Connect with us

देश

व्यंग्य – खुश करना नहीं, पुश करना जरूरी!

Published

on

खेल की दुनिया भी बड़ी निराली है। यहां खिलाड़ी बल्ले से रन बनाते हैं और चयनकर्ता अपने फैसलों से सुर्खियां बटोरते हैं। कभी किसी खिलाड़ी को टीम से बाहर किया जाता है तो कभी किसी को लगातार मौके देकर भी उसका प्रदर्शन देखने की प्रतीक्षा की जाती है। मजे की बात यह है कि जब सवाल उठते हैं तो जवाब में सिद्धांतों की ऐसी झड़ी लगती है कि आलोचक भी सोच में पड़ जाते हैं।

आजकल अकड़वाली डायलॉगबाजी का जमाना है। अगर किसी ने जबर्दस्त आलोचना कर दी है तो भाई साहब अंदर तक चोट लग जाती है। चोट खाया वह इंसान यह सोचता है कि आज मैं ऐसा कोई डायलॉग दूं जिससे सब आलोचकों का मुंह बंद हो जाए। क्रिकेट के मैदान में जितने दर्शक अंदर रहते हैं उससे कई गुना दर्शक बाहर देखते हैं। ऐसे में किसी खिलाड़ी का फॉर्म जबरदस्त चल रहा हो और उसका सिलेक्शन ना हो तब सोशल मीडिया पर तो आलोचनाओं की झमाझम बरसात हो जाती है। लंबे समय से आलोचकों का दंश झेल रहे एक जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति ने बड़ा नुकीला जवाब दे दिया। उन्होंने कहा-“मेरा काम सबको खुश रखना नहीं है, बल्कि सही फैसले लेना है।” यानि सही पुश करना वे जरूरी समझते हैं। असल में कोई चोटिल होगा, किसी की तबीयत खराब होगी तो किसी की कोई घरेलू समस्या होगी; अवसर तभी तो दूसरे को मिल पाएगा। भइये बात तो यह भी सही है। आखिर जिम्मेदारी का मतलब ही है कि लोकप्रियता की चिंता छोड़कर निर्णय लिए जाएं। लेकिन सवाल यह है कि सही फैसला कौन तय करेगा? फैसला लेने वाला स्वयं या मैदान में प्रदर्शन करने वाला खिलाड़ी?

हमारे यहां प्रतिभा की कमी नहीं है। कमी है तो शायद प्रतिभा को पहचानने और उसे पर्याप्त अवसर देने की। किसी को एक-दो मैच में ही कसौटी पर कस दिया जाता है, तो किसी को लगातार असफलताओं के बाद भी उम्मीदों की ऑक्सीजन मिलती रहती है। चयन का तराजू भी कभी-कभी ऐसा दिखाई देता है, जिसमें प्रदर्शन से ज्यादा परिस्थितियों का वजन रखा जाता है।

ड्रेसिंग रूम में सुरक्षा, खिलाड़ियों का आत्मविश्वास और टीम का अनुशासन बेहद जरूरी हैं। मगर यह भी ध्यान रखना होगा कि अनुशासन के नाम पर सवाल पूछने की आजादी समाप्त न हो जाए। आलोचना को दुश्मनी समझना भी उचित नहीं है।

वैसे लोकप्रियता के पीछे भागना गलत है, लेकिन जनता की भावनाओं को पूरी तरह नजरअंदाज करना भी समझदारी नहीं। आखिर खेल जनता के लिए भी होता है, केवल फैसले लेने वालों की प्रतिष्ठा के लिए नहीं।

अब देखना यह है कि आने वाले मुकाबलों में फैसले सही साबित होते हैं या फिर सही फैसलों को साबित करने के लिए नए-नए तर्क तलाशे जाते हैं। क्योंकि खेल में असली जवाब प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं, स्कोरबोर्ड देता है! खेल में जीत मिलती रहेगी तभी तो जिम्मेदारी की प्रीत भी मिलती रहेगी।

संजय एम तराणेकर

(कवि, लेखक व समीक्षक)

इन्दौर-452011 (मध्य प्रदेश)

मो. 98260 25986

Continue Reading

देश

तूफान मुरासु का केंद्र आंध्र प्रदेश से आगे बढ़ा:12 घंटे तक तेज हवाओं–बारिश का अलर्ट, हजारों पेड़-बिजली के पोल गिरे, 30 फ्लाइट्स कैंसिल

