कोरबा/रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरबा के देवपहरी वाटरफॉल में नदी के तेज बहाव के बीच टापू पर फंसे 3 दोस्तों को 15 घंटे बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। तीनों पिकनिक मनाने पहुंचे थे। अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से वे बीच में फंस गए। रातभर टापू पर रहने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने रस्सी के सहारे तीनों का रेस्क्यू किया।
धमतरी जिले के हरदी गांव में वाटरशेड परियोजना के तहत बन रहा एक चेकडैम बारिश के कारण टूट गया। लगभग 42 लाख रुपए की लागत से निर्माणाधीन इस चेकडैम का एक हिस्सा ढह गया है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
पिछले 24 घंटे में बस्तर, रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग में कुछ जगह भारी बारिश रिकॉर्ड की गई। इधर, कोरबा में सोमवार दोपहर से हुई तेज बारिश के कारण दादर नाला, मानिकपुर, डिपरा पारा बाईपास और पोड़ीबहार नाला उफान पर आ गए। दादर नाला किनारे कई घरों में पानी घुस गया।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 दिन प्रदेश में मानसून एक्टिव रहेगा। आज कई इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। इसके बाद बारिश की एक्टिविटी में कमी आने की संभावना है।
धमतरी में बन रहा चेकडैम बारिश के कारण बह गया।
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से टापू में फंसे तीनों दोस्तों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
कोरबा के देवपहरी जलप्रपात में तीनों युवक टापू पर फंसे थे।
कोरबा में सोमवार को लगातार बारिश से घरों में पानी घुस गया।
केलो डैम से छोड़ा गया पानी, निचले इलाकों में अलर्ट
रायगढ़ के केलो डैम में लगातार ज्यादा पानी आ रहा है। इसे देखते हुए जलाशय से पानी छोड़ा जा रहा है। इससे केलो नदी का जलस्तर करीब 3 फीट तक बढ़ने की संभावना है।
जिला प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को नदी, जलभराव वाले क्षेत्रों और संभावित बाढ़ प्रभावित जगहों पर जाने से बचने को कहा गया है। प्रशासन जलस्तर पर नजर रख रहा है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई है।
केलो नदी का बढ़ेगा जलस्तर, निचले इलाकों में अलर्ट।
रायपुर में 120 मिमी बारिश
रायपुर सिटी में पिछले 24 घंटे में 4.7 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई। रायपुर में 2 इंच बारिश भी दर्ज की गई है। रायपुर में आज (25 अगस्त) गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के आसपास रह सकता है।
बस्तर के छोटेडोंगर में 180 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटे में बारिश का सबसे ज्यादा असर बस्तर संभाग में देखने को मिला। छोटेडोंगर में 180 मिमी (7.1 इंच), अंतागढ़ और बास्तानार में 160-160 मिमी (6.3-6.3 इंच), बड़े बचेली में 130 मिमी (5.1 इंच), उसूर में 110 मिमी (4.3 इंच), जगरगुंडा में 110 मिमी (4.3 इंच) और दरभा में 100 मिमी (3.9 इंच) बारिश हुई।
जगदलपुर में भी 50 मिमी (2 इंच) बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं बीजापुर में 100 मिमी (3.9 इंच) और सुकमा में 90 मिमी (3.5 इंच) बारिश हुई।
प्रदेश में अब तक बारिश सामान्य
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में बारिश अब-तक सामान्य से 4% कम है। हालांकि इसे सामान्य श्रेणी में रखा गया है। अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड हुआ।
छत्तीसगढ़ में बारिश का पूरा हिसाब: 4 जिले एक्सेस, 4 में कमी
छत्तीसगढ़ में मानसून के दौरान अब तक 832.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है। सामान्य बारिश का आंकड़ा 866.4 मिमी है। इस हिसाब से प्रदेश में बारिश 4% कम है, लेकिन इसे मौसम विभाग ने सामान्य श्रेणी में रखा है।
जिलेवार आंकड़ों में बारिश का अंतर काफी ज्यादा है। बालोद, बलौदाबाजार, बलरामपुर, महासमुंद, मुंगेली, नारायणपुर और सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है, जबकि बेमेतरा, जशपुर, कांकेर और सूरजपुर में बारिश सामान्य से काफी कम है।
