Connect with us

कोरबा

प्रोजेक्ट दिशा के तहत शासकीय विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगी निःशुल्क आवासीय जेईई एवं नीट कोचिंग

Published

on

10वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों को दो वर्ष तथा 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों को एक वर्ष की आवासीय कोचिंग सुविधा

ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 सितंबर

कोरबा 08 सितम्बर 2026। कोरबा जिला आदिवासी बाहुल्य एवं औद्योगिक जिला है। जिले के अनेक प्रतिभाशाली विद्यार्थी ग्रामीण, वनांचल एवं दूरस्थ क्षेत्रों में निवास करते हुए शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत हैं। आर्थिक स्थिति, भौगोलिक दूरी तथा गुणवत्तापूर्ण प्रतियोगी परीक्षा मार्गदर्शन की सीमित उपलब्धता के कारण कई मेधावी विद्यार्थी जेईई एवं नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्थित तैयारी नहीं कर पाते हैं।
इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा “प्रोजेक्ट दिशा” के अंतर्गत शासकीय विद्यालयों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को जेईई एवं नीट की पूर्णतः निःशुल्क आवासीय कोचिंग उपलब्ध कराने की पहल की गई है। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक एवं सामाजिक रूप से वंचित, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मेडिकल एवं इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण, विशेषज्ञ मार्गदर्शन, अध्ययन सामग्री एवं आवासीय सुविधा उपलब्ध कराना है।
योजना के अंतर्गत शासकीय विद्यालयों से कक्षा 10वीं उत्तीर्ण कर कक्षा 11वीं में गणित अथवा जीव विज्ञान संकाय में अध्ययनरत विद्यार्थियों में से कक्षा 10वीं में न्यूनतम 75 प्रतिशत प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का मेरिट के आधार पर चयन किया जाएगा। इनमें 50 विद्यार्थियों का चयन जेईई तथा 50 विद्यार्थियों का चयन नीट की कोचिंग के लिए किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को दो वर्ष की निःशुल्क आवासीय कोचिंग प्रदान की जाएगी। जेईई के लिए गणित संकाय तथा नीट के लिए जीव विज्ञान संकाय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की आवश्यकताओं के अनुरूप विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसी प्रकार कक्षा 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों में से न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का मेरिट के आधार पर चयन किया जाएगा। इनमें 25 विद्यार्थियों का चयन जेईई तथा 25 विद्यार्थियों का चयन नीट की कोचिंग के लिए किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को एक वर्ष की निःशुल्क आवासीय कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। ड्रॉपर बैच के विद्यार्थियों के लिए कक्षा 12वीं में न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है। ड्रॉपर बैच में इस वर्ष नीट अथवा जेईई की तैयारी के लिए ड्रॉप लेने वाले विद्यार्थी पात्र होंगे। अभ्यर्थी का कोरबा जिले का पात्र निवासी होना आवश्यक है तथा चयन पूर्ववर्ती कक्षा के अंकों के आधार पर तैयार मेरिट सूची से किया जाएगा। इस प्रकार प्रोजेक्ट दिशा के अंतर्गत कुल 150 मेधावी विद्यार्थियों को लाभान्वित किया जाएगा। विद्यार्थियों का चयन निर्धारित पात्रता एवं प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा।
योजना के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 सितंबर 2026 है और कक्षाएँ अक्टूबर 2026 से प्रारंभ होने की संभावित है। इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थी  नीट अथवा जेईई कोचिंग के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी अपने  विद्यालय के प्राचार्य, संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारी अथवा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, कोरबा से संपर्क कर सकते है। योजना का उद्देश्य कोरबा के प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कराकर नीट एवं  जेईई शिक्षा के प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश के लिए सक्षम बनाना है। अधिक जानकारी के लिए सहायक परियोजना समन्वयक श्रीमती श्रद्धा शर्मा, मोबाइल नंबर  9329086391 से सम्पर्क किया जा सकता है।
चयनित विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही जेईई एवं नीट परीक्षाओं के अनुरूप विषयवार अवधारणाओं की समझ, प्रश्नों के नियमित अभ्यास, मॉक टेस्ट, समय प्रबंधन तथा परीक्षा रणनीति पर विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इससे विद्यार्थी स्कूली शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से कर सकेंगे।
जिला प्रशासन की इस पहल के तहत विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण कोचिंग के साथ निःशुल्क आवासीय सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे ग्रामीण, वनांचल एवं दूरस्थ क्षेत्रों तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर प्रतियोगी परीक्षा तैयारी का समान अवसर प्राप्त होगा।

Continue Reading

कोरबा

CG Forest Department Pramotion: छत्तीसगढ़ वन विभाग में 18 रेंजरों को प्रमोशन, बने सहायक वन संरक्षक

Published

on

रायपुर/कोरबा। CG Forest Department Pramotion: छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग (Forest and Climate Change Department) ने 18 वन क्षेत्रपालों को प्रमोशन दिया है।

