Connect with us

कोरबा

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में वित्तीय अनियमितता पर बड़ी कार्रवाई

Published

on

असंबद्ध खातों में आवास की राशि अंतरित करने पर 5 अधिकारी-कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त

6 आरोपियों सहित अन्य के विरुद्ध उरगा थाने में प्राथमिकी दर्ज

ग्राम पंचायत तिलकेजा का मामला, तत्कालीन सचिव के विरुद्ध विभागीय जांच जारी

कोरबा, 01 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण जैसी शासन की महत्वाकांक्षी योजना के क्रियान्वयन में वित्तीय अनियमितता एवं अनियमित रूप से राशि अंतरण के मामले में कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर जिला पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन ने कड़ी कार्रवाई की है। ग्राम पंचायत तिलकेजा, जनपद पंचायत कोरबा में आवास हितग्राहियों की राशि असंबद्ध बैंक खातों में अंतरित किए जाने के मामले में पांच संविदा अधिकारी-कर्मचारियों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं। वहीं मामले से जुड़े छह आरोपियों सहित अन्य के विरुद्ध उरगा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

ग्राम पंचायत तिलकेजा के ग्रामीणों द्वारा कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत प्रस्तुत कर आरोप लगाया गया था कि 48 अपात्र हितग्राहियों के नाम पर आवास स्वीकृत किए गए तथा आवास की किश्त की राशि अन्य परिवारों एवं व्यक्तियों के खातों में अंतरित की गई। शिकायत में मृत व्यक्तियों के नाम पर भी किश्त की राशि जारी कर राशि आहरित किए जाने तथा वित्तीय अनियमितता किए जाने के आरोप लगाए गए थे।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन द्वारा जिला स्तरीय जांच दल गठित कर पूरे प्रकरण की जांच कराई गई। जांच दल के प्रतिवेदन में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के क्रियान्वयन से जुड़े ब्लॉक समन्वयक आवास, तकनीकी सहायक, डाटा एंट्री ऑपरेटर, कंप्यूटर ऑपरेटर,आवास मित्र तथा तत्कालीन ग्राम पंचायत सचिव की भूमिका में अनियमितता पाए जाने का उल्लेख किया गया।

जांच प्रतिवेदन के आधार पर संबंधितों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया। प्राप्त जवाबों का परीक्षण करने के बाद उन्हें संतोषजनक नहीं पाए जाने पर प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के पांचों अधिकारी कर्मचारियों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त करने की कार्रवाई की गई।

तत्कालीन ग्राम पंचायत सचिव को इस प्रकरण में पूर्व में ही निलंबित किया जा चुका है तथा उनके विरुद्ध विभागीय जांच संस्थित की गई है। इसके साथ ही प्रकरण में संलिप्त पाए गए सभी छह आरोपियों सहित अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध उरगा पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

Continue Reading

कोरबा

सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता का संदेश लेकर पहुंची बाइक यात्रा, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन एवं भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी सहित जनप्रतिनिधियों ने की सहभागिता

Published

on

वडनगर से वाराणसी बाइक यात्रा का कोरबा में भव्य स्वागत, सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह

कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा और सेवा भावना से प्रेरित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित “वडनगर से वाराणसी बाइक यात्रा” का कोरबा जिले के भैसमा, उरगा मंडल में उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित यह बाइक यात्रा सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प व्यक्त किया।

इस अवसर पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन एवं भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों की सहभागिता रही। यात्रा के स्वागत कार्यक्रम ने कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार किया तथा सेवा संकल्प अभियान के संदेश को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान किया।

कार्यक्रम में संभाग प्रभारी जगदीश रामू रोहरा, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजूदेवी राजपूत, सह संभाग प्रभारी रायपुर डॉ. राजीव सिंह, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा, जिला उपाध्यक्ष रुक्मणी नायर एवं प्रफुल्ल तिवारी, जिला मंत्री अजय कंवर, अर्जुन गुप्ता, वैभव शर्मा, मोंटी पटेल, शैलेन्द्र यादव, नीरज ठाकुर, संजय राठौर, किशन साव, कुलसिंह कंवर, प्रीति स्वर्णकार, संजय दास बैरागी, पवन कंवर एवं अजय चंद्रा सहित भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सशक्त बनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा समेत पूरे प्रदेश के कोषालयों में कोर्ट फी, कॉपिंग टिकट खत्म, न्यायालयीन प्रकरणों के पक्षकार परेशान, लोक सेवा गारंटी अधिनियम अंर्तगत सेवाएं हो रहीं प्रभावित

