। इसके माध्यम से पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को इंजीनियरिंग एवं मेडिकल जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी।

पंजीकृत निर्माण श्रमिकों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण

         वहीं मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण योजना के माध्यम से पंजीकृत निर्माण श्रमिकों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। इस पहल से बीमारियों की प्रारंभिक पहचान, समय पर उपचार तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।

उत्कृष्ट शिक्षा से उज्ज्वल भविष्य की ओर

        श्रमिक परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत पात्र निर्माण श्रमिकों के प्रथम दो बच्चों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक उत्कृष्ट निजी आवासीय विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जा रही है।मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप वर्ष 2026-27 से इस योजना के अंतर्गत लाभान्वित बच्चों की संख्या 100 से बढ़ाकर 200 कर दी गई है। यह पहल श्रमिक परिवारों के बच्चों के भविष्य को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का माध्यम बनेगी।

पाँच रुपये में पौष्टिक भोजन

शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना के माध्यम से पंजीकृत निर्माण, संगठित एवं असंगठित श्रमिकों को मात्र 5 रुपये में गरम एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश के 18 जिलों में 39 भोजन केन्द्र संचालित हैं, जो हजारों श्रमिकों के लिए राहत का माध्यम बने हुए हैं।

डिजिटल सेवाओं से बढ़ी पारदर्शिता

      श्रम विभाग द्वारा विकसित ‘ई-श्रम साथी मोबाइल एप’ श्रमिकों और नियोजकों के लिए एक महत्वपूर्ण डिजिटल प्लेटफॉर्म बनकर उभरा है। इस एप के माध्यम से स्वयं पंजीयन, श्रमिक एवं नियोजक के बीच सीधा संपर्क तथा रोजगार संबंधी जानकारी आसानी से उपलब्ध हो रही है। इससे पारदर्शिता के साथ रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि हो रही है।

मॉडल लेबर चौक से मिलेगा सम्मानजनक वातावरण

         राज्य सरकार द्वारा मॉडल लेबर चौक फेसिलिटेशन सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। इन केन्द्रों पर श्रमिकों के पंजीयन, विभिन्न योजनाओं के आवेदन, भोजन, पेयजल, विश्राम एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इससे श्रमिकों को सम्मानजनक एवं सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध होगा।

सामाजिक सुरक्षा को मिला नया विस्तार

         मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के अंतर्गत सामान्य मृत्यु पर आश्रितों को 1 लाख रुपये, कार्यस्थल दुर्घटना में मृत्यु होने पर 5 लाख रुपये तथा स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में 2.50 लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाती है। साथ ही अपंजीकृत निर्माण श्रमिकों की कार्यस्थल दुर्घटना में मृत्यु होने पर भी उनके आश्रितों को 1 लाख रुपये की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

पंजीकृत श्रमिकों की मृत्यु पर आश्रितों को 1 लाख रुपये की सहायता

        इसी प्रकार असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल के अंतर्गत पंजीकृत श्रमिकों की मृत्यु पर आश्रितों को 1 लाख रुपये तथा दिव्यांगता की स्थिति में 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है।

सुरक्षित कार्यस्थल की दिशा में प्रयास

        राज्य के विभिन्न कारखानों में श्रमिकों को उनके कार्य के अनुरूप वरिष्ठ अधिकारियों एवं सुरक्षा अधिकारियों द्वारा नियमित प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इससे कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं में कमी और उत्पादकता में वृद्धि हो रही है।

श्रमिक कल्याण की नई पहचान

        छत्तीसगढ़ में श्रम विभाग द्वारा किए जा रहे व्यापक सुधार यह सिद्ध करता है कि राज्य सरकार श्रमिकों को केवल योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास यात्रा का महत्वपूर्ण सहभागी मानती है। प्रशासनिक ढाँचे का विस्तार, श्रम कानूनों का आधुनिकीकरण, डिजिटल सेवाओं का विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सामाजिक सुरक्षा एवं सम्मानजनक रोजगार जैसी पहलें श्रमिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं। श्रमिकों के कल्याण और सशक्तिकरण के इन प्रयासों से छत्तीसगढ़ समावेशी और संवेदनशील विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

Continue Reading

कोरबा

हरदी बाजार क्षेत्र में बंदर का उत्पाद, वन विभाग और नोवा नेचर की टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

Published

on

कोरबा। कटघोरा वन मण्डल के हरदी बाजार क्षेत्र में पिछले करीब चार – पांच दिनों से एक जंगली बंदर के लगातार उत्पात से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ था, स्थानीय लोगों के अनुसार बंदर राह चलते लोगों, बच्चों और बड़ों को दौड़ाने के साथ उन्हें काटने की कोशिश कर रहा था, इस दौरान क्षेत्र में करीब 4 लोगों को बंदर द्वारा काटे जाने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद लोगों में डर और बढ़ गया था।

बंदर के लगातार आक्रामक व्यवहार को देखते हुए स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी, जिस पर वनमण्डलाधिकारी कटघोरा जितेंद्र कुमार उपाध्याय के निर्देशानुसार उप वनमण्डलाधिकारी हितेश ठाकुर के मार्गदर्शन एवं पाली वन परिक्षेत्र अधिकारी भोगेश्वर बंजारे के नेतृत्व में नोवा नेचर संस्था के जितेंद्र सारथी की टीम के सदस्य बबलू, राकेश एवं कमल मौके स्थल पर पहुंचे।

