कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में भव्य रूप से मनाया गया जिला स्तरीय राज्योत्सव
गरीब, किसान, महिला और युवाओं के कल्याण से प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित – मंत्री लखन लाल देवांगन
धान का कटोरा छत्तीसगढ़ कृषि, संस्कृति और खनिज संपदा के क्षेत्र में समृद्ध – विधायक प्रेमचंद पटेल
कोरबा 03 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर डॉ. भीमराव अम्बेडकर ओपन ऑडिटोरियम कोरबा मे राज्योत्सव समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी व सार्वजनिक उपक्रम मंत्री छत्तीसगढ़ शासन लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने राज्योत्सव 2026 के अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य बनने के बाद छत्तीसगढ़ का तेजी से विकास हुआ है। हमारा प्रदेश बुलंदियों की नित नई ऊंचाइयों को छू रहा है। विकास के नए आयाम गढ़ रहा है। उन्होनें राज्य निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने राज्य का निर्माण किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कुशल नेतृत्व में राज्य का तीव्र गति से विकास हो रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में एक रुपये प्रति किलो चावल वितरण जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीब परिवारों को खाद्य सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा के क्षेत्र में गरीब, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, छात्र-छात्राओं समेत सभी वर्ग के हित के लिए कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। सभी वर्गों के लोग इसका लाभ उठा रहे हैं और राज्य के विकास में अपना अहम योगदान भी दे रहे हैं। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि राज्य में मोदी की गारंटी को शत प्रतिशत पूरा किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार बनते ही प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास हेतु राशि जारी की गई है। किसानों से 3100 रूपए प्रति क्विंटल एवं 21 क्विंटल प्रति एकड़ के दर से धान की खरीदी की जा रही है। दो वर्ष के धान के बकाया बोनस का भुगतान किया गया है। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह 1 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। 5500 रुपये प्रति मानक बोरा की दर से तेंदूपत्ता संग्रहण किया जा रहा है। चरण पादुका योजना और रामलला दर्शन योजना के माध्यम से भी हितग्राहियों को लाभ मिल रहा है।
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि जिला खनिज संस्थान न्यास का सदुपयोग जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य महत्वपूर्ण आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु किया जा रहा है। कोरबा जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूल भवनों, स्वास्थ्य सुविधाओं, आश्रम-छात्रावासों और पुल-पुलियों सहित विभिन्न विकास कार्यों को गति मिली है। जिससे जिला में भी विकास भी तेजी से हो रहा है। श्री देवांगन ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र एवं छत्तीसगढ़ विकसित राज्य के रूप में पहचाना जाएगा। उन्होंने आमजनो को योजनाओं का लाभ उठाने की अपील करते हुए राज्योत्सव स्थल में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल में जाकर विभाग में संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और लाभ उठाने का आग्रह किया।
विधायक कटघोरा प्रेमचन्द पटेल ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में धान की बेहतर उत्पादन के कारण इसे धान का कटोरे के रूप में देश विदेश में पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि राज्य बनने के बाद छत्तीसगढ़ का तेजी से विकास हुआ है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शासकीय योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन किया जा रहा है जिनसे आमजन लाभान्वित हो रहे है। विधायक श्री पटेल ने कहा की राज्य में सरकार गठन के साथ ही मोदी की गारंटी को पूरे करने का कार्य किया जा रहा है। विकसित राज्य बनने की दिशा में अग्रसर है। श्री पटेल ने कहा कि