Published

on

नासिक शासकीय प्रिंटिंग प्रेस से आने का इंतजार

कोरबा/रायपुर। प्रदेश से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। कोरबा समेत पूरे प्रदेश के कोषालयों में कोर्ट फी ,कोर्ट फी (कॉपिंग टिकट) पूरी तरह खत्म हो गए हैं। वेंडरों के पास 1 ,2 ,5 एवं 10 रुपए के एक भी कोर्ट फी उपलब्ध नहीं है । जिसकी वजह से पक्षकार एवं उनके वकील परेशान हैं। न्यायालयों में प्रतिलिपि(नकल) प्रदाय समेत नवीन आवेदन ,केस फाइल,अनुपस्थिति माफी आवेदन ,जाति निवास आय प्रमाण पत्र हेतु शपथ पत्र निष्पादन,वकालतनामा बी वन खसरा पांचशाला, मिसल के नकल अन्य दस्तावेजों की नकल प्राप्ति हेतु एवं अन्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।

यहाँ बताना होगा कि छत्तीसगढ़ के डिपो को नासिक स्थित शासकीय प्रिंटिंग प्रेस से स्टाम्प समेत ,कोर्ट फी एवं कोर्ट फी (कॉपिंग )टिकट उपलब्ध कराया जाता है। यहाँ से कोषालयों को उपलब्ध कराया जाता है। लेकिन नासिक स्थित शासकीय प्रिंटिंग प्रेस लंबे अर्से से छत्तीसगढ़ के नोडल डिपो को कोर्ट फी ,कोर्ट फी (कॉपिंग )टिकट उपलब्ध नहीं कराया जा सका है। जिसकी वजह से कोषालयों में पिछले 3 दिनों से 1 ,2 ,5 एवं 10 रुपए के एक भी कोर्ट फी , कोर्ट फी (कॉपिंग ) टिकट उपलब्ध नहीं है ।

नासिक प्रिटिंग प्रेस से कब आएगी बनी अनिश्चितता, वेंडर पक्षकार,वकील परेशान

कोषालय में पिछले 1 ,2 ,5 एवं 10 रुपए के एक भी कोर्ट फी ,कोर्ट फी (कॉपिंग )टिकट उपलब्ध नहीं होने की वजह से कोरबा समेत पूरे प्रदेश में वेंडर ,पक्षकार ,वकील परेशान हैं। नासिक शासकीय प्रिंटिंग से छत्तीसगढ़ को कोर्ट फी ,कोर्ट फी (कॉपिंग)टिकट कब तक उपलब्ध कराए जाएंगे,कोषालयों को कब तक मांग अनुरूप मिलेंगे ,अधिकारी भी स्पष्ट तौर पर नहीं बता पा रहे। हालांकि अधिकारी 1 या 2 अक्टूबर तक कोर्ट फी ,कोर्ट फी (कॉपिंग)टिकट उपलब्ध होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

ये सेवाएं हो रहीं प्रभावित

न्यायालयों में प्रतिलिपि(नकल) प्रदाय समेत नवीन आवेदन ,केस फाइल,अनुपस्थिति माफी आवेदन ,जाति निवास आय प्रमाण पत्र हेतु शपथ पत्र निष्पादन,वकालतनामा, बी वन खसरा पांचशाला, मिसल के नकल अन्य दस्तावेजों की नकल प्राप्ति हेतु एवं अन्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।

कोरबा में कलेक्टर ने लिखा था पत्र

कोर्ट फी,कोर्ट फी (कॉपिंग ) टिकट की अनुपलब्धता को लेकर कोरबा कलेक्टर ने महानिरीक्षक पंजीयन एवं अधीक्षक मुद्रांक छत्तीसगढ़ को 18 सितंबर को ही पत्र लिखकर वस्तुस्थिति से अवगत करा दिया था। पत्र के माध्यम से कलेक्टर ने कार्यालय जिला कोषालय कोरबा का छः माही मांग पत्र कं./1396/ दिनांक 24.02.2026
,कार्यालय जिला कोषालय कोरबा का छः माही मांग पत्र कं./499 / दिनांक 24.08.2026 , कार्यालय जिला कोषालय कोरबा का नोडल डिपो से मांग पत्र कं./398/दिनांक 22.0726 के संदर्भ का हवाला देते हुए अवगत कराया था कि जिला कोषालय कोरबा में दिनांक 18.09.2026 की स्थिति में रू. 01, 02, 05,10 के टिकट निंरक एवं कोर्ट फी कॉपिंग टिकट रू. 6075 मात्र के शेष है। कोषालय में अनुपलब्धता से प्रतिलिपि प्रदाय में कठिनाई / अत्यावश्यक सेवाएँ बाधित हो रहा है। जिला कोषालय कोरबा के संदर्भित पत्र क0 01 के द्वारा कोर्ट फी कॉपिंग टिकट हेतु मांग पत्र राशि 19,20,000/- एवं पत्र कं. 02 के द्वारा रू. 19,20,000/- का महानिरीक्षक, पंजीयन एवं मुद्रांक, रायपुर को प्रेषित किया गया है। उक्त मांग के विरूद्ध कोषालय को नोडल डिपो रायपुर से दिनांक 04.06.2026 को रू. 80000 / एवं दिनांक 23.07.2026 को रू. 176,000/- कुल रू. 256,000/- का ही कोर्ट फी (कॉपिंग) टिकट प्राप्त हुये हैं। वर्तमान में जिला कोषालय में कोर्ट फी टिकट निंरक / कॉपिंग टिकट केवल रू. 275 का उपलब्ध है। नोडल डिपो रायपुर से दूरभाष पर चर्चा अनुसार कोर्ट फी / कॉपिंग टिकट का मुद्रण प्रक्रियाधीन है। कोर्ट फी कॉपिंग टिकट उपलब्ध नहीं होने से पक्षकारों को अनावश्यक कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम अंतर्गत आच्छादित सेवाओं की प्रदायगी समय सीमा में नहीं हो पा रहा है।
अतः अनुरोध है कि कोषालय को तत्काल कोर्ट फी / कोर्ट फी (कॉपिंग) टिकट उपलब्ध कराने का कष्ट करें ताकि अत्यावश्यक सेवाएँ बाधित न हो। हालांकि नोडल डिपो में भी कोर्ट फी एवं कोर्ट फी (कॉपिंग )टिकट की अनुपलब्धता की वजह से कोरबा को एक भी कोर्ट फी उपलब्ध नहीं कराया जा सका। पिछले एक सप्ताह से वेंडर ,पक्षकार ,वकील परेशान हैं।