सबसे ज्यादा बारिश नारायणपुर में, 1220 मिमी रिकॉर्ड
प्रदेश में अब तक सबसे ज्यादा बारिश नारायणपुर में 48.0 इंच दर्ज हुई है। यहां सामान्य बारिश 36.7 इंच है। यानी सामान्य से 31% ज्यादा बारिश हुई है। इसके बाद बलरामपुर में 43.0 इंच, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 41.9 इंच, बीजापुर में 41.8 इंच और महासमुंद में 38.4 इंच बारिश दर्ज हुई है।
बेमेतरा में सबसे कम बारिश
बारिश की कमी के मामले में बेमेतरा सबसे आगे है। यहां अब तक 18.8 इंच बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश 31.1 इंच है। यानी बारिश 40% कम है। इसके बाद सूरजपुर में 20.8 इंच बारिश हुई है, जो सामान्य से 41% कम है। जशपुर में 26.7 इंच यानी 33% और कांकेर में 25.4 इंच यानी 37% कम बारिश हुई है।
इन जिलों में भी बारिश कम
प्रदेश के कुछ अन्य जिलों में भी सामान्य से कम बारिश रिकॉर्ड हुई है। कबीरधाम में 16%, कोंडागांव में 16%, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 17%, कोरिया में 19%, कोरबा में 10%, रायगढ़ में 4% और सक्ती में 2% कमी है।
हालांकि इन जिलों में बारिश को मौसम विभाग ने सामान्य श्रेणी में रखा है।
रायपुर में सामान्य से 15% ज्यादा बारिश
रायपुर में अब तक 34.3 इंच बारिश हुई है। सामान्य बारिश 29.8 इंच है। यानी रायपुर में सामान्य से 15% ज्यादा बारिश दर्ज हुई है। वहीं गरियाबंद में 36.0 इंच बारिश हुई है, जो सामान्य से 16% ज्यादा है। धमतरी में 31.6 इंच यानी 2% ज्यादा बारिश हुई है।
आंकड़ों में कम, लेकिन कैटगरी में बारिश सामन्य
बारिश के आंकड़ों में सिर्फ यह देखना जरूरी नहीं होता कि कितने मिलीमीटर पानी गिरा। किसी जिले में बारिश सामान्य है या कम-ज्यादा, यह उसके लंबे समय के औसत यानी सामान्य आंकड़े से तुलना करके तय किया जाता है।
आमतौर पर सामान्य से 19% तक का अंतर सामान्य, 20% से 59% ज्यादा बारिश एक्सेस और 20% या उससे ज्यादा कमी डेफिशिएंट मानी जाती है।
इसलिए किसी जिले में 31.5 इंच बारिश होने के बावजूद वह सामान्य से कम हो सकती है, जबकि दूसरे जिले में यही बारिश सामान्य से ज्यादा हो सकती है। इसका कारण दोनों जिलों की सामान्य बारिश अलग-अलग होना है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत सैकड़ों छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश देने “विकसित भारत 2047” थीम पर बनाई विशाल मानव श्रृंखला
कोरबा। जिले में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दिनांक 07.10.2026 को घंटाघर चौक कोरबा में सैकड़ों छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने राष्ट्रीय एकता,अखंडता एवं देशभक्ति का संदेश देने “विकसित भारत 2047 “थीम पर केंद्रित विशाल मानव श्रृंखला बनाई। विशाल मानव श्रृंखला में सम्मिलित अधिकारी-कर्मचारियों, विभिन्न महाविद्यालयों, विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं युवाओं,माय भारत युवा कार्यक्रम के युवा वालेंटियर्स ने एक दूसरे का हाथ थामकर कर देशभक्ति के नारे बुलंद कर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
विशाल मानव श्रृंखला निर्माण कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन, ओएसडी तरुण कुमार किरण आईएएस, संयुक्त कलेक्टर टीआर भारद्वाज, एसडीएम कोरबा सरोज महिलांग, डिप्टी कलेक्टर अभिषेक राठौर,आरटीओ अतुल कुमार असैय्या,सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्रीकांत कसेर, जिला शिक्षा अधिकारी टीपी उपाध्याय, माय भारत युवा कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, प्राचार्यगण, सहायक प्राध्यापकगण, व्याख्यातागण, शिक्षकगण सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, युवाजन एवं माय भारत युवा कार्यक्रम के वालेंटियर्स उपस्थित थे।
