Connect with us

देश

देश की आर्थिक वृद्धि दर 2026-27 में 7% रहने का अनुमान: एसएंडपी

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। देश की अर्थव्यवस्था चालू और अगले वित्त वर्ष में सात प्रतिशत की दर से बढ़ सकती है। इसके साथ ही भारत 2027 में एशिया-प्रशांत क्षेत्र की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में बना रहेगा। एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स ने सोमवार को यह अनुमान जताया। एसएंडपी ने कहा कि अल नीनो के कारण एशिया-प्रशांत क्षेत्र की अर्थव्यवस्थाओं, विशेषकर भारत में खाद्य पदार्थों की कीमतें बढ़ने की आशंका है। इसे देखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) दिसंबर में नीतिगत ब्याज दर में 0.25 प्रतिशत की एक और बढ़ोतरी कर सकता है। 

एसएंडपी की एशिया-प्रशांत क्षेत्र के आर्थिक परिदृश्य पर जारी रिपोर्ट के अनुसार, ऊर्जा की ऊंची कीमतें क्षेत्र की अर्थव्यवस्थाओं के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी रहेंगी, जबकि कृत्रिम मेधा (एआई) के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर बढ़ता निवेश सबसे बड़ा सकारात्मक कारक होगा। हालांकि, 2027 में इन दोनों कारकों का प्रभाव कुछ कम होने की उम्मीद है। एसएंडपी ने कहा, ”हमें उम्मीद है कि वियतनाम और भारत 2027 में इस क्षेत्र की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाएं होंगी।” 

रेटिंग एजेंसी ने चालू और अगले वित्त वर्ष में भारत की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर सात प्रतिशत रहने का अनुमान जताया है। एसएंडपी के मुताबिक, अप्रैल-जून और जुलाई- सितंबर तिमाही में भारत की आर्थिक वृद्धि को वस्तुओं के मजबूत निर्यात, सार्वजनिक क्षेत्र के निवेश और घरेलू खपत से समर्थन मिला। घरेलू खपत में तेजी की प्रमुख वजह कर्ज की मजबूत वृद्धि रही। भारत 30 नवंबर को जुलाई-सितंबर तिमाही के जीडीपी वृद्धि के आधिकारिक आंकड़े जारी करेगा।

 इससे पहले, आरबीआई ने पिछले महीने सितंबर तिमाही में आर्थिक वृद्धि दर 7.2 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया था, जबकि वित्त मंत्रालय की मासिक आर्थिक समीक्षा में इसके 7.35 प्रतिशत रहने की संभावना व्यक्त की गई थी। एसएंडपी ने कहा कि वस्तुओं के निर्यात को ऊंची जिंस कीमतों से फायदा हुआ है। इसके अलावा व्यापार में विविधता और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं में भारत के बढ़ते जुड़ाव ने भी निर्यात को मजबूती दी है। इलेक्ट्रॉनिक्स, इंजीनियरिंग सामान और रसायनों के निर्यात में यह मजबूती विशेष रूप से दिखाई दी है। हालांकि, रेटिंग एजेंसी का मानना है कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में आर्थिक वृद्धि और महंगाई का परिदृश्य कम अनुकूल हो सकता है। 

Continue Reading

देश

गरीबी उन्मूलन के लिए वित्त, डिजिटल अर्थव्यवस्था तक व्यापक पहुंच जरूरी: सीतारमण

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को कहा कि गरीबी खत्म करने और इससे बाहर निकले लोगों को वापस गरीबी में जाने से रोकने के लिए वित्त, बाजार और डिजिटल अर्थव्यवस्था तक व्यापक पहुंच जरूरी है। वित्त मंत्री ने विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का हवाला दिया, जिसमें 2011 और 2023 के बीच लगभग 50 करोड़ भारतीयों के गरीबी से बाहर निकलने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने अभावों को दूर करने के लिए लक्षित कदमों, स्पष्ट नतीजों और जरूरत के हिसाब से तैयार योजनाओं पर ध्यान केंद्रित किया है। 