CG Forest Department Pramotion: छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग (Forest and Climate Change Department) ने 18 वन क्षेत्रपालों को पदोन्नति दी है। इन अधिकारियों को वन क्षेत्रपाल (Forest Ranger) से सहायक वन संरक्षक यानी ACF (Assistant Conservator of Forests) के पद पर प्रमोशन दिया गया है। विभाग ने 7 सितंबर 2026 को इसका आदेश जारी किया।

18 रेंजरों को मिला प्रमोशन

जारी आदेश के अनुसार 18 अधिकारियों की पदोन्नति (CG Forest Department Pramotion) की गई है। इनमें विभिन्न वन मंडलों में तैनात वन क्षेत्रपाल शामिल हैं। प्रमोशन के बाद इन्हें सहायक वन संरक्षक (CG Forest Department Pramotion) के पद पर नियुक्त किया जाएगा।

किन अधिकारियों को मिली पदोन्नति

पदोन्नति पाने वालों में राममूर्ति घघेल, मृत्युंजय शर्मा, जोगेश्वर भट, राजेंद्र कुमार रावत, कुंवर बहादुर सिंह, अभिषेक कुमार दुबे, देव सिंह ठाकुर, निखिल सक्सेना, पुष्पेंद्र चंद्र गोस्वामी, प्रतीक वर्मा, मनीष सिंह, अनुराग वर्मा, ज्योति गुप्ता, तीरथराज साहू, किशोर कुमार साहू, धीरेंद्र साहू, सौरभ रजक और ऋषि माधुरी सिंह शामिल हैं।

Continue Reading

कोरबा

1028.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज

Published

on

कोरबा 08 सितंबर 2026। कोरबा जिले में एक जून से आज तक कुल 1028.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई।
अधीक्षक भू-अभिलेख से मिली जानकारी के अनुसार उक्त अवधि में जिले की तहसील अजगरबहार में 918.1, कोरबा 1384.1 मिलीमीटर, भैंसमा, 1148.2, करतला 1132.9, बरपाली 895.6, कटघोरा 1001.2, दीपका 1090.6, दर्री 1119.6, पाली 1017.3, हरदीबाजार 797.8, पोंड़ी उपरोड़ा 976.8, और पसान तहसील में 856.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसी तरह पिछले 24 घंटे में जिले में 1.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है।

Continue Reading

कोरबा

ध्यानचंद चौक से रिसदी चौक तक सड़क निर्माण का कलेक्टर-एसपी ने किया निरीक्षण

Published

on

ध्यानचंद चौक से बजरंग चौक एवं रिसदा से रिसदी चौक तक सड़क निर्माण का कलेक्टर-एसपी ने किया निरीक्षण

ढेंगुरनाला-बेलगिरी पुल का भी लिया जायजा, डायवर्सन और सड़क निर्माण को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
कोरबा, 08 सितम्बर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने आज ध्यानचंद चौक से रूमगरा होते हुए बालको के बजरंग चौक तथा रिसदा चौक से रिसदी चौक तक निर्माणाधीन सड़क का पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति एवं सड़क की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा शीघ्रता से कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान आम नागरिकों एवं अन्य वाहनों के सुचारू आवागमन के लिए उचित डायवर्सन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री दुदावत ने सड़क पर उतरकर निर्माण कार्य का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने हाल ही में हुई बारिश के कारण सड़क के प्रभावित हिस्सों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग तथा विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने तक आम नागरिकों की सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए। सड़क की स्थिति का नियमित निरीक्षण करते हुए जहां आवश्यक हो, तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि आवागमन सुचारू बना रहे और नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ध्यानचंद चौक से रिसदी चौक तक लगभग 5.74 किलोमीटर लंबी निर्माणाधीन टू-लेन सीसी सड़क का निर्माण निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण सड़क तैयार करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर एवं एसपी ने निरीक्षण के दौरान ढेंगुरनाला-बेलगिरी पुल का भी अवलोकन किया। कलेक्टर ने पुल पर सड़क की स्थिति तथा आवश्यक मरम्मत कार्यों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक मरम्मत शीघ्र कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सेतु लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को रिसदा-बेलगिरी पुल पर आवागमन को सुचारू बनाने तथा पुल के आसपास बने गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। इसी तरह बजरंग चौक परसाभाठा क्षेत्र में भी आवागमन सुचारू रखने के लिए सड़क निर्माण के दौरान बेहतर डायवर्सन व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उल्लेखनीय है कि ध्यानचंद चौक से बालको के बजरंग चौक तथा रिसदा से रिसदी चौक तक कुल 5.74 किलोमीटर सड़क को टू-लेन सीसी सड़क के रूप में विकसित करने के लिए जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से लगभग 29 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। सड़क निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगति पर है। वहीं ढेंगुरनाला एवं बेलगिरी पुल के मरम्मत कार्य के लिए भी कार्यादेश जारी किया जा चुका है तथा शीघ्र ही मरम्मत कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता जी.आर. जांगड़े, परिवहन अधिकारी अतुल कुमार असैय्या, एसडीओ राकेश द्विवेदी सहित नगर निगम, सेतु लोक निर्माण विभाग एवं बालको के अधिकारी उपस्थित रहे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677