कोरबा। भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में कोरबा जिले में दिनांक 5 अक्टूबर 2026 से प्रारंभ कर 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान ( Special Drive For Voter Registration) व्यापक रूप से संचालित किया जा रहा हैं।
इस कड़ी में दिनांक 07 अक्टूबर 2026 को शासकीय ई व्ही पी जी कॉलेज कोरबा में सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह की उपस्थिति में युवा छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची के “विशेष अभियान” में जोड़ने के लिए तथा मतदाता सूची में पंजीकरण के लिए मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने युवा छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए मज़बूत लोकतंत्र के निर्माण में युवाओं के महत्व को बताया। श्री सिंह ने कहा कि जिले में मतदाता सूची से छूटे हुए सभी पात्र नागरिकों तथा पहली बार मतदाता बनने के लिए पात्र बने युवाओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान दिनांक 5 अक्टूबर 2026 से प्रारंभ होकर 31 अक्टूबर 2026 तक चलाया जाएगा। इस विशेष पंजीकरण अभियान के अंतर्गत मतदाता पंजीकरण हेतु मतदाता सूची में वर्तमान में अपंजीकृत व्यक्ति या जिसका नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया हो, ऐसा कोई भी व्यक्ति इस विशेष अभियान के दौरान पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकता हैं। ऐसे मतदाताओं का चिन्हांकन कर, उनके पंजीकरण का कार्य किया जा रहा हैं। उन्होंने युवा छात्र-छात्राओं से अपने परिवार, समुदाय तथा अपने संपर्क के 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं का मतदाता सूची में पंजीकरण करवाने के लिए आव्हान किया।
सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि विशेष पंजीकरण अभियान के तहत मतदान केंद्रों के बूथ लेवल अधिकारी BLO घर-घर भ्रमण करके मतदाता सूची के निरंतर अद्धतीकरण की प्रक्रिया में सभी पात्र नागरिकों का पंजीकरण करना सुनिश्चित करेंगे। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना हैं कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पात्र नए युवा मतदाता फॉर्म-6 के माध्यम से पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने युवा छात्र-छात्राओं को बताया कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र नागरिकों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध हैं। पात्र नागरिक मोबाइल एप अथवा निर्वाचन आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल पर नए मतदाता पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भरने के साथ आवेदन की स्थिति देखने और मतदाता सूची में अपना नाम खोजने जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। कार्यक्रम में सभी युवाओं से अपील की गई हैं कि वें मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें और नाम शामिल नहीं होने की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत् अपना पंजीकरण अवश्य कराएं। सभी मतदान केंद्रों में ऑफलाइन आवेदन के लिए भी फॉर्म- 6 बीएलओ, ईआरओ, एईआरओ, जिला निर्वाचन कार्यालय के माध्यम से उपलब्ध हैं। इस विशेष पंजीकरण अभियान में 17 वर्ष आयु से अधिक के युवाओं के लिए सभी शासकीय-अशासकीय हायर सेकेंडरी स्कूलों, महाविद्यालयों में भी प्राचार्य के माध्यम से पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भरा जा सकता हैं। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एल एन कंवर एवं सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने सभी युवाओं को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में महाविद्यालय के स्वीप नोडल अधिकारी बलराम कुर्रे, ई एल सी के कोऑर्डिनेटर डॉ. दिनेश श्रीवास सहित महाविद्यालय के स्वीप कैम्पस एंबेसडर, स्वीप यूथ टीम, छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