पूरे प्रदेश में बनी है उपलब्धता, अक्टूबर के पहले सप्ताह में आने की उम्मीद

कोर्ट फी,कोर्ट फी (कॉपिंग ) टिकट की अनुपलब्धता को लेकर मुख्यालय को पत्र व्यवहार किया जा चुका है। पूरे प्रदेश में अनुपलब्धता की वजह से जिले को आपूर्ति नहीं हो पाई। नासिक स्थित शासकीय प्रिंटिंग प्रेस से मुद्रण का कार्य चल रहा है,अक्टूबर के पहले सप्ताह तक आपूर्ति की उम्मीद है।

निशांत पांडेय,जिला कोषालय अधिकारी, कोरबा(छग)

Continue Reading

कोरबा

साइबर जागृति अभियान के तहत कोरबा में “साइबर चौपाल” का आयोजन: मंत्री लखन लाल देवांगन ने दिलाई साइबर सुरक्षा की शपथ

Published

on

ग्रामीण एवं आमजन को साइबर अपराध से बचाव के प्रति किया गया जागरूक

“मैं साइबर जागरूक हूं” सेल्फी बोर्ड से दिया साइबर सुरक्षा का संदेश

कोरबा। छत्तीसगढ़ में चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत आज दिनांक 01 अक्टूबर 2026 को नगर निगम कोरबा के सभागृह में “ साइबर चौपाल” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष रूप से ग्रामीण परिवेश एवं आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन उपस्थित रहे। इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत CEO प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे, गोपाल मोदी, सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, छात्र-छात्राएं एवं आमजन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

साइबर ठगी से बचाव के बताए महत्वपूर्ण उपाय

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने OTP फ्रॉड, अनजान लिंक, फर्जी APK, QR कोड, डिजिटल अरेस्ट एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए। OTP एवं गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने की समझाइश दी।

जिला पंचायत CEO प्रतीक जैन ने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर जागरूकता बढ़ाने एवं मोबाइल-इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग पर जोर दिया।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने डिजिटल सुविधाओं का उपयोग करते समय सतर्कता बरतने तथा संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की तत्काल जानकारी देने की अपील की।

महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने साइबर ठगी के नए तरीकों के प्रति सजग रहने तथा परिवार के सदस्यों को भी जागरूक करने की अपील की।

मंत्री लखन लाल देवांगन ने स्वयं साइबर जागरूक रहने तथा परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

मंत्री ने दिलाई साइबर सुरक्षा की शपथ

मंत्री लखन लाल देवांगन ने उपस्थित जनसमुदाय को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई। उपस्थित लोगों ने OTP साझा नहीं करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा स्वयं एवं दूसरों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक रखने का संकल्प लिया।

“मैं साइबर जागरूक हूं” सेल्फी बोर्ड

कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए “मैं साइबर जागरूक हूं” सेल्फी बोर्ड पर मंत्री लखन लाल देवांगन, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने हस्ताक्षर एवं सेल्फी लेकर साइबर जागरूकता का संदेश दिया।

15 अगस्त से लगातार चल रहा साइबर जागरूकता अभियान

कोरबा पुलिस द्वारा 15 अगस्त 2026 से साइबर जागृति अभियान के तहत जिलेभर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। स्कूल-कॉलेज, बाजार, ग्राम पंचायतों, सार्वजनिक स्थलों एवं गणेश पंडालों में आमजन को साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर संपर्क करें

साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए 1930 पर संपर्क करें तथा साइबर अपराध की शिकायत cybercrime.gov.in पर दर्ज करें।

सजग कोरबा – सतर्क कोरबा

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677