Connect with us

कोरबा

आशीर्वाद का दीया’ से जगमगाया कोरबा, जनसेवा के प्रति कृतज्ञता और विकसित भारत का लिया संकल्प

Published

on

घंटाघर चौक पर 51 हजार से अधिक दीयों से सजा भव्य आयोजन, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक हुए शामिल
कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आज कोरबा जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कोरबा नगर के हृदय स्थल घंटाघर चौक परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उद्योग, वाणिज्य एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री तथा कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में 51 हजार से अधिक दीये प्रज्वलित किए गए। हजारों दीपों की रोशनी से पूरा घंटाघर चौक परिसर जगमगा उठा और आयोजन स्थल उत्सवी वातावरण से सराबोर रहा।

कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डां. पवन सिंह कंवर, जनप्रतिनिधि गोपाल मोदी, पार्षदगण, कलेक्टर कुणाल दुदावत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन, नगर पालिक निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
जनसेवा के प्रति कृतज्ञता और विकसित भारत का संकल्प

आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का उद्देश्य जनसेवा की भावना के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने तथा ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाना है। कार्यक्रम के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उनके लाभों की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाने का संदेश भी दिया गया।
इसी क्रम में जिले के विभिन्न नगरीय निकायों, जनपद पंचायत क्षेत्रों एवं शासकीय कार्यालयों में भी सामूहिक दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए गए।

जिले में साढ़े पांच लाख से अधिक दीये किए गए प्रज्वलित

जिला प्रशासन द्वारा जिलेभर में कुल 5 लाख 50 हजार दीये प्रज्वलित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। जिले के 11 प्रमुख स्थलों पर 1 लाख 17 हजार 700 दीयों का सामूहिक प्रज्वलन किया गया। इसके अतिरिक्त नागरिकों द्वारा अपने-अपने घरों में भी दीप प्रज्वलित किए गए।
नागरिकों तक दीये पहुंचाने के लिए राशन दुकानों, आरोग्य मंदिरों एवं गैस केंद्रों के माध्यम से भी व्यवस्था की गई थी। नगर पालिक निगम कोरबा के घंटाघर चौक के अलावा कटघोरा के राधासागर तालाब एवं शिव मंदिर परिसर, बांकीमोंगरा के गजरा ग्राउंड तथा दीपका के राधासागर तालाब एवं पुष्प वाटिका में भी सामूहिक दीप प्रज्वलन किया गया।

दीपों की रोशनी में दिखी जनभागीदारी

घंटाघर चौक परिसर में एक साथ हजारों दीये प्रज्वलित होते ही पूरा क्षेत्र रोशनी से जगमगा उठा। ‘आशीर्वाद का दीया’ के रूप में सजे दीपों ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। बड़ी संख्या में नागरिकों ने कार्यक्रम में सहभागिता कर जनभागीदारी की भावना को मजबूत किया।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। दीप प्रज्वलन के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।

‘आशीर्वाद का दीया’ सेवा, संकल्प और राष्ट्र निर्माण की भावना का प्रतीक -मंत्री देवांगन

इस अवसर पर उद्योग, वाणिज्य एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस तथा सार्वजनिक जीवन में निरंतर सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह दीपक जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और देश के विकास के प्रति कृतज्ञता एवं शुभकामनाओं का प्रतीक है।
श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी संभाली और वर्ष 2014 से देश के प्रधानमंत्री के रूप में सेवा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, अक्टूबर 2025 में उन्होंने सरकार के प्रमुख के रूप में सेवा के 25वें वर्ष में प्रवेश किया था।
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों तक सुविधाएं पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प देश के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से साकार होगा। सेवा संकल्प अभियान इसी भावना को जनभागीदारी से जोड़ने का अवसर है।

कोरबा के विकास में भी दिख रहा सेवा और विकास का संकल्प

श्री देवांगन ने कहा कि कोरबा जिले में जिला खनिज न्यास के माध्यम से विभिन्न विकास कार्यों को गति मिली है। इसके अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूल भवनों, स्वास्थ्य सुविधाओं, आश्रम-छात्रावासों, पुल-पुलिया सहित अनेक विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए भी जिला खनिज न्यास से स्वीकृति दी गई है। 15 अक्टूबर के बाद सड़क मरम्मत के कार्यों में तेजी लाई जाएगी। जिले में आवागमन और बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाना हमारी प्राथमिकता है।