सीतारमण ने लिंक्डइन पर पोस्ट किया, ”गरीबी केवल आय या मजदूरी की कमी नहीं है। एक सुरक्षित छत, साफ पानी, स्वच्छता या स्वास्थ्य सेवाओं के बिना कोई भी परिवार आय बढ़ने के बाद भी असुरक्षित बना रहता है। एक बीमारी सारी बचत खत्म कर सकती है और परिवार को वापस गरीबी में धकेल सकती है।” उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत, पीएम आवास योजना, उज्ज्वला योजना और स्वच्छ भारत जैसी कल्याणकारी योजनाएं मिलकर इन जोखिमों के खिलाफ कवच का काम कर रही हैं, जो कभी परिवारों को वापस गरीबी में धकेल देते थे। साथ ही इनसे घरेलू खर्च में कमी आ रही है और समय भी बच रहा है। सीतारमण ने कहा, ”अगला चरण इस प्रगति को आगे बढ़ाते हुए उन कुछ लोगों को भी गरीबी से बाहर निकालने का है जो अब भी सबसे निचले पायदान पर हैं। साथ ही यह सुनिश्चित करना है कि जो लोग पहले ही ऊपर उठ चुके हैं, वे आगे बढ़ते रहें और कभी पीछे न फिसलें। विभिन्न उपायों के जरिये दी गई सुरक्षा के साथ अब वित्त, बाजार और डिजिटल अर्थव्यवस्था तक और भी व्यापक पहुंच की जरूरत है।” ‘विकसित भारत’ के सामने मौजूद चुनौतियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार रोजगार से जुड़े प्रोत्साहन, इंटर्नशिप और अप्रेंटिसशिप के जरिये शिक्षा जगत और उद्योग के बीच बेहतर तालमेल बना रही है, जबकि बुनियादी ढांचे में सरकारी निवेश देश को जोड़ रहा है। अवसर केवल कुछ लोगों तक सीमित नहीं रह सकते। 

उन्होंने कहा कि सुरक्षा परिवारों को वापस गरीबी में जाने से रोकती है लेकिन और आगे बढ़ने के लिए उन्हें कमाई के अवसरों की जरूरत होती है। वित्त मंत्री ने कहा, ”सरकार ने मुद्रा (60 करोड़ ऋण खाते मंजूर किए गए हैं, जिनमें से लगभग दो-तिहाई महिलाओं के हैं) जैसी योजनाओं के जरिये वित्तीय अवसर पैदा किए हैं, जबकि पीएम स्वनिधि और पीएम विश्वकर्मा जैसी योजनाएं रेहड़ी-पटरी वालों और पारंपरिक कारीगरों को सहारा दे रही हैं।” सीतारमण ने लिखा कि भारत में अस्थायी राहत से आगे बढ़कर गरीबी को बनाए रखने वाली बाधाओं को दूर करने की दिशा में एक बुनियादी बदलाव देखा गया है। पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति के कल्याण यानी अंत्योदय के सिद्धांत से प्रेरित होकर सरकार ने हर घर के अभावों को दूर करने का कठिन रास्ता चुना और यह सुनिश्चित किया कि विकास उन लोगों तक पहुंचे जिन्हें इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी।  

Continue Reading

देश

सोने में रेनियम की मिलावट से मचा हड़कंप, हॉलमार्किंग सिस्टम पर उठे सवाल, ग्राहकों का भरोसा डगमगाया

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। शादी-ब्याह के सीजन में सोने की मांग बढ़ने के बीच सर्राफा बाजार में मिलावट की खबरों ने ग्राहकों की चिंता बढ़ा दी है। सोने में दुर्लभ धातु रेनियम पाउडर मिलाए जाने की आशंकाओं से इसकी शुद्धता पर सवाल उठने लगे हैं। इस खुलासे ने न सिर्फ गहने खरीदने वाले लोगों का भरोसा डगमगाया है, बल्कि सरकारी हॉलमार्किंग व्यवस्था की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हालात यह हैं कि ग्राहक अब सोना खरीदने से पहले उसकी शुद्धता को लेकर ज्यादा सतर्क हो गए हैं। इसका असर खुदरा बाजार की खरीदारी पर भी दिखाई देने लगा है और ज्वेलरी कारोबार से जुड़े लोगों में चिंता बढ़ गई है।

कैसे हो रही है सोने में मिलावट?

अब तक सोने में मिलावट के लिए तांबा और चांदी जैसी धातुओं का इस्तेमाल किया जाता था लेकिन अब रेनियम पाउडर के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि रेनियम का घनत्व करीब 21 ग्राम प्रति घन सेंटीमीटर है, जबकि शुद्ध सोने का घनत्व लगभग 19.3 ग्राम प्रति घन सेंटीमीटर होता है।

आरोप है कि सोना पिघलाते समय इसमें रेनियम मिलाने से गहने का आकार बदले बिना उसका वजन बढ़ाया जा सकता है। इससे कम शुद्धता वाले सोने को ज्यादा कैरेट का बताकर बेचने का खतरा पैदा हो गया है।

XRF मशीन भी नहीं पकड़ पा रही मिलावट?