Published

on

हैदराबाद/भुवनेश्वर/अमरावती/चेन्नई, एजेंसी। आंध्रप्रदेश के तट से टकराया चक्रवाती तूफान मुरासु तेलंगाना की ओर चला गया है। राहत की बात ये है कि इसकी तीव्रता 100 किमी प्रति घंटा से कम होकर 60 किमी प्रतिघंटा हो गई है।

इसका एक हिस्सा अब भी आंध्र के तट से गुजर रहा है, जिससे विजयवाड़ा समेत कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने मंगलवार शाम तक तेज हवाएं चलने और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मुरासु सोमवार रात करीब 1 बजे आंध्र प्रदेश के तट से टकराया था। इस दौरान 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। तेज हवाओं से हजारों पेड़ उखड़ गए और बिजली के सैकड़ों खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। कई नावों को भी नुकसान पहुंचा।

भारी बारिश से आंध्रप्रदेश के तटीय शहरों में सड़कें डूब गईं और हाईवे पर वाहन फंस गए। मंगलवार को विजयवाड़ा, विशाखापट्टनम, तिरुपति और चेन्नई एयरपोर्ट से 30 डॉमेस्टिक फ्लाइट्स रद्द रहीं।

तमिलनाडु में भारी बारिश; कुड्डालोर में स्कूल बंद

तमिलनाडु के कुड्डालोर में मंगलवार को स्कूल बंद कर दिए गए हैं। साइक्लोन मुरासु की वजह से भारी बारिश हुई है। कुड्डालोर डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर ने ये ऑर्डर तब जारी किए जब जिले के कई हिस्सों में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है।

IMD बोला- दोपहर बाद तूफान कमजोर हो सकता है

IMD की निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा, गहरा दबाव उत्तर-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने और दोपहर तक धीरे-धीरे चक्रवाती तूफान मुरासु कमजोर पड़ने की संभावना है। इसकी वजह से 48 घंटों में ओडिशा में हल्की से मध्यम बारिश होगी।

आंध्र प्रदेश के 3 जिलों में रेड अलर्ट; मछुआरों को 2 दिन समुद्र में न जाने की सलाह

विशाखापत्तनम मौसम विभाग के निदेशक पीएलएन मूर्ति के मुताबिक, चक्रवाती तूफान मुरासु मंगलवार सुबह 3:30 से 5:30 बजे के बीच ओंगोल के पास आंध्र प्रदेश के तट को पार कर गया। फिलहाल यह दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट के पास गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में मौजूद है। अगले 12 घंटे में इसके उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा में बढ़ने और मंगलवार दोपहर तक कमजोर होकर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने राज्य के 3 जिलों में रेड अलर्ट और बाकी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मछुआरों को अगले दो दिन तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

बंदरगाहों पर खतरे के संकेत जारी

  • निजामपट्टनम पोर्ट: ग्रेट डेंजर सिग्नल-10 (GD-10)
  • मछलीपट्टनम पोर्ट: ग्रेट डेंजर सिग्नल-9 (GD-9)
  • कृष्णपट्टनम पोर्ट: ग्रेट डेंजर सिग्नल-8 (GD-8)
  • अन्य बंदरगाह: लोकल कॉशनरी सिग्नल-3 (LC-3)

मौसम विभाग के मुताबिक, बंदरगाहों पर सोमवार को जारी किए गए खतरे के संकेत फिलहाल जारी रहेंगे।

बापटला में 222.4 mm, नरसापुर में 198.6 mm बारिश हुई

मौसम विभाग ने दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश में अगले 12 घंटे तक भारी बारिश जारी रहने का अलर्ट दिया है। सोमवार सुबह 8:30 बजे से मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक बापटला में सबसे ज्यादा 222.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा नरसापुर में 198.6 मिमी, ओंगोल में 120.2 मिमी और मछलीपट्टनम में 83.9 मिमी बारिश हुई।

4 ट्रेनें डायवर्ट, विजयवाड़ा-ओंगोल-गुडूर रूट पर आवाजाही बंद

तूफान मुरासु के कारण आंध्र प्रदेश में विजयवाड़ा-ओंगोल-गुडूर रेल सेक्शन पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई है। तेज हवाओं और खराब मौसम को देखते हुए साउथ कोस्ट रेलवे (SCR) ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए कई ट्रेनों के रूट बदल दिए हैं। कुछ ट्रेनों को रास्ते में रोककर चलाया जा रहा है।