हरेली तीजा, पोरा, जैसी तीज त्यौहार, सुआ गीत, ददरिया, पंडवानी जैसे लोकगीत हमारी संपन्न कला संस्कृति की पहचान है। महानदी, इंद्रावती, शिवनाथ, हसदेव, अरपा, पैरी जैसी नदियों के विशाल जल संपदा से राज्य खेती किसानी में खुशहाल और उन्नत है। गंगरेल, मिनीमाता बांगो सहित अन्य बांधो से किसानों के खेतों तक पानी पहुँचाया जा रहा है। साथ ही बिजली बनाई जा रही है। कोयला, लोहा, बॉक्साइट जैसे अमूल्य खनिज सम्पदा से भी हमारा राज्य परिपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2000 में मध्यप्रदेश से पृथक होकर नए राज्य के रूप में छत्तीसगढ़ का निर्माण हुआ। इन बीते वर्षों में प्रदेश का राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास हुआ है। राज्य सरकार ने पीएम आवास, महतारी वंदन, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा के क्षेत्र में गरीब, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, छात्र-छात्राओं समेत सभी वर्ग के हित के लिए कल्याणकारी योजनाएं संचालित की है। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों के लोग इसका लाभ उठा रहे हैं और राज्य के विकास में अपना अहम योगदान भी दे रहे हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ पवन सिंह एवं महापौर नगर निगम श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने भी आमजनो को राज्योत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य निर्माण के साथ ही अनेक चुनोतियाँ सामने आई। जिसका राज्य ने विधिवत रूप से सामना करते हुए विकसित राज्य के रूप में स्थापित हुआ। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा राज्य में लगातार विकास के कार्य किया जा रहा हैं। प्रदेश में सभी वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं चलाई जा रहीं है। जिसका लाभ निश्चित रूप से आमजनो को मिल रहा है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने प्रस्तुत किया जिले के विकास का प्रतिवेदन, महिला सशक्तिकरण और युवा विकास कार्याे की दी जानकारी
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने राज्योत्सव के अवसर पर जिले की विकास यात्रा और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास में कोरबा की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऊर्जा नगरी के रूप में कोरबा की खदानें, बालको सहित एल्यूमिनियम उद्योग और एनटीपीसी एवं सीएसपीजीसीएल के विद्युत संयंत्र देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में अहम योगदान दे रहे हैं। हसदेव बांगो बांध, समृद्ध वन संपदा और जनजातीय संस्कृति जिले की विशिष्ट पहचान हैं। उन्होंने राज्योत्सव की थीम ‘‘नारी शक्ति, युवा उड़ान‘‘ का उल्लेख करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने के लिए महत्वपूर्ण है। जिले में महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 2 लाख 90 हजार महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से डेढ़ लाख महिलाओं को संगठित किया गया है, जिनमें 60 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वहीं, ड्रोन दीदी योजना के तहत 10 महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया है। कलेक्टर ने शिक्षा के क्षेत्र में जिले की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि सत्र 2025-26 में हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम 77.58 प्रतिशत और हायर सेकेंडरी का 83.48 प्रतिशत रहा। छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 87.13 दर्ज किया गया है। उन्होंने जिले में लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से 1.30 लाख वर्गफीट क्षेत्र में बनने वाले साइंस सेंटर का भी उल्लेख किया। छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े साइंस सेंटर के रूप में विकसित होने वाले इस केंद्र में विद्यार्थियों को प्रयोगों और व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से विज्ञान सीखने के आधुनिक अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य एवं केंद्र शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए जिला प्रशासन जिले के समग्र विकास और नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव में विभागीय स्टालों के माध्यम से शासकीय योजनाओं के प्रगति की प्रदर्शनी लगाई गई है। जिसका अवलोकन कर आमजन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ ले सकते है। उन्होंने जिलेवासियों को राज्योत्सव की शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ को बेहतर और नई ऊंचाइयों में पहुचाने हेतु निरंतर कार्य करने हेतु प्रेरित किया। इस अवसर पर राज्य हाथकरघा बोर्ड के अध्यक्ष भोजराम देवांगन, गोपाल मोदी, डॉ राजीव सिंह, नरेंद्र देवांगन, अशोक चावलानी, हितानंद अग्रवाल, प्रफुल्ल तिवारी, योगेश जैन, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, वनमण्डलाधिकारी कटघोरा जितेंद्र उपाध्याय, सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे।
’कैबिनेट मंत्री देवांगन सहित अन्य अतिथियों ने विभागीय स्टॉल का किया अवलोकन ’
राज्योत्सव स्थल में विभिन्न विभागों द्वारा शासन की योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों पर आधारित स्टॉल लगाए गए थे। मुख्य अतिथि श्री देवांगन सहित अन्य अतिथियों द्वारा सभी स्टॉल का अवलोकन किया गया और विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही शासकीय योजनाओं से आमजनों को लाभांवित किया गया।
महिला बाल विकास विभाग के स्टॉल में अतिथियों द्वारा नन्हें शिशुओं को अन्नप्राशन कराया गया। वन विभाग के स्टॉल में स्थानीय उत्पादों का अवलोकन कर उनके निर्माण एवं उपयोग से अवगत हुए। इसी प्रकार जिला पंचायत, नगर निगम, पुलिस विभाग, समाज कल्याण, आदिमजाति विकास विभाग, शिक्षा, क्रेडा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य, पशुपालन, जनसम्पर्क, उद्योग, एसईसीएल, एनटीपीसी, बाल्को सहित अन्य विभाग द्वारा लगाए स्टालो का अवलोकन कर संचालित योजनाओं की जानकारी ली अधिकारियों को योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन के लिए शुभकामना दी।
’लोकप्रिय छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी सहित अन्य स्थानीय कलाकारों ने दी रंगारंग प्रस्तुति’
राज्योत्सव में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति हुई। स्थानीय कलाकारों के साथ ही छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय प्रसिद्ध गायक श्री सुनील सोनी, स्थानीय कलाकारों, स्कूली छात्र-छात्राओं सहित अन्य कलाकारों द्वारा मनमोहक प्रस्तुति दी गईं। देर रात्रि तक गायक श्री सोनी के जसगीत एवं छत्तीसगढ़ी गीतों पर दर्शक झूमते रहे।
अवैध महुआ शराब की जब्ती के दौरान शासकीय कार्य में उत्पन्न की थी बाधा
आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट कर ग्रामीणों को एकत्रित करने का किया था प्रयास
थाना उरगा पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल
अवैध महुआ शराब के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई
कोरबा। 02.11.2026 को आबकारी विभाग की टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम दशरथभाठा (बैगचुलभाठा), पंचायत पताढी निवासी जीवन उरांव द्वारा अपने घर एवं बाड़ी में बिक्री हेतु भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना पर आबकारी विभाग की टीम शासकीय वर्दी में गवाहों के साथ मौके पर पहुंची तथा विधिवत तलाशी लेने पर जीवन उरांव के कब्जे से कुल 13 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित अवैध महुआ शराब बरामद की गई।
शासकीय कार्य में बाधा डालकर आबकारी टीम के साथ की मारपीट
आबकारी टीम द्वारा अवैध शराब जब्त कर वैधानिक कार्रवाई करते हुए जीवन उरांव को अपने साथ ले जाने की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान उसकी पत्नी सरस्वती उरांव एवं रिश्तेदार बुन्दकुंवर उरांव द्वारा कार्रवाई में बाधा उत्पन्न की गई। दोनों महिलाओं ने आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा प्रशिक्षु महिला उपनिरीक्षक शुभांगी तिवारी एवं आरक्षक रोचक देवांगन के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इतना ही नहीं, दोनों आरोपियों द्वारा जोर-जोर से चिल्लाकर ग्रामीणों को एकत्रित करने एवं आबकारी टीम को घेरने का प्रयास भी किया गया।
उरगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
आबकारी विभाग की लिखित रिपोर्ट पर थाना उरगा में अपराध क्रमांक 608/2026, धारा 221, 132, 121, 296, 351(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उरगा पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई तथा पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर दिनांक 03.11.2026 को दोनों आरोपी महिलाओं को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कोरबा। कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कोसाबाड़ी स्थित हनुमान मंदिर में चोरों ने दानपेटियों को निशाना बनाया। रात के अंधेरे में मंदिर का ताला तोड़कर घुसे चोर हनुमान जी और माता रानी के पास रखी दोनों दानपेटियां लेकर फरार हो गए।
दानपेटियों में करीब 50 से 60 हजार रुपए होने का अनुमान है। घटना के बाद क्षेत्र में नाराजगी है। वहीं, मुख्य मार्ग पर और थाने के पास हुई चोरी के बाद रात्रि गश्त को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
सुबह मंदिर पहुंचे पुजारी तो खुला मिला गेट
मंदिर के पुजारी सौरभ मिश्रा ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे वह रोज की तरह मंदिर खोलने पहुंचे। इस दौरान गेट खुला देखकर उन्हें संदेह हुआ। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। बाईं ओर लकड़ी का गेट खुला था और हनुमान जी के सामने रखा सामान अव्यवस्थित था। माता रानी के पास रखा दानपात्र भी खुला मिला।
पुजारी के मुताबिक, आशंका है कि चोर दोनों दानपेटियां ले गए हैं। दानपेटी आखिरी बार चैत्र माह के नवरात्र में करीब छह महीने पहले खोली गई थी। ऐसे में दोनों दानपेटियों में लगभग 50 से 60 हजार रुपए होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कोसाबाड़ी हनुमान मंदिर में दानपेटी चोरी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुजारी सौरभ मिश्रा के आवेदन पर FIR दर्ज की जा रही है।
सीएसपी के अनुसार, मंदिर में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। हालांकि, आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
सामने वन विभाग की कॉलोनी में भी हो चुकी है चोरी
बताया जा रहा है कि हनुमान मंदिर के ठीक सामने स्थित वन विभाग की कॉलोनी में भी हाल ही में चोरी की घटना हुई थी। इसके बाद विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कॉलोनी में फाटक लगाया गया है और अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर प्रतिबंध का बोर्ड लगाया गया है। इसके अलावा वहां वाहन खड़े करने पर 500 रुपए जुर्माने का बोर्ड भी लगाया गया है।
कोरबा। कोरबा के कुसमुंडा क्षेत्र के प्रेम नगर में खोलार नाले से लगी रेलवे पटरी के पास मगरमच्छ का बच्चा मिला है। देर रात लोगों ने उसे नाले के पास घूमते देखा। सूचना मिलने पर वार्ड पार्षद प्रेम साहू मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से उसे बोरे में पकड़ लिया। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई।
मामला वार्ड क्रमांक 65 भैरोताल के प्रेम नगर का है। पार्षद प्रेम साहू ने बताया कि इससे पहले भी इस इलाके में एक मगरमच्छ निकला था, जिसकी ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी। उन्होंने आसपास किसी बड़े मगरमच्छ के होने की आशंका जताई है। पार्षद ने वन विभाग से पूरे इलाके की जांच करने की अपील की है।
पहले भी मिल चुका है मृत मगरमच्छ
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ दिन पहले भी इसी इलाके में एक मगरमच्छ मृत मिला था। खोलार नाला हसदेव नदी से जुड़ा हुआ है। यहां अक्सर मगरमच्छ दिखाई देते हैं। बरसात के बाद पानी बढ़ने पर मगरमच्छ नाले के रास्ते रिहायशी इलाके तक पहुंच जाते हैं।
लोगों को नदी-नाले से दूर रहने की सलाह
पार्षद ने वार्ड के लोगों से कुछ दिन तक नदी और नाले में नहीं जाने की अपील की है। वन विभाग की टीम मगरमच्छ के बच्चे को सुरक्षित जगह ले जाकर उसकी जांच कर रही है। उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ने की तैयारी है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि कहीं भी मगरमच्छ दिखाई देने पर उसे छेड़ें नहीं और तत्काल विभाग को सूचना दें।