इस मामले में सबसे बड़ी चिंता जांच तकनीक को लेकर है। ज्वेलरी शोरूम में इस्तेमाल होने वाली एक्स-रे फ्लोरोसेंस (XRF) मशीन मुख्य रूप से गहने की सतह की जांच करती है। ऐसे में अंदर छिपाई गई मिलावट का पता लगाना मुश्किल हो सकता है। इसी वजह से जांच के मौजूदा तरीकों को और मजबूत बनाने की मांग उठ रही है।

इंडस्ट्री में नाराजगी

कुछ हॉलमार्किंग केंद्रों की मिलीभगत से फर्जी शुद्धता रिपोर्ट जारी होने के आरोपों ने पूरे सिस्टम की पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं। व्यापारिक संगठनों ने सरकार से रेनियम के आयात पर तत्काल प्रतिबंध लगाने और इस पूरे मामले पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) और जेम एंड ज्वेलरी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (GJEPC) जैसे शीर्ष संगठनों ने गहरी चिंता व्यक्त की है। ज्वेलर्स इंडस्ट्री के जानकारों का कहना है कि जब तक जांच की नई तकनीकें पूरी तरह लागू नहीं हो जातीं, तब तक ग्राहकों को सतर्क रहना होगा।

ज्वेलर्स एसोसिएशन की चेतावनी

ऑल इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय प्रवक्ता और मुंबई जवेरी बाजार ज्वेलर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष कुमार जैन कहते हैं कि सोने में रेनियम धातु की मिलावट को लेकर रिपोर्ट सामने आ रही हैं इसमें सच्चाई है। इस धातु को सोने के अंदर एक खास जगह पर फिट किया जाता है, जिससे सामान्य जांच में इसकी पहचान करना मुश्किल हो सकता है। जैन ने बताया कि मुंबई में सोने की शुद्धता जांचने के लिए अत्याधुनिक कंप्यूटराइज्ड मशीनें उपलब्ध हैं। इन मशीनों के जरिए सोने में मौजूद अलग-अलग धातुओं और उनकी मात्रा की जानकारी मिलती है।

BIS ने बुलाई विशेष बैठक

मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने 23 नवंबर को विशेष बैठक बुलाई। ज्वेलरी संगठनों ने भी सरकार से मामले की जांच और रेनियम के आयात पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

सोना खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान

ज्वेलर्स एसोसिएशन ने ग्राहकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खरीदारी करते समय प्रतिष्ठित ज्वेलर को प्राथमिकता दें। गहने पर मौजूद 6 अंकों के HUID नंबर को BIS Care App पर जरूर जांचें। इसके अलावा पक्का GST बिल लें, जिसमें सोने का कैरेट और वजन स्पष्ट लिखा हो।

विशेषज्ञों के मुताबिक, फिलहाल घबराने के बजाय सतर्क रहना जरूरी है। सोने की खरीदारी में हॉलमार्क, बिल और ज्वेलर की विश्वसनीयता की जांच जरूर करें।

Continue Reading

देश

गोल्ड से भारतीयों का मोहभंग, इंपोर्ट में भारी गिरावट, जानिए कितनी आई कमी?

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। भारत में सोने का आयात इस साल अप्रैल-अक्टूबर के दौरान सालाना आधार पर लगभग 40 प्रतिशत घट गया। इन सात महीनों के दौरान देश ने 24.7 अरब डॉलर मूल्य का सोना खरीदा है। उद्योग निकाय चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) के चेयरमैन बृजेश गोयल ने सोमवार को यह जानकारी दी। 

गोयल के अनुसार भारत ने अप्रैल से अक्टूबर, 2025 के बीच 41.24 अरब डॉलर मूल्य का सोना आयात किया था, जबकि इस साल समान अवधि में यह आंकड़ा 24.7 अरब डॉलर रहा यानी इसमें 16.46 अरब डॉलर की गिरावट आई है। उन्होंने कहा कि ये आंकड़े चालू वित्त वर्ष के दौरान सोने की खरीद में आई बड़ी कमी को दर्शाते हैं। गोयल ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में सोने का आयात लगभग 72 अरब डॉलर रहा था, जबकि 2026-27 के लिए इसके 35 अरब डॉलर से 40 अरब डॉलर के बीच रहने का अनुमान है। 

गोयल ने सोने की खरीद में आई इस गिरावट का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील को देते हुए कहा कि यह कमी व्यापारिक आंकड़ों में साफ दिख रही है। उन्होंने सोने की कीमतों में आई गिरावट का भी जिक्र किया और कहा कि इससे उपभोक्ताओं तथा व्यापारियों के लिए इस कीमती धातु को खरीदने की लागत कम हुई है। 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील के समय सोने की कीमत लगभग 1.90 करोड़ रुपए प्रति किलोग्राम थी और तब से यह घटकर करीब 1.25 करोड़ रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई है यानी लगभग 65 लाख रुपए प्रति किलोग्राम की गिरावट आई है। गोयल ने कहा कि कीमतों में इस बदलाव से आभूषण विक्रेताओं और व्यापारियों को अपना स्टॉक संभालने में मदद मिली है, जबकि उपभोक्ता तुलनात्मक रूप से कम कीमतों पर सोना खरीद पाए हैं। 

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677