इन 4 ट्रेनों के रूट बदले गए

  • 12625 केरल एक्सप्रेस: तिरुवनंतपुरम से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन को रेनिगुंटा-येर्रागुंटला-नंद्याल-गुंटूर-विजयवाड़ा के रास्ते चलाया जा रहा है।
  • 18638 हटिया एक्सप्रेस: बेंगलुरु से हटिया जाने वाली ट्रेन मंगलवार से इसी बदले हुए रूट से चलेगी।
  • 22863 सुपरफास्ट एक्सप्रेस: हावड़ा से बेंगलुरु जाने वाली ट्रेन को गुंटूर-नंद्याल-येर्रागुंटला-रेनिगुंटा के रास्ते डायवर्ट किया गया है।
  • 04131 स्पेशल ट्रेन: कानपुर सेंट्रल से बेंगलुरु जाने वाली इस ट्रेन को भी गुंटूर-नंद्याल-येर्रागुंटला-रेनिगुंटा के रास्ते चलाया जाएगा। यह चिराला, ओंगोल और नेल्लोर स्टेशन पर नहीं रुकेगी।

शाह ने नायडू से की बात, मुरासु तूफान से निपटने के लिए मदद का भरोसा दिया

गृह मंत्री अमित शाह ने चक्रवाती तूफान मुरासु के असर को लेकर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू से बात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद देने का भरोसा दिया।

अमित शाह ने कहा कि NDRF और SDRF की टीमें पहले से ही प्रभावित इलाकों में तैनात हैं और लोगों की मदद कर रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पूरी मजबूती से आंध्र प्रदेश के लोगों के साथ खड़ी है।

Continue Reading

देश

नेपाल में लैंडिंग के दौरान 2 हेलिकॉप्टर टकराए:भारतीय पर्यटक की मौत, न्यूजीलैंड का नागरिक और दोनों पायलट जख्मी

Published

on

काठमांडू, एजेंसी। नेपाल के एवरेस्ट क्षेत्र में मंगलवार सुबह लैंडिंग के दौरान दो हेलिकॉप्टर आपस में टकरा गए। हादसे में एक भारतीय पर्यटक की मौत हो गई, जबकि न्यूजीलैंड का एक भारतीय मूल का नागरिक घायल हो गया। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, दोनों हेलिकॉप्टरों के रोटर ब्लेड आपस में टकराए थे।

हादसा सुबह 8:11 बजे सोलुखुम्बु जिले के फेरीचे हेलीपैड पर हुआ। यहां फिशटेल एयर और एयर डायनेस्टी के हेलिकॉप्टर उतरने की कोशिश कर रहे थे।

अधिकारियों के मुताबिक फिशटेल एयर के हेलिकॉप्टर में सवार भारतीय पर्यटक वसंत कुमार बालारामारामाडु की मौत हुई है। इसी हेलिकॉप्टर में सवार न्यूजीलैंड के नागरिक शैलेश कृष्ण पटेल घायल हुए हैं। वे भारतीय मूल के हैं।

नेपाल में पहाड़-घाटियां, बदलता मौसम, जोखिम भरे रनवे विमान या हेलिकॉप्टर हादसे की मुख्य वजह हैं।

दो दिशाओं से आते हुए हेलिकॉप्टर फेरीचे हेलीपैड उतरने की कोशिश कर रहा है।

दो दिशाओं से आते हुए हेलिकॉप्टर फेरीचे हेलीपैड उतरने की कोशिश कर रहा है।

दोनों हेलिकॉप्टर की टक्कर हो जाती है। इस दौरान एक का मलबा पास खड़े लोगों के पास गिरता है।

दोनों हेलिकॉप्टर की टक्कर हो जाती है। इस दौरान एक का मलबा पास खड़े लोगों के पास गिरता है।

टक्कर के बाद दोनों हेलिकॉप्टर गिर जाते हैं। इस दौरान लोग वहां से भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।

टक्कर के बाद दोनों हेलिकॉप्टर गिर जाते हैं। इस दौरान लोग वहां से भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त हेलिकॉप्टर के पास जांच करते अधिकारी।

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त हेलिकॉप्टर के पास जांच करते अधिकारी।

हादसे के बाद एयर डायनेस्टी हेलिकॉप्टर के विंग और गेट टूट गए।

हादसे के बाद एयर डायनेस्टी हेलिकॉप्टर के विंग और गेट टूट गए।

एक ही जगह उतरने की कोशिश में हादसा

नेपाली अधिकारियों के मुताबिक एक हेलिकॉप्टर लुकला से आ रहा था, जबकि दूसरा एवरेस्ट बेस कैंप के पास गोरक्षेप की तरफ से लौट रहा था। दोनों अलग-अलग दिशाओं से एक ही जगह उतरने की कोशिश कर रहे थे।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हेलीपैड पर बर्फ जमी होने के कारण भी यह स्थिति बनी हो सकती है। हालांकि, हादसे की असली वजह की पुष्टि नहीं हुई है।