भारी यातायात वाले मार्ग की उपेक्षा, महापौर के वार्ड में सड़क निर्माण पर करोड़ों की प्राथमिकताओं को लेकर कांग्रेस का सवाल कोरबा। नगर निगम क्षेत्र में सड़क निर्माण की प्राथमिकताओं, गुणवत्ता और कथित अनियमितताओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं पार्षदों ने वार्ड क्रमांक 4, राताखार में निर्माणाधीन सीसी सड़क स्थल पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। सड़क से गिट्टी उखड़ने की स्थिति को दिखाते हुए कांग्रेसजनों ने झाड़ू लगाकर निगम प्रशासन के निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। कांग्रेस जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर ने कहा कि जिस क्षेत्र में भारी वाहनों, विशेषकर ट्रकों का आवागमन अधिक है और सड़क संकरी होने के कारण आम नागरिकों को परेशानी होती है, वहां सड़क चौड़ीकरण के लिए लगभग दो करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से प्रस्तावित कार्य को प्राथमिकता दी जानी चाहिए थी।
कांग्रेस का आरोप है कि उक्त कार्य को जश्न रिसॉर्ट क्षेत्र से हटाकर वार्ड क्रमांक 4, राताखार में स्थानांतरित कर दिया गया, जहां स्वयं महापौर निवास करती हैं। इस निर्णय ने नगर निगम की कार्यप्रणाली और विकास कार्यों की प्राथमिकताओं पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण में हो रही इस प्रकार की अनियमितताओं से निगम आयुक्त को पहले ही अवगत कराया जा चुका है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राताखार में बन रही सीसी सड़क में न तो समुचित नाली व्यवस्था दिखाई दे रही है और न ही निर्माण की गुणवत्ता संतोषजनक नजर आ रही है। सड़क के जिस हिस्से का निर्माण पूरा किया जा रहा है, वहां गिट्टी एवं बजरी का सीमेंट से पकड़ छोड़ना और सड़क की सतह से सामग्री उखड़ना निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है। पूर्व की अपेक्षा सड़क की चौड़ाई कम किये जाने से स्थानीय निवासियों के आवागमन में परेशानी हो रही है और सड़क की टिकाऊ क्षमता को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सड़क निर्माण केवल बजट खर्च करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता को सुरक्षित और टिकाऊ सुविधा देने की जिम्मेदारी है। यदि निर्माण पूरा होते ही सड़क की सामग्री उखड़ने लगे, जल निकासी की व्यवस्था न हो और लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़े, तो संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी की जवाबदेही तय होनी चाहिए। जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों एवं कांग्रेस पार्षदों ने मांग की, कि निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए, गुणवत्ता के मानकों का परीक्षण हो, दोषपूर्ण निर्माण को नियमानुसार सुधारा जाए तथा जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही, भारी यातायात वाले संकरे मार्ग के चौड़ीकरण की मूल योजना और उसे स्थानांतरित करने के निर्णय का कारण सार्वजनिक किया जाए। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि जनधन से होने वाले विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जनसुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। जनता के पैसे से बनने वाली सड़क यदि जनता के लिए परेशानी का कारण बन जाए, तो नगर निगम प्रशासन को इसका जवाब देना होगा। इस विरोध प्रदर्शन में कोरबा जिला कांग्रेस अध्यक्ष शहर मुकेश कुमार राठौर, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, ब्लाक अध्यक्ष ए.डी.जोशी, पालूराम साहू, मंडल अध्यक्ष देवीदयाल सोनी, बुधेश्वर प्रसाद चौहान, मनीष शर्मा, बालको ब्लाक गिरधारी लाल बरेठ, मो.यासीन, पार्षद रविसिंह चंदेल, नारायण लाल कुर्रे, रामगोपाल कुर्रे, सुखसागर निर्मलकर, डॉ. गोपाल, अनुज जयसवाल, आरिफ खान, अश्वनी बंजारे, मीडिया प्रभारी सुखनंदन सोनकर, सुभाष राठौर,मनहरण राठौर, मुकेश लहरी,भूपसिंह चौधरी, सचिव कुर्रे,हिमांशु सिंह, मोहन चन्द्र, लक्ष्मण, हरवेन्द्र सिंह, पूर्व पार्षद मस्तूल्सिंह कँवर, आकाश प्रजापति, नितेश यादव, कुलदीप राठौर, पुष्प पत्रे, सुभद्रा सिंह, बीना, श्रद्धा यादव, अनीता, शुकवारा सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।