साढ़े पांच लाख से अधिक दीयों से रोशन हुआ जिला

मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि आज कोरबा जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से बड़ी संख्या में दीप प्रज्वलित किए गए। मुख्य आयोजन स्थल पर 51 हजार से अधिक दीये जलाए गए, जबकि जिलेभर में साढ़े पांच लाख से अधिक दीयों के प्रज्वलन का लक्ष्य रखा गया था। उन्होंने कहा कि नागरिकों ने अपने घरों में भी दीप जलाकर सहभागिता की। यह सामूहिक सहभागिता सेवा और संकल्प की भावना को और मजबूत करती है।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। अभियान के दौरान सेवा, जनकल्याण एवं जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं तथा उनके लाभों की जानकारी अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं की सही जानकारी नागरिकों तक पहुंचने से पात्र हितग्राही उनका लाभ लेने के लिए आगे आ सकेंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से सेवा, जनभागीदारी और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में अपनी सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

कोरबा के लिए गौरव का अवसर- महापौर

महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि आज कोरबा के लिए खुशी और गौरव का अवसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं उनके सार्वजनिक जीवन में निरंतर सेवा के 25 वर्ष के अवसर पर कोरबा के हृदयस्थल घंटाघर चौक में 51 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित कर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाला सेवा संकल्प अभियान सेवा, सुशासन, जनकल्याण और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि आज प्रज्वलित किए गए दीप जनभागीदारी और शुभकामनाओं के प्रतीक हैं।
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम ने कोरबा में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत को दीपों की रोशनी, जनभागीदारी और सामूहिक संकल्प के साथ विशेष स्वरूप प्रदान किया।


गोपाल मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि  राष्ट्र प्रथम की भावना और सेवा को संकल्प मानने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  के जन्मदिवस पर उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को नमन करते हैं। वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री और वर्ष 2014 से देश के प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने विकास को नई गति दी। जन-धन योजना, उज्ज्वला योजना, भारतमाला, राष्ट्रीय राजमार्ग और एक्सप्रेस-वे जैसी उल्लेखनीय कार्याे से जनसुविधाओं और आधारभूत संरचना का विस्तार हुआ। देश ने आर्थिक, तकनीकी, स्वास्थ्य और रक्षा के क्षेत्र में भी तेजी से प्रगति की है।
राम मंदिर निर्माण, अनुच्छेद 370 से जुड़े संवैधानिक बदलाव और तीन तलाक के खिलाफ कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों ने देश के इतिहास में नई दिशा दी। ‘आत्मनिर्भर भारत’ और 2047 तक ‘विकसित भारत’ का संकल्प जनभागीदारी से ही साकार होगा। हम सभी मिलकर इस संकल्प को पूरा करने में अपना योगदान दें, यही प्रधानमंत्री श्री मोदी के प्रति सच्ची शुभकामना और राष्ट्रसेवा है।”

सम्मान एवं दीपमाला का आयोजन

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले स्वच्छता कर्मियों को स्वच्छता किट एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में कृष्णा देवी, गीता कश्यप, रमिला देवी, सरिता प्रजापति, सरस्वती पटेल, कुंवर सिंह, रंगीला नेगी, रगैया, वनिता लावरिया एवं राम नरेश शामिल रहे।

इसी अवसर पर सुंदर एवं आकर्षक रंगोली के माध्यम से भारत के मानचित्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चित्र उकेरने के लिए मनीषा अग्रवाल, सोनिया महंत, अदिति गर्ग, महावीर एवं उनके साथियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने 51 हजार दीपो से सजी भव्य दीपमाला एवं कार्यक्रम स्थल पर बनाई गई आकर्षक रंगोली का अवलोकन किया। रंगोली में भारत के मानचित्र के भीतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सुंदर चित्र उकेरा गया था, जिसे देखकर अतिथियों ने कलाकारों की प्रतिभा और रचनात्मकता की सराहना की।

Continue Reading

कोरबा

06 नवम्बर को भगवान धनवंतरी जयंती पर प्रज्ञा संजीवनी-वन औषधालय पाली में चिकित्सा शिविर का होगा आयोजन