फिशटेल एयर और एयर डायनेस्टी के हेलिकॉप्टर उतरने की कोशिश कर रहे थे, तभी दोनों आपस में टकरा गए।

फिशटेल एयर और एयर डायनेस्टी के हेलिकॉप्टर उतरने की कोशिश कर रहे थे, तभी दोनों आपस में टकरा गए।

घायल को रेस्क्यू कर काठमांडू ले जाया जा रहा

शैलेश को प्रभु हेलिकॉप्टर की मदद से रेस्क्यू कर काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक पर्यटक का शव लुकला के अस्पताल ले जाया गया। दोनों हेलिकॉप्टरों के पायलटों की चोटों को लेकर शुरुआती रिपोर्टों में अलग-अलग जानकारी सामने आई है।

फेरीचे एवरेस्ट क्षेत्र में स्थित है। यहां आने-जाने के लिए हेलिकॉप्टर सेवाओं का इस्तेमाल किया जाता है। हादसे के समय दोनों हेलिकॉप्टरों में कुल कितने लोग सवार थे, यह अभी साफ नहीं है। टक्कर की वजह की भी जांच की जा रही है।

हेलिकॉप्टर सर्विस का सेंटर है फेरीचे हेलीपैड

फेरीचे हेलीपैड समुद्र तल से करीब 4,371 मीटर (14,340 फीट) की ऊंचाई पर स्थित है। यह नेपाल के एवरेस्ट क्षेत्र में हेलिकॉप्टर सर्विस का सेंटर है।

यहां से पर्वतारोहियों और ट्रेकिंग पर आने वाले पर्यटकों को मदद पहुंचाई जाती है। खासतौर पर ऊंचाई के कारण तबीयत बिगड़ने, सांस लेने में परेशानी होने या किसी दुर्घटना में घायल होने पर लोगों को हेलिकॉप्टर से निचले इलाकों या अस्पतालों तक पहुंचाया जाता है।

उत्तराखंड में 4 दिन पहले हेलिकॉप्टर क्रैश, 6 लोगों की मौत

उत्तराखंड के चमोली जिले में 30 अक्टूबर को बद्रीनाथ से देहरादून लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया था। हादसा जोशीमठ के पास चाई गांव के नजदीक हुआ। इसमें पायलट समेत सभी 6 लोगों की मौत हो गई थी।

हेलिकॉप्टर में 5 यात्री सवार थे, जो कर्नाटक के रहने वाले थे। विमान ने दोपहर 1:14 बजे बद्रीनाथ से उड़ान भरी थी और जोशीमठ घाटी के ऊपर उसका संपर्क टूट गया था। हादसे की जांच विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) कर रहा है।

Continue Reading

देश

हाईकोर्ट बोला- भारत धर्मनिरपेक्ष देश:BMC दीया मिर्जा का दिवाली वीडियो दोबारा अपलोड करे, एक्ट्रेस ने ग्रीन पटाखे जलाने की अपील की थी

Published

on

मुंबई, एजेंसी। बॉम्बे हाईकोर्ट ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका यानी BMC को एक्ट्रेस दीया मिर्जा का दिवाली वीडियो दोबारा अपलोड करने का आदेश दिया है। इस वीडियो में दीया ने लोगों से ग्रीन पटाखे जलाने और सार्वजनिक सड़कों पर पटाखे न फोड़ने की अपील की थी।

कोर्ट ने कहा- संविधान नागरिकों से धर्मनिरपेक्ष भावना बनाए रखने की अपेक्षा करता है। पर्यावरण के लिए जागरूकता फैलाने वाले वीडियो पर राजनीतिक विवाद करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

BMC एक्स हैंडल से हटाया गया था दीया का वीडियो

दरअसल, BMC के आधिकारिक X हैंडल और दूसरे सोशल मीडिया अकाउंट पर दीया मिर्जा का वीडियो रविवार को पोस्ट किया गया था और उसी रात इसे हटा दिया गया। भाजपा नेताओं ने एक्ट्रेस के वीडियो पर आपत्ति जताई थी।