रेस्क्यू के दौरान बंदर अचानक एक कमरे में प्रवेश कर गया, इसी मौके का फायदा उठाते हुए वन विभाग एवं नोवा नेचर की टीम ने पूरी सावधानी और निर्धारित रेस्क्यू प्रक्रिया का पालन करते हुए बंदर को सफलतापूर्वक जाल से पकड़ कर पिंजड़े में रखा गया फिर उसे प्राकृतिक रहवास जंगल में जाकर छोड़ दिया गया।

बंदर के पकड़े जाने के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली, रेस्क्यू टीम का कहना है कि वन्यजीवों के रिहायशी क्षेत्रों में आने पर उन्हें नुकसान पहुंचाने या मारने के बजाय वन विभाग को तत्काल सूचना देकर सुरक्षित रेस्क्यू कराना चाहिए।

वन्यजीवों का मानव बस्तियों में पहुंचना कई बार भोजन, पानी, आवास क्षेत्र में बदलाव अथवा अन्य कारणों से हो सकता है,ऐसे मामलों में भीड़ लगाना, बंदर को छेड़ना या उसे पकड़ने की कोशिश करना खतरनाक हो सकता है।

इस रेस्क्यू में ड्यूटी रेंजर नमित तिवारी, महेंद्र देवेंगन, नोवा नेचर से बबलू,राकेश मानिकपुरी, कमल चंद्रा की विशेष भूमिका रही।

Continue Reading

कोरबा

छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ के सदस्यों ने परिवार सहित चित्रा मल्टीप्लेक्स में नि:शुल्क देखी हनुमान अंश मूवी

Published

on

चित्रा मल्टीप्लेक्स के संचालक गोपाल मोदी का जताया आभार
कोरबा। नीब करौरी बाबा की बायोपिक और साल की सबसे बड़ी सरप्राइज हिट फिल्म हनुमान अंश का जादू अब सभी वर्ग पर चल रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ के सदस्यों ने परिवार सहित चित्रा मल्टीप्लेक्स पहुंचकर मूवी हनुमान अंश देखी।
चित्रा मल्टीप्लेक्स के संचालक एवं भाजपा नेता गोपाल मोदी ने प्रेस क्लब के सदस्यों के बाद अखबार वितरकों के लिए नि:शुल्क शो रखा था और नि:शुल्क हनुमान अंश देखकर अखबार वितरक एवं उनका परिवार काफी प्रसन्न हुए।
यहां यह बताना लाजिमी होगा कि महज 02 करोड़ के बजट में बनी हनुमान अंश ने बाक्स आफिस पर 400 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर इतिहास रच दिया। फिल्म पूज्य संत नीम करौरी बाबा के जीवन पर आधारित है, जिन्हें भक्त महाराज जी के नाम से पूजते हैं। विशाल चतुर्वेदी द्वारा निर्देशित इस फिल्म में एक दुखी युवक की आध्यात्मिक यात्रा को प्रदर्शित किया गया है।
फिल्म देकर अखबार वितरकों एवं उनके परिवारों ने कहा-हनुमान अंश मात्र फिल्म ही नहीं बल्कि आस्था, सेवा और जीवन के सत्य को समझाने वाली प्रेरणा है। हर रोज सुबह-सुबह लोगों तक खबरें पहुंचाने वाले वितरकों के चेहरे पर फिल्म देखकर सुकून और उत्साह देखा गया।
गोपाल मोदी का जताया आभार

छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ की जिला इकाई के अध्यक्ष विपेन्द्र कुमार साहू ने सभी सदस्यों की ओर से चित्रा मल्टीप्लेक्स के संचालक एवं जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी का ह्दय से आभार जताया और कहा कि श्री मोदी भाजपा के विचारों से ऐसे गढ़े और रंगें हैं कि वे अंतिम व्यक्ति की पूछ परख रखते हैं। उन्होंने निचले तबके में आने वाले अखबार वितरकों की सुध ली और हमें नि:शुल्क हनुमान अंश देखने का अवसर प्रदान किया, यह बड़ी बात है… गोपाल मोदी जी का कोटि-कोटि धन्यवाद!

Continue Reading

कोरबा

अखबार वितरक संघ ने रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया का साल एवं गुलदस्ता देकर स्वागत किया

Published

on

कोरबा/रामपुर। 04 अक्टूबर रविवार को छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ के सदस्यों ने रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया के निज निवास केरवाद्वारी पहुंचकर उनसे सौजन्य मुलाकात की और उनका साल, श्रीफल एवं पुष्प माला से स्वागत किया।
संघ के सदस्यों ने विधायक श्री राठिया से आवश्यक चर्चा की और विधायक श्री राठिया ने समाज के निचले तबके में शामिल अखबार वितरकों की समृद्धि एवं सहायता के लिए सहयोग करने का आश्वासन दिया। श्री राठिया के आवभगत से संघ के सदस्य काफी अभिभूत हुए और उनकी विनम्रता के कायल हुए।
रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया से सौजन्य मुलाकात करने वालों में प्रदेश अध्यक्ष पदम सिंह चंदेल, संरक्षक रेशम साहू, जिला अध्यक्ष विपेन्द्र कुमार साहू, जिला सचिव जय कुमार नेताम, कोषाध्यक्ष लक्ष्मी राठौर, मीडिया प्रभारी रामायण सिंह (रामा), अनिल गिरी, राय सिंह, राकेश साहू, रंजीत पटेल , कृष्णा निर्मलकर, रतन पटेल, दिलभरन सिह, अजय कुमार बरेठ सहित रामपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत अखबार वितरक उपस्थित थे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677