Published

on

कोरबा/पाली। प्रज्ञा संजीवनी-वन औषधालय पाली के संचालक एवं पारंपरिक चिकित्सा विशेषज्ञ वैद्यराज रामफल पटेल आरोग्य के देवता भगवान श्री धनवंतरी के अनंत उपासक हैं और उनकी कृपा से ही वैद्यराज रामफल पटेल क्षेत्र में पारंपरिक चिकित्सा के माध्यम से हजारों लोगों को गंभीर बीमारियों से निजात दिलाई।
इस वर्ष भी वैद्यराज रामफल पटेल 06 नवम्बर 2026 को आरोग्य के देवता भगवान श्री धनवंतरी जयंती पर पाली बस स्टैण्ड स्थित स्वयं की संस्थान प्रज्ञा संजीवनी-वन औषधालय प्रांगण में विशाल आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आयोजन करने जा रहे हैं।
वैद्यराज श्री पटेल ने बताया कि भगवान श्री धनवंतरी विश्व के प्रथम चिकित्सक हैं और सनातन काल में वे देवताओं का ईलाज दुर्लभ जड़ी बुटियों से करते थे। कलयुग में कई गंभीर बीमारियों से निजात दिलाने के लिए ही उन्होंने आयुर्वेद का निर्माण किया, जिसमें सभी रोगों का ईलाज बताया गया है। वैद्यराज रामफल पटेल ने बताया कि आरोग्य के देवता होने के कारण उनकी पूजा मात्र से ही लोगों को आरोग्य की प्राप्ति होती है।
शिविर के मुख्य अतिथि होंगे डॉ. पवन सिंह
06 नवम्बर को धनवंतरी जयंती पर पाली बस स्टैण्ड स्थित प्रज्ञा संजीवनी-वन औषधालय परिसर में विशाल आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें नाड़ी परीक्षण के साथ आवश्यक आयुर्वेद दवाईयों का वितरण किया जाएगा और विभिन्न बीमारियों के बारे में जानकारी दी जाएगी और उनके निदान का उपाय भी वैद्यराज रामफल पटेल द्वारा बताया जाएगा।
इस चिकित्सा शिविर का शुभारंभ जिला पंचायत कोरबा अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह करेंगे।
वैद्यराज रामफल पटेल की अपील
वैद्यराज रामफल पटेल ने क्षेत्र के समस्त लोगों से अपील करते हुए चिकित्सा शिविर में शामिल होने का आग्रह किया है और चिकित्सा शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। वैद्यराज रामफल पटेल ने बताया कि पारंपरिक चिकित्सा पद्धति से पुरानी से पुरानी बीमारी ठीक हो जाती है। उन्होंने यह भी बताया कि कैंसर जैसी लाईलाज बीमारी का ईलाज पारंपरिक चिकित्सा पद्धति में संभव है।

Continue Reading

कोरबा

परियोजना पसान अंतर्गत आंगनबाड़ी सहायिका पद पर भर्ती हेतु आवेदन आमंत्रित

Published

on

कोरबा 04 नवंबर 2026। एकीकृत बाल विकास परियोजना पसान अंतर्गत आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती हेतु आवेदन पत्र 11 नवंबर से 26 नवंबर 2026 तक आमंत्रित किये गये हैं।
एकीकृत बाल विकास परियोजना कार्यालय पसान से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पसान के आंगनबाड़ी केन्द्र बोकमुड़ी एवं ग्राम तनेरा के आंगनबाड़ी केन्द्र बिलासपुर मोहल्ला में आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती हेतु आवेदन पत्र मंगाये गये हैं।
इच्छुक आवेदिका पोर्टल https://aww.e-bharti.in/  में पंजीयन कर आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के उपरांत प्राप्त होने वाले आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किया जायेगा।इस संबंध में अधिक जानकारी हेतु एकीकृत बाल विकास परियोजना कार्यालय पसान से संपर्क किया जा सकता है।

Continue Reading

कोरबा

बुधवारी मैदान के पास रेत से भरे ट्रैक्टर को रोकने के विवाद में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष, सीएसईबी चौकी पुलिस की त्वरित कार्रवाई में दोनों पक्षों के 10 आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

Published

on

  • रेत से भरे ट्रैक्टर को रोककर रेत खाली कराने की बात पर आधी रात को भिड़े थे दोनों गुट
  • ईंट-पत्थर, डंडे, बेल्ट एवं कड़े से एक-दूसरे पर किया गया था प्राणघातक हमला
  • दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर हत्या के प्रयास, बलवा सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर सभी आरोपियों को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर

रेत खाली कराने की बात पर शुरू हुआ विवाद, दोनों पक्षों में हुई हिंसक झड़प

कोरबा। दिनांक 02 एवं 03 नवंबर 2026 की दरम्यानी रात बुधवारी दशहरा मैदान के पास रेत से भरे ट्रैक्टर को रोकने एवं रेत खाली कराने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर, डंडे, चमड़े के बेल्ट एवं अन्य वस्तुओं से हमला कर दिया, जिसमें कई लोगों को चोटें आईं।

दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर काउंटर मामला दर्ज

प्रथम पक्ष के प्रार्थी राजेन दास निवासी ढोढीपारा द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसके ट्रैक्टर चालक को यशवंत कश्यप उर्फ लक्की, संतोष चंद्रा एवं विक्रम कश्यप ने अपने साथियों के साथ रोककर रेत खाली करने की बात पर विवाद एवं गाली-गलौज की। चालक की सूचना पर जब राजेन दास अपने साथियों के साथ बुधवारी मैदान के पास पहुंचा, तो आरोपियों द्वारा एकजुट होकर ईंट-पत्थर, डंडा, चूड़ा एवं पंच से प्राणघातक हमला किया गया, जिससे राजेन दास सहित अन्य लोगों को चोटें आईं।

वहीं, द्वितीय पक्ष के प्रार्थी विक्रम कश्यप निवासी काशीनगर द्वारा भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि ट्रैक्टर से रेत खाली कराने की बात पर हुए विवाद के दौरान दीपक सिंह, सोहेब अहमद, गौरीलाल चौहान, पुरनदास महंत, आदित्य सिंघानिया, राजेन उर्फ राजेन्द्र दास एवं यश पाटले द्वारा एक राय होकर गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्का, चमड़े के बेल्ट एवं ईंट के टुकड़ों से हमला किया गया।

सीएसईबी चौकी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दोनों पक्षों के 10 आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सहायता केंद्र (चौकी) सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया गया। दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर पृथक-पृथक अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

प्रथम पक्ष की रिपोर्ट पर धारा 109(1), 296, 115(2), 351(3), 126(2), 3(5) बीएनएस तथा द्वितीय पक्ष की रिपोर्ट पर धारा 296, 351(3), 115(2), 109(1), 191(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।

पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल 10 आरोपियों को दिनांक 03.11.2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त ईंट का टुकड़ा एवं चमड़े का बेल्ट जप्त किया गया। सभी गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी – प्रथम प्रकरण (03)

  1. यशवंत कश्यप उर्फ लक्की पिता संतोष कश्यप, उम्र 26 वर्ष, निवासी काशीनगर नीलगिरी के पास, थाना सिविल लाइन रामपुर, कोरबा।
  2. विक्रम कश्यप पिता संतोष कश्यप, उम्र 23 वर्ष, निवासी काशीनगर नीलगिरी के पास, थाना सिविल लाइन रामपुर, कोरबा।
  3. संतोष चंद्रा पिता हेमलाल चंद्रा, उम्र 29 वर्ष, निवासी बुधवारी बाजार बजरंग चौक, चौकी सीएसईबी, कोरबा।

गिरफ्तार आरोपी – द्वितीय प्रकरण (07)

  1. दीपक सिंह पिता स्व. अनिल सिंह, उम्र 32 वर्ष, निवासी 15 ब्लॉक, चौकी सीएसईबी, कोरबा।
  2. सोहेब अहमद पिता अंसार अली, उम्र 30 वर्ष, निवासी शारदा विहार मानिकपुर, थाना कोतवाली, कोरबा।
  3. गौरीलाल चौहान पिता बड़कू चौहान, उम्र 44 वर्ष, निवासी तुलसीनगर, थाना कोतवाली, कोरबा।
  4. पुरनदास महंत पिता स्व. महेशदास महंत, उम्र 44 वर्ष, निवासी पम्प हाउस, चौकी सीएसईबी, कोरबा।
  5. आदित्य सिंघानिया पिता संतोष सिंघानिया, उम्र 31 वर्ष, निवासी सर्वमंगला रोड पटेलपारा, थाना कोतवाली, कोरबा।
  6. राजेन उर्फ राजेन्द्र दास पिता स्व. खीकदास, उम्र 30 वर्ष, निवासी ढोढीपारा, चौकी सीएसईबी, कोरबा।
  7. यश पाटले पिता अनिकेत पाटले, उम्र 19 वर्ष, निवासी तुलसीनगर, थाना कोतवाली, कोरबा।

सजग कोरबा – सतर्क कोरबा

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677