भाजपा मुंबई अध्यक्ष अमित साटम ने कहा था कि हमें त्योहार मनाने का तरीका किसी से सीखने की जरूरत नहीं है। उन्होंने पटाखों के खिलाफ अपील करने वालों को ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ का हिस्सा बताया। वीडियो हटाए जाने के बाद दीया ने सोशल मीडिया पर लिखा था- कोई पैसे नहीं लिए हैं। भलाई का जमाना ही नहीं रहा।

कोर्ट बोला- नेताओं के गैर-जिम्मेदाराना बयानों से हम आहत

जस्टिस गिरीश कुलकर्णी और जस्टिस नीला गोखले की बेंच ने नेताओं की टिप्पणियों पर भी नाराजगी जताई। जस्टिस कुलकर्णी ने कहा- नेताओं ने कोर्ट के उस पुराने आदेश पर ध्यान दिए बिना टिप्पणी की, जिसमें सभी को जागरूकता अभियान में हिस्सा लेने की अनुमति दी गई थी।

बेंच ने कहा कि मिर्जा ने कोर्ट के निर्देशों के मुताबिक वायु प्रदूषण पर अच्छा मैसेज दिया था। बेंच ने सुप्रीम कोर्ट की उस टिप्पणी का भी जिक्र किया, जिसमें कहा गया था कि दिवाली जाति और धर्म से परे सभी लोग मनाते हैं। हाईकोर्ट ने सवाल उठाया कि दीया मिर्जा के इस अभियान में शामिल होने पर धार्मिक आधार पर आपत्ति क्यों की गई।

बेंच ने कहा कि स्वास्थ्य, प्रदूषण और पर्यावरण की बात करते समय गुटबाजी की कोई जगह नहीं है। मुंबई एकजुटता और अपनापन की भावना से चलती है। किसी गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी से इस संतुलन को बिगाड़ना नहीं चाहिए।

BMC ने दूसरे सेलिब्रिटी के वीडियो नहीं हटाए

मुंबई में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए बॉम्बे हाईकोर्ट ने आतिशबाजी को लेकर दिशानिर्देश जारी किए थे। इनके पालन में BMC ने सार्वजनिक सड़कों, गलियों और फुटपाथों पर पटाखे फोड़ने पर पूरी तरह रोक लगाई है। इस बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए BMC ने कई सेलिब्रिटी के साथ वीडियो बनाए थे।

इनमें नागरिकों से पर्यावरण के अनुकूल दिवाली मनाने, शोर और वायु प्रदूषण से बचने की अपील की गई थी। BMC ने एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित, निशिगंधा वाड और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे के वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर बरकरार रखे हैं। सिर्फ दीया मिर्जा का वीडियो ही हटाया गया था।

माधुरी दीक्षित और दूसरे सेलिब्रिटी के वीडियो BMC के सोशल मीडिया हैंडल पर अभी भी अपलोडेड हैं।

माधुरी दीक्षित और दूसरे सेलिब्रिटी के वीडियो BMC के सोशल मीडिया हैंडल पर अभी भी अपलोडेड हैं।

मेयर बोलीं- दीया ‘हिंदू विरोधी’, हमने उन्हें ब्लैकलिस्ट किया

भाजपा की मुंबई इकाई के अध्यक्ष अमित साटम ने दीया के वीडियो पर कहा था कि दिवाली 5 हजार साल से मनाई जा रही है और आगे भी मनाई जाती रहेगी। हमें त्योहार मनाने का तरीका किसी से सीखने की जरूरत नहीं है।

वहीं मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े ने दीया मिर्जा को ‘हिंदू विरोधी’ बताते हुए कहा- वह हमेशा विभाजनकारी ताकतों के साथ खड़ी रही हैं। हमने उन्हें ब्लैकलिस्ट कर दिया है। वहीं, BMC के डिप्टी मेयर संजय घाड़ी ने कहा था कि उन्हें एक्ट्रेस के संदेश में कुछ भी आपत्तिजनक नहीं लगा।

शिवसेना-कांग्रेस ने दीया का समर्थन किया

शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे ने कहा था कि BMC ने ऑफिशियल लेटर देकर दीया मिर्जा से वीडियो बनवाया और फिर भाजपा विधायक अमित साटम की आपत्ति पर उसे हटा दिया। ठाकरे ने आरोप लगाया कि भाजपा किसी भी स्तर पर सरकार नहीं चला सकती।

मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने दीया मिर्जा का समर्थन करते हुए भाजपा पर हर मुद्दे को धर्म से जोड़ने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि BMC ने शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए दीया से वीडियो बनवाया था और कई दूसरे सेलिब्रिटी ने भी ऐसे वीडियो बनाए थे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677